Thursday, 24 November 2016

विजय त्रिवेदी लिखित वाजपेयी जी की जीवनी।

पिछले दिल्ली प्रवास के दौरान खान मार्किट में किताबों की दुकान पर किताब खरीद रहे मित्र भँवर पुरोहित जी को बुक रैंक से एक किताब मैंने लाकर दी और कहा इसे भी ले लीजिए। यह किताब उसी दौरान लॉन्च हुई प्रसिद्द पत्रकार विजय त्रिवेदी की "हार नहीं मानूँगा [एक अटल जीवन गाथा]"थी।
लम्बे समय तक किताब का पढना टलता रहा। दसेक दिन पहले भँवर जी के घर बहुप्रतीक्षित भोज के बाद दक्षिणा स्वरूप जो तीन किताबे झपट लाया उसमे एक यह भी थी।
आज पढ़कर खत्म करते हुए भारतीय राजनीति के उस विराट पुरुष का स्मरण कर उत्साहित हूं। वाजपेयी अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर स्मृति लोप से ग्रस्त जीवन जी रहे है ।
त्रिवेदी ने इस किताब में बहुत कुछ समेटने सहेजने की कोशिश की है और सफल भी हुए है। वाजपेयी के विद्यार्थी जीवन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर में एक आलमस्त फकीर सियासतदां की कहानी को जुबान देना मुश्किल काम ही था।
वाजपेयी का संघ की शाखा में जाना,स्वयंसेवक से प्रचारक बनने एवं हटाए जाने से लेकर संघ के साथ उनकी सहमति, असहमति, हिंदुत्व को लेकर मतभेद और भाजपा के जीवन के सबसे बड़े रामजन्मभूमि आंदोलन से असहमति तक को निरपेक्ष भाव से लिखना उतना ही कठिन है जितना आडवाणी के साथ वाजपेयी के सम्बन्धो पर लिखना। आडवाणी ने वाजपेयी के निजी सहायक के रूप में अपना कैरियर शुरू किया और फिर सियासत में आकर संघ में वाजपेयी से अधिक चहेते बने ,मंदिर आंदोलन पर वाजपेयी से मतभेद के बावजूद सोमनाथ से यात्रा शुरू की और कभी कांग्रेस के नजदीक रही विश्व हिंदू परिषद के मंदिर आंदोलन के हीरो बन कर उभरे आडवाणी अपनी लोकप्रियता के चरम शिखर पर 1995 में स्वयं वाजपेयी को पार्टी की तरफ से प्रधानमंत्री का उम्मीदवार घोषित कर देते है। यह दोस्ती भी बहुत कुछ पढ़ने लायक है। सहमति असहमति और मतभेदों के बीच एक दूसरे की राय को मानना तवज्जो देना और नेतृत्व स्वीकार कर लेना भी अद्भुत है।
वाजपेयी के नेहरू से लेकर शास्त्री और इंदिरा गांधी से सम्बन्ध, जेपी आंदोलन में भागीदारी ,जनसंघ का विलय और समाजवादियों का साथ फिर दुबारा भाजपा के गठन के दौरान समाजवादियों की इच्छा और अनुमान के विपरीत भाजपा में जाने की कहानी, जनता पार्टी सरकार में विदेश मंत्री के तौर पर कामकाज, 1984 की आश्चर्यजनक हार में 2 सीटों पर सिमटी पार्टी का दौर, राजीव गांधी और वीपी सिंह के साथ सम्बन्ध और अपने प्रिय चन्द्रशेखर से रिश्तों के साथ ही भारत के राजनितिक इतिहास के चाणक्य पुर्वप्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव से मित्रता तक को शब्दों में पोने का काम त्रिवेदी ने किया है।
वाजपेयी का प्रधानमंत्री के रूप में तीन पारिया, विश्वास प्रस्ताव के भाषण,काम काज ,उपलब्धियां और असफलताएँ,स्वर्ण चतुर्भुज, ग्रामीण सड़के, करगिल युद्ध, नाकामियां और इंडिया शाइनिंग का ध्वस्त होना सब को समेटना सहज काम नही होता। राजधर्म न निभाने को लेकर गुजरात के तात्कालिक मुख्यमंत्री  मोदी जी को लेकर वाजपेयी की भावनाएं और अपने अजीज मित्र जसवंत सिंह के साथ वाजपेयी की यारी को भी बखूबी लिखा है।
इस किताब में वाजपेयी जी की जीवनी तो है ही एक खास बात जो मुझे लगी वो है पूर्व मंत्री और वाजपेयी जी के अजीज मित्र जसवंत सिंह जी के पक्ष को समझना, रखना और उनके दर्द को शब्द देना भी भारतीय राजनीति के एक अनोखे योद्धा के चरित्र के साथ न्याय करना है।
वाजपेयी जी का निजी जीवन उनका खान पान और एक अलिखित प्रेम कहानी जिसे कोई रिश्ते का नाम नही दिया गया मिसिज कौल से उनके सम्बन्धो पर खुलकर चर्चा।  वाजपेयी के नजदीक रहे मित्रो सहयोगियों पार्टी पदाधिकारियों पत्रकारों ब्यूरोक्रेट्स और न जाने कितने सारे लोगो से मिलने के बाद विजय त्रिवेदी यह मुश्किल काम कर पाए।
इतनी अच्छी किताब लिखने के लिए मैं त्रिवेदी जी को बधाई तो दूंगा ही साथ ही अपने मित्रों राजनीतिक कार्यकर्ताओ, स्कॉलर्स पत्रकारों और राजनीती में रूचि रखने वाले पाठको सब से कहना चहुंगा कि इस किताब को जरूर पढ़ें।

● सुरेंद्रसिंह शेखावत
बीकानेर।

Sunday, 13 November 2016

बदल रही है हमारी पुलिस : मुबारकबाद

यह कबीर यात्रा का दूसरा दिन है । हम श्री डूंगरगढ़ कस्बे के पुराने बस स्टैंड पर कबीर यात्रा के लिए  विशेष तौर से सजाए गए मैदान में बैठे है। मेरी दायीं तरफ मौलवी नासिर बैठे है और उनके पास पंडित रामलाल बैठे है ।मंच संचालक संजय पुरोहित बोलते है ,"मंदिर की घण्टी बजी और मस्जिद में अजान, मेरा शहर पढ़ने लगा गीता और कुरान।" मंच संचालक की बात पर मौलवी साहब और पंडित जी दोनों एक साथ ताली बजाते है। आपको याद दिला दूँ यह वही जगह है जहां साल भर पहले हिन्दू और मुसलमान आमने सामने खड़े थे दोनों पक्षो की आँखों में खून उतर आया था और बरसो साथ रहने वाले लोग एक दूसरे को नफरत की नजर से देख रहे थे।
और उसी मैदान में आज दोनों समुदायों के लोग जैसलमेर के प्रसिद्ध लोक गायक महेशाराम मेघवाल के साथ तंदूरे की धुन पर कबीर  की बाणी पर झूम रहे थे। "कांकर पाथर जोड़ के मस्जिद ली चीणाय" और "मूंड मुंडाया हरी मिले " जैसे धार्मिक पाखंडो पर चोट करते कबीर के भजन गाते महेशाराम के लिए रामेश्वर और रहमान दोनों ही तालियां बजा रहे थे।
बात तो अचरज की थी और उससे भी ज्यादा अचरज की बात यह थी कि कला साहित्य और संस्कृति का यह आयोजन कोई कलाधर्मी नहीं बल्कि बीकानेर पुलिस करवा रही थी।
जी हां है न अचरज की बात ।पर यह सत्य है बीकानेर पुलिस के सौजन्य से देश विदेश के नामी कबीर गायको के साथ कबीर का यह कारवां जिले भर के छः स्थानों पर सत्संग कर रहा है।बीकानेर से शुरू हुई यह यात्रा डूंगर गढ़ के बाद राववाला,कोलायत ,नोखा होती हुई 16 तारीख को फिर बीकानेर पहुंचेगी।
11 तारीख को जब यात्रा का आगाज वेटेनरी विश्वविद्यालय के दीवान ए आम से होने वाला था तो मैं समय से एक घण्टा जल्दी पहुंच गया था। वहां देखा तो जिला पुलिस कप्तान डॉ अमनदीप सिंह कपूर बिना किसी तामझाम के एक वोलिंटियर की भांति आयोजन की तैयारियों में जुटे थे।पुलिस में इंस्पेक्टर की नोकरी करते हुए भी किताबो में खोए रहने वाले हमारे मित्र आनंद गिला भी कबीर यात्रियों के साथ जुटे थे।
सुखद आश्चर्य की बात है कि डॉ कपूर ने अपने भाषण में पुलिस की छवि का उल्लेख करते हुए कुबेर और कबीर में से कबीर चुनने की बात कही।
मेरा निजी तौर पर ब्यूरोक्रेट्स के बारे में नजरिया अच्छा नही है और अनुभव भी कड़वे रहे है ऐसे में इस तरह पुलिस अधीक्षक को इस तरह का काम करते देख आश्चर्य मिश्रित ख़ुशी हुई।
कुछ दिनों पहले मेरी चूरू यात्रा के दौरान चूरू एसपी राहुल बारेठ के पुलिस कब्बडी लीग के बारे में सुना था और ख़ुशी हुई थी कि कोई पुलिस अधिकारी आमजन के जुड़ाव के साथ पुलिस की छवि सुधारने और ग्राम्य खेल प्रतिभाओं को तराशने का काम एक साथ बेजोड़ ढंग से कर रहा है।
उसी तरह बीकानेर पुलिस की साम्प्रदायिक सदभाव की कोशिश के साथ आयोजित की जाने वाली यात्रा भी अनूठी है । तभी तो कुछ समय पहले साम्प्रदयिक दंगे की आग में झुलसने वाले डूंगरगढ़ में सभी पन्थो के लोग एक जाजम पर बैठकर कबीर और बुल्लेशाह को सुन रहे है । स्थानीय थानाधिकारी के नाम पर बजती तालियां और हूटिंग बताती है कि पुलिस अब बदल रही है। यह बदलाव सकारात्मक है और उम्मीदे जगाने वाला है।
आज सुबह फोन पर एडिशनल एसपी सिटी नाजिम अली जी को मैंने एसपी साहब के नाम की मुबारकबाद दी तो उन्होंने इच्छा जताई कि मैं इस बात को अपने ब्लॉग पर लिखू ।
खैर कबीर यात्रा के बहाने  कबीर इन पुलिस वालों के अंदर के इंसान को जिन्दा रख सकने में कामयाब होते नजर आते है।
मुबारकबाद बीकानेर पुलिस को।

●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
ssshekhawatbkn@gmail.com

Friday, 11 November 2016

कबीर यात्रा का पहला दिन

"मन लाग्यो म्हारो आज फकीरी में..... "आसमान में चाँद चांदनी बरसा रहा था  और जमीन पर कालूराम बामणिया की सुमुधुर आवाज में कबीर के भजन आल्हादित कर रहे थे। मौका था बीकानेर में राजस्थान कबीर यात्रा के उदघाटन का। वेटेनरी विश्वविद्यालय के खुले मंच दीवाने ए आम में देश विदेश से आए कबीर प्रेमी कबीर रसधारा में गौते लगा रहे थे।
वित्त एवं कॉर्पोरेट राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने तंदुरे के साज के साथ "बेजो रणुकार रो .." भजन के साथ यात्रा शुरू की तो बीकानेर के ही पूगल के रहने वाले मीर मुख्त्यार ने "हरी ओम हरी मौला......" गाकर बीकाणे की गंगा जमुनी संस्कृति को स्वर दे दिए। मूलतः साम्प्रदायिक सौहार्द को लेकर आयोजित होने वाली इस यात्रा के आरम्भ में ही मुख्त्यार अली ने हरी और मोला का जो जोड़ बैठाया वो बेजोड़ था। "चादर झीणी रे झीणी......" तथा "मौको कहां ढूंढे रे बन्दे मैं तो तेरे पास में..." गाया तो मन मयूर होकर नाचने लगा।
पिछले कुछ दिनों से मैं यूट्यूब पर मुख्त्यार के यही दोनों भजन सुन रहा हूँ ।कल ही मैंने फेसबुक पर भी शेयर किए थे आज वही भजन साक्षात् मुख्त्यार से सुनने का आनन्द ही दूसरा था।
"ढाई आखर प्रेम के" लगभग 40 मिनिट की कबीर की दास्तान, दिल्ली के दास्तानगो अंकित चड्ढा ने कही तो वहां उपस्थित हर आदमी के मुंह से वाह निकल पड़ी,क्योंकि ताली पर तो अंकित ने रोक लगा दी थी।
दास्तानगोई एक अरबी फ़ारसी वाचिक परम्परा है जो किस्सागोई या हमारे यहां की बात परम्परा से मिलती जुलती है । इस नई उम्र के नोजवान ने इतनी प्राचीन परंपरा को बड़े रोचक ढंग से प्रस्तुत किया कि दाद ही दाद निकली।मेरे लिए अंकित को सुनना बहुत रोचक अनुभव था।
आखरी में कालूराम बामणिया ने अपने सधे गले से तम्बूरे की संगत में कबीर की वाणियों को अपने चिर परिचित अंदाज में पेश किया तब तक चाँद शरूर पे आ गया था ।बामणिया कबीर बाणी को गाने वाले कुछ लोगो में से बहुत महत्वपूर्ण लोकगायक है ।मैंने इन्हें यूट्यूब पर खूब सुना है और आज साक्षात्।
एक और खास बात इस आयोजन की। जिला पुलिस कप्तान डॉ अमनदीप सिंह कपूर एक वोलिंटियर की तरह इस कार्यक्रम में जुटे थे, देख कर अच्छा लगा कि पुलिस इतनी संवेदनशील भी हो सकती है। यात्रा के संयोजक भाई गोपालसिंह चौहान को शानदार शुरुआत की मुबारकबाद भी देना चाहूंगा।
आगामी 5 दिनों में पूरे जिले भर में जाने वाली यह यात्रा मेरे जिले के लोगो केे मन कबीर से कर दे यही उम्मीद है।
● सुरेन्द्रसिंह शेखावत
ssshekhawatbkn@gmail.com

Wednesday, 9 November 2016

नेहरू और वाजपेयी कुछ खास बातें

आने वाली 14 नवम्बर को हम देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 127 वीं जयंती मना रहे है ।इस मौके खास बात यह है कि अभी पिछले दिनों देश के नामी पत्रकार विजय त्रिवेदी की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर लिखी गई किताब "हार नहीं मानूँगा : एक अटल जीवन गाथा" नाम से बाजार में आई है जिसे हार्पर कॉलिंस पब्लिशर्स ने छापा है , इस किताब में परस्पर विरोधी दलों के इन दोनों नेताओं के आपसी सम्बन्धों पर कुछ प्रसंग साँझा किए गए है। ये प्रसंग इसलिए अधिक महत्वपूर्ण हो जाते है कि वर्तमान दौर में जब राजनीति का स्तर निम्नतम होता जा रहा है और परस्पर विरोधी दलों के नेताओ के साथ औपचारिक सम्बन्ध भी खात्मे की कगार पर है, ऐसे में इन दोनों नेताओं के आपसी व्यवहार को पढ़ना न केवल केवल रुचिकर है अपितु प्रेरणादायक भी है।
इस आलेख में विजय त्रिवेदी की किताब में शामिल किए गए नेहरू और वाजपेयी के प्रसंगों का उल्लेख कर रहा हूँ।

इमरजेंसी के तुरंत बाद जेल से निकल वाजपेयी स्वास्थ्य  लाभ लेने हेतु एम्स दिल्ली में भर्ती हुए।एम्स में वाजपेयी और डीपी त्रिपाठी के कमरे आसपास ही थे।
देवीप्रसाद त्रिपाठी उस वक्त के वार्तालाप को याद कर बताते है कि एक शाम वाजपेयी ने कहा कि "नेहरू से बड़ा डेमोक्रेट मैंने देखा नहीं।" उसी दौरान वाजपेयी ने शास्त्री का मूल्यांकन करते हुए कहा कि शास्त्री ईमानदार और कर्मठ थे लेकिन कमजोर नेता थे। वाजपेयी के मुताबिक शास्त्री जी की न तो पार्टी पर पकड़ थी और न ही पार्टी के बाहर, न संसद में न ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ।
                      ◆◆◆

17 अगस्त 1994 को अटलबिहारी वाजपेयी को सर्वश्रेष्ठ सांसद का सम्मान दिया गया।वाजपेयी ने इस अवसर पर दिए गए अपने भाषण में नेहरू के एक भाषण का जिक्र किया था जब नेहरू ने संसद में विपक्ष की मांग पर अपने सहायक एम ओ मथाई को हटा दिया था,जबकि नेहरू मानते थे कि यह इमप्रोप्राइटी का मामला है । तब नेहरू ने कहा था ,"जब सदन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा यह महसुस करता हो कि कुछ न कुछ किया ही जाना चाहिए तब बहुमत के लिए यह कतई उचित नही है कि सदन की इच्छा को दरकिनार कर दिया जाए।"
                    ◆◆◆◆
किस्सा 1993 का है । शिवराज पाटिल लोकसभा अध्यक्ष थे।पाटिल ने लोकसभा में गांधी और नेहरु की प्रतिमा लगाने का फैसला लिया। नेहरू की प्रतिमा के लिए संसद भवन के गेट नं 1 के अंदर वाले चौक पर स्थान तय हुआ। नेहरू की सोलह फिट ऊँची प्रतिमा पहले एयरपोर्ट के लिए बनाई गई थी,लेकिन बाद में उसे ही संसद भवन में लगाने का फैसला हुआ।इस प्रतिमा में  नेहरू नीचे की ओर देख रहे थे। वाजपेयी चाहते थे कि प्रतिमा को ऊँचे स्टैंड पर लगाया जाए ताकि देखने वाले को ऐसा लगे जैसे कि नेहरू उसे ही देख रहे है।
हालाँकि आखिरकार तय यही हुआ कि प्रतिमा को नीचे ही रखा जाए। नेहरू के प्रति वाजपेयी का सम्मान ताउम्र बना रहा।
                       ◆◆◆◆
नेहरू भी वायपेयी की हिंदी से प्रभावित थे।वह उनके सवालों के जबाब संसद में हिंदी में दिया करते थे।विदेश नीति हमेशा उनका प्रिय विषय रहा।एक बार नेहरू ने जनसंघ की आलोचना की तो अटल ने कहा ,"मैं जानता हूँ पंडित जी रोजाना शीर्षासन करते है।वह शीर्षासन करे मुझे कोई आपत्ति नही है ।लेकिन मेरी पार्टी की तस्वीर उलटी न देखें।" इतना सुनना था कि नेहरू जी भी ठहाका मार कर हंस पड़े।
जनसंघ के भीतर भी लोग कहा करते थे कि वरिष्ठ नेता बलराज मधोक,सरदार पटेल की लाइन पर चलते है और वाजपेयी , नेहरू की लाइन पर ।इसको लेकर भी संघ में नाराजगी रहती थी,लेकिन वाजपेयी हमेशा नेहरू की रीति नीति पर चलते रहे।
                          ◆◆◆◆
ये वायपेयी की युवा किंतु परिपक्व कूटनीतिक समझ का ही नतीजा था कि नेहरू का भी वाजपेयी के प्रति रवैया हमेशा अच्छा रहा।1961 में जब नेहरू ने राष्ट्रीय एकता परिषद का गठन किया तो उसमें वाजपेयी को शामिल किया जबकि उस परिषद में दिग्गज नेता और प्रतिष्ठित लोग शामिल किए गए थे और वाजपेयी उस वक्त विपक्षी पार्टी के नोजवान नेता थे,और पहली बार लोकसभा में चुनकर आए थे। लेकिन जब तक परिषद की पहली बैठक होती वाजपेयी लोकसभा के सदस्य नहीं रह गए थे।वह 1962 में बलरामपुर से लोकसभा चुनाव कांग्रेस की खूबसूरत नेत्री सुभद्रा जोशी से दो हजार मतो से हार गए ।कहते है नेहरू के कहने से उस समय के सुपर स्टार बलराज साहनी सुभद्रा जोशी का प्रचार करने बलरामपुर गए हालाँकि खुद नेहरू वाजपेयी के खिलाफ प्रचार करने बलरामपुर नहीं गए थे।
                        ◆◆◆◆
1957 में इस नोजवान सांसद ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की संसद में तीखी आलोचना तो की,लेकिन जैसे ही विदेश मंत्री बने वैसे ही न सिर्फ विदेश मंत्रालयों की दीवारों से उतार दी गई नेहरू की तस्वीरें दुबारा लगाई बल्कि नेहरू की उदार और निष्पक्ष विदेश नीति का दामन भी थाम लिया।
                   ◆◆◆◆◆
मई1964 में नेहरू के निधन के बाद वाजपेयी ने जो श्रद्धांजलि नेहरू को दी ,उसे भी अपने आप में एक यादगार भाषण कहा जा सकता है। वाजपेयी ने कहा," एक सपना अधूरा रह गया,एक गीत मौन हो गया और एक लौ बुझ गई।दुनिया भर को भूख और भय से मुक्त कराने का सपना,गुलाब की खुशबु और गीता के ज्ञान से भरा गीत,और रास्ता दिखाने वाली लौ।कुछ भी नही रहा।"
वाजपेयी ने आगे कहा ,"यह एक परिवार,समाज या पार्टी का नुकसान भर नही है। भारत माता शोक में है क्योंकि उसका सबसे प्रिय राजकुमार सो गया। मानवता शोक में है क्योंकि उसे पूजने वाला चला गया।दुनिया के मंच का मुख्य कलाकार अपना आखिरी एक्ट पूरा करके चला गया।उसकी जगह कोई नहीं ले सकता।"
वाजपेयी इतने पर ही नहीं रुके।उन्होंने आगे कहा,
"लीडर चला गया है, लेकिन उसे मानने वाले अभी है।सूर्यास्त हो गया है,लेकिन तारों की छाया में हम रास्ता ढूंढ लेंगे। यह इम्तिहान की घड़ी है लेकिन उनको असली श्रद्धांजलि भारत को मजबूत बना कर ही दी जा सकती है।
                         ◆◆◆◆
(हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स नोएडा द्वारा प्रकाशित विजय त्रिवेदी की  किताब हार नहीं मानूँगा एक अटल जीवन गाथा को पढ़ते हुए साभार।)

● सुरेन्द्रसिंह शेखावत
    बीकानेर।
◆ ssshekhawatbkn@gmail.com

Tuesday, 8 November 2016

हजार और पांच सौ के नोट बन्द करने पर त्वरित टिप्पणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 1000 और 500 रुपए के नोट पर आज रात से ही रोक लगा दी है। 
सरकार का यह फैसला आश्चर्यजनक है।अचानक हुए इस निर्णय से देश का व्यापार जगत हस्तप्रभ है। बाजार में डर और भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
अभी शहर के प्रमुख व्यापारियों और बाजार के विश्लेषकों से हुई बातचीत के बाद मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूँ कि सरकार के इस निर्णय ने बाजार की कमर तोड़ डाली है। मोदी सरकार बनने के बाद से ही निरन्तर  बाजार के समानांतर खड़ी काले धन की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त करने की कोशिश की जा रही थी जो इस निर्णय से पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगी।
मेरा मानना है कि इस निर्णय के दूरगामी परिणाम देश की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत सकारात्मक होंगे मगर आने वाले दो तीन साल बहुत बुरे बीतेंगे।
आजाद भारत की पहली सरकार से लेकर आज तक हर सरकार काले धन की समस्या से त्रस्त रही, कई बार सरकारों ने क्रांतिकारी कदम भी उठाए परन्तु व्यापक सफलता नही मिली। इस निर्णय के क्या परिणाम आएँगे यह कहना तो अभी जल्दबाजी होगी पर निश्चित ही परिणाम बहुत आश्चर्यजनक होंगे।
वर्तमान में रियल स्टेट ,ज्वेलरी,फाइनेन्स, जुए सट्टे से जुड़े व्यापार और बाजार पूर्णतया ध्वस्त हो जायेंगे ।बाजार में प्रॉपर्टी की कीमत तेजी से कम होगी। तुरन्त बेरोजगारी बढ़ेगी और व्यवस्था पूरी तरह से डांवाडोल हो जायेगी। 
भविष्य के लिए यह बहुत सुखद नजर आ रहा है जब देश में सारा धन व्हाइट होगा हर वस्तु,हर आमदनी टैक्स पेड होगी निश्चित ही तब सरकारों को आयकर के स्लैब में व्यवहारिक बदलाव करना पड़ेगा।
मेरा मानना है कि आयकर के स्लैब में मूलभूत बदलाव करके सरकार माहौल को सकारात्मक कर सकती है।
बाजार के विश्लेषक सरकार के इस निर्णय को बहुत अच्छा नही मान रहे है और इकोनॉमी के कॉलेप्स होने के खतरे से बड़े चिंतित है मगर दूसरी तरफ देशभर के जागरूक लोग सामाजिक कार्यकर्ता इस निर्णय से बहुत खुश है उनको देश की बड़ी आबादी जो भूख गरीबी बेरोजगारी से त्रस्त है उस तबके के लिए ख़ुशी लौटने की सम्भावनाएं नजर आती है।
हालाँकि बहुत से लोग अभी भी इस बात को लेकर निश्चित नही है कि यह योजना सीरे चढ़ पाएगी।उनको अभी भी सरकार के बैकफुट या न्यायालय के हस्तक्षेप की उम्मीद है मगर मुझे ऐसा लगता नही है। बैकफुट पर आने की स्थिति में मोदी को प्रधानमंत्री पद छोड़ने पड़ सकता है।
अभी तो यही उम्मीद कर सकते है कि इस ऐतिहासिक निर्णय का लाभ शीघ्र देश को मिले और एक स्वस्थ और स्वच्छ अर्थव्यवस्था कायम हो, बाजार बचे रहे। डेढ़ के मजलूम किसान और युवा के सपने पूरे होने की दिशा में यह कदम सकारात्मक हो।
इसी उम्मीद के साथ।इति।
©●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
422,कैलाशपुरी,बीकानेर(राजस्थान)
Email : ssshekhawatbkn@gmail.com
Mobile : 09413388098


ब्लैक मनी पर सर्जिकल स्ट्राइक :त्वरित टिप्पणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 1000 और 500 रुपए के नोट पर आज रात से ही रोक लगा दी है।
सरकार का यह फैसला आश्चर्यजनक है।अचानक हुए इस निर्णय से देश का व्यापार जगत हस्तप्रभ है। बाजार में डर और भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
अभी शहर के प्रमुख व्यापारियों और बाजार के विश्लेषकों से हुई बातचीत के बाद मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूँ कि सरकार के इस निर्णय ने बाजार की कमर तोड़ डाली है। मोदी सरकार बनने के बाद से ही निरन्तर  बाजार के समानांतर खड़ी काले धन की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त करने की कोशिश की जा रही थी जो इस निर्णय से पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगी।
मेरा मानना है कि इस निर्णय के दूरगामी परिणाम देश की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत सकारात्मक होंगे मगर आने वाले दो तीन साल बहुत बुरे बीतेंगे।
आजाद भारत की पहली सरकार से लेकर आज तक हर सरकार काले धन की समस्या से त्रस्त रही, कई बार सरकारों ने क्रांतिकारी कदम भी उठाए परन्तु व्यापक सफलता नही मिली। इस निर्णय के क्या परिणाम आएँगे यह कहना तो अभी जल्दबाजी होगी पर निश्चित ही परिणाम बहुत आश्चर्यजनक होंगे।
वर्तमान में रियल स्टेट ,ज्वेलरी,फाइनेन्स, जुए सट्टे से जुड़े व्यापार और बाजार पूर्णतया ध्वस्त हो जायेंगे ।बाजार में प्रॉपर्टी की कीमत तेजी से कम होगी। तुरन्त बेरोजगारी बढ़ेगी और व्यवस्था पूरी तरह से डांवाडोल हो जायेगी।
भविष्य के लिए यह बहुत सुखद नजर आ रहा है जब देश में सारा धन व्हाइट होगा हर वस्तु,हर आमदनी टैक्स पेड होगी निश्चित ही तब सरकारों को आयकर के स्लैब में व्यवहारिक बदलाव करना पड़ेगा।
मेरा मानना है कि आयकर के स्लैब में मूलभूत बदलाव करके सरकार माहौल को सकारात्मक कर सकती है।
बाजार के विश्लेषक सरकार के इस निर्णय को बहुत अच्छा नही मान रहे है और इकोनॉमी के कॉलेप्स होने के खतरे से बड़े चिंतित है मगर दूसरी तरफ देशभर के जागरूक लोग सामाजिक कार्यकर्ता इस निर्णय से बहुत खुश है उनको देश की बड़ी आबादी जो भूख गरीबी बेरोजगारी से त्रस्त है उस तबके के लिए ख़ुशी लौटने की सम्भावनाएं नजर आती है।
हालाँकि बहुत से लोग अभी भी इस बात को लेकर निश्चित नही है कि यह योजना सीरे चढ़ पाएगी।उनको अभी भी सरकार के बैकफुट या न्यायालय के हस्तक्षेप की उम्मीद है मगर मुझे ऐसा लगता नही है। बैकफुट पर आने की स्थिति में मोदी को प्रधानमंत्री पद छोड़ने पड़ सकता है।
अभी तो यही उम्मीद कर सकते है कि इस ऐतिहासिक निर्णय का लाभ शीघ्र देश को मिले और एक स्वस्थ और स्वच्छ अर्थव्यवस्था कायम हो, बाजार बचे रहे। डेढ़ के मजलूम किसान और युवा के सपने पूरे होने की दिशा में यह कदम सकारात्मक हो।
इसी उम्मीद के साथ।इति।
©●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
422,कैलाशपुरी,बीकानेर(राजस्थान)
Email : ssshekhawatbkn@gmail.com
Mobile : 09413388098

Thursday, 3 November 2016

मानिकचन्द सुराणा : एक कर्मठ राजनेता

उम्र के इस पड़ाव पर भी आप किसी नोजवान राजनीतिक कार्यकर्ता के मुकाबले अधिक सक्रिय है। अभी कुछ दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिली है , चिकित्सक ने आराम की सलाह दी है मगर इनकी सक्रियता में कोई कमी नही आई है।
           हम जब मिलने पहुंचे तो चिट्ठियां पढ़ने में व्यस्त थे । सहायक ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल के बंद हुए ट्यूबवेल को लेकर चिंतित है हालाँकि 5 कुए शुरू हो गए मगर दो बचे हुए कुओं को शुरू करवाने के लिए सुबह से अधिकारियों को फोन कर रहे है। डिस्कोम की एमडी आरती डोगरा से सुबह से दो बार बात कर चुके है। 
       हमने पूछा कि इस ऊर्जा का स्त्रोत बताइए तो हंसने लगे बोले पूरा जीवन ही इन्ही कामों में बीता है। एमएनरॉय की प्रेरणा से राजनीती में आए फिर लोहिया के विचार के समाजवादी दल से जुड़ गए। ताउम्र गरीब मजलूम शोषित तबके की लड़ाई लड़ते रहे। वैश्य के घर में जन्म लेकर भी किसानों के खातेदारी से लेकर खालो की ऋण माफ़ी की लंबी लड़ाईया लड़ी और जीते भी।
     किसी समय राजस्थान की सियासत में महत्वपूर्ण भूमिका में रहे। 1977 की भैरोंसिंह शेखावत की सांझी सरकार में वित्त मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इसी कार्यकाल में किसानों की ऋणमाफी पर खुद के नेता से भी लड़ पड़े। लेकिन अपने नेता द्वारा किए गए वादे की याद दिला ,ऋण माफ़ी करवा पाने में सफल रहे।
     बीकानेर में 1945 में प्रजा छात्र परिषद के गठन से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। 1956 में लूणकरणसर विधानसभा के उपचुनाव में चुनाव के लिए आवश्यक उम्र पूरी होते ही उम्मीदवार बने  मगर जीत नही पाए। इस क्षेत्र के विधायक और तत्कालिक नेता प्रतिपक्ष जसवंतसिंह दाउदसर के राज्यसभा मे चुने जाने से यह सीट खाली हुई थी।
    1957 में फिर से नोखा और कोलायत की संयुक्त मगरा सीट पर अपना भाग्य आजमाया परन्तु अपेक्षित आयु से कम आयु के उम्मीदवार गिरधारी लाल भोबिया से पराजित हुए तो क़ानूनी लड़ाई लड़कर उनकी सदस्यता अवैध घोषित करवाई । फिर 1960 के उपचुनाव में इस क्षेत्र से फिर लड़े मगर जीत नही मिली।। आखिरकर 1962 के चुनाव में कोलायत सीट से विधानसभा में दाखिल हुए। अपने पढ़ने लिखने की आदत विषय की समझ और मुद्दे की पकड़ के चलते विधानसभा की कार्यवाहियों में हरेक बहस में बोले और बीकानेर ही नही पुरे राज्य के मुद्दों को प्रखरता से उठाया। उनका मानना है नेता का केनवास बड़ा होना चाहिए।
1967 और 1972 के चुनावों में फिर से पराजय मिली मगर वो थके नही न ही निराश हुए वरन और ज्यादा जोश और जूनून के साथ लोगो के दुःख दर्द को साँझा करते गए। 1977 की लहर को उन्होंने पहले से पढ़ लिया तो जिले में पार्टी की सीटें बढ़ाने के उद्देश्य से खुद  लूणकरणसर सीट से लड़े और विधानसभा में पहुंचे। 
              सूबे में पहली गैर कांग्रेसी सरकार के मुखिया  भैरोंसिंह शेखावत इनकी योग्यता से परिचित थे। शेखावत ने इन्हें महत्वपूर्ण वित्त मंत्रालय का जिम्मा सौंपा। एक सफल वित्त मंत्री के रूप में पूरे राजस्थान के बुनियादी ढांचे को खड़ा करने की योजनाएं बनाई। बिजली,पानी और सड़कों के जाल को खड़ा कर सूबे में विकास के नए सौपान स्थापित किए।
       इलाके के लोग आज भी आपका यह कार्यकाल याद करते है। इस क्षेत्र की लगभग सभी पेयजल योजनाएं आपके कार्यकाल में शुरू हुई। गाँवो में पहली बार बिजली के खम्बे पहुंचे और गांव में रहने वाले की झोंपड़ी में बिजली का लट्टू जला।  
        इसी दौर में कोलायत में खातेदारी हको का आंदोलन शुरू हुआ तो किसानों को उनके हक दिलाने में अग्रणी रहे। इस आंदोलन से निकले एक युवा राजनीतिक सहयोगी देवीसिंह भाटी को अपनी परम्परागत सीट पर 1980 के अपनी पार्टी से  चुनावों का टिकट दिलवा राजस्थान की विधानसभा में पहुंचाया। 1985 में फिर एक बार विधानसभा में पहुंचने का मौका लूणकरणसर की जनता ने दिया तो इन्होंने विपक्ष में रहकर भी इलाके के विकास में कोई कौर कसर बाकी न छोड़ी।
  1990 आते आते केंद्रीय नेताओ के मतभेद के चलते लूणकरणसर से टिकट काटकर इन्हें बीकानेर शहर विधानसभा सीट पर शिफ्ट कर दिया गया। नए इलाके में भी आपने जोरदार टक्कर दी मगर थोड़े से अंतराल से पराजित हुए। इस दौरान समझौते से बनी भैरोंसिंह सरकार पर जनता दल के समर्थन वापसी से पैदा हुए संकट में जनता दल (दिग्विजय) बनवाने में आपने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालाँकि बाद में मतभेद के चलते स्वयं अलग होकर जनता दल(प्रगतिशील) नाम से पॉलिटिकल पार्टी बना ली। 1993 के चुनाव में शेखावत इन्हें भाजपा का टिकट देना चाहते थे मगर इन्होंने खुद की पार्टी से ही चुंनाव लड़ा और राज्य में तीसरे सर्वाधिक मत लेने वाले उम्मीदवार होने के बावजूद गैर कांग्रेसी मतों के बिखराव से चुनाव हार गए। 
मुख्यमंत्री शेखावत ने इनकी योग्यता को समझा ,पार्टी से अलग होने के बावजूद खादी आयोग के चेयरमैन की जिम्मेदारी देकर राज काज में इनके अनुभव का लाभ लिया। और आखिरकर शेखावत 1998 आते आते अपने इस पुराने साथी को भाजपा में शामिल करा पाने में सफल हुए। 1998 का चुनाव आपने भाजपा की टिकट पर लड़ा।इस चुनाव में विजयी हुए भीमसेन चौधरी के निधन से रिक्त हुई सीट पर 2000 में फिर से उपचुनाव हुए। इस दौरान आप भीमसेन चौधरी की मृत्यु की सहानुभूति के बावजूद उनके पुत्र को पराजित कर फिर से विधानसभा में पहुंचने में कामयाब हुए।
   2003 आते आते सूबे का सियासी सिनेरियो बदल गया। शेखावत के उपराष्ट्रपति बन जाने के बाद सूबे में भाजपा का नेतृत्व वसुंधरा राजे सिंधिया को मिला। राजे के साथ मिलकर आपने जिले में परिवर्तन यात्रा का ऐतिहासिक आयोजन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष के नाते संगठन की जिम्मेदारी भी आपके हाथ में रही। 2003 के चुनाव में आरक्षण के आंदोलन से बने सामाजिक न्याय मंच के उम्मीदवार खड़े होने से गैर कांग्रेसी मतो के विभाजन के चलते पराजित हो गए , मगर राज्य की मुख्यमंत्री ने इन्हें वित्त आयोग का चेयरमैन बना इनके अनुभव को साँझा किया।
       2008 का एकमात्र ऐसा चुनाव रहा जिसको इन्होंने नहीं लड़ा। इस चुनाव में इनकी सीट एनडीए के सहयोगी इंडियन नेशनल लोकदल के खाते में चले जाने के चलते ये चुनाव नही लड़ पाए। 2013 में पार्टी द्वारा टिकट काट दिए जाने के बावजूद निर्दलीय ताल ठोकी और जितने में सफल हुए।अपने लंबे राजनीतिक संघर्ष की बदौलत पांचवी बार राज्य की विधानसभा में पहुंचे है।
     विधानसभा के फोरम का उपयोग जमकर करते है। विधायी नियम कायदों की पूरी जानकारी रखते है और पूरे राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते है। बजट सत्र में तो आपकी तैयारी खासतौर से महत्वपूर्ण रहती है। बजट पर प्रस्तावों पर आप पूरी तैयारी से सुझाव देते है कटौती करवाते है और छूट गई बातों को जड़वाते है।
    आप उन बिरले जन प्रतिनिधियों में से है जो क्षेत्र और विधानसभा दोनों जगह बराबर सक्रिय दिखाई देते है।बीकानेर और जयपुर दोनों जगह आपका दफ्तर लगातार चलता है और फरियाद लेकर पहुंचने वालों की समस्या का समाधान होता है या संतोषपूर्ण जबाब मिलता है।
    एक ऐसे दौर में जब सियासत में जातिवाद का संघर्ष चरम पर है ऐसे में एक ऐसे क्षेत्र से चुनाव जीतकर आना जहां उनकी जाती का नाममात्र का वोट है ,उनकी कर्मनिष्ठा और आमजन के दिल में अपने लिए जगह बना लेने की पुष्टि करता है।
     उम्र के इस पड़ाव पर भी आपकी सक्रियता में कोई कमी नही आई है। आप उतनी ही सिद्दत के साथ इलाके में नियमित दौरे करते है लोगो से मिलते है अधिकारियों से संघर्ष करते है पंचायत समिति और जिला परिषद के साथ ही विभिन्न विभागों की मीटिंगों में भाग लेते है और राजस्थान की विधानसभा में गरीब मजलूम की आवाज बनकर गूंजते है।
आप समझ ही गए होंगे मैं बात कर रहा हूँ मानिकचन्द सुराणा की। कुशलक्षेम पूछने के बहाने चले बातचीत के दौर में मैंने जब राजनीतिक विचारधाराओ के संघर्ष और देश की महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की बात की तो उन्होंने सुझाया ,"गांधी के पास इस देश की सब समस्याओं का समाधान है।" उन्होंने नई पीढ़ी को गांधी के विचारों से जोड़ने और संकट के दौर में गांधी की प्रसांगिकता और अधिक बढ़ जाने की बात कही।  
    मौजूदा दौर में सुराणा साहब जैसे पॉलिटिकल इंस्टिट्यूट का बना रहना इसलिए भी आवश्यक है कि नई पीढ़ी के सियासी  लोग इनसे सीख सके कि मुद्दों की राजनीति किस तरह की जाती है ।
मैं सुराणा साहब के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूँ।।              

● सुरेन्द्रसिंह शेखावत

Tuesday, 1 November 2016

नक्सली समस्या को समझने की कौशिश

"भारत गरीबो का देश है लेकिन गरीब देश नही है।" यूरोपियन समाजवादी चिंतक रजनी पामदत्त द्वारा 1940 में भारत पर लिखी अपनी किताब इंडिया टुडे में लिखी गई पंक्ति से शुरू होने वाली यह पुस्तक भारत के नक्सली आंदोलन को नए सिरे से समझाने की कौशिश करती है।
          1927 में ब्रोमा, स्टॉकहोम में जन्मे यान मिर्डल एक स्वीडिश वामपंथी राजनीतिक लेखक और स्तम्भकार है  इनकी मूल पुस्तक रेड स्टार ओवर इंडिया का हिंदी अनुवाद प्रतिबंधित माओवादी पार्टी के सदस्य होने के आरोप में जेल में बंद रह चुके गोपाल मिश्रा ने भारत के आसमान में लाल तारा नाम से किया है।
            भारत के नक्सली समस्या को जानने की चेष्टा लम्बे समय से मेरे मन में थी परंतु कोई साहित्य मिल नही पाया।
            इसी बीच एक घटना घटी । लगभग तीन चार माह पूर्व भारतीय संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान आर्थिक पिछड़ों के आरक्षण और ओबीसी सूचि विभाजन  के मुद्दे पर हमारे द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के सम्बन्ध में दिल्ली प्रवास के दौरान, हमारे आंदोलन के ही साथी दिल्ली प्रवासी एक मित्र के निमंत्रण पर एक रात्रि भोज पर हम लोग  राजधानी में स्थित अर्ध्दसैनिक बल के एक सेंटर में पहुंचे । डिनर पर एक अर्द्धसैन्य अधिकारी से मुलाकात का अवसर मिला जो नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन का नेतृत्व कर चुके थे। नक्सल समस्या पर केंद्रित हमारी चर्चा में जब हमने उनसे इस समस्या की जड़ और कारणों को लेकर गम्भीर सवाल किए तो वह कठोर अधिकारी आँखों में आंसू भर लाए और लगभग रोते हुए उन्होंने गरीब आदिवासियों के हालात सुनाए जो किसी के भी हृदय को द्रवित कर सकते है। मेरे लिए यह किसी अचरज से कम नही था कि जो सैन्य अधिकारी खुद नक्सलियों के खिलाफ अभियान का नेतृत्व कर चुका हो , जिसने अपने कई साथियो को इस संघर्ष में खोया हो तथा इस लड़ाई के दौरान खुद जिसका मौत से आमना सामना हुआ हो वह व्यक्ति इतनी संवेदनशीलता के साथ विपक्षी पक्ष की पीड़ा को आत्मसात कर रहा हो।
                यद्यपि मैं स्वयं किसी भी तरह की हिंसा के सख्त खिलाफ हूँ चाहे वह नागरिको के खिलाफ हो या नागरिको द्वारा हो ,बावजूद इसके इतने लंबे समय तक देश की सेना के विरुद्ध कोई तबका  संघर्षरत हो तो निश्चित ही बिना किसी विचार के सम्भव नही है इसलिए मेरी हमेशा से इच्छा रही कि मैं इसकी तह तक जाऊ।
        ऊपरी तौर पर मेरा मानना है कि देश की आजादी के समय जमींदारों से जमीन भूमि जोतने वालो को इस आधार पर दे दी गई कि जो काश्तकार है वही उस जमीन का असली मालिक है फिर आदिवासियों को उनके जंगल के अधिकार से क्यों वंचित किया गया जबकि भूमिजोतको की तरह ही आदिवासियों का जंगल पर जीविकोपार्जन निर्भर था।आदिवासी जिसका निवास जंगल था और जंगल से उत्पन्न होने वाले कन्द मूल लकड़ी से उसका जीवन यापन हो रहा था उस जंगल को संरक्षित करके आदिवासी को उसके जीवन यापन और आवास के हक से वंचित कर दिया गया और बाद में बड़े बड़े कॉर्पोरेट को वो जमीन सौंप दी गई जिसके गर्भ में अकूंत मिनरल्स भरा था। तब जंगल के मूल निवासी ने अपने आप को ठगा हाउस महसूस किया । उसके लिए लोकतंत्र, चुनी हुई सरकार और लोककल्याणकारी राज्य की अवधारणा बेमानी सी हो गई और इन्ही हालातों ने उसे हथियार उठाने पर मजबूर कर दिया।
          यान मिर्डल की यह किताब देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनोती का राजनीतिक विश्लेषण है।आजादी के 70 साल बाद भी लोकशाही सरकारों को नक्सली आंदोलन का डर सता रहा है। यह लड़ाई भी बहुत सारी कमियों के बाद भी वैकल्पिक सामाजिक संरचना को थामे रहने का प्रयास कर रही है।
यान मिर्डल दंडकारण्य के जंगल में जनताना सरकार के कर्ता धर्ताओं के बीच एक पखवाड़ा बिताकर सभी बुराइयों के हल के रूप में पेश किए जा रहे एकमात्र सैन्य विकल्प पर सवाल उठा रहे है।
पुस्तक में पीएलजी से लेकर 1857 के जनविद्रोह को एक क्रम में जोड़ने की कोशिश की है।साथ ही 1789 की महान फ़्रांसिसी क्रांति और 1871 के पेरिस कम्यून के सफर के साथ ही बुजुर्गो के प्रति दंडकारण्य के नजरिए के साथ स्वीडन की संस्कृति में बुजुर्गों के प्रति नजरिए की भिन्नता को भी जोड़ा है। यह पुस्तक चारु मंजुमदार से लेकर चेरबंडा राजू और श्री श्री की दुनिया से साथ आर्थर लुंडकविस्त एवं मार्क ट्वेन के साथ ही अंतोले फ्रैंक की दुनिया से भी हमे रूबरू कराती है।
लेखक ने बड़े केनवास पर कलम चलाई है। दुनिया भर के राजनीतिक उथल पुथल के साथ अपने निजी अनुभव और अतीत की घटनाओं को एक साथ जोड़ा है।
यह किताब भारतीय साम्यवादी दलों के साथ माओवादियों के घृणा भरे वैचारिक मतभेद पर प्रकाश डालती है और नक्सलियों के वैकल्पिक राजनीतिक मार्ग का विश्लेषण भी करती है।
कुल मिलाकर किताब पढ़ने के बाद आप लेखक के विचार से सहमत या असहमत हो सकते है लेकिन आप उसकी उपेक्षा नही कर सकते।

●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
2 नवम्बर 2016.