30 जनवरी -पुण्यतिथि पर
गांधी का होना और न होना
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
"सौंदर्यबोध के लिहाज़ से कोई गांधी के प्रति वैमनस्य रख सकता है, जैसा कि मैं महसूस कर रहा हूँ ।कोई उनके महात्मा होने के दावे को भी खारिज कर सकता है । कोई साधुता को आदर्श के तौर पर ही खारिज कर सकता है और इसलिए ये मान सकता है कि गांधी का मूल भाव मानवविरोधी और प्रतिक्रियावादी था। लेकिन एक राजनेता के तौर पर देखने पर और मौजूदा समय के दूसरे तमाम राजनेताओं से तुलना करने पर हम पाते हैं- वे अपने पीछे कितना सुगंधित एहसास छोड़कर गए हैं।" जॉर्ज ऑरवेल ने 1949 में गांधी पर टिप्पणी करते हुए उनके समकालीन नेताओं में गांधी की स्थित का खूबसूरत चित्रण किया था ।
30 जनवरी 1948 को सांय 5 बजकर 17 मिनट पर अपनी दैनिक प्रार्थना सभा में जाते हुए गांधी की , नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी । हिंदुस्तान ही नहीं दुनिया भर को उम्मीद की जोत जगाने वाली लौ बुझ गई ।
गांधी के साथ यह विडम्बना ही रही कि हिन्दू उन्हें मुसलमानों का और मुसलमान उन्हें हिंदुओं का हितेषी मानते रहे , हालांकि संकीर्ण अर्थों में धार्मिक लोगो का यह मत गांधी की लोकप्रियता के आगे टिक नहीं पाया पर अपने जीवन के अंतिम दौर में ब्रिटिशर द्वारा पैदा की गई साम्प्रदायिक विद्वेष से लड़ते हुए कदम कदम पर गांधी को यह सुनना पड़ा।
यूं कहने को तो 30 जनवरी को गांधी की मृत्यु हुई पर वो इससे पहले ही अंदर से टूट चुके थे , उन्होंने अपने सामने अपने सपने को टूटते हुए पाया, उस सपने को जिसको वो जीवन भर बुनते रहे और दुर्भाग्य देखिए जिन लोगो को गांधी ने इस सपने को पूरा करने के लिए तैयार किया, जिन्हें नेतृत्व दिया वही लोग गांधी के सपने को तोड़ने के फैसले पर दसख्त करते रहे ।
इससे पहले भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में गांधी का आगमन एक क्रांतिकारी घटना थी। यहां आने से पहले दक्षिण अफ्रीका में गांधी अपने सत्याग्रह के हथियार का सफल परीक्षण कर चुके थे जिसकी गूंज दुनियां भर में सुनी गई थी ।अपने सत्य और अहिंसा के हथियार से उन्होंने ब्रितानी हुकूमत को झुकने पर मजबूर कर दिया था । बीसवीं शताब्दी के शुरुआती दौर में राष्ट्रीय आंदोलन को नेतृत्व देने वाले गोखले और तिलक गांधी के इस प्रयोग से आश्चर्यचकित थे तथा बड़ी उम्मीद के साथ उन्होंने गांधी को भारत बुलवाया था ।
गांधी के भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन में आगमन पर नेहरू की यह टिप्पणी बहुत सार्थक लगती है -"गांधीजी ताजा हवा के जबरदस्त झोंके की तरह थे जो हमें अंगड़ाई लेकर गहरी सांसे सांसे लेने पर प्रोत्साहित करते थे वे रोशनी की उस किरण की तरह थे जिसने अंधकार को खत्म कर दिया और हमारी आंखों के सामने से पर्दा हटा दिया।.... उन्होंने तूफान की तरह बहुत ही चीजों को उथल पुथल कर दिया, विशेषकर हमारे मस्तिष्क की कार्यशैली को।" बहुत थोड़े से समय में गांधी ने अपने सामाजिक राजनीतिक क्रियाकलापों से देश को जुम्बिश में ला दिया । कांग्रेस को एक आंदोलन के रूप में खड़ा कर दिया और उस दौर में बिना संचार के साधनों के भी लाखों लाख भारतीयों को उद्वेलित कर दिया ।
1857 की क्रांति में जब भारत के क्रांतिकारियों ने अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर को अपना सेनापति घोषित कर पहले स्वतंत्रता संग्राम की नींव डाली तो निश्चित ही ब्रिटिश रणनीतिकारों के बाद समझ में आ गई कि जब तक भारत में हिंदू और मुसलमान को अलग नहीं किया गया तब तक इस देश में पैर जमाना मुश्किल हो पाएगा और आने वाले 30 -40 साल में ही ब्रिटिश रणनीतिकारों ने अपनी योजना को क्रियान्वित करते हुए हिंदुस्तान को हिंदू और मुसलमान के झगड़ों में बांट दिया।बंगाल का विभाजन वह राजनीतिक घटना थी जिस पर ब्रिटिशर्स अपनी योजना को कामयाब करने में सफल हो पाए।फिर चाहे मुस्लिम लीग हो या हिंदू महासभा अंग्रेजों की योजनाओं को कामयाब करने के टूल के रूप में काम आए।
गांधी अंग्रेजों की चाल को समझते थे और इसीलिए अपने वक्तव्य में अपने धार्मिक विचारों को गांधी बार-बार प्रकट करते थे ताकि देश के लोग उसको समझ सकें। इसीलिए उन्होंने चरखा चलाना साम्प्रदायिक धर्मों से श्रेष्ठ माना था. कहते थे कि, 'चरखे का सम्प्रदाय से श्रेष्ठ होने का मतलब यह नहीं है कि सम्प्रदाय को छोड़ दिया जाए. जो ब्राह्मण सेवा भाव से चरखा चलाता है वह अधिक अच्छा ब्राह्मण, वह मुसलमान अधिक अच्छा मुसलमान और वह वैष्णव अधिक अच्छा वैष्णव बनता है.मैं ऐसे समय की प्रतीक्षा में हूं जब मुझे रामनाम का जाप करना भी उपाधि रूप मालूम होने लगे. चरखा, माला और राम का नाम; ये मेरे लिए अलग-अलग चीजें नहीं हैं.'
हिन्दू धर्म की संकल्पना को लेकर गांधी की समझ कितनी स्पष्ट थी, 'यह हिन्दू-धर्म का सौभाग्य अथवा दुर्भाग्य है कि वह कोई सत्तारोपित मत नहीं है. अतः अपने आपको किसी गलतफहमी से बचाने के लिए मैंने कहा कि सत्य और अहिंसा मेरा धर्म है. यदि मुझसे हिन्दू धर्म की व्याख्या करने के लिए कहा जाय तो मैं इतना ही कहूंगा- अहिंसात्मक साधनों द्वारा सत्य की खोज. कोई मनुष्य ईश्वर में विश्वास न करते हुए भी अपने आप को हिंदू कह सकता है. सत्य की अथक खोज का दूसरा नाम हिंदू-धर्म है.यदि आज वह मृतप्राय, निष्क्रिय अथवा विकासशील नहीं रह गया है तो इसलिये की हम थक कर बैठ गए हैं और ज्यों ही यह थकावट दूर हो जायेगी त्यों ही हिन्दू धर्म संसार पर ऐसे प्रखर तेज़ के साथ छा जायेगा जैसा कदाचित पहले कभी नहीं हुआ. अतः निश्चित रूप से हिन्दू-धर्म सबसे अधिक सहिष्णु धर्म है.'
'यंग इंडिया' में उन्होंने लिखा भी कि,'सिवाय अपने जीवन के और किसी अन्य ढंग से हिन्दू धर्म की व्याख्या करने के योग्य मैं खुद को नहीं मानता.' मुझे नहीं लगता कि गांधी के अलावा किसी और में यह स्वीकार करने और कहने का साहस था कि,'अभी जब तक हम गुलाम हैं, तब तक हम सभी मुख्यतः शूद्र ही हैं.'
इतिहासकार सुधीर चंद्र अपनी किताब 'गांधीः एक असंभव संभावना में' लिखते है कि गांधी विभाजन के विचार से सहमत न थे । एक 'रणनीति' के तहत उन्होंने यह सोचकर इसे मान लिया था कि सांप्रदायिक गुबार थमने पर वे इस नकली विभाजन को जन दबाव से बेमानी बना देंगे. वे दिल नहीं बंटने देना चाहते थे। जिन्ना, नेहरू, पटेल जैसे सहयोगियों से वे सहमत नहीं थे । लेकिन उन्हें खलनायक नहीं मानते थे । वे आजाद भारत में 169 दिन ही जिंदा रह पाए और हत्या के चलते अपनी वांछित रणनीति पर अमल नहीं कर सके । आजाद भारत में गांधी के 169 दिन और उसके पहले के लगभग इतने ही दिन घोर निराशा और कष्ट के थे. उनके मन में अपने 32 साल के संघर्ष, राजनैतिक-सामाजिक कर्मों, वैचारिक सफाई ही नहीं, अपने सहयोगियों-साथियों पर भी गंभीर सवाल उठ खड़े होने लगे. जो गांधी पहले 125 साल जीने की इच्छा रखते थे, उन्हें अपना जीवन भार लगने लगा.
इसे विडम्बना ही कहेंगे कि जिस अध नंगे फकीर ने अपनी कमजोर काया परन्तु मजबूत आत्मबल से उस ब्रितानी हुकूमत को झुका दिया जिनके साम्राज्य में कभी सूर्य अस्त नहीं होता था परन्तु अपने ही लोगों से हार गए ।गांधी आजाद भारत में सत्ता में बैठे लोगों का आचरण देखकर देश के भविष्य के प्रति चिंतित थे इसीलिए अपने प्रार्थना प्रवचन में कहते है 'हिंदुस्तान की आज की हालत देखकर मुझे उस मुर्गी की मिसाल याद आती है, जो सोने की अंडे देती थी. मुर्गी वाले ने सारे अंडे एक साथ निकालने के लिए उस मुर्गी को मार डाला. आज जो हमारे हाथ में हुकूमत आयी है, वह उसी किस्म की मुर्गी है. हम अब यह उम्मीद करें कि उस मुर्गी के सोने के सब अंडे आज ही निकालकर खा जाएं, तो निश्चय ही वह मुर्गी मरेगी ही, उसके साथ हम भी मरनेवाले हैं.'
हालांकि 30 जनवरी को गांधी की मृत्यु हो गई । लेकिन गांधी मरने के बाद भी जिंदा है । इस देश के अनगिनत लोगों के विचारों में जिंदा रहे। गांधी जिंदा हैं, वो इस देश और दुनिया की हवा और मिट्टी में जिंदा हैं, पेड़ और पौधों में जिंदा हैं, बच्चों की मुस्कान में जिंदा हैं , नफरत और भय के विरुद्ध उठने वाली हर आवाज में जिंदा हैं ।
हमें यह समझना चाहिए कि गांधी और बुद्ध मरा नहीं करते । न गोली से , न वार से न घात से । वो जिंदा रहते हैं और वो तब तक जिंदा रहेंगे जब तक धरती पर एक कतरा जीवन भी शेष रहेगा । जब तक जीवों में प्रेम करने की इच्छा रहेगी और प्रेम करने का हौसला रहेगा ।
No comments:
Post a Comment