Friday, 19 February 2021

भारत की ओर लौटने का वक्त


भारत की ओर लौटने का वक़्त 
________________________

● सुरेंद्रसिंह शेखावत

कोरोना महामारी के दौरान लंबे समय तक चले लॉक डाउन से जन जीवन थम सा गया है । हमारी भागमभाग भरी जिंदगी में यह आश्चर्यजनक वक्त है जब हमारे पास समय ही समय है । हमारे पास परिवार के लिए, बच्चों के लिए, प्रकृति के लिए, संगीत सुनने के लिए ,आसमान में तारे देखने के लिए, किताबें पढ़ने के लिए ,विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाने के लिए और अपनी अपनी रूचि के अनुसार काम करने के लिए समय ही समय है ।  कोरोना काल में हुई तालाबंदी  ने हमें नए सिरे से सोचने के लिए मजबूर किया  है ।

 पिछले 50- 60 सालों से और खासकर उदारीकरण और वैश्वीकरण का दौर शुरू होने के बाद से , हम भारतीयों ने पश्चिम का अंधानुकरण किया है । हमारा खान-पान, पहनावा,   सोच विचार,  रहन-सहन, यहां तक कि संस्कृति भी पश्चिम के अंधाधुंध नकल की तरफ अग्रसर है ।  हमने भारतीयता से लगभग मुंह मोड़ लिया है।  अंधाधुंध उत्पादन और अधिकतम उपयोग की शोषण आधारित पश्चिमी संस्कृति हमने अपना ली है । प्रकृति के अधिकतम दोहन का यह युग अत्यंत ही अमानवीय है ।

ऐसे समय में जब हम भारत के लोग भारतीयता को छोड़कर पूरी तरह से पश्चिम के अनुगामी हो गए थे, प्रकृति ने हमें भारत की ओर लौटने का एक अवसर दिया है। 

 कोरोना काल में पूरी दुनिया ने भारतीय परंपरा अनुसार नमस्ते के अभिवादन को स्वीकार किया है । हाथ मिलाना , गले मिलना या चुंबन लेने जैसे पाश्चात्य अभिवादन की जगह भारतीय अभिवादन को विश्वव्यापी स्वीकृति  मिली है।

कोरोना महामारी के समय  पूरी दुनिया में इम्यूनिटी अर्थात रोग प्रतिरोधक क्षमता पर महत्वपूर्ण विमर्श हो रहा है । ऐसे में औसत भारतीय लोगों की मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता का लोहा दुनिया ने माना है ।  दुनिया के समृद्ध देश इस बात को लेकर अचरज में है कि  स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में पिछड़ा भारत कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने में आश्चर्यजनक सफलता प्राप्त रहा है । विश्व में स्वास्थ्य सेवाओं  और स्वच्छता में अग्रणी अमेरिकन और यूरोपियन देशों के मुकाबले हमारी मजबूत इम्यूनिटी के पीछे हमारी रसोई का महत्वपूर्ण योगदान है । उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक पूरे भारत में प्रत्येक रसोई में मसालों का भरपूर प्रयोग होता है । हमारे भोजन के रोजाना के प्रयोग में उपयोग में लिए जाने वाले हल्दी , धाना , अदरक, काली मिर्च ,दालचीनी , जीरा,  मेथी , अजवाइन ,सौंफ इत्यादि अनेकानेक मसाले अपने आप में इम्युनिटी को बढ़ाने के प्राकृतिक स्त्रोत है । इसके साथ ही बहुत से भारतीय परिवारों में परंपरागत रूप से उपयोग में लिए जाने वाले तुलसी, गिलोय, सहजन आदि भी  रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं । भारतीय परंपरा का भोजन जिसमें मोटे अनाज और मसालों का बहुतायत में प्रयोग किया जाता है , सुपाच्य एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है।  पश्चिमी देशों में प्रयोग किए जाने वाले पैकेज्ड फूड और बॉयल्ड फूड के मुकाबले भारतीय भोजन अधिक पोष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक होता है ।

भारतीय मूल की चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में भी किसी भी बीमारी के होने के मूल कारण को जानने की प्रक्रिया है।  ऐसे में हमारी आयुर्वेदिक चिकित्सक पद्धति  में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर ही किसी बीमारी को  खत्म करने का आधार माना जाता है।  यद्यपि इस कोरोना काल में सरकारी स्तर पर एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के मुकाबले आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की उपेक्षा की गई  । परंतु फिर भी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के मामले में एलोपैथिक सहित अन्य चिकित्सा पद्धतियों के मुकाबले आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति अपने आप में समृद्ध है।

मानव और प्रकृति दोनों के मध्य सामंजस्य रखते हुए समन्वित विकास की अवधारणा मूल रूप से भारतीय विचार है । पश्चिम की "शैतानी सभ्यता" प्रकृति के शोषण और दोहन पर आधारित व्यवस्था है । कोरोना काल में एक बार फिर से हमने प्रकृति के महत्व और उसकी जरूरत को समझा है। ऐसे में प्रकृति और मानव के मध्य सामंजस्य के साथ समन्वित विकास के भारतीय मॉडल को अपनाए जाने की जरूरत भी महसूस हुई है।

हमने कोरोना काल में इस बात पर भी गौर किया है यह बीमारी अधिकतर पश्चिम के समृद्ध इलाको   और मेट्रो सिटी में फैली है।  गांव देहात में रहने वाले लोग और पूर्वोत्तर के लोग जो प्रकृति के ज्यादा नजदीक रहते हैं , उन पर यह बीमारी  बेअसर रही है ।इसलिए भारतीय विचार जो प्रकृति के साथ   तादात्म्य स्थापित करता है उस  पर फिर से एक बार इस महामारी के समय स्वीकृति की मोहर लगी है।सादगी सरलता और सहजता से जीवन जीने की पद्धति को  इस महामारी के समय हम लोगों ने उचित पाया है। महानगरों में रहने वाले लोग भी इस महामारी के समय गांव देहात में लौटे हैं और कुछ लोग तो खासतौर से खेतों और फार्म हाउस में रह रहे है । यह  प्रकृति के साथ तादात्म्य  स्थापित करने का एक प्रयास ही है ।

1830 में एक अंग्रेज अधिकारी सर चार्ल्स मेटकाफ़ ने भारतीय गांव का विवरण देते हुए लिखा था कि," ग्रामीण समुदाय छोटे गणराज्य की तरह है जहां उनकी आवश्यकता की लगभग हर वस्तु उपलब्ध है और बाहरी दुनिया से उनका कोई संबंध नहीं है । वह चिरस्थाई प्रतीत होते हैं जहां कोई भी चीज कभी समाप्त नहीं होती ।  ग्रामीण समुदायों का यह संघ हर गांव की खुशहाली में सहायक है । जिसमें प्रत्येक गांव एक छोटे राज्य की तरह है और यह सभी गांव स्वाधीन एवं स्वतंत्रता का आनंद लेते हैं। " विश्व बाजार में परिवर्तन और नव पूंजीवाद ने भारतीय ग्रामीण प्रणाली की आत्मनिर्भरता को नष्ट कर दिया
ऐसे में ग्राम आधारित स्वराज के मॉडल की तरफ फिर से लौटने की भी आवश्यकता इस महामारी ने महसूस की गई है । क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में मजदूरों का जो पलायन अपने गांव की तरफ हुआ है इस बीच यह नहीं लगता कि यह मजदूर जल्द ही अपने कार्यक्षेत्र की तरफ लौटेंगे । ऐसे में योजनाबद्ध रूप से कृषि और कृषि आधारित अन्य लघु उद्योगों की स्थापना करके भारतीय ग्राम स्वराज के मॉडल को फिर से जिंदा किया जा सकता है जो हमारी अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बन सकता है।

इस महामारी काल में हमने यह बात भी गौर की है कि जिन जरूरी सेवाओं को नव उदारीकरण के दौर में हमने निजीकरण की तरफ बढ़ावा दिया,  वह इस काल में पूरी तरह से विफल रहे हैं।  ऐसे में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ही आवश्यक सेवाओं में सेवा देने में सफल हुए हैं इससे भारतीय सहकार के भाव को बढ़ावा मिला है।

पुनश्चः- प्रकृति ने इस महामारी के काल में हमें एक अवसर दिया है जिसमें हम रहन सहन, अचार विचार, पहनावे , खानपान  और संस्कृति में भारतीयता के विचार की तरफ लौट सके । इस महामारी के समय इस मजबूरी को अवसर में बदलते हुए हम भारत की तरफ लौटें ।
--------------------------
सी 9, विजय विहार, बीकानेर
ssshekhawatbkn@gmail. com

उपरोक्त आलेख मौलिक , अप्रकाशित एवं अप्रसारित है ।

सुरेंद्रसिंह शेखावत

कोरोना काल में कृषि क्षेत्र से उम्मीद और जरूरत

कृषि क्षेत्र: उम्मीद और जरूरत 

 ●सुरेंद्रसिंह शेखावत

कोरोना संकट के बाद देश की बदहाल अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए  गांधी के ग्राम स्वराज को आधार बनाकर ग्राम आधारित आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने की पैरवी मैंने अपने पिछले आलेख में की थी ।  भारत जैसी बड़ी आबादी वाले देश  में आज भी कृषि क्षेत्र ही आधी से अधिक आबादी को रोजगार मुहैया करा रहा है  जबकि कॉरपोरेट, इंडस्ट्री तथा सर्विस सेक्टर  भरसक सरकारी प्रयत्नों के बावजूद रोजगार सृजन के मामले में अब भी कृषि क्षेत्र से बहुत पीछे है।
ऐसे हालात में जब करोड़ों मजदूर पलायन करके अपने गांवो और घरों की तरफ लौट गए है तब कृषि और उससे जुड़े  क्षेत्र पर रोजगार सृजन की दृष्टि से ध्यान देने की सर्वाधिक आवश्यकता है ।

यद्यपि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 2019 में केंद्रीय कृषि बजट में कृषि मंत्रालय के लिए अब तक का सर्वाधिक 1,41,174 करोड रुपए का प्रावधान किया जो यूपीए शासन के 5 सालों के बजट से 16 फ़ीसदी अधिक था । फसल बीमा योजना में सुधार ,सोयल हेल्थ कार्ड स्कीम और फसलों के ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म मोदी सरकार की कृषि क्षेत्र में प्रभावी उपलब्धि मानी जा सकती है ।
यूनिवर्सल बेसिक इनकम की तर्ज पर बनाई गई किसान सम्मान निधि योजना जिसमें किसान के खातों में ₹6000 प्रति वर्ष सीधा पहुंचाने की योजना भी अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है , जिसका लाभ देश के करोड़ो किसानों को मिल रहा है ।  इसके बावजूद देश की लगभग 62 फीसदी आबादी को रोजगार देने वाले कृषि क्षेत्र के हालात ज्यादा अच्छे नहीं कहे जा सकते। सुखा, बेमौसम बरसात, बाढ़ , अतिवृष्टि , टिड्डी हमले जैसी प्राकृतिक आपदा झेलने वाला हमारा अन्नदाता तकनीकी कमी, फसल भंडारण की कमी, सिंचाई की समस्या और इन सबसे बढ़कर कृषि जिंसों के भाव की भारी कमी के चलते बदहाल हालत में हैं । विभिन्न आर्थिक सर्वेक्षणो की रिपोर्ट पर गौर करें तो ध्यान में आएगा कि देश में कुल राज्यों में लगभग आधे राज्यों यानी 17 राज्यों में किसानों की औसत आय ₹20,000 सालाना से कम है।

इस संकट के दौर में बहुत थोड़े से प्रयत्नों से विशाल रोजगार सृजन वाले क्षेत्र को मजबूत किया जा सकता है । यहां सबसे पहले केंद्र और राज्य सरकारों को कृषि क्षेत्र से जुड़े रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से टास्क फोर्स का गठन करना चाहिए जो इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने तय करे। यहां यह भी ध्यान देने योग्य जरूरत है कि इस तरह की टास्क फोर्स या फिर कृषि सम्बन्धी नीति तय करने में नौकरशाहों से मुक्त रखा जाना चाहिए । कृषि नीति निर्माण में नौकरशाहों के स्थान पर विषय विशेषज्ञों , कृषि वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों को शामिल किए जाने की जरूरत है ताकि किसानों के लिए बनने वाली नीतियों का लाभ वास्तविक रूप से धरातल तक पहुंचे ।

भारतीय खेती के सामने सबसे बड़ा संकट कृषि उत्पादों के भाव का है । हालांकि वर्तमान सरकार ने लगभग सभी समर्थन मूल्य के अंतर्गत आने वाले कृषि जिंसों पर प्रतिवर्ष समर्थन मूल्य बढ़ाया है ।लेकिन फिर भी यह किसान की लागत के मुकाबले पर्याप्त नहीं है । समर्थन मूल्य निर्धारण में लागत के कई घटकों को छोड़ दिया गया है औरयह किसान के लिए लाभकारी मूल्य तो कतई नहीं है ।  
एक उदाहरण के जरिए हम कृषि उत्पादों के भाव के हालात को समझ सकते है ।1970 में गेहूं का समर्थन मूल्य 76 रुपए प्रति क्विंटल था जो 2020 में 26 गुना बढ़कर 1935  रुपए प्रति क्विंटल हो गया । परंतु इस अवधि के दौरान सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 150 गुना बढ़ोतरी हुई, वहीं कॉलेज के प्रोफेसर के वेतन में 170 गुना बढ़ोतरी और स्कूली शिक्षकों के वेतन में 320 गुना तक बढ़ोतरी हुई है । इस तरह हम न्यूनतम 100 गुना बढ़ोतरी को भी पकड़े तो गेहूं का समर्थन मूल्य ₹7600 प्रति क्विंटल होना चाहिए था।
यहां  विडंबना की बात है कि एकमात्र किसान ही ऐसा उत्पादक है जो अपने उत्पाद की कीमत खुद तय नहीं कर सकता । देश दुनिया में जो भी उत्पादक  हैं वह अपने उत्पाद की कीमत तय करते हैं लेकिन किसान के साथ यह विडंबना है कि उसके उत्पाद की कीमत मंडी के व्यापारी और बिचौलिए तय करते हैं । जब तक किसान को अपने उत्पाद की कीमत तय करने के अधिकार की नीति नहीं बनेगी  तब तक खेती पर यह संकट बरकरार रहेगा।
दूसरी बात समर्थन मूल्य पर हुई खरीद की है । जहां एक तरफ पंजाब जैसे राज्य का सारा गेंहूँ उत्पाद खरीदने के लिए केंद्र सरकार बाध्य है वैसा दूसरे राज्यों में नहीं है । आपको जानकर आश्चर्य होगा कि कुल उत्पादन का केवल 6.5फीसदी कृषि उत्पाद ही समर्थन मूल्य पर खरीदा जाता है । उसमें भी गेहूं और धान के आलावा अन्य जिंसों की खरीद बहुत कम होती है और यह 6.5 फीसदी के आंकड़े में हरियाणा पंजाब का गेंहूँ और धान भी शामिल है जिसके खरीद की बाध्यता सरकार की है ।अतः कृषि उत्पादों की कीमत और उनकी खरीद की ठोस नीति बनानी चाहिए ।

हमारे यहां पश्चिमी राजस्थान का बारानी काश्तकार लगभग जैविक खेती ही करता है परंतु नियमों एवम प्रमाणन के आभाव में उसके उत्पाद जैविक श्रेणी में नहीं गिने जाते जिसके चलते उसे सामान्य फसलों जैसे भाव ही मिल पाते है । यही नहीं नहरी, नदी और जलकूपों से सिंचित खेती करने वाले किसान को सरकार पानी और बिजली अनुदानित दर पर उपलब्ध कराती है जबकि बरानी इलाके के किसान को इस सब्सिडी का कोई लाभ नहीं मिलता।  सिंचाई के साधन और सब्सिडी दर पर बिजली पानी वाले किसान के मुकाबले असुरक्षित खेती करने वाले किसान के साथ दुभान्त होती है । अगर बरानी इलाके के किसान को भी उस अनुदान का हिस्सा मिले तो यह किसान जैविक खेती के कीर्तिमान स्थापित कर सकता है साथ ही जैविक खेती के नाम पर उसे उत्पाद की श्रेष्ठतम कीमत भी मिल सकती है ।

विभिन्न कृषि उत्पादक क्षेत्रों को क्लस्टर में बांट कर उस इलाके में उत्पादन से लेकर बिक्री तक की चैन को विकसित किए जाने की सख्त आवश्यकता है । क्योंकि जिस तरह की छोटी जोत की खेती का प्रचलन हमारे देश में हैं उस छोटी जोत का किसान इस तरह के क्रियाकलापों में स्वयं सक्षम नहीं है । सहकारी मॉडल पर अथवा सरकार द्वारा सहायता से विभिन्न कृषि जिंसों के क्लस्टर किसान के उत्पादन से लेकर ,भंडारण , प्रोसेसिंग, पैकेजिंग , मार्केटिंग और बिक्री  तक की चेन बनाकर किसान को तो उसकी उपज का पूरा मूल्य दिलाया जा सकता है साथ ही इन छोटे बड़े कामों में बड़ा रोजगार सृजन भी किया जा सकता है तथा किसान और उपभोक्ता के बीच राशि के अंतर का बंटवारा बिचौलियों के पास न जाकर विभिन्न स्तरों के कामगारों के मध्य बंट सकता है ।

इसी तरह फसल बीमा योजना में भी बहुत  सारे सुधारों के बावजूद अभी भी सुधार की बहुत गुंजाइश है । सामान्य तौर पर सरकारी नीति के अनुसार निजी बीमा कंपनियों को किसानों के फसल बीमा के लिए अधिकृत किया जाता है । पिछले सालों में यह देखने को आया है कि कोई ना कोई बहाना बनाकर यह निजी बीमा कंपनियां किसान को उसका क्लेम का भुगतान करने में अड़चनें डालती है।  इसमें मेरी मान्यता है कि एक तो बीमा संबंधी ठोस नीति बनाई जाए जिसमें इकाई किसान के खेत को माना जाए दूसरा इसे सामान्य बीमा की तर्ज पर कृषक के श्रम का और उसके संभावित उत्पादन से प्राप्त होने वाले लाभ का आकलन करके बीमित राशि का निर्धारण हो । वर्तमान समय में फसल बीमा के जरिए निर्धारित की गई क्लेम राशि बहुत थोड़ी है जो कि किसान के वास्तविक नुकसान और उसकी श्रम शक्ति के मुकाबले कुछ भी नहीं है । इस दिशा में सरकार को ठोस नीति बनाए जाने की आवश्यकता है साथ ही निजी बीमा कम्पनियों के स्थान पर सरकारी बीमा कम्पनी को इस क्षेत्र में लगाया जाना चाहिए।
जब हम कृषि आधारित अर्थव्यवस्था खड़ी करने की बात करते हैं तो निश्चित रूप से हमें हमारे गांव का बुनियादी ढांचा और आवश्यक सेवाओं के स्तर को शहरों के मुकाबले करने की भी  आवश्यकता है । इसीलिए स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट विलेज तैयार किए जाने की जरूरत  है जहां अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य के स्तरीय और गुणवत्तायुक्त संस्थान की जरूरत पड़ेगी ऐसा होने पर ही गांव में कार्यरत सरकारी चिकित्सक , शिक्षक और दूसरे विभाग के कर्मचारी गांव में रहना पसंद करेंगे ।

Nationalist isolation vs global unity

Article
 
Nationalist isolation vs Global Unity
_________________________
 Possibilities for India

 ●SurendraSingh           Shekhawat

In this crisis created by Corona pandemic, the unprecedented environment of distrust and anarchy that has been created has never been created even in world wars and the most destructive wars.
 The scientists all across the globe are trying to fight against this invisible enemy at the same time the experts and thinkers have started thinking about the post corona scenario of the world.
When the infection that started in the city of Wuhan of China started crossing the boundaries and spreading all across the globe, the frightened countries started sealing their boundaries and their process of sealing the boundaries reached states and districts. Here in our country the ways to the cities, villages and colonies have been sealed and the local people have started guarding themselves so that no outsider can walking into. 
 These unprecedented situations arising out of the fatal Corona virus and  the trend of guarding and isolating ourselves seem totally against  the natural phenomena of  human being of   being social creature. Earlier in the era of  globalization and liberalisation ,the boundaries of the countries started vanishing.
 Many countries in  Europe opened their boundaries to each other, Visa free  visits had also started across the continents as well. Internet, communication revolution and means of transport had also tried their best to prove these boundries absolutely meaningless.
 The efforts such as the creation of the European Union look like the steps moving towards the world government. But at this time of Corona crisis, an entirely different phase of Nationalist isolation has emerged. Almost all the countries have locked themselves down in their own boundaries and their own security is their top most priority. 
The position of America as the world leader also seemingly shaking. The way the US led the world at the time of the 2008 Global economic crisis, just contrary to that, now the US is confined to its own problems and what talking  of showing the path to the world, the US is unable to solve and control the situation of its own. 
 By the time this article is  written the number of Corona infections and the deaths caused in the US thereby seems the highest in the world. On the other hand, China which is the biggest rival of America at this place has been badly maligned due to the allegations of spreading this virus. At the same time, it has also lost the sympathy of the countries suffering from Corona. Having emerged from Corona, China could have improved its image by supplying medical equipments and other necessary facilities and could also have won the trust of other countries but china as reports are coming in, is doing unfair activities of supplying substandard equipments to the affected countries and is also unable to give up the temptation of charging arbitrarily. Therefore it seems that in spite of being an economic power China is unable to step on to the place that is being seemingly vacated by the US. 
A world famous writter and professor of  the Hebrew University of Israel , Yuval Noha Harari has raised many issues in his article  "The post Corona world".
 He has also raised one very important question on Nationalist isolation vs  Global Unity.Mr. Harari  has raised his concern stating that if we choose isolation, it will not only deepan the present crisis but also will lead to some more serious crisis in future. Because on the one hand we need to tackle this disease and it is even more important to bring back the economy on the track. Undoubtedly, the concern of Mr. Harari is even more important because no country in the world is perfect in itself while we have the challenge to finding drugs to combat this invisible enemy by sharing techniques and research to deal with it. At the same time, without mutual coordination it is impossible to share medical equipments, test kits, and the available medicines.
 Amids all these challenges, the new possibilities for India can be explored with great positivity.

 Firstly ,India has a significant part  in drug manufacturing and Indian companies can ensure the availability of medicine all across the globe. As  in the present time India has provided hydro chloroquin  for the U.S in this crisis.
 Secondly, when America itself is stuck in crisis and China has lost its trustworthiness, India  can bridge the dialogues among the countries of the world because India has taken this Corona pandemic lot better than the European and developed countries. Global Corporation will be needed to exchange technology and research results among the countries of the world and to ensure to bring back devested  economy on its track, otherwise this crisis will endanger the very existence of human on earth. Therefore there is a need to move out of the realm of  Nationalist isolation and move forward on the path of global corporation and the sky is full of possibilities for India.

●Surendra Singh Shekhawat
(Political Activist, Research Scholar, Blogger)



ssshekhawatbkn@gmail.com
C-9, vijay vihar, Bikaner

सयुंक्त राष्ट्रसंघ के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह

संयुक्त राष्ट्रसंघ के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह

-सुरेंद्र सिंह शेखावत 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से नाता तोड़ने की घोषणा की है । ट्रम्प  कोरोना संकट के दौरान  निरन्तर  डब्ल्यूएचओ पर चीन के प्रभाव में काम करने का आरोप लगा रहे थे और कुछ दिन पहले अमेरिका द्वारा डब्ल्यूएचओ को दी जाने वाली फंडिंग पर भी रोक लगा दी थी । यहां उल्लेखनीय है कि अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना 40 से 50 करोड़ डॉलर की सालाना मदद करता था   जबकि चीन अमेरिका के मुकाबले महज  4 करोड डॉलर की ही  फंडिंग डब्ल्यूएचओ को देता रहा है । अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके डब्ल्यूएचओ पर चीन के नियंत्रण में काम करने का आरोप लगाया है । अमेरिका का आरोप है कि चीन ने वुहान लैब में पैदा हुए कोरोनावायरस की सच्चाई दुनिया से छिपाई और डब्ल्यूएचओ ने भी चीन की जानकारियां छुपाने में मदद की ।

अमेरिका , जर्मनी ,ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया सहित 62 देशों ने इस मामले में विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका पर सवाल उठाए है । कोरोना वायरस आखिर कैसे और किस तरह से इंसानों तक पहुंचा? डब्ल्यूएचओ ने इसकी रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए और उसकी भूमिका क्या रही? दुनिया के  देश ऐसे ही सवालों का जवाब मांग रहे हैं। अब भारत ने भी आधिकारिक तौर पर इन देशों को अपना समर्थन देते हुए यूरोपीय यूनियन व ऑस्ट्रेलिया की ओर से जांच की मांग वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। यद्यपि भारत ने अभी अभी डब्ल्यूएचओ के कार्यकारी चेयरमैन का जिम्मा सम्भाला है ।

इससे पहले अक्टूबर 2017 अमेरिका के ट्रम्प प्रशासन  ने संयुक्त राष्ट्र संघ की शिक्षा, विज्ञान एवं सांस्कृतिक एजेंसी यूनेस्को की सदस्यता  छोड़ने का प्रस्ताव दिया था । अमेरिका और इजरायल ने 2011 में ही यूनेस्को को आर्थिक मदद देनी बन्द कर दी थी , क्योंकि उस वक्त यूनेस्को ने यरुसलम पर इजरायल के अवैध कब्जे पर आपत्ति जताई थी ।

विश्व स्वास्थ्य संगठन और संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन से अमेरिकी नाता तोड़ने की घोषणा मात्र से ही नहीं बल्कि कोरोना महामारी के वैश्विक संकट के काल के दौरान संयुक्त राष्ट्र संघ की नगण्य भूमिका से इस वैश्विक संगठन की प्रासंगिकता पर सवाल खड़े हो रहे है ।

अपनी स्थापना के सात दशक बाद संयुक्त राष्ट्र संघ , इसके पूर्ववर्ती संगठन राष्ट्रसंघ की तरह ही  बेअसर होता प्रतीत हो रहा है । प्रथम विश्व युद्ध के बाद वैश्विक सहयोग एवं सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से पूर्ववर्ती राष्ट्रसंघ की स्थापना हुई थी परंतु संघ की नाकाम भूमिका के चलते जब दूसरा विश्व युद्ध हो गया तो पूर्ववर्ती राष्ट्रसंघ की भूमिका स्वतः ही समाप्त हो गई । फलतः नए संगठन की जरूरत महसूस हुई और 24 अक्टूबर 1945 को दूसरे विश्व युद्ध से हुए विनाश और जापान पर हुए परमाणु हमले की पृष्ठभूमि में  संयुक्त राष्ट्र संघ बना ताकि भविष्य में इस तरह के विनाश और परमाणु इस्तेमाल से बचा जा सके । दोनों विश्व युद्धों के बाद कोरोना महामारी उतनी ही बड़ी त्रासदी के रूप में दुनिया के सामने आई है तब फिर से संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमिका पर सवाल खड़े होने के साथ ही वैकल्पिक वैश्विक संगठन की मांग उठने लगी है ।

यद्यपि स्थापना काल से ही संयुक्त राष्ट्र संघ पर अमेरिकी दबदबा रहा है ।दरसल संयुक्त राष्ट्र संघ के खर्च का  सर्वाधिक हिस्सा अमेरिका ही वहन करता है जो लगभग 29 फीसदी है परन्तु अब जब अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र संघ के सहयोगी संस्थाओं के बजट में कटौती करते हुए खुद को उनसे अलग कर लिया है तब यह जानना महत्वपूर्ण है कि वास्तविक झगड़े की जड़ कहां है ।

अमेरिका कोरोना संकट के लिए चीन को दोषी ठहरा रहा है अमेरिका की इस बात का   जर्मनी ब्रिटेन सहित कई देश समर्थन कर रहे है इतना ही नहीं कई देश इस अपराध के लिए चीन से जुर्माना वसूलना चाहते है जिसकी कार्यवाही अंतराष्ट्रीय न्यायालय में शुरू भी कर दी गई है । परंतु चीन और रूस को प्राप्त विशेषाधिकार वीटो का इस्तेमाल अमेरिका ब्रिटेन और फ्रांस के लिए गले की घण्टी बना हुआ है ।

चीन लम्बे समय से वैश्विक महाशक्ति  अमेरिका के वर्ल्ड लीडरशिप को चुनौती दे रहा है और कोरोना महामारी से निपटने में  अमेरिकी प्रशासन की असफलता ने भी अमेरिकी कमजोरी को उजागर किया है । उधर राष्ट्रपति ट्रम्प आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी अपनी रणनीति के तहत चीन को खलनायक करार देते हुए चुनावी मुद्दा बनाना चाह रहे है ।

इस सारी कवायद में संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रासंगिकता पर सवाल उठा खड़े हुए है । उधर संयुक्त राष्ट्र भी इस संकट के समय दुनिया को नेतृत्व देने में असफल रहा है ।इस महामारी से उपजे संकट के प्रति तमाम देशों के बीच सहयोग और समन्वय स्थापित करने में संयुक्त राष्ट्र महासचिव की प्रतिक्रिया बेहद धीमी रही है । ऐसा लगता है कि महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अपनी सभी सांगठनिक ज़िम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया है ।ये ऐसे समय पर हो रहा है जब दुनिया को इस संकट से उबरने के लिए वैश्विक नेतृत्व की सख़्त आवश्यकता है।  अब अगर इस महासंकट के समय भी संयुक्त राष्ट्र विश्व परिदृश्य से अनुपस्थित रह रहा है।तो ये सवाल उठना बिल्कुल उचित है कि क्या संयुक्त राष्ट्र संघ विश्व की चुनौतियों का समाधान देने में सक्षम है? 

पिछले दिनों जॉर्डन के शाह ने भी अपने आलेख में नए वैश्विक संगठन की जरूरत बताई थी । अमेरिका द्वारा अपने सहयोगी राष्ट्रों के सहयोग से चीन की घेराबंदी की रणनीति भी संयुक्त राष्ट्र संघ के लिए संकट के रूप में सामने आने वाली है । इन सब हालातों के मध्यनजर जहां संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रासंगिकता पर सवाल उठने लगे है वहीं वैकल्पिक वैश्विक संगठन की जरूरत महसूस हुई है जो या तो संघ को नए सिरे से पुनर्गठित करके पूरी की जा सकती है अथवा संयुक्त राष्ट्र संघ भी अपने पूर्ववर्ती राष्ट्र संघ की परिणीति प्राप्त होता नजर आ रहा है ।

- सुरेंद्रसिंह शेखावत

उम्मीद जगाती नई शिक्षा नीति

उम्मीद जगाती नई शिक्षा नीति 
_______________________
- सुरेंद्रसिंह शेखावत

इक्कीसवीं सदी के दूसरे दशक में 34 साल बाद देश की नई शिक्षा नीति जारी की गई है । वर्गभेद को समाप्त कर अवसरों की समानता उपलब्ध कराने का लक्ष्य लेकर इसरो के प्रमुख रहे डॉ. के. कस्तूरीरंगन के नेतृत्व में जून 2017 में बनी कमेठी ने  31 मई 2019 को नई शिक्षा नीति का मसौदा सौंप दिया था । इसके बाद सुझावों की प्रक्रिया से गुजरते हुए 29 जुलाई 2020 को नई शिक्षा नीति 2020 को जारी कर दिया गया है।

1835 में इंडियन एजुकेशन एक्ट को पारित करने के साथ ही मैकाले द्वारा तैयार किया गया दस्तावेज " ए मिनिट ऑन इंडियन एजुकेशन" आधुनिक भारतीय शिक्षा के इतिहास में पहला कदम था,  जिसने परम्परागत भारतीय संस्कृत और अरबी में पढ़ाई कराने वाले मदरसों और हिन्दू शिक्षण संस्थानों के मुकाबले औपनिवेशिक  भारत में अपना शासन संचालित करने के लिए जरूरी मानव संशाधन को तैयार करने का बीड़ा उठाया । मैकाले द्वारा जारी किए किए मॉडल से बाहर निकलने के लिए   पिछले सत्तर सालों में हमने अपनी शिक्षा नीति में बहुत से बदलाव किए है । 
24 जुलाई 1968 को भारत की प्रथम राष्ट्रीय शिक्षा नीति घोषित की गई। यह पूर्ण रूप से 1964 में बने कोठारी आयोग के प्रतिवेदन पर आधारित थी। सामाजिक दक्षता, राष्ट्रीय एकता एवं समाजवादी समाज की स्थापना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसमें शिक्षा प्रणाली का रूपान्तरण कर 10+2+3 पद्धति का विकास, हिन्दी का सम्पर्क भाषा के रूप में विकास , शिक्षा के अवसरों की समानता का प्रयास, विज्ञान व तकनीकी शिक्षा पर बल तथा नैतिक व सामाजिक मूल्यों के विकास पर जोर दिया गया।
इसके 18 साल बाद 1986  में दूसरी शिक्षा नीति का मसौदा  जारी किया गया था और 1992 में इसकी समीक्षा की गई तथा कुछ बदलाव भी किए 

 29 जुलाई को जारी की गई नई शिक्षा नीति एक क्रांतिकारी बदलाव  का आभास कराती है । यह 21वीं सदी के भारतीय नौजवानों के लिए तकनीक और कौशल से युक्त सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करती है । महात्मा गांधी कहते हैं कि शिक्षा का उद्देश्य सर्वांगीण विकास का होना चाहिए । नई शिक्षा नीति में सर्वांगीण विकास को लक्ष्य रखकर शिक्षा को भारतीय संस्कृति, विरासत और इतिहास से जोड़ते हुए देश की बौद्धिक सम्पदा को समृद्ध करने का स्वप्न देखा गया है । 

वर्तमान में स्कूली शिक्षा में चल रहे  10+2 पैटर्न की जगह अब नया 5+3+3+4 का पैटर्न लागू किया गया है । जिसमें प्री प्राइमरी को मजबूती देने की बात कही गई है । 'अरली चाइल्डहुड केयर सेंटर'(ईएचसीसी) के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों और स्थापित स्कूल में मध्यान्ह भोजन के साथ नाश्ते की योजना लागू करके बच्चे के पोषण के साथ शारीरिक मानसिक विकास की कल्पना की गई है । 

नए पैटर्न के अनुसार पूर्व प्राथमिक के 3 स्टेप तथा पहली और दूसरी कक्षा को पहले 5 वर्ष के ग्रुप में रखा है जिसमें खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों के साथ ही बच्चे के पोषण विकास पर फोकस किया गया है । अगले तीन वर्षों में कक्षा  3 से 5 के बीच मातृभाषा में विज्ञान,गणित और सामाजिक अध्ययन की पढ़ाई कराने पर जोर है । कक्षा 6 से 8 के ग्रुप के अगले तीन सालों को मिडल स्टेज कहा गया है जिसमें त्रि भाषा अध्ययन को शामिल किया गया है । साथ ही संस्कृत, तमिल , तेलगु, कन्नड़, फ़ारसी, प्राकृत, पाली जैसी क्लासिकल भाषाओं को सीखने पर ध्यान देने की बात कही गई है । इस अवधि में वोकेशनल ट्रेनिंग पर भी ध्यान देकर बच्चे के कौशल विकास करने की योजना है इसके लिए दस दिन की अनिवार्य वोकेशनल ट्रेनिंग को जोड़ा गया है ।जिसमें बच्चे को कोडिंग, सॉफ्टवेयर जैसे अध्ययन के साथ ही प्लम्बर, कारपेंटर, इलेक्ट्रिशियन जैसे कौशल के प्रशिक्षण देने की जरूरत को समझा गया है । अंतिम 4 वर्षों कक्षा 9 से 12वीं के वर्ग में गहरी समझ, विश्लेषणात्मक अध्ययन और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने पर फोकस है । इस नए पैटर्न में कला, विज्ञान और वाणिज्य की दीवारों को तोड़कर सभी संकायों के विषयों को अध्ययन में एक साथ शामिल करने की बात कही गई है ।

कक्षा 9 से 12 की पढ़ाई में सेमेस्टर सिस्टम लागू करके वार्षिक परीक्षा के महत्व को कम किया गया है साथ ही परीक्षा में येन केन प्रकरेण अधिक अंक हांसिल करने की जुगत को खत्म करते हुए असेसमेंट का नया फार्मूला सुझाया गया है जो पूरी तरह से समझ और ज्ञान विकसित करने के आधार पर है । जिसमें छात्र का परीक्षण  लिखित परीक्षा में हासिल अंको के अतिरिक्त सह शैक्षणिक गतिविधियों , व्यवहार और अनुशासन को शामिल किया गया है इसके अनुसार छात्र द्वारा स्वयं के आंकलन, सहपाठियों के आंकलन और शिक्षक के आंकलन को भी जोड़ा जाएगा ।
स्कूलों में संसाधनों की न्यूनता को पूरी करने के लिए स्कूल कॉम्प्लेक्स का विचार सुझाया गया है ताकि कई स्कूलों का समूह बनाकर जरूरी संसाधन जुटाए जा सकें । वोकेशनल ट्रेनिग और इंटर्नशिप जैसी जरूरत स्कूल कॉम्प्लेक्स के माध्यम से ही पूरी हो सकेगी । परीक्षाओं को आसान बनाने के साथ ही सीखने पर जोर देने की बात कही गई है ।

नई शिक्षा नीति में भारत के इतिहास , संस्कृति और विरासत को पाठ्यक्रम में शामिल करने की बात कहते हुए शिक्षा का पूरी तरह से भारतीयकरण करने का प्रयास किया गया है ।यह एक आमूलचूल बदलाव है । शिक्षकों की नियुक्ति में पूरी पारदर्शिता के साथ ही स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की वकालत नई नीति में है । शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में किए जा रहे नित नए प्रयोग   शिक्षा मित्र, शिक्षा सहयोगी या पैरा टीचर्स जैसी व्यवस्था को पूरी तरह से खत्म करने की पहल की है । इसके साथ ही शिक्षकों के प्रशिक्षण पर खास तौर से जोर दिया गया है ताकि योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षक नई पीढ़ी को बेहतर राह दिखा सके । देश भर के स्कूलों में शिक्षक छात्र अनुपात की विसंगतियों के मध्यनजर शिक्षक छात्र अनुपात 1:25 तक लाने की बात कही गई है ।
शिक्षा के अधिकार के कानून में निशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का  दायरा 6-14 वर्ष था उसे बढ़ाकर 3-18 वर्ष किया गया है । साथ ही 2030 तक यह लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि प्रवेश लेने वाले सौ फीसदी बालक स्कूली शिक्षा पूरी करके ही निकले । बीच में स्कूल छोड़ने वाले ड्राप आउट की संख्या को शून्य पर लाने का लक्ष्य महत्वपूर्ण है इसके साथ ही नामांकन के पचास फीसदी छात्र उच्च शिक्षा भी पूरी करे यह भी लक्ष्य रखा गया है ।

वैज्ञानिक और तार्किक सोच को बढ़ावा देने, आलोचनात्मक विचार को विकसित करने के साथ ही बिना भेदभाव के  सभी वर्गों को समान अवसर देने और वंचित तबके दलित, पिछड़ा, महिला , अल्पसंख्यक को भी बराबरी के अवसर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात नई शिक्षा नीति में कही गई है । 

नई शिक्षा नीति उच्चतर शिक्षा में भी आमूलचूल परिवर्तन की बात करती है । शोध को बढ़ावा देने के साथ ही विश्वविद्यालयों के स्वरूप को पूरी तरह बदलकर महाविद्यलयों को स्वायत्तता देने की पैरवी नई नीति में की गई है । इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा लेने वाले युवाओं को भी मानविकी और कला के अध्ययन करने के लिए रास्ते खोलें गए है ।

कुल मिलाकर नई शिक्षा नीति भारतीय शिक्षा के ढांचे को पूरी तरह बदलने का सुखद प्रयास है । अब देखना यह होगा कि हमारी नौकरशाही और राजनीतिक व्यवस्था इसे किस तरह लागू कर पाती है । परन्तु इतना तय है अगर इसे इसी स्वरूप में लागू किया गया तो यह भारत के इतिहास में एक क्रांतिकारी कदम होगा जो शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा ।
(लेखक स्वतंत्र लेखक और गांधी विचार के शोधार्थी है ।)


- सुरेंद्रसिंह  शेखावत
सी 9 , विजय विहार, 
सोफिया स्कूल के पीछे,
जयपुर रोड़, बीकानेर ।