चंपारन सत्याग्रह के सौ साल
मौजूदा दौर में सत्याग्रह की प्रासंगिकता
सुप्रसिद्ध अमरीकी पत्रकार लुई फिशर की पुस्तक 'दी लाइफ ऑफ महात्मा गांधी' को निष्पक्ष नजरिये से लिखी गई गांधी की प्रमाणिक जीवनी माना जाता है। लुई बताते है कि जब वे पहली बार 1942 में सेवाग्राम आश्रम में गांधीजी से मिले तो गांधीजी ने लुई से कहा कि यह चंपारन की ही घटना थी जिसके कारण मैंने अंग्रेजों को भारत छोडऩे का जोर देने का निश्चय किया।
गांधी 15 अप्रेल, 1917 को चंपारन सत्याग्रह के लिए बिहार के मोतिहारी पहुंचे थे इस लिहाज से भारत के इतिहास में महत्त्वपूर्ण स्थान रखने वाली घटना के सौ साल पूरे हो रहे हैं।
सौ साल पहले घटी यह घटना बैरिस्टर मिस्टर एमके गांधी के मोहनदास करमचंद गांधी के रास्ते महात्मा बनने तक के सफर की शुरुआत थी और साथ ही शुरुआत थी वैश्विक राजनीति में बहुत कम प्रयोग में लाए गए महत्त्वपूर्ण हथियार सत्याग्रह की जिसके दम पर हाड़ मांस के एक पुतले से दीखने वाले गांधी ने उस दौर में सबसे मजबूत अंग्रेज एम्पायर जिनका सूरज कभी अस्त नहीं होता उसी एम्पायर के एक मजबूत गोल को ध्वस्त करते हुए न केवल हिन्दुस्तान से जाने को मजबूर किया वरन् दुनिया के सामने तीर, तलवार, तोप गोले के मुकाबले सत्याग्रह के हथियार की ताकत का प्रदर्शन किया।
इतिहास का विद्यार्थी होने के नाते दुनिया के राजनीति इतिहास को खंगालते हुए रक्त से सने लाल पन्नों में मची मारकाट के बाद किसी धवल पृष्ठ पर सत्याग्रह रूपी अस्त्र का आगमन किसी आश्चर्य से कम नहीं था। परन्तु गांधी के पश्चात् इस हथियार के दम पर दुनिया के कई मुल्कों में शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता परिवर्तन का उदाहरण एक शोध छात्र के रूप में देखता हूं तो सत्याग्रह की ताकत का अहसास होता है।
चंपारन ही वह जगह थी जहां गांधी ने हिन्दुस्तान में सबसे पहले ब्रितानी हुकूमत के खिलाफ सौ वर्ष पहले इस अस्त्र का सफल प्रयोग किया था।
दरअसल दिसम्बर 1916 में गांधी कांग्रेस के अधिवेशन में भाग लेने लखनऊ पहुंचे थे और इसी दौरान भारत के अन्य किसानों की तरह गरीब और कृशकाय दिखने वाला साधारण सा व्यक्ति राजकुमार शुक्ल गांधीजी से मिला और उन्हें चंपारन चलने का आग्रह किया। गांधी ने इससे पहले कभी चंपारन का नाम भी नहीं सुना था। शुक्ल ने गांधी को बताया कि गोरे किस तरह निलहे चंपारन के किसानों को 'तीन कठिया' प्रथा के तहत नील की जबरन खेती करने के लिए बाध्य कर रहे हैं। गांधी शुक्ल की दृढ़ता से प्रभावित हुए तथा उन्होंने शुक्ल को अपने कोलकाता पहुंचने की तारीख बताते हुए उनके साथ चंपारन जाने की हामी भर दी।
नियत तिथि को शुक्ल कोलकाता में गांधी से मिले और दोनों रेल में बैठ 10 अप्रेल, 1917 को पटना पहुंचे। पटना के सुप्रसिद्ध वकील और आजाद भारत के पहले राष्ट्रपति राजेन्द्र बाबू के घर हुए एक कटु अनुभव को साथ लेकर गांधी अपने परिचित जेबी कृपलानी के यहां मुज्जफरपुर पहुंचे। उस दौर तक गांधी की ख्याति उनके अफ्रीका में किए आंदोलनों के चलते पूरे देश में फैल चुकी थी। गांधी जी के मुज्जफरपुर आने की खबर चंपारन में आग की तरह फैल गई तथा 'तीन कठियाÓ किसान उनसे मिलने पहुंचने लगे।
गांधी ने उचित माध्यमों से निलहे गोरों की ऐशोसिएशन और तिरहुत के अंग्रेज कमिश्नर तक अपनी बात पहुंचाई। अधिकारियों द्वारा दी गई चेतावनी के बावजूद गांधी 15 अप्रेल को मोतिहारी जा पहुंचे और चंपारन छोडऩे के आदेश की अवज्ञा का निर्णय सरकारी रसीद पर ही लिख दिया।
राज के आदेश की अवहेलना करने के अपराध में गांधी जब अदालत में हाजिर हुए तो पूरा परिसर हजारों पीडि़त किसानों से भर गया स्थिति ब्रितानी हुकूमत से भी संभाली नहीं गई तो गांधी ने भीड़ को संभालने में अधिकारियों की सहायता की।
अदालत में मजिस्ट्रेट और सरकारी वकील के सामने यह पहला ही मामला आया था जिसमें मुलजिम ने खुद अपना अपराध स्वीकार करते हुए अवज्ञा का दण्ड देने का आग्रह किया। मजिस्ट्रेट ने उन्हें जमानत देनी चाही तो भी उन्होंने जमानत पाने से इनकार कर दिया।
यह इस हाड़ मांस के पुतले का आत्मबल और सत्य के प्रति प्रतिबद्ध आग्रह ही था कि ब्रितानी हुकूमत को उन्हें दण्ड दिए बिना जमानत पर छोडऩे पर मजबूर होना पड़ा।
इसी दौरान गांधीजी ने राजेन्द्र बाबू, ब्रजकिशोर बाबू, मौलाना मजहरूल हक जैसे नामी वकीलों और कृपलानी जैसे लोगों को अपने इस सत्याग्रह रूपी हथियार से लडऩे और जेल जाने तक के लिए तैयार कर लिया।
जून में सत्याग्रह के अस्त्र की इस सफलता स्वरूप बिहार के लेफ्टिनेंट गवर्नर सर एडवर्ड गेट के बुलावे और गांधीजी से बातचीत के फलस्वरूप तीन कठिया किसानों की अवस्था की जांच के लिए कमीशन नियुक्त हुआ और इसकी जांच में तीन कठिया की प्रथा को अवैध मानते हुए समाप्त कर किसानों को मुआवजा देने का फैसला हुआ।
गांधी का विश्वास था कि राजनीतिक और सामाजिक सुधार साथ-साथ चलने चाहिए। इसीलिए गांधी ने केवल किसानों के आर्थिक व राजनीतिक समाधान से संतोष न करके का चंपारन में सामाजिक सुधार का बीड़ा उठाया। गांधीजी ने समुदायिक सहायता के मॉडल पर छ: प्राइमरी स्कूल खोलने, डॉक्टर तैनात करने, स्वच्छता का काम हाथ में लेने और खासतौर से महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के अभियान में चंपारन के आसपास के इलाकों में अपने स्वयंसेवेकों के साथ जुट गए।
चंपारन की घटना ने गांधीजी के जीवन की धारा बदल दी। गाधी ने यहीं पर घोषणा कर दी कि अंग्रेज लोग भारतीयों पर हकुम नहीं चला सकते। चंपारन का मामला कोई प्रतिरोध स्वरूप घटना नहीं थी यह हजारों गरीब किसानों के कष्ट निवारण का प्रयत्न था। यह विशुद्ध गांधी नमूना था।
गांधी की राजनीति व्यावहारिक और आमजन की दैनिक समस्याओं से जुड़ी हुई थी वे किसी तत्त्व से बंधे होकर पीडि़त मानवता के प्रति वफादार बहादुर सिपाही की तरह अपने ही अस्त्र से लडऩे वाले एक सत्याग्रही थे।
आज के इस दौर में जब वैश्विक महाशक्तियां फिर से टकराव के मूड में हैं। साम्राज्यवादी ताकतों के फॉरमेट बदलकर बाजारवाद पर सवार हो गए हैं। खतरनाक परमाणु हथियारों से लेकर रासायनिक हथियारों के प्रयोग की धमकी दी जा रही है और मानवता पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ऐसे में गांधी विचार की प्रासंगिकता और उनकी लड़ाई के अहिंसक हथियार सत्याग्रह पर फिर से बहस शुरू किये जाने की आवश्यकता है।
अमेरिका में मार्टिन लूथर किंग, दक्षिणी अफ्रीका में नेल्सन मंडेला और म्यांमार की अहिंसक योद्धा आन सान सू की के सत्याग्रही प्रयोगों के सफल उदाहरण हमारे सामने हैं।
गांधीजी ने चंपारन सत्याग्रह की महत्ता इस रूप में भी है कि यह आज के मौजूद सवालों का हल ढूंढऩे का माद्दा रखता है। सत्याग्रह को समसामयिक बनाने के लिए आज की परिस्थितियों से भी जूझना होगा। लडऩे को उद्धत वैश्विक महाशक्तियों के बीच अपने अस्तित्व को बचा पाने का संघर्ष और देश में किसानों की बढ़ती आत्महत्याएं, खेती से टूटता मोह जैसे मुद्दों पर गांधी की बात समसामयिक परिप्रेक्ष्य में कहने और समझने की जरूरत है।
हमारी स्वतंत्रता और मनुष्यता के बचे रहने के सवालों के जवाब गांधी के विचारों और सत्याग्रह में ढूंढऩे पर मिल पाएंगे।
--सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता है साथ ही जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय, लाडनूं के अहिंसा एवं शांति विभाग से पीएच.डी. स्कॉलर है।)
No comments:
Post a Comment