Monday, 20 April 2020

बापू और बीकानेर

बापू और बीकानेर

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर पूरा राष्ट्र बापू को याद कर रहा है ऐसे में बीकानेर से जुड़े बापू के संस्मरण का उल्लेख करना भी लाजमी है । यद्यपि तत्कालिक राजपूताने में अधिकांश देशी रियासते थी और इन रियासतों में कांग्रेस का काम नहीं था । आजादी के आंदोलन के दौरान बापू के सहयोगी रहे अप्रवासी राजस्थानियों के प्रयासों से देसी रियासतों में प्रजा परिषद का गठन हुआ था ।

बापू कभी बीकानेर आए ऐसा कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं मिलता लेकिन कुछ एक दस्तावेज यह जरूर प्रमाणित करते हैं कि द्वितीय गोलमेज सम्मेलन के दौरान बीकानेर रियासत के तत्कालिक महाराजा गंगा सिंह के साथ बापू की मुलाकात हुई और उनके मध्य कई बार वार्तालाप भी हुआ । इसके अलावा बीकानेर रियासत के प्रधानमंत्री केएम पन्निकर और बापू के मध्य पत्राचार के साक्ष्य भी मिलते हैं ।

बीकानेर पूर्व राजपरिवार के सदस्य और पूर्व सांसद डॉ करणी सिंह अपनी किताब "रिलेशन ऑफ हाउस ऑफ बीकानेर विद सेंट्रल पावर्स" में जिक्र करते हैं, महाराजा गंगा सिंह के 4 जुलाई और 9 जुलाई 1931 को लिखे पत्रों से स्पष्ट होता है कि महाराजा गंगा सिंह के मुंबई स्थित निवास देवी भवन में 10 जून 1931 को बापू का आगमन हुआ था इस दौरान बापू के सम्मान में महाराजा बीकानेर ने बापू के चरण स्पर्श किए और बापू ने उन्हें उठाकर गले लगा लिया । उनके मध्य आत्मीय वार्तालाप भी हुआ । करनी सिंह लिखते हैं कि महाराजा, बापू से बहुत प्रभावित हुए थे । बीकानेर महाराजा ने महात्मा गांधी से द्वितीय गोल मेज सम्मेलन में शामिल होने और फेडरल स्ट्रक्चर कमेटी में भी शामिल होने का आग्रह किया ।बीकानेर महाराजा ने बापू के इंग्लैंड यात्रा के दौरान यात्रा की व्यवस्था कराने की पेशकश की थी । इन्हीं दस्तावेजों में यह उल्लेख मिलता है कि द्वितीय गोलमेज सम्मेलन में शामिल होने जा रहे महात्मा गांधी की यात्रा का प्रबंध बीकानेर राज्य के हाउसहोल्ड डिपार्टमेंट द्वारा किया गया था ।
विनोबा भावे से प्रभावित होकर अपनी सारी संपत्ति भूदान को दान कर देने वाले महाराजा गंगा सिंह के वंशज महाराज अमर सिंह द्वारा लिखी गई किताब "मेडाईवल हिस्ट्री ऑफ राजस्थान वॉल्यूम 1" में लंदन में दूसरे गोलमेज सम्मेलन के दौरान बापू और महाराजा बीकानेर के मध्य कई दौर की वार्ताओं और किस्सों का जिक्र हुआ है ।
महाराजा गंगा सिंह महात्मा गांधी को एक दावत में लेकर गए जहां उन्हें लॉर्ड मिंटो से मिलाया । लॉर्ड मिंटो ने बापू से पूछा कि क्या आप मेरा नाम जानते हैं ? बापू ने कहा मैं आपको कैसे भूल सकता हूं आपके द्वारा शुरू किए गए मिंटो मार्लो सुधार में पृथक निर्वाचन के कारण ही हम आज तक परेशानियां झेल रहे हैं ।
इसी तरह एक वार्तालाप का किस्सा आता है , जब लंदन में बातचीत के दौरान बड़ौदा महाराजा गायकवाड ने बापू से कहा कि अंग्रेजों के जाने के बाद आपको सबसे पहले रजवाड़ों को खत्म करना पड़ेगा ।जब तक राजाशाही खत्म नहीं होगी तब तक भारत एक राष्ट्र नहीं बन पाएगा। कपूरथला महाराजा ने भी गायकवाड की बात का समर्थन किया मगर बीकानेर महाराजा इस बात से असहमत थे , उन्होंने कहा कि कुछेक रजवाडे प्रजा विरोधी हो सकते है मगर अधिकांश प्रजा हितैषी हैं और वह ठीक काम कर रहे हैं । इस घटना का जिक्र आगा खान ने अपनी किताब में किया है ।
बीकानेर महाराजा अपने रियासत में होने वाले आंदोलनों के प्रति बहुत क्रूर थे उनका कठोरता से दमन करते थे परंतु राष्ट्रीय आंदोलन के नेताओं से उनके ठीक-ठाक संबंध थे । महाराजा की इस 'किसेज एन्ड किक्स' नीति के संबंध में बापू ने हरिजन में लिखे एक लेख में भी जिक्र किया है । यह बीकानेर राज्य के स्वतंत्रता सेनानी बाबू रघुवरदयाल के निर्वासन की घटना से सम्बंधित है ।
इसी तरह 3 सितंबर 1946 को बापू ने बीकानेर के तत्कालिक प्रधानमंत्री केएम पन्निकर को एक पत्र का जबाब लिखा है। पन्निकर द्वारा बापू को बीकानेर रियासत में किए गए सुधारों के संबंध में अवगत कराया गया था। बापू इस जबाबी पत्र में लिखते हैं कि उन्हें इन सुधारों के संबंध में कुछ नहीं कहना है वह केवल इतनी सलाह देना चाहेंगे की महाराजा इस संबंध में पंडित जवाहरलाल नेहरू से ऑल इंडिया स्टेट्स पीपल कॉन्फ्रेंस में सलाह कर लें अगर वह ऐसा कर लेंगे तो काम ठीक ढंग से हो पाएगा ।
इसके अलावा बापू राष्ट्र भाषा के प्रति अपने आग्रह का जिक्र भी इस पत्र में करते हैं । बापू लिखते है कि बीकानेर महाराजा अपनी अपील अंग्रेजी में क्यों जारी करते हैं ? वह पूछते हैं कि कितने लोग बीकानेर में अंग्रेजी जानते हैं ? बापू पन्निकर को सुझाव देते हैं कि उन्हें हिंदुस्तानी सीखनी चाहिए और अगर संभव हो तो एक सहायक रख लेना चाहिए जो सारा काम हिंदुस्तानी में कर सके ।इस पत्र का जिक्र बापू समग्र के 85वें वॉल्यूम में आया है ।

- सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा गांधी पर पीएचडी स्कॉलर है।)

No comments:

Post a Comment