Tuesday, 19 December 2017

गुस्से में क्यों है भारत का नौजवान ?

नौजवान गुस्से में क्यों
जेपी आंदोलन के बाद देश में कोई बड़ा युवा आंदोलन नहीं हुआ। वीपी सिंह सरकार द्वारा लागू की गई मण्डल कमीशन की रिपोर्ट के बाद ओबीसी आरक्षण के विरुद्ध नौजवान सड़क पर एक बारगी दिखाई तो दिया, मगर यह कोई व्यापक आंदोलन नहीं था।
नब्बे के दशक में युवाओं की राजनीतिक सामाजिक आंदोलनों में भागीदारी नगण्य हो गई, यूं लगने लगा जैसे युवा पूरी तरह कॅरिअर ओरियेंटे हो गया है। उस दौर में यह बात चिंताजनक भी लगी कि युवा केवल अपने कॅरिअर को लेकर फिक्रमंद है, दूसरे मुद्दों पर वह न तो बोलता है न ही प्रतिक्रिया देता है।
पिछले कुछ सालों में यह स्थिति बदली है। देश भर में नौजवान आंदोलित हैं। वह गुस्से में नजर आता है, उसका रवैया अचानक हिंसक हो गया है। आपने गौर किया होगा कि सक्षम जातियां आरक्षण को लेकर देशभर में आंदोलित हैं। वह चाहे गुजरात का पाटीदार हो, महाराष्ट्र का मराठा, कर्नाटक का लिंगायत हो, हरियाणा का जाट हो या राजस्थान का गुर्जर। इनके अलावा दूसरी बड़ी जातियों के आंदोलन-हरेक में बड़ी संख्या में युवा शामिल हो रहे हैं।
गुजरात में लाखों पटेल तेइस वर्ष के एक लड़के के नेतृत्व में आरक्षण की मांग को लेकर लड़ रहे हैं, वहीं महाराष्ट्र में लाखों मराठे मौन जुलूस में शामिल हो रहे हैं, हरियाणा में तो जाटों ने आरक्षण को लेकर जो हिंसा की वह किसी से छिपी नहीं। राजस्थान के परिपेक्ष्य में ध्यान करें तो पिछले दिनों एक अपराधी के एनकाउंटर की न्यायिक जांच की मांग व एक फिल्म को रुकवाने के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा आक्रोशित नजर आये।
वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, हैदराबाद यूनिवर्सिटी और बनारस का बीएचयू भी इन वर्षों में मुखर छात्र आंदोलनों का गवाह बना है।
सोशल मीडिया का उपयोग बढऩे के बाद से युवा जबरदस्त प्रतिक्रिया दे रहा है। इन प्रतिक्रियाओं में युवा का गुस्सा नजर आता है, वह हिंसा की ओर बढ़ता नजर आता है।
अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में युवा बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। इस दौरान राजनीतिक रैलियों में भी युवाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। जातीय आंदोलनों में शामिल होने वाली भीड़ का नब्बे फीसदी १८ से ४० वर्ष तक के नौजवानों का होता है। इसी तरह आक्रामक धार्मिक जुलूसों में भी युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है।
इस पूरे परिदृश्य पर गौर करें और इन आंदोलनों में नौजवानों की बढ़ती संख्या का विश्लेषण करें तो आप पाएंगे कि असल मुद्दे वे नहीं हैं जिन पर युवा आंदोलित हैं, वास्तविकता यह है कि इस सारे आक्रोश और गुस्से के पीछे आर्थिक असुरक्षा तथा रोजगार को लेकर सबसे बड़ा कारण है जो युवा को आंदोलित किए हुए है।
दरअसल आबादी के अनुपात में रोजगार के अवसरों का न बढ़ पाना, बाजारवाद के दौर में खर्चों में बढ़ोतरी, योग्यता के अनुरूप वेतन का न मिलना और इन सबसे बढ़कर खेती किसानी की बदहाल स्थिति से देश का नौजवान आर्थिक असुरक्षा से ग्रस्त हो रहा है। उसका गुस्सा सिस्टम के प्रति है जो उसे आर्थिक सुरक्षा की गारंटी नहीं देता, बनिस्बत वह कभी सरकार बदलने के लिए आंदोलन करता है तो सपने पूरे न हो पाने पर उसका गुस्सा फिर फूटता है। उसे लगता है कि उसके वोट से चुनी सरकारें अगर उसे रोजगार की गारंटी नहीं दे सकती है तो उन सरकारों को नुकसान पहुंचाया जाए जिसके लिए कभी वह जातीय आंदोलन को हथियार बनाता है तो कभी धार्मिक आंदोलनों को।
हम गौर करेंगे तो पाएंगे देश की बड़ी कृषक जातियां आरक्षण के लिए आंदोलित हैं, वो पिछड़ेपन के नाम पर कोटे का लाभ चाहती हैं। पटेल, मराठा, जाट, राजपूत इत्यादि किसी भी दृष्टि से पिछड़ों के पैमाने पर खरे नहीं उतरते बावजूद इसके वो कोटा मांग रहे हैं। इसका मूल कारण रोजगार का संकट है। देश की सभी कृषक जातियों की स्थिति का आकलन करें तो एक नजर खेती की स्थिति पर डाल लेनी चाहिए।
कमीशन फॉर एग्रीकल्चर कोस्ट एंड प्राइजेज (CACP) की ताजा रिपोर्ट पर गौर करेंगे तो पाएंगे कि सारे कृषि जिंस घाटे पर बिक रहे हैं। २०१६ के आर्थिक सर्वे के मुताबिक देश के १७ राज्यों में कृषि परिवारों की औसत वार्षिक आय मात्र २० हजार रुपए यानी औसत मासिक आय मात्र १७ सौ रुपए है।
देश की १३० करोड़ आबादी का आधा हिस्सा प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से खेती से जुड़ा हुआ है। इस तबके की लगातार उपेक्षा ने ऐसे असंतोष को जन्म दिया है। खेती आर्थिक रूप से व्यावहारिक न होने से इसके जुड़े पेशे भी खत्म हो रहे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा शिक्षा निजी क्षेत्र में जाने के कारण वे किसान की पहुंच से बाहर हो गई हैं।
कृषि विशेषज्ञ देविंदर शर्मा का मत है कि स्कूल टीचर हो या पटवारी, सरकारी नौकरी आर्थिक सुरक्षा मुहैया कराती है और कृषक जातियों के आरक्षण की मांग की वजह भी यही है। यदि किसी चपरासी को प्रतिमाह १८ हजार रुपये मिलते हैं तो किसान को यह पूछने का पूरा हक है कि आमदनी में समानता से उसे क्यों वंचित किया जा रहा है।
खेती लगातार खत्म हो रही है किसानों की बढ़ती आत्महत्याएं इस संकट को स्पष्ट करती है। कृषि का सुनियोजित विकास ना होना ही इन जाति आधारित विरोध प्रदर्शनों में कोटे की मांग की वजह है।
बाजारवाद के प्रभाव से तेजी से बढ़ते निजीकरण के दौर में श्रम कानून की अवहेलना साधारण बात तो गई है। काम और योग्यता के अनुरूप वेतन न मिल पाने से युवा अवसाद में हैं। भविष्य को लेकर आर्थिक असुरक्षा उसे आक्रामक बना रही है।
गांवों और शहरों में बेरोजगारों की बढ़ती भीड़ चिंताजनक है। इसी कारण आंदोलनों में आक्रोशित, हिंसक युवाओं की बढ़ती भीड़ को आर्थिक विस्मता के नतीजे के रूप में देखा जाना चाहिए। यह भविष्य के सामाजिक-आर्थिक संकट को प्रदर्शित करता है। इसकी उपेक्षा करना, पूरे देश को खतरे में डालने वाला साबित होगा।

सुरेन्द्रसिंह शेखावत
लेखक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता है

Friday, 28 April 2017

जन्मदिन मुबारक बीकानेर

जन्मदिन मुबारक बीकानेर
----------------------------------

ऊंठ मिठाई इस्त्री सोनो गेणो साह
पांच चीज पिरथी सिरै वाह बीकाणा वाह।

रेगिस्तानी जहाज ऊंठ ,मिठाई ,स्त्री ,सोना गहना और साहूकारों के लिए कवि को  पृथ्वी पर श्रेष्ठ शहर लगने वाला बीकानेर आज अपना 530 वां जन्मदिन मना रहा है।

पनरे सौ पैंताळवे सुद बैसाख सुमेर
थावर बीज थरपियो बीके बीकानेर।

अल्हड़ अलबेला मस्ताना शहर अपने संस्थापक राव बीका के हठ को आज भी अपने स्वभाव में थामे हुए है।पिता राव जोधा के ताने को चुनोति मान बीका अपने काका राव कांधल के साथ राज बनाने निकले तो रेतीले धोरो को फतेह करते हुए जांगळ प्रदेश में विक्रम संवत् 1545 में माँ करनी के आशीर्वाद से एक भेड़पालक किसान के कहे स्थान पर इस नगर की नींव थरपी।

राजशाही के काल में राव बीका से लेकर महाराजा सादुल सिंह तक के काल में कुल 23 शासको में महाराजा गंगा सिंह सर्वाधिक विजनरी शासक रहे। अक्तुबर 1931 में द्वितीय गोलमेज सम्मेलन में जाने के लिए महात्मा गांधी को सहमत करने वाले गंगा सिंह ही थे जिन्होंने गांधी जी की यात्रा की सारी व्यवस्था की। गंग नहर ,बीकानेर रेलवे जैसे जन हितेषी काम करवाने वाले महाराजा को शहर के जन्मदिन के दिन याद करना लाजमी है।

530 सालो के इतिहास में इस शहर का साम्प्रदायिक सौहार्द गौर करने लायक है। सूरज निकलने से पहले मन्दिर की घण्टियाँ और मस्जिदों में अजान के स्वर एक साथ मिलकर इस शहर का संगीत बुनते है वही गिरजाघरों में प्रार्थना के लिए बुदबुदाते होठ और गुरूद्वारे में अरदास के लिए पलटते पन्ने फिजाओ में प्रेम और आध्यात्म का राग अलापते है। कोटगेट के भीतरी सड़क  दाऊ जी रोड पर नोगजा की दरगाह और दाऊ जी मन्दिर में एकसाथ दोनों धर्म के लोग मत्था टेकते है। इसीलिए तो कहा है-

बीकानेर की संस्कृति जैसी सांझी खीर
नोगजा मेरे देवता दाऊजी मेरे पीर ।

इतिहास गवाह है इन सवा पांच सौ सालो में कोई इस संस्कृति को क्षति नही पहुंचा पाया। आजादी से पहले के साम्प्रदायिक दंगे हो चाहे विभाजन की विभीषिका या फिर बाबरी मस्जिद टूटने की घटना इस शहर ने अपने परकोटे में बाहरी अजनबी हवा को घुसने नही दिया। यहां तक कि यहां के राजनेताओ की जोड़ी मक्खन अली (मक्खन जोशी) और महबूब जोशी(महबूब अली) को इसी नाम से जाना जाता रहा।

काशीनाथ सिंह के उपन्यास 'काशी का अस्सी' पढ़ते हुए आपको अहसास होता है कि बीकाणा बनारस का जुड़वा शहर सा है इसीलिए तो इसे छोटी काशी कहा जाता है।
शहर के भीतरी भाग में बसा पुराना शहर अपने पाटों पर पूरी रात जागता है।पाटों की हथाइयो में "क्या ल्यायो" और "पगे लागणा" से शुरू होकर गांव गवाड से ठेठ अमेरिका के ट्रम्प और रूस के पुतिन तक की चर्चाए होती है। ज्योतिषीय ज्ञान में शहर का हर तीसरा आदमी पारंगत है वही थियेटर से लेकर म्यूजिक ,पेंटिंग, पोएट्री ,नॉवेल और स्टोरी राइटर भी बड़ी संख्या में है तभी हर सप्ताह पुस्तक लोकार्पण से लेकर साहित्यिक चर्चाए तक के आयोजन भीड़ भरे रहते है।
स्व. हरीश भादाणी ,स्व. छगन मोहता और स्व. यादवेन्द्र शर्मा चन्द्र का यह शहर धीर गम्भीर नंदकिशोर आचार्य से लेकर नई पीढ़ी के कई नामी गिरामी लेखको विचारको को अपने में समेटे है जो इस जमी पर दर्शन विचार की नगर चेतना को बनाए हुए है।
यहां की होली तो जग प्रसिद्ध है ही । होलका के दिनों में अश्लील गीतों के बहाने कुंठा को निकालते अलबेले अलमस्त लोगो की बात ही निराली है।
रसगुल्लों की मिठास और भुजिया का तीखापन इस शहर में एक साथ मिलता है ।खाने खिलाने के शौकीन शहर के अंदरुनी भाग में आधी से अधिक दुकाने खाने पीने की चीजो की नजर आती है । यहां कि चाय पट्टी किसी बड़े शहर का कॉफ़ी हाउस सा है जहां कभी अज्ञेय अपने दोस्तों के साथ गम्भीर साहित्यिक चर्चाए करते थे। आजकल वहाँ दिन उगते ही आँख मलते लोग कचोरी समोसों से दिन की शुरुआत करने आते है। शायद अज्ञेय ने ही कहा था ," बीकानेर के आधे लोग कचोरी बनाते है और आधे लोग खाते है।"

इस खान पान और मस्ती के बीच भी लोग गहरे और गम्भीर है। इसी लिए तो कहा है -

जळ ऊँडा थळ उजळा पाता मैंगल पेस
बळिहारी उण देस री रायसिंघ नरेस ।
(पानी जितना गहरा है उतनी गहराई और सूझबूझ यहां के लोगो में है।ऐसे देश पर बलिहारी जानें का मन करता है।)

देश आजाद हुआ तो बीकानेर पहली रियासत थी जहां के शासक सादुल सिंह ने सबसे पहले भारत संघ में विलय पर हस्ताक्षर किए। लोकशाही के दौर में मुरलीधर व्यास जैसे जननेता हुए जिन्होंने तत्कालिक मुख्यमन्त्री को मांग न मानने तक शहर में घुसने  न देने की चेतावनी दे डाली।
प्रजा परिषद  से लेकर कांग्रेस ,समाजवाद और वामपंथ जैसे विचारो में रंगे अलग अलग खेमे के धुरन्धरो के बावजूद सामूहिक नगर चेतना कभी खण्डित न हुई।
एक ऐसे दौर में जब पुरे मुल्क में साम्प्रदायिक उन्माद चरम पर है और सियासत नफरत की खेती कर रही है यहां की फिजाए भी कुछ बदली सी नजर आती है बावजूद इसके सवा पांच सौ सालो की विरासत  अटूट प्रेम को मजबूती से थामे हुए है , मरहूम शायर अजीज आजाद कहते है
मेरा दावा है सब जहर उतर जाएगा
तुम मेरे शहर में दो दिन तो ठहर के देखो।

आज अपने शहर के पांच सौ तीसवें जन्मदिन पर शहरवासी परम्परा को निभाते हुए बाजरे के खिचडे के 'सबड़के' लेते हुए इमली पानी के साथ घरो की छतो पर किनो(पतंग) के पेच लड़ाते हुए 'बोय काट्यो -बोय काट्यो' के हाके मचा रहे है।

इस यौम ए पैदाइश के दिन तुम्हे जन्मदिन मुबारक बीकानेर, बस यही दुआ है तुम्हे किसी की नजर न लगे।

• सुरेंद्रसिंह शेखावत
   बीकानेर।

Thursday, 6 April 2017

नक्सली समस्या : बातचीत से ही निकलेगा हल

नक्सली समस्या : हल बातचीत से ही निकलेगा
होली का दिन था। छुट्टी के चलते देरी से उठा। नित्यकर्म से निवृत हो अखबार पढ़ ही रहा था कि मोबाइल की घंटी बजी, इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मित्र लक्ष्मण राघव का फोन था। उन्होंने तुरंत तैयार हाकर मकान के बाहर मिलने का कहा, पूछा तो केवल इतना बताया कि एयरपोर्ट चलना है।
तैयार हुआ तब तक राघव घर पहुंच चुके थे। उनके साथ गाड़ी में बैठा तो उन्होंने बताया कि कल सुकमा में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए नोखा के जांबाज जगदीश बिश्नोई की पार्थिव देह पहुंच रही है। इसी बीच जानकारी मिली की बॉडी लेकर आने वाली फ्लाइट लेट है।
हमने एयरपोर्ट जाने का निर्णय बदला और नोखा जाना ही तय किया। लगभग एक घंटे बाद हम नोखा पहुंच गये। नोखा पहुंचने पर एक कार्यकर्ता हमें लेने आया और हम सीधे जांबाज जगदीश बिश्नोई के घर पहुंचे।
चूंकि शहीद होने की सूचना एक दिन पहले ही पहुंच चुकी थी इसलिए उनके घर अच्छी खसी भीड़ थी। घर के आगे शहीद की तस्वीर रखे लोग बड़ी संख्या में शव का इंतजार कर रहे थे वहां देखा कि पांच-छह की एक मासूम बच्ची दो तीन साल के बच् चे के साथ वहां रखी तस्वीर पर अपने मासूम हाथों से कुछ इशारा कर रही थी। पता चला कि यह शहीद की बेटी है जो घटना से अनजान अपने छोटे छााई को अपने पिता की तस्वीर दिखा रही थी।
दोनों बच्चों की मासूमीयत और उनके भविष्य से उठते पिता के साया किसी भी संवेदनशील व्यक्ति की आंखों को नम कर देने के लिए पर्याप्त थे।
दोनों मासूमों की उपस्थिति में वहां खड़े रह पाने में अपने को असहज पा रहा था। मन ही मन इन दोनों मासूमों के सिर से पिता का साया छीन लेने वालों के प्रति गहरे गुस्से से भरा मेरा मन नक्सलियों के प्रति नकारात्मकता से भर गया।
लगभग दस घंटे लंबे इंतजार के बाद देर रात शहीद की पार्थिव देह उनके निवास पर पहुंची और हम वहां से वापस रवाना हुए। वापसी के इस रात्र सफर इस घटना और उसके पीछे की नक्सली समया को समझने की कोशिश में लगारहा।
11 मार्च को छत्तीसरगढ़ के नक्सी प्रभवित सुकमा जिले में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 219वीं बटालियन के 112 सुरक्षाकर्मी इजरज-भेज्जी मार्ग पर बन रही सड़क हेतु भेज्जी और कोस्ताचेरू के मध्य जंगल में गरत कर रहे थे आतंकियों द्वारा किये इसी दौरान किये गये हमले में बारह जवान शहीद हो गये। जिनमें जगदीश बिश्नोई भी था।
नक्सलियों के प्रति गहरे गुस्से के बीच अचानक एक अद्र्धसैन्य बल के अधिकारी के साथ पिछले साल मई में दिल्ली में हुई वार्ता याद हो आई जिसमें नक्सली समस्या पर बात करते-करते उस जांबाज अफसर की आंखें भर आई थी।
यह अफसर नक्सलियों के विरुद्ध चलाये गये ऑपरेशन अभियान 'ग्रीन हंट' के पहले चरण का नेतृत्व कर चुका था। नक्सली समस्या को लेकर काफी कुरेदन पर इस अधिकारी ने नक्सली प्रभावित इलाकों में गरीब आदिवासियों की दारूण दया पर यह आंसू निकाले थे। मैंने पहली बार इस तरह किसी संवेदना से भरे सैन्य अफसर के मुंह से जंगल के मूल निवासियों की तकलीफों को सुना था।
हालांकि यह सैन्य अधिकारी खुद नक्सलियों द्वारा किये गये हमलों में बाल-बाल बचा था और इसी अभियान के अपने कई साथी गंवा चुकने के बावजूद ईमानदारी से इस समस्या की जड़ को समझ रहा था।
इस अधिकारी का मानना था कि नक्सीली समस्या सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक समस्या है जिसका समाधान गोली से नहीं बातचीत से ही निकलेगा। इसी बीच मुझे स्वीडिश के वामपंथी राजनीतिक लेखक-पत्रकार यान मिर्डल की हिन्दुतानके नक्सलबाउ़ी आंदोलन पर लिखी किताब 'रेड स्टार ओवर इंडियाÓ की याद आई मैंने जिसका गोपाल मिश्र द्वारा किया गया हिन्दु अनुवाद भारत के आसमान पर लाल तारा पिछले दिनों ही पढ़ा था।
1967 में पश्चिम बंगाल के नक्सलवाड़ी गांव में चारू मजूमदार द्वारा शुरू किये गये सशत्र आदिवासी विद्रोह के दस्तावेज इस किताब में प्राथमिकता से लिखे हैं।
यद्यपि मैं हिंसा का समर्थन नहीं करता चाहे वह नक्सलियों द्वारा देय सैन्य, पुलिस एवं सरकारी मातहतों के खिलाफ हो चाहे अद्र्धसैन्य बलों द्वारा आदिवासियों के विरुद्ध की गई नागरिक हिंसा।
बावजूद इससे अहसमत होते हुए भी यान मिडिल की बात को मैं खारिज नहीं कर सकता। वैसे भी देश के नामी कानूनविद् राम जेठमलानी, प्रशांत भूषण, जस्टिस अहमदी, जस्टिस वीएन खरे, प्रसिद्ध समाज विज्ञानी शिव विश्वनाथन, नोबल पुरस्कार विजेता अमृत्य सेना सहित देश के कई नामचीन साहित्यकार यथा मुक्तिबोध, नागार्जुन सहित त्रिलोचन, धूमिल, गौरव पांडेय, कहाश्वेता देवी और पाश आदि इन सभी ने कहीं न कहीं कभ्ी न कभी इस तकनीक पर नक्सलियों के पक्ष में आवाज उठाई है।
इस समय देश के 14 राज्यों में 2500 पुलिस थाने नक्सल प्रभावित हैं। देश के कुल 62.6 जिलों में से लगभग 231 जिले नक्सलियों की गिरफ्त में हैं जो 92000 किमी के इलाके में दो लाख सशस्त्र बलों के साथ देश की आजादी के बाद सबसे बड़ा अभियान चला रहे हैं वहीं लगभग 30 माओवादी संगठन माओवादी कम्युनिस्ट सेंटर के छाते के नीचे काम कर रहे हैं जो आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखड़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और बिहार में फैले हैं।
दरअसल यह इलाका लोह अयस्त, कोयला और बॉक्साइट जैसे कीमती खजानों को अपने गर्भ में समेटे दुनिया के समृद्धतम इलाकों में से एक है। पानी से भरी नदियां इसी क्षेत्र से गुजरती हैं। यही समृद्धि यहां के विनाश का कारण बनी हैं। विडम्बना है कि देश के इस सबसे घनी इलाके में सबसे गरीब लोग बसते हैं।
देश में आजादी के बाद बड़े स्तर पर भूमि जोतकों को खातेदारी अधिकार दिये गये। ठीक उसके उलट आदिवासियों को उनके मूल ठिकाने जंगल से वंचित कर दिया गया। जंगलात महक में के लिए बनए गये कानूनों में जंगलों के मूल निवासियों से उनके जल, जंगल, जमीन के अधिकार छीन लिये और देश में बड़े कारपोटर घरानों को इन जंगलों में खुली लूट की छूट दे दी गई। अपने गर्भ में बहुकीमती खनिज का भंडार समेटे इस इलाके में बड़ी संख्या में अंधाधुंध खनन निर्बाध चल रहा है। इसी इलाके में बड़ी संख्या में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो तो रास्ताविकास की ओर जाता है मगर यहां इसके उलटा हुआ। कारपोरेट्स ने केवल बेशकीमती खनिज को बटोरने के चक्कर में इस इलाके को माफियाओं और अपराधियों का गढ़ बना दिया। हजारों गांव नेस्तानाबूंद कर दिये गये और जंगलों के मूल निवासियों को उनके घर जंगल से निकाल बाहर फैंका। तन पर फटी सुथना या लंगोटी पहने भूखे पेट जंगल का मूल निवासी दर-दर भटकने को मजबूर हुआ।
देश में इस समृद्धतम इलाके में आजादी, लोकतंत्र और सरकार नाम की कोई चीज नहीं नहीं आती। स्थानीय निवासियों को सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूल भूत सुविधाओं से वंचित रख गया। सशस्त्र विद्रोह की बात करने वाले चारू मजूमदार जैसे लोगों की विचारधारा को यही शोषण आगे बढ़ाने में मददगार रहा।
चीन के महान नेता माओहसे तुंग की विचारधारा से प्रभावित इन नक्सलवादी समूहों ने पूरे इलाके में आदिवासियों को अपने साथ जोड़ा और सरकार के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह शुरू कर दिया। आजादी के 70 वर्षों बाद यह देश की आंतरिक सुरक्षा के लिये सबसे बड़ी चुनौती बन कर उभरा है।
नक्सल प्रभावित राज्यों में से एक पूरा रेड कोरिडोर स्थापित हो गया है जहां समानांतर जनताना सरकार का शासन चलता है।
समानांतर प्रशासनिक, न्याय एवं दंड व्यवस्था प्रचलित है। नक्सल संगठनों के ट्रेनिंग सेंटर संचालित होते हैं जहां विचारधारा कैडर प्रशिक्षित किया जाता है। यह समूह देश की स्थापित सत्ता के सामने चुनौती देते हैं बल्कि लोकतंत्र के 70 वर्षों के इतिहास को भी मुंह चिढ़ाते हैं। अपनी बहुत सारी खामियों के बावजूद नक्सली आंदोलन कमजोर नहीं पड़ रहा, बल्कि अपनी वैकल्पिक सामाजिक संरचना एवं राजनीति को थामे रहने का प्रयास कर रहा है।
यह आंदोलन इस क्षेत्र में अपनी जड़ें इतनी गहरी जमा चुका है कि इस इलाके में रहने वाले हरेक सरकारी अधिकारी को इन संगठनों को रंगदारी देनी होती है। पुलिस भी इन्हें रंगदारी दिये बिना अपने थाने में नहीं रह सकती।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेन्द्र करमा और भाजपा सांसद बलीराम कश्यप के पुत्र नक्सलियों के हाथों मारे जा चुके हैं वहीं बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य एवं आंध्रप्रदेश के सीएम चन्द्रबाबू नायडू पर बड़े नक्सली हमले हो चुके हैं।
निश्चित ही विकास के नाम पर खनिजों का अंधाधुंध दोहन और जंगलों के विनाश का रास्ता देश को किस विकास की ओर धकेल रहा है यह तो बड़ा सवाल देश के प्रत्येक जागरूक नागरिक को करना ही चाहिए।
यद्यपि सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो बड़ा बजट इस इलाके में बढ़ाया जाता है ईमानदारी से इसका अजट अगर आधा पैसा भी खर्च किया जाए तो पूरे इलाके की तस्वीर ही बदल जाए। आज भी बहुसंख्यक आबादी बिना बुनियादी सुविधाओं, बिना बिजली और शौचालयों के रह रही है।
कैसे निकले समाधान : नक्सलवादी आंदोलन सभ्यता संस्कृति और लोकतंत्र की साख पर चुनौती बनकर खड़ा है। गृहमंत्रालय की रिपोर्ट पर गौर करें तो वर्ष 2016 में 1442 नक्सली सरेंडर हुए इस रिपोर्ट के मुताबिक 2015 में 576 तथा 2014 में 676 लोगों ने हथियार सरेंडर करके मुख्य धारा में लौटना तय किया है।
वर्तमान में सरेंडर करने पर उच्च रेंक वाले नक्सली को सरकार 2.5 लाख रुपये तथा मध्य एवं निम्न रेंक वाले नक्सली को 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देती है। प्रत्येक हथियार सरेंडर पर 10-35 हजार रुपये दिये जाने के साथ ही तीन सल तक 4000/- प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जाती है।
इस इलाके में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों की रिपोर्ट ठीक इसके उलट आंकड़े पेश करती है। ये रिपोर्ट बताती है कि नक्सल प्रभावित राज्यों के समाचार पत्रों में रोजाना नक्सली कैडर के आत्मसमर्पण करते हुए की फोटो अखबरों में छपती है वहीं मुठभेड़ में नक्सली विद्रोहियों के मारे जाने की खबरें आती हैं।
रिपोर्टस के अनुसार यह एक बड़े स्तर का घोटाला है। भोलेभाले आदिवासियों को नक्सली बताकर जेल में डालरे, सरेंडर करवाने एवं फर्जी मुठभेठ के जरिये मार डालने के नाम पर सरारी तंत्र से लूट का खेल चल रहा है। रिपोर्ट्स बताती है कि इन क्षेत्रों में पांच हजार से ज्यादा निर्दोष लोग नक्सली होने के आरोप में जेलों में बंद हैं।
गैर सरकारी संगठन मानते हैं कि सरकारी धन की लूट का खुला खेल समानांतर चल रहा है, सिंडीकेट नेताओं, ब्यूरोकेट्स तथा स्थानीय व्यापारियों का गिरोह नक्सलवाद के नाम पर सरकारी चांदी काटते हैं। ये लोग नहीं चाहते कि सरकार और नक्सलियों के बीच सुलह के कोई रास्ते खुले।
केन्द्र सरकार द्वारा दी जाने वाली बड़ी रकम का बंटवारा, फर्जी मुठभेड़ों और झूठे आत्मसमर्पण से निकला पैसा इस गठजोड़ में बंट जाता है। यह एक तरह का सरकारी सिंडीकेट भी नक्सली समस्या को बनाये रखने के लिए बड़ा जिम्मेदार है।
वर्ष 2006 में योजना आयोग ने नक्सलवाद से निपटने के लिये अध्ययन हेतु डी बांधोपाध्याय समिति बनाई जिसने अप्रेल 2008 में अपनी रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में नक्सली संकट को सामाजिक आर्थिक राजनीतिक और संस्कृति संकट मानते हुए यह स्वीकार किया कि इलाके में आदिवासी गरीब और शोषण का शिकार है। पीडि़त आदिवासियों की समस्या का हल निकालने में नक्सली आगे आते हैं और उनकी सहानुभूति बटोर कर अपने पक्ष में वैचारिक दक्षता के साथ खड़ा कर लेते हैं। रिपोर्ट का मानना है कि गरीबी और शोषण का सीधा संबंध नक्सलवाद से है। इस इलाके में आदिवासियों की घटती संख्या भी चिंता का बड़ा कारण है। आंकड़े बताते हैं कि 2001 की जनगणना में इस क्षेत्र में आदिवासियों की वृद्धि दर 19.30 फीसदी थी जो बाद में दस सालों में 2011 की जनगणना मेां घटकर 8.76 फीसदी रह गई।
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के मानव विज्ञान विभाग के प्रो. डॉ. जितेन्द्र पे्रमी ने इस समस्या पर गहन शोध किया है। डॉ. प्रेमी का मानना है कि हिंसा के रास्ते किसी समस्या का सर्वकालिक हल नहीं निकल सकता।
शोधकर्ता सवाल खड़े करते हैं कि जब नागालैंड और मणिपुर के उग्रवादियों से सरकार वार्ता कर सकती है और कश्मीर के अलगावादियों से बातचीत के रास्ते खोलती है तो फिर नक्सलियों से बात क्यों नहीं कर रही। वे इसे सरकारी मशीनरी के साथ ही काम करने वाले गठबंधन के वोट उगाहने और बजट उड़ाने का जरिया मानते हैं। उनका मानना है कि फर्जी मुठभेड और निदोर्ष आदिवासियों को नक्सली बता जेल में डालने वाले नक्सलियों की ताकत को बढ़ावा मिला है। सलवा जुडम और ऑपरेशन ग्रीन हंट जैसे अभियन नक्सलवाद का सफाया नहीं कर पाएंगे बल्कि रास्ता बातचीत से ही हल निकलेगा।
इस शोधकर्ता का मानना है कि देश कें नामचीन साहित्यकार पत्रकार, कानूनविद् और सामाजिक कार्यकर्ता नक्सली नेताओं से सीधे संवाद करने में सक्षम है। सरकार को ऐसे लोगों का एक समूह गठन कर नक्सली नेताओं से बातचीत शुरू कर उन्हें मुख्यधारा में लौटने का प्रयास करना चाहिए। निश्चित ही नक्सली नेतृत्व पए़े लिखे वैचारिक लोगों का समूह है जिसे इसी जरिये से बातचीत के ेलिए मनाया जा सकता है।
अपने शोध में शोधकर्ता ने बातचीत के विभिन्न चरणों पर प्रकाश डालते हुए चरणबद्ध विवरण दिया है। इनका मानना है कि सरकार वार्ता का विधायी संकल्प पारित रके उचित माध्यमों से बातचीत का प्रस्ताव भेजे और दोनों तरफ से युद्ध विराम की घोषणा हो। नक्सली भी हथियारों का त्याग करें और उनका नेतृत्व सरकार के साथ मिलकर सरकारी योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन में भागीदारी निभाए तथा शासन में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो। मुख्यधारा में लौटे नक्सली कैडर के पुनर्वास की व्यवस्था हो, न्यूनतम सुविधायुक्त आवास और स्वरोजगार के उपाय किये जाए। पंचायती राज के विशेष अधिकार इन इकाइयों को सौंपे जाए।
यहां महत्त्वपूर्ण बात छठवी अनुसूची को लागू करने की है। इनका मानना है कि पांचवीं अनुसूची असफल हो चुकी है अत: स्थानीय स्वशासन छठवीं अनुसूची के अनुरूप हो तथा वन अधिकार कानून 2006 के प्रावधानों को सख्ती से लागू करके वन संपदा स्रोतों पर अधिकार और नियंत्रण स्थानीय इकाइयों को सौंपा जाए। औद्योगिकरण पर पूर्ण निषेध हो तथा गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम को अभियान के रूप में चलाया जाए। बड़े स्तर पर भूमि सुधार अभियान के साथ ही संयुक्त कृषि के प्रयोग, सामाजिक वानिकी तथा वनोपत आधारित कुटीर उद्योगों की स्थापना करके बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह गठित किए जाएं।
राशन, पानी, बिजली, चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ शांतिपूर्ण पुनर्वास का संकल्प ले कर ही इस कठिन समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।
इस तरह का एक असफल प्रयस वर्ष 2010 में तात्कालिक गृहमंत्री पी चिदम्बरम के समय हुआ परंतु  उसके बाद घटी हिंसक घटनाओं से नक्सल नेतृत्व और सरकार के बीच विश्वासव बढ़ गया। इसमें भी वहीं तत्त्व जिम्मेदार हैैं जो यह नहीं चाहते कि नक्सलवाद खत्म हो।
मेरा मानना है कि अब उचित अवसर है केन्द्र में एक स्थायी सरकार का शासन है जो निर्णय लेने में स्वतंत्र और सक्षम है ऐसे में बातचीत के जरिये अभियान शुरू करते हुए नक्सली नेतृत्व को बातचीत के रास्ते पर लाते हुए विश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए देश के इन लोगों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाना चाहिए ताकि लोकतंत्र में विश्वास बढ़े और चुनौती बन कर उभरा यह नागरिक आंदोलन राष्ट्र और सभ्यता के विकास में मददगार हो आगे बढ़े।
©सुरेन्द्रसिंह शेखावत