Monday, 20 April 2020

जात धर्म से ऊपर उठकर मुद्दों पर करें मतदान

जात धर्म से ऊपर उठकर मुद्दों पर करें मतदान
-सुरेंद्रसिंह शेखावत

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लोकतंत्र का महा उत्सव आरंभ हो चुका है । भारत के नागरिक आगामी 11 अप्रैल से लेकर 19 मई तक 7 चरणों में सत्रहवी लोकसभा के लिए अपने प्रतिनिधि चुनने वाले हैं ।
किसी भी मुल्क के इतिहास में 70 वर्षों का कालखंड कोई बड़ी अवधि भी नहीं होती है फिर भी 16 बार लोकसभा के लिए मतदान कर चुका भारतीय गणतंत्र मजबूत लोकशाही की तरफ अग्रसर हो रहा है ।
देश के 89 करोड़ मतदाता आने वाले 5 सालों के लिए मत के माध्यम से देश का भविष्य निर्धारित करने वाले हैं। इस चुनाव की खास बात यह है कि लगभग 2 करोड ऐसे नौजवान हैं जिनका जन्म 21वीं सदी में हुआ वह भी इस चुनाव में मतदान करेंगे और लगभग आठ करोड़ नए मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं । मत का प्रयोग करने वालो में लगभग 65 फीसदी आबादी नौजवानों की है । यह आंकड़े बताने के पीछे मेरा उद्देश्य इस बात की तरफ इंगित करना है देश में किसकी सरकार बनेगी यह तय करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
ब्रितानी हुकूमत से आजाद होने से पहले ही हमारे यहां मतदान की प्रक्रिया लगभग शुरू हो गई थी और आजादी के बाद व्यस्क मतदान से सरकार चुनने की परंपरा निरंतर जारी है । हमारे यहां लोकतंत्र की खूबसूरती इसमें है कि इन 70 सालों में एक आध अवसर को छोड़ दें तो हमारे लोकतांत्रिक ढांचे पर कभी चोट नहीं पहुंची है। इन सालों में केवल श्रीमती गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल एकमात्र धब्बा है ।
यह देश के नीति निर्धारकों की दूरदर्शिता ही थी कि उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं के ढांचे को इतना मजबूत बनाया कि कोई उसको क्षति नहीं पहुंचा सके । यही कारण है कि हमारे साथ आजाद हुए मुल्कों की तुलना में हमारे यहां लोकतंत्र ना केवल मजबूत हुआ वरन उसकी जड़े ज्यादा गहरी हुई है ।
इस बात के बावजूद एक बात जो सबसे ज्यादा चिंता जताती है वह हमारे नागरिकों में लोकतांत्रिक शिक्षण का अभाव रहा है। आज भी हमारे यहां का बहुसंख्यक मतदाता जाति धर्म और इलाके के आधार पर अपना प्रतिनिधि चुन रहा है । यह आश्चर्यजनक बात है कि हमारा मतदाता इस बात से बेखबर है कि उसे वोट क्यों देना है और किसे देना है ? , बिना मुद्दों के सोचे वह अपनी जाति बिरादरी और मजहब के आदमी को वोट डाल देता है । कितने अचरज की बात है कि हमारे यहां के चुनाव को मीडिया भी विचारधाराओं और दलों के संघर्ष के इतर जातियों और मजहब के संघर्ष के रूप में लिखता है ।

दुनिया के विकसित लोकतांत्रिक देशों में मुद्दों के आधार पर मतदान होता है , लेकिन हमारे यहां इतने सालों के बाद भी मतदान करने से पहले मुद्दों पर विचार कम होता है।
इस बार उम्मीद इसलिए की जा सकती है कि सरकार चुनने वाली बहुसंख्यक आबादी युवा आबादी है और निश्चित ही इसमें बड़ा तबका पढ़ा लिखा है । पढ़ा-लिखा तबका वोट डालने से पहले जरूर इस बात पर विचार करेगा कि जिसे वह अपना प्रतिनिधि चुन रहा है और जिस पार्टी को वोट दे रहा है वो किन मुद्दों को लेकर चुनाव में आए हैं तथा उन मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता क्या है और क्या वो उसको पूरा करने का माद्दा रखते हैं ।
गौर करने वाली बात है कि युवा के भविष्य से जुड़ा सबसे अहम मसला रोजगार बड़ा मुद्दा है। आम नागरिकों के लिए खासतौर से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएं ,स्वास्थ्य सेवाएं और प्राथमिक शिक्षा भी महत्वपूर्ण मुद्दे हैं । हमारे यहां के ढांचागत विकास की योजनाएं और उनके साथ ही जुड़ा हुआ सबसे बडी आबादी को प्रभावित करने वाला खेती किसानी का मुद्दा भी है । वैसे इस बार इस बात पर संतोष जाहिर किया जा सकता है कि खेती किसानी इस बार सभी दलों के लिए प्राथमिकताओं के केंद्र में है । गौर करने वाली बात है कि लगभग सभी दलों ने खेती और किसानी को लेकर अपनी घोषणा की है । सत्ताधारी दल और विपक्षी दल दोनों ही अपने चुनावी वादों में किसानों को केंद्र में रखकर बात कर रहे हैं । निश्चित रूप से यह किसान आंदोलन चलाने वाले लोगों की एक बड़ी सफलता है कि खेती किसानी के मुद्दे पर इस चुनाव में प्राथमिकता से बात की जा रही है।
हालांकि विविधता भरे , लंबे चौड़े भूभाग में फैले इस मुल्क में बहुत सारे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन पर मतदाता अपनी राय बना सकता है । अपने प्रतिनिधियों से सवाल पूछ सकता है। फिर भी कुछ बुनियादी बातें हैं जो रोजगार को लेकर ,शिक्षा को लेकर, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ,खेती किसानी को लेकर, बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर है जिस पर मतदाता मत देने से पहले विचार जरूर करें।
जब तक हमारा मतदाता जात बिरादरी और मजहब के नाम पर वोट देता रहेगा तब तक एक स्वस्थ लोकतंत्र की परिकल्पना साकार नहीं हो पाएगी । इसलिए इस बार लोकतंत्र के इस महा उत्सव में जात बिरादरी और मजहब से ऊपर उठकर मुद्दों पर वोट करें तो निश्चित ही न केवल लोकतंत्र मजबूत होगा वर्णन चुने गए हमारे जनप्रतिनिधि भी गैरजरूरी मसलों को केंद्र में रखने की बजाय जरूरी मुद्दों पर बात करेंगे, कानून बनाएंगे और मुद्दा आधारित चुनाव होने से होने से हमारा मुल्क आगे बढ़ पाएगा।

No comments:

Post a Comment