Thursday, 12 January 2017

भारत के युवा को बेहतर नेता चाहिए

भारत के युवा को बेहतर नेता चाहिए
______________________________
24 फरवरी, 2016 को लोकसभा में रोहित वेमुला आत्महत्या प्रकरण और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर चल रही बहस के बीच ढेन्कानाल (ओडीसा) से आने वाले बिजू जनता दल के सांसद तथागत सतपथी ने चौंकाने वाली लेकिन महत्त्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि 'भारत के युवा को हमसे बेहतर नेता मिलना चाहिए। हम (सांसद) सर्वाधिक अयोग्य लोगों का समूह हैं।
संसद में हो रहे अनावश्यक हो-हल्ले से व्यथित सतपथी यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, 'यहां हम एक-दूसरे पर चीख-चिल्ला रहे हैं किन्तु असली समस्या पर विचार नहीं कर रहे हैं। मुझे दुख के साथ दोहराना पड़ रहा है कि भारत के युवाओं को हमसे बेहतर नेता मिलने चाहिए।'
एक गंभीर राजनेता द्वारा संसद में कही यह बात बहुत महत्त्वपूर्ण है। सत्तर वर्षों के भारतीय गणतंत्र के लिए यह चिंतनीय बिन्दु है जो इस महान देश के नेतृत्व पर सवाल खड़ा करता है।
जोश और जुनून से भरे हिन्दुस्तानी नौजवान ने पिछले सत्तर सालों में हर क्षेत्र में निश्चित ही अपनी महत्त्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज करवायी है। दुनिया के विकसित देशों के सामने अपने बुद्धि-कौशल का लोहा मनवाया है। दुनिया के ताकतवर देश हिन्दुस्तानी युवाओं की मेधा को नकारने की स्थिति में नहीं है— उद्योग, व्यापार, ज्ञान, तकनीक, कौशल, खेल और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में कई शानदार उपलब्धियां भारत के युवाओं के नाम दर्ज हैं तथा हो रही हैं।
दूसरी तरफ लोकसभा और विधानसभा में हमारे माननीय नेताओं का आचरण दिन-प्रतिदिन शर्मसार कर रहा है। सांसद चाहे वे सरकार का समर्थन करने वाले हैं या विरोध में है, बैनर लहराने या पर्चियां फाडऩे और नारेबाजी करने को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का जरूरी हिस्सा मान बैठे हैं। विपक्ष को यह क्यों लगता है कि वह सदन की कार्यवाही जब तक बाधित नहीं करेगा उसकी बात सुनी नहीं जाएगी? सत्तापक्ष का अहंकारपूर्ण रवैया और विपक्ष का अडिय़ल रुख, दोनों ही संसदीय गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले हैं। संसद का पिछला सत्र इसी तरह बीत गया।
अधिकांश सांसदों का यही मकसद रह गया कि सदन में कुछ ऐसा किया जाए जो अगले दिन अखबारों की सुर्खियां बने। आप न्यूज में हैं तो जिंदा हैं और नहीं हैं तो कार्यकाल व्यर्थ।
अच्छा भाषण, महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और बहस तथा मसलों पर स्वाध्यायी सांसदों के तर्क ही कभी खबर बनते थे लेकिन अब मीडिया का ध्यान पूरी तरह से अराजकता और तमाशों पर है। गंभीर चर्चा की न्यूज वैल्यू होनी बन्द हो गई, तमाशे ही चैनलों की टीआरपी बढ़ाते हैं। 
संसद में विद्वान, स्वाध्यायी और मुद्दों पर राजनीति करने वाले सांसदों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। अकूत धन सम्पदा और ऐश्वर्य के मालिक धनबल के दम पर सदनों में प्रवेश पा जाने में सफल हो रहे हैं। दूसरे, बाहुबली अपराधी और तीसरे वोट बैंकीय जाति समीकरणों के बूते विजय पाए लोग सदन में कोलाहल और कर्कशता पैदा करते रहते हैं।
संकीर्णताओं पर सवार होकर चुनावों में विजय पाए लोगों से विद्वत्ता की अपेक्षा करना ही गलत हो गया है। ऐसों का भारत सिर्फ यहीं तक सीमित है जहां तक इनका वोट बैंक है। क्या इनसे समग्र भारत के मुद्दों पर उद्वेलित होने की उम्मीद की जा सकती है। पंजाब, कश्मीर, मणिपुर और केरल पर उतने ही उद्वेलित होना जितना वह अपने चुनाव क्षेत्र से जुड़े मुद्दे पर होते हैं, ऐसी अपेक्षाएं क्या अनुचित हैं।
संसद में चर्चा-बहसें और मंथन धीरे-धीरे नगण्य होते जा रहे हैं। बहसों का स्थान शोर-शराबों ने ले लिया है। भारत की प्रतिष्ठा पर आंच आएगी तो इसकी तपिश निश्चित ही सबको झुलसाएगी।
यहां चिंता करने वाली बात यह भी है कि इस लोकसभा में हर तीसरा सांसद आपराधिक पृष्ठभूमि वाला है। इस आशय का खुलासा सांसदों द्वारा भरे गए शपथ-पत्रों से होता है। नेशनल इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स ने शपथ-पत्र के विश्लेषण के आधार पर बताया है कि 186 (34 फीसदी) सांसदों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं वहीं 82 फीसदी सांसद करोड़पती हैं।
आपराधिक मुकदमें और धनबल उनकी बुद्धिमत्ता पर सवाल भले ही नहीं उठाता हो, परन्तु यह प्रश्न तो उठता है कि इस देश के नीति-निर्धारकों ने आजादी के लिए लडऩे वालों और लोकतांत्रिक भारत का सपना देखने वालों ने जिस गणतंत्र की कल्पना की थी उस पर हम कितने खरे उतर रहे हैं। संसदीय गरिमा का हनन करने वाले नेताओं और राजनीतिक दलों को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश का युवा आपको निरंतर वॉच कर रहा है और आवश्यकता पडऩे पर वह बदलाव की लड़ाई में कूद सकता है।
2012 में जब वयोवद्ध गांधीवादी नेता अन्ना हजारे ने आह्वान किया तो देशभर में नौजवान तिरंगा लेकर भारत की जय बोलता हुआ भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतर आया था। जाति, वर्ग, धर्म का भेद किये बिना देशभर के युवकों ने बदलाव के लिए कमर कस ली थी। इससे पहले पिछली सदी के आठवें दशक में भी संपूर्ण क्रांति आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण के आह्वान पर युवा उसी तरह उद्वेलित हुए जिस तरह गांधी, सुभाष और भगतसिंह के आह्वान पर कभी होते थे।
राजनीतिक दलों को यह बात समझने की आवश्यकता है कि वे इक्कीसवीं सदी के भारतीय युवा के सपनों को साकार करने वाला नेतृत्व दें। दल ये भी ध्यान रखें कि मौके-बेमौके देश के युवाओं ने उनके द्वारा दिए गए सीमित विकल्पों के चयन को भी नकारा है। समय का तकाजा है कि सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार के चयन का अवसर मतदाता को दिया जाना चाहिए।
याद रखें, भगतसिंह ने अपने लेख में युवाओं का आह्वान किया कि वे पढे, जरूर पढे पर राजनीति का ज्ञान हासिल करें और जब जरूरत दिखे तो मैदान में कूद पड़ें,  अपना जीवन इसी काम में लगा दें। नेहरू के शब्दों में— 'प्रत्येक नौजवान को विद्रोह करना चाहिए। राजनीतिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, और धार्मिक क्षेत्र में भी। महान परम्पराओं से पोषित भारत का नौजवान अमेरिकी युवक दल के नेता पेट्रिक हेनरी की उस बात को भी अंगीकार किये हुए है जिसमें वे कहते हैं कि 'वी बिलिव देट वेन ए गवर्नमैंट बिकेम ए डेस्टे्रक्टीव ऑफ द नेचुरल राइट ऑफ ए मैन, इट इज द मैन्स डयूटी टू डेस्ट्रोय द गवर्नमैंट।'
●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
[लेखक राजनीति सामाजिक कार्यकर्ता है।]



Friday, 6 January 2017

गुर्जर आरक्षण मामला नौ दिन चले अढाई कोस

गुर्जर आरक्षण मामला नौ दिन चले अढाई कोस

राजस्थान उच्च न्यायालय ने कैप्टन गुरविंदरसिंह की रिट याचिका का निस्तारण करते हुए राजस्थान विधानसभा में पारित विशेष पिछड़ा वर्ग आरक्षण अधिनियम के नोटिफिकेशन को अवैध घोषित कर दिया।
पिछले नौ सालों में अरबों रुपए की सरकारी सम्पत्ति के नुकसान, आमजन को हुई ढेरों परेशानियां व 72 गुर्जर युवाओं की मृत्यु और नौ साल के लम्बे समय में हुईं सैकड़ों वात्र्ताओं के बाद बात वहीं की वहीं। हाईकोर्ट के इस फैसले से गुर्जर आरक्षण फिर उसी चौराहे पर आ खड़ा हुआ, जहां से यह शुरू हुआ था।
आंदोलन के शुरू में गुर्जरों ने अनुसूचित जनजाति में आरक्षण की मांग की, फिर विशेष पिछड़ा वर्ग में और अब वे ओबीसी की सूचि में विभाजन की बात करने लगे हैं। गुर्जरों को किस कोटे में आरक्षण मिले, इस पर मत-भिन्नता होते हुए भी सभी इस बात पर तो सहमत हैं ही कि गुर्जर वास्तव में पिछड़े हैं तथा विशेष राजकीय प्रयासों से उन्हें मुख्यधारा में लाने की जरूरत है।
दरअसल मुद्दा कोटे का नहीं है। अगर आरक्षण आंदोलनों की तह में जाकर पड़ताल करें तो बातें दूसरी ही निकल कर आती हैं। निर्णय लेने वाले लोगों द्वारा, आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर बिना विचार किए अपने राजनीतिक नफे-नुकसान के तराजू में तोलकर लिए गए अन्यायपूर्ण निर्णय वास्तव में इसके लिए ज्यादा जिम्मेदार है। गुर्जरों के मामले में पड़ताल करें तो पाएंगे कि राज्य की एक जाति को अनुसूचित जनजाति के कोटे में शामिल कर लिया गया। सम्भवतया यह जाति उन मापदण्डों पर खरा नहीं उतरती जो जनजाति के कोटे में शामिल करने के लिए बनाए गए थे। माना जाता है कि ऐसा राजनीतिज्ञों और नौकरशाहों की विशेष लॉबिंग से नियमों को दरकिनार कर उस समूहविशेष को जनजाति कोटे में शामिल कर लिया गया। जनजाति कोटे से मिले यकायक फायदे से इस जाति की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थितियों में आश्चर्यजनक सुधार से गुर्जरों को भी यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि एक जैसे सामाजिक और शैक्षणिक हालात में होने के बावजूद एक जातिविशेष को इतना लाभ कैसे मिला!
दूसरी तरफ राजस्थान में ही एक चुनावी सभा में देश के पूर्व प्रधानमंत्री ने जब वोट देने के आधार पर एक जाति को ओबीसी आरक्षण देने का वादा किया और चुनाव जीतने के बाद उस वादे को निभाया तो यह तय हो गया कि आरक्षण नियम-कायदों के आधार पर न मिलकर आंदोलनों और राजनीतिक लाभ-हानि के आधार पर मिलता है। ऐसे में आरक्षण मांगने वाली जातियां आंदोलन का रुख इख्तियार करने लगीं।
राजनीतिक लाभ-हानि के आधार पर आरक्षण देने के दो बड़े उदाहरण हमारे सामने हैं जिनके दूरगामी परिणाम बड़े खतरनाक निकले हैं। पहला उदाहरण, राजस्थान राज्य में चुनावी वादे के बाद 1999 में केन्द्र एवं बाद में राज्य सरकार द्वारा जाट जाति को ओबीसी सूचि में शामिल कर लिया गया। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित की गई प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए आरक्षण दे दिया गया। फलस्वरूप राज्य में दूसरी जातियों ने भी आंदोलन शुरू कर दिए। गुर्जर आरक्षण आन्दोलन में पटरियां उखाडऩे की घटना उसी की परिणति है।
दूसरा, 2013 में यूपीए सरकार के अंतिम दिनों में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग की रिपोर्ट को दरकिनार कर आठ राज्यों के जाटों को ओबीसी की केन्द्रीय सूचि में शामिल कर लिया गया। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने रामसिंह एवं अन्य की रिट याचिका पर फैसला देते हुए यूपीए सरकार के निर्णय को अवैध घोषित कर दिया, फलस्वरूप पूरा हरियाणा और पश्चिमी उत्तरप्रदेश जातीय दंगों की भेंट चढ़ गया। हरियाणा के जाट आरक्षण आंदोलन की विभीषिका याद करके ही दिल दहल जाता है।
उपरोक्त दोनों उदाहरणों के अलावा और भी बहुत उदाहरण मिल जाएंगे जब सरकारों ने राजनीतिक लाभ-हानि के लिए नियम, कानून-कायदों और निर्धारित प्रक्रियाओं को ताक पर रखा है उसकी परिणति राष्ट्रीय सम्पत्ति के नुकसान, आन्दोलनों और दंगों के रूप में हुई है।
गुर्जर आरक्षण मामला भी उसी तरह का है। पिछले साल राजस्थान विधानसभा में एक ही दिन दो आरक्षण बिल पारित किए गए। पहला विशेष पिछड़ा वर्ग का जिसमें गुर्जर सहित पांच जातियों को पांच फीसदी आरक्षण तथा दूसरा राजपूत, ब्राह्मण, वैश्य सहित सभी अनारक्षित जातियों के गरीब तबके के लिए आर्थिक पिछड़ा वर्ग बनाकर। 14 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान किया गया। विधानसभा में दो विधायकों, मानिकचंद सुराना और मनोज न्यांगली ने इस पर आपत्ति भी उठाई, मगर दोनों बिल पास कर दिए गए।
हमने उसी दिन बयान जारी करके राजस्थान विधानसभा के दो सौ विधायकों की सामूहिक बुद्धिमत्ता पर सवाल उठाया था कि जो बात उनके अधिकारों के दायरे में ही नहीं आती उस पर कानून बनाने का अधिकार उन्हें किसने दिया।
राजस्थान उच्च न्यायालय पहले ही इसी तर्ज पर 2008 में राजस्थान विधानसभा में पारित किए गए आरक्षण बिल को निरस्त कर चुका है। तथा जिन तथ्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने आरक्षण बिल निरस्त किया उन पर नए बिल पेश करने से पूर्व कोई रास्ता नहीं निकाला गया। हाईकोर्ट ने इंदिरा सहानी मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आरक्षण के लिए निर्धारित की गई 50 प्रतिशत की सीमा को तोडऩे के आधार पर ही बिल को अवैध घोषित किया है। इस पर इस बार सरकार का तर्क यह था कि इसे नौवीं अनुसूची में शामिल करवा दिया जाएगा। नौवीं सूचि सम्पत्ति अधिग्रहण की विधियों के लिए बनाई गई है जिसे न्यायालय में चुनौती नहीं दी जा सकती, परन्तु बाद में निर्णयों में उच्चतम न्यायालय ने निर्णय दिया कि 'नौवीं अनुसूची कोई कॉरपेट नहीं है जिसके नीचे कचरे को छिपा दिया जाए।Ó यानी सम्पत्ति अधिग्रहण के लिए बनाई गई अनुसूची में अगर दूसरे विषय डाले जाएंगे तो निश्चित ही संविधान की रक्षा करने वाला सर्वोच्च न्यायालय उस पर सवाल उठाएगा ही।
क्या निकले हल
गुर्जर वर्तमान में ओबीसी सूचि में शामिल है परन्तु उन्हें अपनी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। यह पीड़ा गुर्जर ही नहीं ओबीसी सूचि में शामिल दूसरी बहुत-सी जातियों की भी है।
आरक्षण संबंधी एक फैसले में राजस्थान उच्च न्यायालय ने यह माना है कि ओबीसी सूचि में शामिल 36 जातियों का प्रतिनिधित्व शून्य है। इसी फैसले में उच्च न्यायालय ने सूचि में शामिल सभी जातियों की समीक्षा करने का भी आदेश दिया है।
दूसरी तरफ राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग समय-समय पर ओबीसी सूचि के विभाजन की सलाह देता रहा है। बिहार राज्य में पिछड़ा वर्ग तथा अत्यंत पिछड़ा वर्ग के रूप में ओबीसी सूचि का बंटवारा पहले से किया हुआ है। देश के वर्तमान गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी यूपी का मुख्यमंत्री रहते हुए ऐसा ही फार्मूला सुझाया था जिसे राजनाथ फार्मूला कहा जाता है।
अगर इस दिशा में राजस्थान सरकार भी सोचे और उच्च न्यायालय के निर्णयानुसार ओबीसी आयोग से रिपोर्ट मांगें तो ओबीसी सूचि के बंटवारे की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। ओबीसी सूचि में शामिल जातियों को कृषक वर्ग, कामगार वर्ग, सेवक वर्ग और अति पिछड़ा अथवा घुमंतू वर्ग के रूप में सूचि विभाजन करके आबादी के अनुरूप आरक्षण का बंटवारा किया जा सकता है। गुर्जर सहित अन्य जातियां जिन्हें विशेष पिछड़ा वर्ग में लिया है उन्हें ओबीसी सूचि में ही अति पिछड़ा मानकर आरक्षण दिए जाने से इस विवाद का हल निकाला जा सकता है बशर्तें सरकार राजनीतिक नफे-नुकसान का आकलन किए बिना निष्पक्ष सर्वे करवाए एवं राज्य के पिछड़ा वर्ग की जातियों को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण का बंटवारा कर दे।
सुरेन्द्रसिंह शेखावत
लेखक राजनीति सामाजिक कार्यकता