Monday, 20 April 2020

सत्याग्रह:आधुनिक युग का कारगार हथियार

आधुनिक युग का कारगर हथियार सत्याग्रह

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर देश-दुनिया में बापू को याद किया जा रहा है । अहिंसा और शांति का गांधी का विचार आज अधिक प्रासंगिक हो गया है। बापू के विचार की प्रासंगिकता की बहस के बीच बापू द्वारा इजाद किया गया और सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया कारगर हथियार सत्याग्रह ही आधुनिक युग को बापू की सबसे बड़ी देन है मानी जा सकती है।

जनवरी 1921 में यंग इंडिया में बापू द्वारा अपनी किताब हिंद स्वराज्य पर लिखे गए एक लेख में बापू जिक्र करते हैं कि मैं लंदन में रहने वाली है एक प्रसिद्ध अराजकतावादी हिंदुस्तानी के संपर्क में आया उनकी शूर वीरता का असर मेरे मन पर पड़ा लेकिन मुझे लगा कि उनके जोश में उल्टी राह पकड़ ली। मुझे लगा कि हिंसा हिंदुस्तान के दुखों का इलाज नहीं कर सकती और उसकी संस्कृति को देखते हुए उसे आत्मरक्षा के लिए कोई अलग और ऊंचे प्रकार का शस्त्र काम में लेना चाहिए। इसलिए स्वराज्य कायम करने के लिए सत्याग्रह का शास्त्र मुझे सबसे कारगर लगा ।
बापू हिंदस्वराज्य रा में सत्याग्रह को स्पष्ट करते हुए लिखते हैं कि अंग्रेजी का पैसिव रेजिस्टेंस ही सत्याग्रह या आत्मबल है जिन लोगों ने अपने अधिकार पाने के लिए खुद दुख को सहन किया उनके दुख सहने के ढंग के लिए यह शब्द उपयोग में आया है। इसका ध्येय लड़ाई से उल्टा है , जो काम मुझे पसंद ना आए वह मैं क्यों करूं और उसमें मैं सत्याग्रह का उपयोग करूंगा।
बापू स्पष्ट करते हैं कि सत्याग्रह कमजोर का नहीं वीर का हथियार है। सत्याग्रह के लिए हिम्मत और बहादुरी चाहिए। बापू आगे कहते हैं कि हंसते हंसते तोप के सामने मुकाबिल हो जाने की हिम्मत बहादुर सत्याग्रही दिखा सकता है कमजोर आदमी पल भर के लिए सत्याग्रही नहीं हो सकता ।
बापू सत्याग्रह को हिंदुस्तानी हथियार मानते हैं । कहते हैं कि हजारों वर्षों से हिंदुस्तानी लोगों ने बादशाहों और राजाओं के बेतुके और गलत आदेशों का सत्याग्रह से मुकाबला किया है और ऐसे हुकुम वापस लेने के लिए मजबूर किया है ।
बापू सत्य को ईश्वर मानते हैं और सत्य के मार्ग को ईश्वर का मार्ग मानते हैं उनके अनुसार इस सत्य पर खड़े रहना ही सत्याग्रह है। इस राह में मुश्किलें आ भी जाएं तो भी पथिक आसानी से पार कर लेता है ।
सत्याग्रह के लिए निडर और निर्भय होना पहली शर्त है सत्य की राह पर कुदरत ताकत देती है । गांधी जी के विचारों अनुसार सत्य के आग्रह का तात्पर्य अहिंसा का आग्रह है जब अहिंसक प्रतिरोध की बात की जाती है तो उसमें भी बल बिंदु प्रतिरोध से अधिक अहिंसा पर है प्रतिरोध तो प्रसंगवश बस करना पड़ सकता है ,लेकिन अहिंसा वह बौध है जो हर स्थिति में वांछनीय अर्थात सनातन मूल्य है। अहिंसा की इस सनातनता का आग्रह ही सत्याग्रह है।
गांधी की जीवनी लिखने वाले सुप्रसिद्ध अमेरिकी पत्रकार लुई फिशर लिखते हैं कि गांधीजी लड़ाई में बहुत धीरे-धीरे उतरते थे। अधिकतर विद्रोहियों के विपरीत अपने विपक्षी से युद्ध सामग्री प्राप्त नहीं करते थे ।अंग्रेजों ने तो उन्हें उनके विशिष्ट स्वयं निर्मित हथियार सविनय अवज्ञा के उपयोग का अवसर दिया था । फरवरी 1922 में चोरा चोरी के भीड़ द्वारा पुलिस के सिपाहियों की निर्मम हत्या ने उन्हें बारडोली का सत्याग्रह स्थगित करने को प्रेरित किया था परंतु वह भूले नहीं उन्होंने 6 वर्ष प्रतीक्षा की और 12 फरवरी 1928 को उसी स्थान बारडोली में सत्याग्रह का शंख बजाया । फिशर लिखते हैं कि गांधी ने दिखा दिया कि उनका हथियार कारगर सिद्ध हुआ है और वह इसका उपयोग विशाल पैमाने पर करना चाहेंगे।
गांधीवादी चिंतक डॉ नंदकिशोर आचार्य अपनी किताब सत्याग्रह की संस्कृति की प्रस्तावना में लिखते हैं कि सत्याग्रह का तात्पर्य सामान्यतः अन्याय के अहिंसात्मक प्रतिरोध से लिया जाता है जो निश्चित ही इसका एक आयाम और जरूरत पड़ने पर सर्वाधिक महत्वपूर्ण दृश्यमान आयाम है। यह भी ठीक है कि इस पद का अविष्कार एक शताब्दी पूर्व महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका के अपने अहिंसात्मक संघर्ष के दौर में किया और अनन्तर भारतीय स्वाधीनता संघर्ष का केंद्रीय आधार भी सत्याग्रह रहा ।स्वाधीनता मिलने के बाद भी राजनीतिक प्रतिरोध के रूप में इसका इस्तेमाल वे लोग भी करते आए हैं जो अन्यथा महात्मा गांधी के विचारों से घोषित है असहमति रखते रहे हैं ऐसे लोगों के लिए भी सत्याग्रह के विविध रूप एक प्रभावशाली रणनीति के रूप में स्वीकार्य रहे हैं । महात्मा गांधी के लिए सत्याग्रह जीवन दृष्टि एक संस्कृति था।
बापू के बाद के युग में हमने देखा है कि बापू की बताई सत्याग्रह के मार्ग की बात हर बार सफल हुई है । पिछली शताब्दी में हुए राजनीतिक सामाजिक आंदोलनों में , राजनीतिक सत्तापरिवर्तन में बहुत कम खून बहा । अधिकांशत बिना रक्तपात के सत्ता परिवर्तन हुए। आज भी देश दुनिया में शोषण के विरुद्ध सत्याग्रह सबसे कारगर हथियार है जिसका सफलतापूर्वक उपयोग दुनियाभर के आंदोलनों में किया जा रहा है।

- सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा अहिंसा एवम शांति विषय पर पीएचडी स्कॉलर है।)

No comments:

Post a Comment