भारत की न्यायपालिका के लिए चुनौतीपूर्ण समय
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
27 नवंबर 2019 को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक के साथ सामूहिक बलात्कार और उसे जलाकर मार देने की दुर्दांत घटना के बाद 6 दिसंबर को सुबह के धुंधलके में साइबराबाद के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 10 पुलिस वालों की टीम ने चिकित्सक महिला के साथ बलात्कार और जलाकर मार देने के आरोप में पकड़े गए चार युवकों को घटनास्थल पर जांच के दौरान एनकाउंटर में मार दिया । पुलिस का कहना है कि चारों व्यक्तियों ने पुलिस पर हमला करके भागने का प्रयास किया और सेल्फ डिफेंस में पुलिस की गोली से मारे गए ।
पुलिस की कहानी प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होती है यद्यपि जांच के बाद ही इस पर कुछ कहा जाना उचित होगा परंतु यहां मुद्दा एनकाउंटर के फेक होने अथवा नहीं होने पर नहीं बल्कि इस पूरे मसले में जिस तरह देश भर में पुलिस द्वारा किए गए एनकाउंटर का स्वागत हुआ यह भारत की संपूर्ण न्याय व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा करता है।
सवाल किसी बलात्कारी का या बलात्कार का समर्थन करने का या उससे सहानुभूति रखने का नहीं , ना हीं महिला पशु चिकित्सक के साथ घटी अपराधिक घटना को कमतर आंकने का है , सवाल लोकतंत्र के तीसरे मजबूत पाये न्यायपालिका पर से लोगों के खंडित होते भरोसे का है । जब लोग मोब लिंचिंग और स्ट्रीट जस्टिस के पक्ष में खड़े होने लग जाए, जब पुलिस एनकाउंटर पर पूरे देश में खुशी जताई जाए तब चिंताजनक तस्वीर उभरती है कि जनता का गुस्सा किस कदर उबल रहा है कि लोग कबीलाई न्याय के समर्थक में खड़े हो रहे हैं।
यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि लोकतंत्र के पहले दो मजबूत खंभे विधायिका और कार्यपालिका पर तो लोगों का भरोसा पहले से ही डगमगाया हुआ था , ले देकर यह लोकतंत्र की इमारत न्यायपालिका और मीडिया के भरोसे पर ही खड़ी थी ,पर जिस तरह से लोगों का समर्थन एनकाउंटर के पक्ष में आया है तब यह लगने लगा है कि देश की जनता का भरोसा न्यायपालिका पर भी कम हुआ है ।
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हो रहे नृशंस अपराधों के बाद दुष्कर्मियों को कबीलों की तर्ज पर मौत देने , चौराहे पर भीड़ के हाथों मारने , सार्वजनिक स्थानों पर फांसी पर लटकाए जाने और बधियाकरण जैसी मांगे उठना और वो भी संसद की पवित्र दीवारों से तो इस तरह के प्रतिशोध की डरावनी आवाजें हमें डराती है।ऐसे नृशंस अपराधों पर गुस्सा और नाराजगी तो जायज है लेकिन जिस तरह की प्रतिशोध पूर्ण न्याय की आवाजें उठ रही है उससे प्रतीत होता है कि लोगों का न्यायिक संस्थाओं पर से भरोसा कम हो रहा है ।
निश्चित ही जब हम अपने परिवेश में देखते हैं साफ नजर आता है कि रसूखदार लोगों के लिए न्यायिक प्रक्रिया से बचने के बहुत से छेद है परिणाम स्वरूप बड़े अपराध कारित करके भी अपने रसूख के चलते कानून की पैनी नजरों से बच निकलते हैं । लंबी और खर्चीली न्याय प्रक्रिया के बाद फैसला आता भी है तो कई बार बहुत देर हो जाती है । एक अधिवक्ता के रूप में मैं खुद निसंकोच यह स्वीकार करता हूं कि हमारी न्याय प्रणाली में आम आदमी के लिए न्याय पाना आज भी दूर की कौड़ी है ।
राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर पीठ के नवनिर्मित न्यायालय भवन के उद्घाटन अवसर पर भारत के महामहिम राष्ट्रपति ने स्वयं इस खर्चीली और लंबी न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े किए साथ ही राष्ट्रपति ने अपने भाषण में राजाओं के काल में त्वरित न्याय को लेकर प्रचलित लोकआख्यानों का भी जिक्र छेड़ा । लाख बुराइयों के बावजूद राजतंत्र की समृद्ध न्याय व्यवस्था का जिक्र लोकआख्यानों में होता आया है ।
निश्चित ही शासन तंत्र कोई भी हो लेकिन लोगों का सिस्टम में भरोसा कायम रखने के लिए न्याय होना और न्याय होता दिखना बहुत जरूरी होता है । हैदराबाद की घटना पर जिस तरह से जनमानस की प्रतिक्रिया आई उससे यह तो तय हो गया कि देशभर में ऐसे प्रकरणों में न्याय को लेकर हो रही देरी को लेकर लोग बहुत चिंतित हैं।
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में , लोकतंत्र की साख को बचाने के लिए जरूरी हो गया है कि न्याय व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन किया जाए । न्याय का पहला सिद्धांत है कि देरी से हुआ न्याय न्याय नहीं होता , देश की अदालतों में लम्बी प्रक्रिया के बाद जब बहुत देरी से निर्णय आते है तो उसके कोई मायने नहीं रह जाते ।साथ ही भारत के सर्वोच्च अदालत तक पहुंचते-पहुंचते आम आदमी के लिए उस खर्चीली व्यवस्था में लड़ना बहुत महंगा है । ऐसे में यह जरूरी है कि न्यायिक व्यवस्था में सुधार के आवश्यक कदम उठाए जाएं ।बरसों पहले बने सीआरपीसी और एविडेंस एक्ट में जरूरी सुधार किए जाए ताकि कम समय में तेजी से न्याय मिल सके ।
देश में समय-समय पर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की बेंच की मांग उठती रही है निश्चित है अब देश के न्यायिक प्रणाली के नीति कारों को इस पर सोचना चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय की कम से कम चार पीठ तो देश में स्थापित हो ही साथ ही सभी राज्यों के हाईकोर्ट की बेंच भी संभाग मुख्यालयों तक स्थापित की जाए ताकि आम आदमी के लिए न्याय कम खर्च में सुलभ हो सके। बलात्कार और यौन अपराध जैसे प्रकरणों में सरकार को नए फास्ट ट्रैक कोर्ट खोल कर उनकी संख्या को तेजी से बढ़ाने की आवश्यकता है । इनके अलावा और भी कई महत्वपूर्ण सुधरों की गुंजाइश है जो समय की महती मांग है ।
इस मसले पर हम समय पर नहीं चेते तो कहीं बहुत देर ना हो जाए क्योंकि जिस तरह से लोग स्ट्रीट जस्टिस को जायज ठहरा रहे हैं यह बहुत चिंताजनक बात है इसलिए न्यायपालिका को समय अनुसार जरूरी सुधार कर लोकतंत्र के इस तीसरे खंबे को डगमगाने से बचाने की महत्वपूर्ण जरूरत है ।
(लेखक राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा पेशे से अधिवक्ता है)
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
सी-9, विजय विहार,
सोफ़िया स्कूल के पीछे,
बीकानेर (राजस्थान)
ssshekhawatbkn@gmail.com
No comments:
Post a Comment