Monday, 20 April 2020

आज भी उतने ही जरूरी है गांधी

गांधी 150
आज भी उतने ही जरूरी है गांधी

- सुरेंद्रसिंह शेखावत

"आने वाली पीढ़ी शायद इस बात पर भरोसा कर सकेगी कि वास्तव में इस तरह के हाड मास वाला कोई व्यक्ति इस धरती पर पैदा हुआ था।" महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टाइन की कही गई यह बात जब जब गांधी को पढ़ने, समझने और जानने की तो सत्य महसूस हुई ।
गांधी इस देश में महावीर और बुद्ध जैसे उन बहुत थोड़े लोगों में से हैं जिनके विचार ने पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया और जिनको पूरी दुनिया में मान सम्मान मिला ।
एक वकील के रूप में जीवन शुरू करके दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद विरोधी लड़ाई लड़ने के बाद गांधी का वापस भारत आना और आजादी के आंदोलन से जुड़ना भारतीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय शुरू होने की बात है । देश की गरीबी को देखकर गांधी का सूट पतलून वाले पहनावे को छोड़कर , लंगोटी धारण करने की घटना कोई साधारण बात नहीं है। देश की दुख तकलीफ को आत्मसात करना और आम हिंदुस्तानी की तकलीफ को जानने का यह भाव ही गांधी को मोहन से महात्मा बनाता । रेल के तीसरे दर्जे में पूरे देश को देखने और समझने की गांधी की इच्छा उन्हें आम आदमी से , गरीब से, वंचित से, पीड़ित और शोषित तबके से जोड़ती है। इसी तरह भूख से लड़ते हुए देश में उपवास को हथियार बनाकर लड़ना अपनी तकलीफ के साथ ही मान सम्मान और स्वाभिमान से जोड़ने जैसे कई अर्थ निकालने वाली बात है ।

सत्य गांधीजी के विचार और कर्म की मूल चीज है गांधीजी की सत्य की धारणा कोई बड़ी गहरी दार्शनिक अवधारणा नहीं है वह सीधी साधी व्यवहारिक बात है । गांधी ईश्वर को ही सच और सच को ईश्वर कहते हैं । इसका सीधा-सीधा अर्थ गांधी सत्य को ही ईश्वर मानते हैं इसलिए गांधी ने अपने जीवन में सत्य के साथ प्रयोग किए किए और अपने जीवन को सत्य के साथ प्रयोग कहा । बाद में वे इसी सत्य को परमात्मा का मार्ग मानते हुए साधना का पथ कहते हैं ।
गांधीजी का सत्यचिंतन प्रेम और अहिंसा के व्यवहारिक रूप में सामने आता है वे खुद कहते हैं जब हम ईश्वर को प्राप्त करना चाहते हैं तो उसका मार्ग प्रेम ही है। इसलिए यह बात कहने से भी नहीं हिचकते की प्रेम ही ईश्वर है।

गांधी राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और मानसिक सभी तरह की गुलामी को अन्याय मानते हैं । गांधी राजनीतिक दमन, सामाजिक उत्पीड़न और आर्थिक शोषण को हिंसा मानते हैं और उसके खिलाफ अहिंसा के सत्याग्रह की अपील करते हैं ।
गांधी जी का सत्याग्रह कमजोर के बस की बात नहीं यह सबल का हथियार है और महावीर की तरह गांधी कहते हैं कि आत्मबल वाला व्यक्ति ही इसे धारण कर सकता है। इसीलिए गांधी लंबी गुलामी से जूझते देश के लोगों के मन में गुलामी तोड़ने का प्रयास करते नजर आते हैं।

चंपारण के सत्याग्रह से शुरू करके असहयोग आंदोलन और अंत में भारत छोड़ो आंदोलन तक गांधी हिंदुस्तानियों के मन में जमी हुई गुलामी और गुलाम मानसिकता को तोड़ने का जतन करते नजर आते हैं । चरखे को हथियार बनाकर ब्रितानी हुकूमत से लड़ने वाली बात किसी को मजाक लग सकती है। जिनके राज का सूरज कभी नहीं छिपता हो उस राज की गुलामी की जंजीरों से जकड़े हुए लोगों को खड़ा करके चरखे रूपी आजादी के हथियार को उपयोग में लेने का प्रयोग गांधी ने किया वैसा दुनिया के इतिहास में कहीं नहीं मिलेगी।
गांधी का चरखा, खादी, स्वदेशी, स्वशिक्षण ,दलित उद्धार , महिला शिक्षा और बराबरी के छोटे-छोटे प्रयोग इस देश के लोगों में उम्मीद की आस जगाने में सफल रहे ।इतने बड़े देश में जहां जात-पात ऊंच-नीच के झगड़े भरे हुए थे जात धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाने की पूरी तैयारी ब्रितानी हुकूमत ने कर रखी थी उस देश में इन सब समस्याओं से निकलने का रास्ता गांधी दिखाते हैं ।
सांप्रदायिक और उग्रपंथी धडे के युवाओं को साथ रखकर आजादी की जंग से जोड़ने का जो प्रयास गांधीजी करते हैं वह अपने आप में सराहनीय है ।

गांधी इतिहास पुरुष होने के साथ ही हमारे मुल्क की धरोहर हैं ।गांधी की आलोचना करने वाले लोग भी भावावेश में ही भले ही करें उनके पास कोई तर्क या विवेक का आधार नहीं होता ।
जैसे जैसे दुनिया परेशानियों से घिरेगी वैसे-वैसे गांधी की जरूरत बढ़ती जाएगी उनके विचारों की प्रसंगिकता समय की जंजीरों से नहीं बांधी जा सकती ।सौ साल पुरानी बात आज भी उतनी सच लगती है जितनी उस समय लगती थी ।
एक और अनोखी बात जो गांधी के व्यक्तित्व में नजर आती है वह यह कि गांधी ने वही बात कही जो उन्होंने जीवन में लागू करने की कोशिश की और उससे जो सीख मिली उससे अपने विचार में आवश्यकता अनुसार बदलाव भी उन्होंने किया ।
गांधी की सफलता शांतिपूर्ण तरीके से बड़ा राजनीतिक और सामाजिक बदलाव लाने में सफल रहना है। उन्होंने जैसे आदर्शों की कल्पना की उसे जमीन पर उतारने का काम भी किया।
गांधी अपनी राजनीति में नैतिकता को जोरदार तरीके से स्थापित करते हैं । पश्चिमी लोकतंत्र की प्रचलित धारणा का विरोध करते हुए गांधी लोकराज के मूल धर्म का समर्थन करते हैं वह राजशक्ति पर लोक शक्ति के नियंत्रण की अवधारणा देते हैं लोक स्वराज और ग्राम स्वराज्य की धारणा उनकी मौलिक भारतीय लोकतांत्रिक सोच है ।

गांधी के बाद गांधी के नाम पर विचारों को लेकर चलने वाले लोग जिन्होंने लंबे समय तक राज किया , उन्होंने गांधी के विचार को व्यवहार रूप में लागू करने की कोशिश नहीं की । गांधी का मार्ग कठिन जरूर है पर स्थाई है।
दूसरे विश्व युद्ध के बाद दुनिया में होने वाले सारे राजनीतिक सामाजिक बदलाव अहिंसा पर आधारित आंदोलनों के दम पर हुए यह बात यह सिद्ध करती है कि गांधी के विचारों की प्रसंगिकता कितनी है।

-सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा अहिंसा एवम शांति विषय पर रिसर्च स्कॉलर है।)

No comments:

Post a Comment