Monday, 20 April 2020

सियासत के केंद्र में किसान

17वीं लोकसभा के लिए होने जा रहे चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में दक्षिण भारत के नए बने राज्य तेलंगाना की निजामाबाद लोकसभा सीट पर कुल 185 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से 179 किसान थे । इन किसानों ने इलाके में होने वाली फसल हल्दी और लाल ज्वार का पारिश्रमिक मूल्य नहीं मिलने तथा राज्य में हल्दी बोर्ड की स्थापना की मांग को अनसुना कर देने के विरोधस्वरूप सत्ताधारी दल की प्रत्याशी के. कविता के विरुध्द चुनाव लड़ने का फैसला किया । के. कविता राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी है ।
यद्यपि अपने वार्षिक बजट का 26 फ़ीसदी हिस्सा कृषि क्षेत्र में खर्च करने वाला राज्य तेलंगाना देश के अन्य राज्यों के मुकाबले किसानों को सुविधा देना में अव्वल ही है । 24 घंटे मुफ्त बिजली, कृषि ऋण से पूर्ण मुक्ति , पशु पालन हेतु भेड़ और भैंस खरीदने के लिए 50 बिजली सब्सिडी देने वाला यह राज्य देश का पहला राज्य है जहां प्रति एकड़ प्रति फसल ₹4000 यानी प्रति एकड़ ₹8000 सालाना किसान के खाते में सीधा सरकार जमा करवाती है , इसके बावजूद अपने हक को लेकर जागरूक निजामाबाद के किसानों के इस अनोखे सत्याग्रह से किसानों के मुद्दे देशभर में इस चुनाव में उभर कर आए ।
देश की लगभग 62 फीसदी आबादी को रोजगार देने वाले कृषि क्षेत्र के हालात ज्यादा अच्छे नहीं कहे जा सकते। सुखा, बेमौसम बरसात, बाढ़ , अतिवृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदा झेलने वाला हमारा अन्नदाता तकनीकी कमी, फसल भंडारण की कमी, सिंचाई की समस्या और इन सबसे बढ़कर कृषि जिंसों के भाव की भारी कमी के चलते बदहाल हालत में हैं ।
2017 के आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट पर गौर करें तो ध्यान में आएगा कि देश में कुल राज्यों में लगभग आधे राज्यों यानी 17 राज्यों में किसानों की औसत आय ₹20,000 सालाना से कम है। एनएसएसओ की रिपोर्ट के मुताबिक 2012-13 में कृषक परिवार की औसत मासिक आय ₹6426 रुपए है । नाबार्ड की रिपोर्ट कहती है कि वर्ष 2016 में देश में कृषक परिवार की मासिक आमदनी ₹8931 है। यह सब आंकड़े खेती किसानी की बदहाली की तरफ संकेत करते हैं।
ऑर्गेनाइजेशन फॉर कोऑपरेशन एंड डेवलपमेंट तथा इंडियन काउंसिल फॉर रिसर्च ऑन इंटरनेशनल इकोनॉमिक्स रिलेशन द्वारा साथ मिलकर करवाए गए कृषि क्षेत्र के अध्ययन रिपोर्ट्स को देखने से जाहिर होता है कि कृषि क्षेत्र की लागत और जिंसों की बिक्री से प्राप्त राशि को आधार बनाकर देखे तो 2000-2001 से 2016-17 तक देशभर के किसानों को कुल 45लाख करोड रुपए का नुकसान हुआ है।
इस परिणाम को दूसरे आंकड़ों से भी समझा जा सकता है 1970 में गेहूं का समर्थन मूल्य 76रुपए प्रति क्विंटल था जो 2015 में 19 गुना बढ़कर 1450 रुपए प्रति क्विंटल हो गया परंतु इस अवधि के दौरान सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 150 गुना बढ़ोतरी हुई, वहीं कॉलेज के प्रोफेसर के वेतन में 170 गुना बढ़ोतरी और स्कूली शिक्षकों के वेतन में 320 गुना तक बढ़ोतरी हुई है । इस तरह हम न्यूनतम 100 गुना बढ़ोतरी को भी पकड़े तो गेहूं का समर्थन मूल्य ₹7600 प्रति क्विंटल होना चाहिए था।
देश के अनेक राज्यों में आत्महत्या करता किसान और खेती से मुंह मोड़ता किसान हमारी चिंता को बढ़ाता नजर आता है परंतु इस बीच कुछ सुखद समाचार आ रहे हैं जो हमारे उम्मीदों की रोशनी जगाने वाले हैं। पिछले 5 सालों के परिदृश्य पर गौर करेंगे तो पाएंगे कि किसान हमारे मुल्क की सियासत का केंद्र का बिंदु बन गया है । कई बड़े किसान आंदोलन भी हुए । इन सालों के समाचारों पर एक नजर डालेंगे तो मध्य प्रदेश के किसानों का बड़ा आंदोलन हुआ और तमिलनाडु के किसानों ने जंतर मंतर पर बड़े प्रदर्शन किए ।
केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 2019 में केंद्रीय कृषि बजट में कृषि मंत्रालय के लिए अब तक का सर्वाधिक 1,41,174 करोड रुपए का प्रावधान किया जो यूपीए शासन के 5 सालों के बजट से 16 फ़ीसदी अधिक था । फसल बीमा योजना में सुधार ,सोयल हेल्थ कार्ड स्कीम और फसलों के ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म मोदी सरकार की कृषि क्षेत्र में प्रभावी उपलब्धि मानी जा सकती है ।
यूनिवर्सल बेसिक इनकम की तर्ज पर बनाई गई किसान सम्मान निधि योजना जिसमें 2 एकड़ जोत से छोटे किसानों के खातों में ₹6000 प्रति वर्ष सीधा पहुंचाने की योजना भी अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है , जिसकी पहली किश्त देश के बड़ी संख्या के किसानों के खाते में पहुंच चुकी है ।
17वीं लोकसभा के लिए मतदान करने वाले 89 करोड मतदाताओं में से 12 करोड सीधे तौर पर किसान हैं ।कुल वर्क फोर्स में से आधे कृषि क्षेत्र से हैं इस तरह कुल मतदाताओं में से लगभग आधे कृषि क्षेत्र से जुड़े हैं ।
देशभर के किसान आंदोलन के अगुआ नेताओ और किसानों से जुड़े मुद्दे उठाने वाले कार्यकर्ताओं की बड़ी जीत है कि 17 वीं लोकसभा चुनाव के मुद्दों में केंद्र में किसान है ।दोनों बड़े राजनीतिक दल प्रभावी ढंग से किसानों के कल्याण करने का वादा कर रहे हैं।
पिछले पांच सालों में अनेक किसान कल्याण योजनाएं लाकर किसानों की दशा सुधारने को संकल्पित नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अगले चुनावो के घोषणा पत्र में किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से रखा है ।
अटल सरकार के समय में शुरू की गई किसान क्रेडिट कार्ड योजना तथा मोदी सरकार की किसान कल्याण निधि को भाजपा किसानों के लिए किए गए बड़े कामों में गिनती है ।
17 वीं लोकसभा चुनाव के लिए जारी किए गए संकल्प पत्र में 75 संकल्पों में से 31 किसान और ग्रामीण विकास से जुड़े हुए हैं । 2022 तक किसानों की आय दुगनी कर देने के वादे को क्रियान्वयन में लाने के संकल्प को फिर दोहराया गया है ।इसी साल के बजट में शुरू की गई किसान कल्याण निधि जिसमें 2 एकड़ की जोत से किसान को ₹500 प्रतिमाह दिए जाते हैं इसे अगले कार्यकाल में लाभ देने के लिए जोत का आकार 2 एकड़ से बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड पर एक लाख रुपए तक 5 साल के लिए ब्याज मुक्त कर्ज एवं छोटे किसानों के लिए 60 साल की आयु के बाद पेंशन इस संकल्प पत्र में महत्वपूर्ण बातों में से है ।
25 लाख करोड़ रुपए ग्रामीण विकास के लिए खर्च करने , 20 लाख हेक्टेयर जमीन को ऑर्गेनिक खेती के लिए तैयार करने, फसल बीमा के रजिस्ट्रेशन को स्वैछिक करने, मधुमक्खी पालन, मत्स्यपालन सहित पशु पालन को बढ़ावा देने , गुणवत्ता पूर्ण बीज उपलब्ध कराने एवं कृषि निर्यात आयात की नीति बनाने जैसे महत्वपूर्ण वादे भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में शामिल किए हैं ।
पंजाब ,राजस्थान ,मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में कृषि ऋण माफी के वादे से मिली सफलता से उत्साहित कांग्रेस पार्टी ने भी किसानों को रिझाने के लिए कई बड़े लुभावने वादे किए हैं । जनआवाज नाम से तथा वी डीलीवर (हम निभाएंगे) की प्रतिबद्धता के साथ जारी किए गए घोषणापत्र में न्यूनतम आधारभूत आय (न्याय) योजना में प्रति वर्ष ₹72000 कमजोर तबके के नागरिकों के खाते में सीधे भेजने का वादा कर बड़ा दांव खेला है ।
रेलवे की तर्ज पर किसानों के लिए अलग से बजट जारी करने का वादा कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किया है। फसलों के लिए उचित बाजार मूल्य ,कर्जमाफी ,कृषि लागत में कमी के लिए तकनीक के विकड,बैंक से आसान ऋण सुविधा , कर्ज ना चुका पाने को अपराध के दायरे से बाहर निकालने , कृषि बीमा योजना में बदलाव , आधुनिक गोदाम , कोल्ड स्टोर , खाद्य प्रसंस्करण सुविधा विकसित करने जैसे वादे कांग्रेस ने किए है। वही राष्ट्रीय स्तर पर किसान विकास एवं योजना आयोग का गठन ,भूमि अधिग्रहण के लिए पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना स अधिनियम 2013 तथा वनाधिकार अधिनियम 2006 में बदलाव का वादा किसानों को ध्यान में रखकर किया गया है।
दोनो बड़े दलों के अलावा अन्य राष्ट्रीय दलों और क्षेत्रीय पार्टियों ने भी किसानों के मुद्दों को अपने घोषणा पत्रों के केंद्र में रखा है ।
उम्मीद करते हैं कि आने वाली सरकार किसानों के लिए अच्छे दिन लेकर आएगी परंतु इन सब वादों के बीच भारत के किसान को अपनी उपज का पूरा दाम और उसकी खरीद की सुनिश्चितता ही मिल जाए तो हमारा अन्नदाता स्वाभिमान और सम्मान के साथ अपना जीवन बसर कर सकेगा।

सुरेंद्रसिंह शेखावत
422, कैलाशपुरी, बीकानेर।
ssshekhawatbkn@gmail.com
(लेखक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता है।)

No comments:

Post a Comment