Monday, 20 April 2020

विवेकानंद का प्लेग मेनिफेस्टो और कोरोना संकट

स्वामी विवेकानंद का प्लेग मेनिफेस्टो और कोरोना का भय

- सुरेंद्रसिंह शेखावत

चीन के वुहान शहर से शुरू होकर दुनियाभर के 186 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस से हो रही मौत के आंकड़े भयावह है । भारत में भी विदेशों से आने वाले यात्रियों के साथ आई यह बीमारी अब खतरनाक हालात में पहुंच चुकी है । हालांकि पूरा देश इस महामारी से लड़ने में एकजुटता प्रदर्शित कर रहा है निश्चित ही यह समय भय रहित एकजुटता दिखाने का है ।
मई 1898 में बंगाल के कलकत्ता शहर में प्लेग महामारी फैलने के कारण दशहत का माहौल पैदा हो गया । उस दौर में आज के मुकाबले स्वास्थ्य सेवाओं की भारी कमी तो थी ही लोगों में शिक्षा के आभाव में जागरूकता की भी भारी कमी थी । प्लेग को लेकर तरह तरह की अफवाहें फैलाई जा रही थी । ऐसे समय में स्वामी विवेकानंद आगे आए और अपने रामकृष्ण मठ के साथियों के साथ मिलकर प्लेग महामारी से मुकाबला करने में जुट गए ।
स्वामी विवेकानंद ने रामकृष्ण मठ की स्थापना 1897 में ही की थी और एक साल बाद ही कलकत्ता शहर पर आए इस संकट को उबारने में जुटने से मठ की स्वीकार्यता बढ़ाने में काफी अहम भूमिका रही ।
स्वामी जी ने भगिनी निवेदिता, स्वामी सदानंद , शिवानन्द, नित्यानन्द , आत्मानन्द और अन्य मठवासी शिष्यों के साथ मिलकर प्लेग निवारण के लिए समिति बनाई और लोगों की सेवा सुश्रुषा करनी शुरू की। स्वामी जी के साथी स्वामी सदानन्द संगठन रचना में अग्रणी थे उन्होंने स्वयंसेवको को जोड़ा और उनके साथ मिलकर गन्दी बस्तियों में सफाई अभियान को हाथ में लिया तथा मठवासी स्वयंसेवको के साथ मिलकर बीमार लोगों की तीमारदारी में जुट गए ।
स्वामी विवेकानंद ने इस दौरान प्लेग मेनिफेस्टो जारी किया । यह मूल रूप से बंगाली में लिखा गया था और बाद में हिंदी में अनुदित भी किया गया । इस मेनिफेस्टो को हैंडबिल के रूप में रामकृष्ण मिशन के स्वयंसेवको ने घूम घूम कर कलकत्ता शहर में वितरित किया।
मेनिफेस्टो के शुरुआत करते हुए स्वामी जी लिखते है कि जब आप खुश होते है तो हम खुश होते है , आपको पीड़ित देख हमें कष्ट होता है इसलिए आपको इस महामारी के भय से बचाने के लिए हम लगातार ईश्वर से प्रार्थना कर रहे है । वे आगे लिखते है कि इस बीमारी से लड़ते हुए आपकी सेवा करते हुए हम मृत्यु को भी प्राप्त हो जाए तो हम स्वयं को भाग्यशाली समझेंगे कि ईश्वर ने हमें यह अवसर दिया । इस विपत्ति की घड़ी में हम परमात्मा को न भूलें ।
स्वामी जी प्लेग के निराधार भय से मुक्त रहने और शांति से समाधान खोजने की अपील करते है । वे कहते है कि प्लेग से डरने का कोई कारण नहीं है हमें झूठे डर को छोड़कर ईश्वर की करुणा पर भरोसा करते हुए शुद्ध और स्वच्छ जीवन जीना चाहिए ।
मेनिफेस्टो के छठे कॉलम में स्वामी जी घर , कमरे, कपड़े , बिस्तर , नाली आदि की सफाई करने, बासी भोजन की बजाय ताजा और पौष्टिक भोजन करने की बात कहते है । वे कहते है हर कोई एक ही बार मरता है परन्तु डरपोक बार बार मौत की वेदना झेलता है इसलिए मन को प्रफुल्लित रखें । वे आमजन को अनैतिक व्यापार से दूर रहने, क्रोध और वासना से दूर रहने, अफवाहों से बचने की बात कहते है ।
उस दौर में ब्रिटिश सरकार द्वारा लगाए जाने वाले टीके को लेकर भी बहुत सी निराधार अफवाहें फैलाई जा रही थी, इस मेनिफेस्टो में स्वामी कहते है कि किसी को भी जबरदस्ती टीका नहीं लगाया जाएगा । देखभाल और सेवा में पीड़ित रोगियों के इलाज में कोई कमी नहीं आएगी । धर्म जाति के भेदभाव के बिना महिलाओं के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा ।
वे आग्रह करते है कि अगर आपकी मदद करने वाला कोई नहीं है तो रामकृष्ण मिशन मठ को तुरंत सूचना दे हरसम्भव मदद की जाएगी और सम्भव हुआ तो आर्थिक मदद भी ।
स्वामी इस मेनिफेस्टो के अंत में महामारी के डर को दूर करने के लिए ईश्वर के नाम का संकीर्तन करने का आग्रह करते है ।
मठ के सन्यासियों ने प्लेग महामारी के दौरान जनसेवा में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी । सिस्टर निवेदिता ने स्वामी जी के साथ क्लासिक थियेटर में छात्रों को 'द प्लेग एंड स्टूडेंट्स ड्यूटी ' पर व्याख्यान भी दिया और छात्रों से इस संकट की घड़ी में स्वयंसेवक बनने की अपील की । इसका सीधा असर हुआ और कई छात्र व्याख्यान सुनकर समाज की मदद के लिए आगे आए ।
आज के समय में कोरोना वायरस को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों और भय के समय में 120 बरस पहले स्वामी विवेकानंद और उनके मठ के शिष्यों द्वारा किए गए सेवा कार्यों को याद करते हुए स्वयंसेवक के रूप में आगे आना चाहिए । सवा सौ साल पहले जारी किया गया प्लेग मेनिफेस्टो आज भी उतना ही प्रासंगिक है । कोरोना महामारी के समय भी उस मेनिफेस्टो को ध्यान में रखते हुए समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए ।

(लेखक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता है।)

सी 9 , विजय विहार , सोफ़िया स्कूल के पीछे, बीकानेर (राज.)

No comments:

Post a Comment