Monday, 20 April 2020

मातृभाषा पर गांधी के विचार

मायड़ भाषा पर गांधी के विचार

-सुरेंद्रसिंह शेखावत

"मेरा यह विश्वास है कि राष्ट्र के जो बालक अपनी मातृभाषा के बजाय दूसरी भाषा में शिक्षा प्राप्त करते हैं , वे आत्महत्या ही करते हैं । यह उन्हें अपने जन्मसिद्ध अधिकार से वंचित करती है । वह उनकी सारी मौलिकता का नाश कर देती है ।उनका विकास रुक जाता है और अपने घर और परिवार से अलग पड जाते हैं । इसलिए मैं इस चीज को पहले दरजे का राष्ट्रीय संकट मानता हू ।"
20 अक्टूबर1917 को गुजरात के भड़ौच में दिए गए एक लंबे उदबोधन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने उक्त विचार मातृ भाषा में शिक्षा दिए जाने की प्रबल पैरवी करते हुए व्यक्त किए थे ।
आज बापू की 150वीं जयंती मना रहे देश में सरकारी मान्यता को तरसती सात करोड़ राजस्थानियों की भाषा के मान्यता के सवाल को बापू के विचारों के संदर्भ में जांचना अधिक प्रासंगिकता है ।
उल्लेखनीय है कि गांधी मातृभाषा के प्रबल समर्थक थे और उनका अधिकतम लेखन भी उनकी मातृभाषा गुजराती में ही है, भले ही उस दौर में राष्ट्रीय आंदोलन के मध्यनजर उनकी बात को पूरे देश में पहुंचाने के लिए अनुवाद किए गए । इससे यह सिद्ध होता है कि उनकी भाषा के प्रति आग्रह का स्तर क्या रहा होगा ।

गांधी लिखते है कि 'मातृभाषा में शिक्षा हो तो भारत में नकलची नमूने नहीं,करोड़ों वैज्ञानिक और दार्शनिक पैदा होंगे । हम जगदीशचन्द्र बसु और डॉ. प्रफुल्ल चंद्र राय को देखकर मोहांध हो जाते हैं। मुझे विश्वास है कि यदि हमने 50 वर्षों से मातृ-भाषा द्वारा शिक्षा पाई होती तो हममें इतने बसु और राय होते कि उन्हें देखकर हमें अचंभा न होता।’

बापू आगे कहते है ,"आज भारत में हम रट-पिट कर औसत-बुद्धि वाले इंजीनियर और डॉक्टर तो पैदा कर रहे हैं, लेकिन खोजकर्ता वैज्ञानिक, मौलिक चिंतक और दार्शनिक नहीं पैदा कर पा रहे हैं । भारत की ज्यादातर आबादी नवीनतम ज्ञान-विज्ञान तक पहुंच से वंचित है। जिसकी मौलिकता बची हुई है, उसके आत्मविश्वास को हिलाकर रख दिया गया है।"

महात्मा गांधी का मानना था कि शिक्षा की भाषा के मामले में भारत को जापान से सीखना चाहिए। वे लिखते है , 'जापान ने मातृ-भाषा में शिक्षा के द्वारा जन-जागृति की है. इसलिए उनके हर काम में नयापन दिखाई देता है. वे शिक्षकों के भी शिक्षक बन गए हैं. उन्होंने (गैर-यूरोपीय देशों के लोगों को दी गई ) सोख्ता कागज की उपमा को गलत साबित कर दिया है। मातृभाषा में शिक्षा के कारण जापान के जन-जीवन में हिलोरें उठ रही हैं और दुनिया जापानियों का काम अचरज भरी आंखों से देख रही है।
उनका मत था कि मातृभाषा का स्थान कोई दूसरी भाषा नहीं ले सकती। उनके अनुसार, "गाय का दूध भी मां का दूध नहीं हो सकता।"

आज हम भारत में तेजी से बढ़ते भीड़तंत्र का रोना रोते रहते हैं, लेकिन इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि मानवीय ज्ञान-विज्ञान का प्रसार और मौलिक चिंतन हमारी अपनी भाषाओं के माध्यम से पूरे भारतीय समाज में जितना समान रूप से पहुंचना चाहिए था, उतना पहुंच नहीं पाया है।

भारत की भाषायी समस्या पर विचार करते हुए गांधी के शब्द अब भी कानों में गूंजने लगते हैं। आज यह समस्या समय के साथ-साथ और जटिल रूप ले चुकी है ।संविधान सभा में इस विषय पर हुई लंबी बहस बेनतीजा ही रही और आगे जाकर दिशाहीनता का शिकार भी हो गई ।आज यह भारत की मुख्याधारा के विमर्श से पूरी तरह गायब है. राजनीतिक दलों के संविधानों और घोषणापत्रों में भी कोई इसे छूना नहीं चाहता। जिस प्रकार का स्वस्थ और स्पष्ट विमर्श इस पर होना चाहिए था और जिस तरह का भविष्योन्मुखी प्रयास होना चाहिए था, ऐसा कुछ भी दूर-दूर तक नज़र नहीं आता। त्रिभाषा फॉर्मूला जबानी जमाखर्च और ख्याली पुलाव की तरह का एक छलावा ही साबित हुआ।

- सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेख़क राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा गांधी पर रिसर्च स्कॉलर है ।)

No comments:

Post a Comment