Monday, 20 April 2020

चम्पारण सत्याग्रह:वह पहली जीत

वह पहली जीत
-सुरेंद्रसिंह शेखावत
"मैं राजकुमार शुक्ला हूं ।मैं चंपारण से आया हूं और चाहता हूं कि आप मेरे जिले में चलें ।" गांधी ने चंपारण का नाम पहले कभी नहीं सुना था बहुत दिनों से चली आ रही व्यवस्था के अनुसार चंपारण के किसान 'तीन कठिये' थे । राजकुमार शुक्ल भी ऐसे किसानों में से थे । वह कांग्रेस अधिवेशन में चंपारण की इस जमीदारी प्रथा के विरुद्ध शिकायत करने आए थे और शायद किसी ने उन्हें सलाह दी थी कि गांधी से बात करें । गांधी इस किसान की बात से प्रभावित हुए गांधी ने कहा," मैं अमुक तारीख को कोलकाता में रहूंगा वहां मुझसे मिलना और ले चलना।" गांधी की जीवनी "दि लाइफ ऑफ महात्मा गांधी" लिखने वाले सुप्रसिद्ध अमेरिकी पत्रकार लुई फिशर 1942 में सेवाग्राम आश्रम में गांधी से पहली बार मिले तो लुई के सवाल ," वह कौन सी घटना थी जिसके कारण आपने अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर जोर देने का निश्चय किया ?" के जबाब में गांधी ने उक्त वाकया सुनाया । गांधी ने बताया कि यह घटना 1917 की थी और वह कांग्रेस के अधिवेशन में शामिल होने लखनऊ गए थे । इसी दौरान राजकुमार शुक्ल गांधी से मिले थे ।
15 अप्रैल 1917 के दिन भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन में एक महत्वपूर्ण तारीख है । एक अनजान व्यक्ति के आग्रह पर दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह के सफल प्रयोग से ख्याति अर्जित कर चुके गांधी इस दिन भारत में अपने पहले आंदोलन का आगाज कर रहे थे ।
उनकी लड़ाई उस ब्रितानी हुकूमत के खिलाफ थी जिनकी हुकूमत का सूरज अस्त नहीं होता था और निहत्थे गांधी उससे मुकाबिल हो रहे थे ।
गांधी जिनके बारे में अल्बर्ट आइंस्टीन ने कहा था कि 'आने वाली नस्ले शायद मुश्किल से ही इस बात पर भरोसा करेगी कि हाड़ मांस से बना ऐसा भी कोई व्यक्ति इस धरती पर चलता था।'
चंपारण सत्याग्रह की कहानी लिखने वाले पत्रकार अरविंद मोहन लिखते है कि,
गांधी का चंपारण पहुंचना युगांतकारी घटना साबित हुआ , पर यह प्रयोग कई मायनों में विलक्षण था और गांधी के दम को बताने के साथ ही अन्याय सहने वाले जीवंत समाज में प्रतिरोध की शक्ति के उभरने और खुद गांधी द्वारा अपनी पूरी ईमानदारी निष्ठा दम और समझ के साथ-साथ स्थानीय लोगों और समस्याओं से एक रिश्ता जोड़ने और उन हजारों लाखों द्वारा झट से गांधी पर भरोसा करके उनको अपनाने की अद्भुत दास्तान भी है। यह अहिंसात्मक ढंग से जनता की भागीदारी और सत्य पर आधारित आंदोलन की अन्याय विरोधी शक्ति को रेखांकित करने वाला पहला प्रयोग है निजी स्तर पर और कई बार सामूहिक स्तर पर इस शक्ति और रणनीति के प्रयोग का उदाहरण भारतीय समाज में पहले भी दिखता है पर गांधी ने चंपारण से उसके प्रयोग की जो शुरुआत की, वह विदेशी सामानों के विरोध ,खिलाफत और असहयोग आंदोलन ,नमक सत्याग्रह से होते हुए 42 के जनविद्रोह तक पहुंचता है और आज भी दुनियाभर के अन्याय विरोधी आंदोलनों में कम- ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है । उन्होंने रचनात्मक विकल्प का जो प्रयोग किया उसमें भी आज टिकाऊ विकास और वैकल्पिक विकास नीति की खोज कर रही जमातें अपने लिए एक मॉडल देख रही है।
गांधी जब 15 अप्रैल 1917 को मोतिहारी पहुंचे तो निपट अकेले दिखते थे पर अंदर से वह अपने स्वभाव के अनुरूप कई सारी तैयारियों के साथ आए थे । अपनी आत्मकथा में वे यह भी स्वीकार करते हैं कि चंपारण जाने से पहले उन्हें नक्शे में भी जिले का और उस नील की खेती का कुछ भी पता नहीं था जिससे किसान त्रस्त थे।
गांधी के मोतिहारी पहुंचते ही सरकारी आदेश मिला कि चंपारण छोड़ कर चले जाए , गांधी ने आदेश प्राप्ति की रसीद पर लिख दिया कि वह इसकी अवज्ञा करेंगे। इस पर अदालत में हाजिर होने का सम्मन मिल गया।
सुबह तक सारा मोतिहारी किसानों से भर गया परन्तु सरकार अचरज में पड़ गई कि गांधी भीड़ को संभालने में अधिकारियों की मदद कर रहे है। उससे भी ज्यादा अचरज तब हुआ जब सरकारी वकील के मुकदमा मुल्तवी की प्रार्थना का गांधी ने खुद विरोध किया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया और जमानत लेने से भी मना कर दिया।
तब तक राजेंद्र बाबू , मौलाना मजरुल हक आदि कई प्रमुख वकील पहुंच गए । गांधी ने उनसे पूछा कि अगर मैं जेल चला गया तो आप लोग क्या करेंगे ? 'वापस चले जाएंगे ।' जबाब सुनकर गांधी ने प्रत्युत्तर किया ,' तब किसानों पर अन्याय हो रहा है उसका क्या होगा ?' वकीलों ने आपस में सलाह करके जबाब दिया कि , 'वे भी उनके पीछे जेल जाने को तैयार है।'गांधी बोले - चंपारण की लड़ाई फतह हो गई ।
निश्चित ही लड़ाई फतह होने की तरफ बढ़ गई थी । आने वाले कुछ दिनों में तीन कठिया प्रथा का अंत हो गया।
गांधी के राजनीतिक आंदोलनों की खास बात यह थी कि वे सामाजिक बदलाव का काम भी साथ साथ करते थे । इसीलिए गांधी ने चंपारण में केवल किसानों को जमींदारी के अन्याय से ही मुक्ति नहीं दिलाई वरन शिक्षा के लिए छः प्राथमिक स्कूलें खुलवाई और एक डॉक्टर का प्रबंध किया जो बीमार किसानों की प्राथमिक चिकित्सा का प्रबंध कर सके।चंपारण के गांवों में सफाई का बुरा हाल था , गांधी ने स्वच्छता की बात की शुरुआत भी यहीं से की ।
चंपारण की घटना ने न केवल गांधी के जीवन की दिशा बदली वरन भारत के राष्ट्रीय आंदोलन को भी बदल दिया । इससे आजादी के आंदोलन में नए तौर तरीकों का आगाज हुआ ।राष्ट्रीय आंदोलन सभागारों, प्रस्तावों और पत्र व्यवहार से निकलकर जन आंदोलन में तब्दील हुआ ।
एक नई शैली, नया नेतृत्व और नए राजनीतिक साधनों और मूल्यों की स्थापना हुई । अहिंसा और सत्याग्रह का प्रयोग दुनियां के सामने अन्याय के विरुद्ध लड़ने का नया विकल्प बनकर उभरा।
गांधी के नेतृत्व में प्रारम्भ हुई लड़ाई के तौर तरीके दुनिया में हुए राजनीतिक बदलावों से अलहदा थे जिसमें परम्परा से हटकर नए हथियारों का प्रयोग किया गया। चरखा, खादी, उपवास, असहयोग जैसे नवाचारों के साथ ही रूढ़ियों से जकड़े भारतीय समाज को झकझोरते हुए अस्पृश्यता निवारण, कौमी एकता, महिला सशक्तिकरण , सर्वोदय और ग्राम स्वराज जैसे नए बदलाव दिखाई दिए ।
हालांकि इस आंदोलन के तीस साल बाद अंग्रेज भारत छोड़ने को मजबूर हुए पर राष्ट्रीय आंदोलन को जन आंदोलन बनाने की शुरुआत चंपारण से ही हुई और जंगे आजादी को गांधी के रूप में एक नया सेनापति यहीं से मिला।

No comments:

Post a Comment