कोरोना कहीं हमारे पापों का दंड तो नहीं
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
"ये भूकम्प तुम्हारे पापों का दंड है खासकर तुम्हारे अस्पृश्यता के पापों का ।" 15 जनवरी 1934 को बिहार में आए भारी भूकम्प से त्रस्त लोगों के बीच सेवा कार्य करते, गांव गांव नंगे पांव घूमते गांधी ने यह चेतावनी दी थी । यद्यपि वैज्ञानिकतावादियों ने बापू के इस बयान का घोर विरोध किया परन्तु बापू अपने अर्थों में इस बयान पर अडिग रहे ।
आज उन्ही गांधी की 150 वीं जयन्तिवर्ष के मौके पर जब पूरी दुनियां एक सूक्ष्म वायरस के महामारी में तब्दील होने से न केवल आतंकित है बल्कि दुनियां के अधिकांश लोग अदने से वायरस से भयभीत अपने रोजमर्रा के काम बंद कर घरों में दुबके बैठे है । ऐसे में बापू का यह बयान इस रूप में प्रासंगिक नजर आता है ," यह महामारी ,कहीं प्रकृति के प्रति हमारे पापों का दंड तो नहीं ।"
भौतिकतावादी अंधी दौड़ में दौड़ते हुए देश दुनियां के लोगों को "मरने" का भी वक्त नहीं था। 24 घण्टे 365 दिन यह अंधी दौड़ गतिमान थी जो "विकास" के दावे करती थी । मशीन बना आदमी तकनीक का इतना गुलाम हो गया था कि उसे प्रकृति के बारे में सोचने का ही वक्त नही था । इतने में एक वायरस का आगमन सारी गतिविधियों को रोक देता है । मानव अपने को असहाय पाता है । वह हाथ मिलाने और पास आने से भी घबरा रहा है । अखबार और टीवी चैनल्स पर सरकारें नागरिकों को घरों में रहने की हिदायत देती है ।
पर्यावरण प्रदूषण खत्म हो गया है । जिस ऑड इवन की कोशिश से दिल्ली साफ नही हुई ,वह अब प्रदूषण मुक्त है । करोड़ो अरबो खर्च होकर भी गंगे नमामि न हो पाई ,वह अब स्वच्छ बह रही है । जालन्धर से हिमालय दिख रहा है । आसमान में तारे स्पष्ट नजर आ रहे है । आदमी के पास वक्त ही वक्त है । जो काम मशीनरी, सरकारें, कोर्ट कचहरी नहीं कर पाई , प्रकृति ने उस कर दिखाया ।प्रकृति न्याय करती है । दुनियां पर धौंस दिखाने और वैश्विक महाशक्ति के दावे करने वाले मुल्कों के मालिक असहाय हो कहते है कि अभी मौतें और होगी । हम कुछ नहीं कर सकते ।
आज से सौ साल पहले ही गांधी ने मानव द्वारा प्रकृति के दोहन से उत्पन्न होने वाले खतरे को पहचान लिया था तथा बार बार अपने लेखों और भाषणों में इस संकट के बारे में चेताया भी था ।दक्षिण अफ्रीका के पर्यावरणविद प्रो. जॉन एस मूलाकट्टू मानते है कि गांधी की “सात दिन के आश्चर्य” के रूप में आधुनिक सभ्यता की व्याख्या में भविष्यवाणी और चेतावनी, दोनों शामिल थी। पर्यावरण के संबंध में उनके द्वारा की गई कुछ सीधी टिप्पणियां दर्शाती हैं कि कैसे गांधी ने उन अधिकांश पर्यावरणीय समस्याओं का पूर्वानुमान लगा लिया था जिनका आज हम सामना कर रहे हैं। उन्होंने इच्छाओं की सीमितता को केंद्र में रखकर मूलभूत आवश्यकता आधारित मॉडल की परिकल्पना की जिसमें समाज और प्रकृति के विभिन्न तत्वों के बीच एक प्रकार का तालमेल बनाने पर ध्यान दिया जाता है, जो आधुनिक सभ्यता के विपरीत है । जिसमें वस्तुगत कल्याण को बढ़ाने के लिए एक-आयामी मार्ग को बताया जाता है।
अपनी पुस्तक “हिंद स्वराज” में उन्होंने लगातार हो रही खोजों के कारण पैदा हो रहे उत्पादों और सेवाओं को मानवता के लिए खतरा बताया था। उन्होंने वर्तमान सभ्यता को अंतहीन इच्छाओं और शैतानी सोच से प्रेरित बताया। उनके अनुसार, असली सभ्यता अपने कर्तव्यों का पालन करना और नैतिक और संयमित आचरण करना है। उनका दृष्टिकोण था कि लालच और जुनून पर अंकुश होना चाहिए। टिकाऊ विकास का केंद्र बिंदु समाज की मौलिक जरूरतों को पूरा करना होना चाहिए। गांधी के अनुसार आधुनिक शहरी औद्योगिक सभ्यता में ही उसके विनाश के बीज निहित है।गांधी कहते थे कि जो व्यक्ति अपनी दैनिक आवश्यकताओं को कई गुना बढ़ाता है वह सादा जीवन, उच्च विचार के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकता।
महात्मा गांधी जब 1913 में दक्षिण अफ्रीका में अपने सत्याग्रह आंदोलन की अगुआई कर रहे थे तभी उन्होंने यह महसूस कर लिया था कि आधुनिक समाज तक स्वच्छ हवा पहुंचाने में लागत आएगी। अपने एक लेख “की टु हेल्थ” में उन्होंने साफ हवा की जरूरत पर रोशनी डाली। जिसमें कहा गया है कि शरीर को तीन प्रकार के प्राकृतिक पोषण की आवश्यकता होती है हवा, पानी और भोजन लेकिन साफ हवा सबसे आवश्यक है।आज से करीब 100 साल पहले 1 जनवरी 1918 को अहमदाबाद में एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत की आजादी को तीन मुख्य तत्वों वायु, जल और अनाज की आजादी के रूप में परिभाषित किया था।
यूरोपीय लोगों के संदर्भ में दिए गए उनके एक बयान की प्रासंगिकता आज पूरे मानव समाज को है। उन्होंने 1931 में लिखा था कि भौतिक सुख और आराम के साधनों के निर्माण और उनकी निरंतर खोज में लगे रहना ही अपने आप में एक बुराई है।उन्होंने कहा कि मैं यह कहने का साहस करता हूं कि यूरोपीय लोगों को अपने दृष्टिकोण पर पुनर्विचार करना होगा। इससे उनका काफी नुकसान होगा और वह आरामतलबी के दास बन जाएंगे। 1928 में ही उन्होंने भारतीयों को चेतावनी दी थी कि विकास और औद्योगिकता में पश्चिमी देशों का पीछा करना मानवता और पृथ्वी के लिए खतरा पैदा करेगा।
1930 के गांधी जी के ऐतिहासिक दांडी मार्च के जरिए उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों पर आम लोगों के अधिकारों पर जोर दिया था।उन्होंने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य भारत की आजादी से भी आगे जाकर दुनिया को भौतिकवाद के राक्षसी लालच के चंगुल से मुक्त करना है। यह एक शक्तिशाली बयान था जिसमें उन्होंने लालच पर आधारित आधुनिक सभ्यता की आलोचना के साथ साथ टिकाऊ विकास पर जोर दिया था।
भीखू पारेख के अनुसार, “गांधी ने इस मानवतावादी विचार को चुनौती दी कि मनुष्य गैर-मानव दुनिया पर पूर्ण सत्तात्मक श्रेष्ठता और इसके फलस्वरूप वर्चस्व का अधिकार प्राप्त करता है।” यह मनुष्य को उसकी जड़ों से दूर करता है और मानवरूपी अहंकारी साम्राज्यवाद का शिकार बन जाता है। इसके विपरीत, गांधी का महान वैज्ञानिक मानव-शास्त्र मनुष्य की मौलिक जड़ों को पुन: स्थापित करता है, उनके और प्राकृतिक दुनिया के बीच अधिक संतुलित और सम्मानित संबंध स्थापित करता है, पशुओं को उनका उचित स्थान दिलाता है तथा अधिक संतोषजनक और पारिस्थितिक रूप से जागरूक दार्शनिक मानव-शास्त्र का आधार प्रदान करता है।
ये सब तथ्य बताते हैं कि एक सदी पहले धरती पर आने वाले खतरों का भान गांधी को तभी हो गया था तथा पृथ्वी को बचाने के लिए गांधीजी की मौलिक सोच और उनके विचार कितने महत्वपूर्ण और गहरे हैं। इसलिए टिकाऊ और सतत विकास के लिए गांधी जी के विचारों को फिर से समझना अनिवार्य है।
कोरोना संकट से उबरने के बाद गांधी मार्ग की तरफ बढ़ने का चिंतन कम से कम भारत को तो करना ही चाहिए । उनके वैराग्य और सादा जीवन, ग्रामीण स्वायत्तता और स्वावलंबन पर आधारित ग्राम केंद्रित सभ्यता का विचार हमारे लिए अनुकूल है । उनका प्रसिद्ध वक्तव्य “धरती के पास सभी की जरूरतों को पूरा करने लिए पर्याप्त है, किंतु किसी के लालच के लिए नहीं” समकालीन संकट में बहुत महत्वपूर्ण है
No comments:
Post a Comment