Monday, 20 April 2020

धर्मान्धता पर सवार वायरस

धर्मांधता पर सवार कोरोना

वैश्विक महामारी बन चुके कोरोने से जहां एक और पूरी दुनिया के हालात बुरे हो चुके हैं वहीं दूसरी तरफ धर्मांधता के चलते कई सारे धार्मिक समुदाय अभी भी इस बीमारी की भयावहता को मानने के लिए तैयार नहीं है ।
कहने को तो यह वायरस संपर्क के जरिए संक्रमण फैलाता है मगर एक दूसरा माध्यम भी है जिस पर सवार होकर यह वायरस सफर कर रहा है वह है धर्मांधता ।

अब तक के आधे से अधिक नोबेल सम्मान जीतने वालों का देश इजराइल भी आधुनिक और प्रगतिशील समझे जाने वाले यहूदी धर्म की धर्मांधता के चलते कोरोना वायरस से बदहाल हो गया है । इजराइल का बन्नी ब्रोक शहर जिसकी आबादी 1.86 लाख है , मीडिया खबरों के मुताबिक 40 फ़ीसदी कोरोना संक्रमित हो गया है ।इजरायल के स्वास्थ्य मंत्री याकोव लिट्जमैन जो खुद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं , धार्मिक संस्थाओं की सभाओं पर प्रतिबंध का विरोध कर रहे थे । वे खुद कोरोना प्रकोप फैलने के बाद भी धार्मिक सभाओं में भी भाग ले रहे थे । आश्चर्य की बात तो यह है कि प्रगतिशील समझे जाने वाले यहूदी समुदाय का एक बड़ा कट्टरपंथी तबका इजराइल में लॉक डाउन का न केवल विरोध कर रहा है बल्कि तोड़ने में जुटा है ।
भारत जैसे बहुधार्मिक समृद्धता वाले देश में भी तबलीगी जमात की मरकज के कारण बड़ी संख्या में सक्रमण फैल गया है जिसके चलते एक बड़े समुदाय को शक की नजरों से देखा जा रहा है । जमात द्वारा कोरोना प्रकोप के बावजूद किए गए धार्मिक सम्मेलन से प्रसारित हुए संक्रमण के कारण पूरे देश में बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं । जमात की मूर्खतापूर्ण हरकत के कारण बहुसंख्यक समुदाय द्वारा मुस्लिमों को संक्रमण का कारण मान लिया गया है और दुर्भाग्य से बीमारी का संप्रदायिकरण हो गया है । तबलीगी जमात के कारण भारत ही नहीं पाकिस्तान में भी हालात खराब हो गए हैं । लाहौर में पिछले दिनों हुए जमात के सम्मेलन में 26 देशों के ढाई लाख लोग सम्मिलित हुए थे । जिसके कारण अकेले लाहौर में 41 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं । पाकिस्तान में 2450 संक्रमित लोगों में से 35 लोग जान गवा चुके हैं । यह संक्रमण जमात के कारण यहां से फलीस्तीन और किर्गिस्तान तक में पहुंचा है । इसी तरह भारत में हुई जमात में भाग लेकर मलेशिया लौटे 620 लोग भी संक्रमित पाए गए हैं । इधर हिंदुस्तान में भी कुछ धार्मिक समुदाय रामनवमी पर जुलूस निकालने को लेकर भी अड़े हुए थे ।

इसे विडंबना ही कहा जाएगा कि सरकारों द्वारा सारे संचार माध्यमों से इस महामारी की भयावहता का प्रचार करने के बावजूद धर्मांध धार्मिक नेता कुछ भी मानने को तैयार नहीं है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि अंधविश्वास तो मनुष्यता का बड़ा शत्रु है इधर धर्मांधता उससे भी बुरी है । वर्तमान विश्व में इस महामारी के प्रकोप के हालात में धार्मिक प्रमुखों को जहां इस संक्रमण की घड़ी में अपने अनुयायियों को चिकित्सकों और विशेषज्ञों द्वारा जारी गाइडलाइन को मानने के लिए निर्देशित करना था। इसके बजाय कुछ धार्मिक समूहों ने अज्ञानता और अशिक्षा को बढ़ाने वाली धर्मांधता का परिचय दिया है ।
इसीलिए जरूरत है आज के दौर में वैज्ञानिक और तार्किकता को बढ़ावा देने की ताकि आने वाली पीढ़ी जाहिल और गंवार होने की बजाय शिक्षित और समझदार बने और ऐसे संकट की घड़ी में अज्ञानता को छोड़कर वैज्ञानिक तर्कों पर भरोसा कर सके ।

-सुरेंद्रसिंह शेखावत
सी 9 , विजय विहार , बीकानेर

मैं सुरेंद्रसिंह शेखावत यह प्रमाणित करता हूँ कि मेरा उपरोक्त आलेख मौलिक, अप्रकाशित और अप्रसारित है । जिसे केवल राजस्थान पत्रिका में प्रकाशनार्थ प्रषित किया गया है ।

सुरेंद्रसिंह शेखावत
9413388098

No comments:

Post a Comment