स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
इस साल हम महात्मा गांधी की 150वीें जयंती मना रहे है। छः साल पहले हम स्वामी विवेकानंद की 150 वीं जयंती भी मना चुके । ये दो समकालीन महापुरुष ऐसे है जिन्होंने दुनियां के सामने भारत की नई पहचान दी । इसी लिए दुनियां के चश्मे से भारत को जानना है तो स्वामी विवेकानन्द और महात्मा गांधी से होकर गुजरना पड़ता है।
एक भगवा धारण किए युवा सन्त था जिसने न केवल अपने शानदार और चुंबकीय व्यक्तित्व से पूर्व और पश्चिमी को मंत्रमुग्ध कर दिया, बल्कि उन्नीसवीं शताब्दी के अंतिम दशक में भारतीय धर्म और दर्शन के विचार "वेदांत के सार्वभौमिक संदेश" से विश्व को भारत की तरफ देखने के लिए मजबूर कर दिया।
दूसरा अपनी कृशकाय काया को लंगोटी से ढके "अर्ध नग्न फकीर" ( चर्चिल के शब्दों में) था जिसने कभी सूर्यास्त न होने वाले बिरतानी हुकूमत से अहिंसात्मक प्रतिरोध के हथियार से लोहा लिया और साम्राज्यवादी शासन से भारत को मुक्त कराकर विश्व को अपनी ओर देखने के लिए विवश कर दिया।
दुर्भाग्य से अपने जीवनकाल में दोनों महापुरुष कभी आपस में मिल नहीं सके । 1901 में कोलकाता में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में एक अज्ञात प्रतिनिधि के रूप भाग लेने गए गांधी स्वामी विवेकानंद के दर्शन हेतु बेलूर मठ गए मगर तब गांधी की मुलाकात स्वामी से न हो पाई । स्वामी तब मृत्युशय्या पर थे । बाद में 1921 में गांधी ने बेलूर मठ की यात्रा की तब बैरिस्टर गांधी महात्मा गांधी हो चुके थे । बेलूर मठ में बोलते हुए गांधी ने कहा कि विवेकानंद को पढ़ने के बाद मेरा देश के लिए प्यार हजार गुना बढ़ गया । कहते है कि गांधी ने जब भी स्वामी विवेकानंद का जिक्र किया तब उन्होंने अस्पृश्यता की बीमारी का जिक्र जरूर किया।
विवेकानंद ने भारतीय मस्तिष्क को पुनर्जाग्रत करने का जो काम किया और भारतीय आत्मा को जिस तरह नया जीवन दिया उससे ही महात्मा गांधी को देश की आजादी के लिए संपूर्ण जनमानस को उद्वेलित करने का आधार मिला। इसी प्रकार सामाजिक और धार्मिक सुधारों के मामले में भी गांधीजी को विवेकानंद ने ही पृष्ठभूमि उपलब्ध कराई ।
पूरे देश में अपने व्यापक भ्रमण और कन्याकुमारी में तीन दिनों के गहन ध्यान के बाद विवेकानंद ने 25 दिसंबर 1892 को जो सबसे पहले टिप्पणी की वह इस प्रकार थी-''धर्म राष्ट्र के शरीर का रक्त है। हमारी सभी बड़ी बीमारियों का कारण इस रक्त की अशुद्धता है। यह देश फिर से उभर सकता है यदि इस रक्त को शुद्ध कर दिया जाए।'' विवेकानंद ने शुद्ध हिंदुत्व को मानव सेवा से जोड़ते हुए कहा-जीव ही शिव है। उन्होंने अपने ही वर्ग से यह सवाल किया कि हमने क्या किया है? हम संन्यासियों यानी ईश्वर के तथाकथित संदेशवाहकों ने साधारण जनता के लिए आखिर किया ही क्या है?
गांधीजी ने भी इसी दर्शन को स्वीकार किया । महात्मा गांधी द्वारा सामाजिक रूप से शोषित लोगों को 'हरिजन' शब्द से संबोधित किये जाने के वर्षों पहले ही स्वामी विवेकानंद ने 'दरिद्र नारायण' शब्द का प्रयोग किया था जिसका आशय था कि 'गरीबों की सेवा ही ईश्वर की सेवा है।‘ विवेकानंद की तरह उन्होंने भी ईश्वर की सेवा को मानव सेवा से जोड़ा। डॉ. राधाकृष्णन के एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने लिखा कि सच्चा हिंदू धर्म यह है कि हमें अनवरत सेवा में खुद को खपा देना होगा। समाज सेवा से कोई बच नहीं सकता। इससे अलग और इससे अधिक कोई खुशी नहीं है। गांधीजी ने आगे लिखा कि मैं अक्सर अपने धर्म की व्याख्या सत्य के धर्म के रूप में करता हूं। पिछले कुछ समय से यह कहने के बजाय कि ईश्वर सत्य है, मैं यह कहने लगा हूं कि सत्य ही ईश्वर है।
स्वामी विवेकानंद के राष्ट्रवाद की धुरी भी धर्म पर टिकी थी । गांधी का स्वराज्य रामराज्य के चिंतन पर अधारित था, जिसका संबंध भारत के वैदिक संस्कृति से था। जबकि स्वामी जी का राष्ट्रवाद भारतीय पंरपरा, संस्कृति और सनातन महत्ता से ओतप्रोत था। गांधी जी के स्वराज की कल्पना भी बहुत हद तक तुलसी दास, कबीर दास और संत ज्ञानेश्वर जैसे धार्मिक कवियों के दर्शन से प्रभावित थी। दोनों महानायकों ने जीवन भर जो काम किए उनमें कहीं ना कहीं राष्ट्र के पुनर्निर्माण की भावना ही निहित थी।
यद्यपि विवेकानंद एक संन्यासी थे और राजनीति से पूरी तरह दूर रहते थे, लेकिन उन्होंने गांधीजी के लिए यह आधार तैयार किया कि वह राजनीति को धर्म से अलग करने के सुझाव को अस्वीकृत कर दें, क्योंकि उन्होंने लोगों की आजीवन सेवा के माध्यम से सत्य की तलाश के रूप में धर्म को एक नई परिभाषा दी। यह विवेकानंद के विचारों का ही प्रभाव था कि गांधीजी यह कहने में समर्थ रहे कि जो लोग यह कहते हैं कि धर्म का राजनीति से कुछ लेना-देना नहीं है वे यही नहीं जानते हैं कि धर्म का असली अर्थ क्या है? गांधीजी ने यह भी कहा कि मेरे अंदर के राजनेता को मैं कभी भी अपने निर्णयों पर हावी होने का मौका नहीं देता हूं। यदि मैं राजनीति में भाग लेता नजर आ रहा हूं तो सिर्फ इसलिए, क्योंकि आज राजनीति ने सांप की कुंडली की तरह हमें जकड़ लिया है, जिससे कोई कितनी भी कोशिश कर ले, बचकर नहीं निकल सकता। इसीलिए मैं इस सांप से लड़ना चाहता हूं। उन्होंने यह भी महसूस किया कि इस सांप से लड़ने का सबसे अच्छा तरीका है वास्तविक धर्म के उच्च आदर्शो को विकसित करना। बार-बार गांधीजी ने यह रेखांकित किया कि सिद्धांतहीन राजनीति मौत के फंदे के समान है, जो राष्ट्र की आत्मा को ही मार डालती है।
आज के समय में इन दोनों महापुरुषों को राजनीतिक विचार की दृष्टि से अलग अलग ध्रुवों पर खड़ा माना जाता है मगर वास्तव में दोनों के विचार एक ही धरातल पर खड़े है ।
आधुनिक भारत के समाज में व्याप्त समस्याएं खासतौर से आर्थिक और सामाजिक असमानता को खत्म करने के लिए यदि विवेकानंद और गांधी की दरिद्रनारायण की संकल्पना को साकार किया जाए तो असमानता, गरीबी, गैर-बराबरी, अस्पृश्यता आदि से बिना बल प्रयोग किये ही निपटा जा सकता है तथा एक आदर्श समाज की संकल्पना को साकार किया जा सकता है।
No comments:
Post a Comment