आर्थिक पिछड़ों को आरक्षण : ऐतिहासिक पहल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम समय में अनारक्षित वर्ग के गरीब तबके हेतु सरकारी सेवाओं एवं शिक्षण संस्थानों में दस फीसदी आरक्षण लागू करके एक ऐतिहासिक पहल की है।
निश्चित ही इस देश में संविधान निर्माताओं ने अवसर की समानता की मूलभावना के साथ सदियों से मुख्यधारा से अलग रहे समाज को आरक्षण का लाभ देकर समानता के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया। दुनिया में भारतीय आरक्षण व्यवस्था एक नजीर साबित हुई है जहां सामाजिक भेदभाव को खत्म करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम हासिल हुए।
अस्पृश्यता को आधार बनाकर अनुसूचित जाति एवं आदिवासी तबके हेतु अनुसूचित जनजाति का आरक्षण जाति व्यवस्था की बेड़ी तोड़ने एवं समाज की खाई को पाटने में एक मील का पत्थर साबित हुआ है। बाद के वर्षों में देश का नेतृत्व करने वाले लोगों ने कमेरेवर्ग के लिए भी ओबीसी के आरक्षण का स्वप्न देखा और काका कालेलकर आयोग से मंडल कमीशन होते हुए वीपी सिंह सरकार के निर्णय और इंदिरा साहनी केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के माध्यम से यह लागू हो पाया।
यद्यपि आरक्षण पर जब भी चिंतन हुआ तब तब यह बात जरूर उठी कि कथित रूप से अगड़ी जातियों में भी एक कमजोर वर्ग उभर रहा है कहने को यह सामाजिक पिछड़ेपन का शिकार तो नहीं है परंतु आर्थिक विपन्नता के चलते इस तबके को अवसर की समानता उपलब्ध नहीं हो पा रही। इसीलिये चाहे काका कालेलकर आयोग हो या मंडल कमीशन सभी ने जाति की बजाय वर्ग आधारित आरक्षण की बात कही।
बिहार के मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर ने ओबीसी आरक्षण के साथ ही गरीब अगड़ों के लिये आरक्षण की बात सबसे पहले शुरू की। बाद में प्रधानमंत्री पीवी नरसिंहराव के कार्यकाल में भी ओबीसी आरक्षण के साथ ही दस फीसदी गरीब अनारक्षित वर्ग को आरक्षण का प्रस्ताव लाया गया। मगर ये दोनों प्रस्ताव न्यायालय द्वारा नकार दिये गये। बाद में एनडीए सरकार के समय में अटलजी ने कैबिनेट प्रस्ताव के जरीये गरीबी को आरक्षण का आधार बनाने के लिये संविधान संशोधन का निर्णय पारित किया परंतु यह बिल का रूप नहीं ले पाया। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए यूपीए सरकार ने एसआर सिन्होंं कमीशन बनाकर गरीब अगड़ों की स्थिति जाननी चाही। सिन्हों कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तो दे दी मगर यह कभी सदन में पेश नहीं हो पाई।
राजस्थान राज्य में इकोनोमिक बैकवर्ड क्लास के लिये वर्ष 2008 और 2015 में 14 फीसदी आरक्षण का बिल सर्वसम्मति से दो बार पास हुआ। शर्मा तथा गोयल कमीशन भी बने परंतु संवैधानिक बाध्यता के चलते लागू नहीं हो पाए।
अंतत: केन्द्र सरकार ने इस दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए आरक्षण हेतु सामाजिक एवं शैक्षणिक पिछड़ेपन के साथ आर्थिक पिछड़ेपन को भी आधार के रूप में जोड़ने हेतु 124वां संविधान संशोधन पेश किया और सरकारी सेवाओं एवं शिक्षण संस्थानों में 10 फीसदी आरक्षण कानूनन लागू करवाया।
मंडल कमीशन की रिपोर्ट पर अगर गौर करें तो यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि यह आरक्षण किसी जाति के आधार पर न होकर वर्ग/समूह को देने की सिफारिश की गई थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक कोई रिक्शाचालक और कोई लघु सीमांत कृषक, पशुपालक जैसे समूह आरक्षण के हकदार हैं।
खाई पाटेगा यह निर्णय : देश में आरक्षित एवं अनारक्षित वर्ग के बीच एक बड़ी खाई पैदा हो गई है। देश का एक वर्ग अनावश्यक ही आरक्षण विरोधी हो गया है। खासतौर से अनारक्षित तबके के गरीब युवाओं में एक विशेष प्रकार की कुंठा पैठ गई फलत: देश आरक्षित और अनारक्षित तबकों में विभक्त होता दिखने लगा। सरकार के इस निर्णय से न केवल अनारक्षित वर्ग के गरीब नौजवान को नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में लाभ मिलेगा वरन् आरक्षित और अनारक्षित के बीच की खाई भी भरेगी। यह निर्णय देश में समता स्थापित करने के साथ ही सामाजिक समरसता बढ़ाने वाला साबित होगा।
-422, कैलाशपुरी, बीकानेर।
Friday, 1 February 2019
आर्थिक पिछड़ों को आरक्षण : ऐतिहासिक पहल
Subscribe to:
Posts (Atom)