Monday, 20 April 2020

गांधी के रचनात्मक कार्यक्रम:आज के परिपेक्ष्य में

गांधी के रचनात्मक कार्यक्रम : आधुनिक परिप्रेक्ष्य में

- सुरेंद्रसिंह शेखावत

गांधी का मानना था कि सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन साथ साथ चलने चाहिए इसीलिए हरेक राजनीतिक कार्यकर्ता को कुछ न कुछ रचनात्मक काम करने की अपील गांधी करते है ।
गांधी ने आजादी की राजनीतिक लड़ाई को सामाजिक परिवर्तन के काम से जोड़ा।प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को उन्होंने रचनात्मक कार्यक्रम से जुड़ने की सलाह दी । इसी का नतीजा यह हुआ कि चरखा कातना, खादी पहनना , महिलाओं को पढ़ाना, अस्पृश्यता निवारण और इस तरह के सभी रचनात्मक काम आजादी की लड़ाई में हथियार बन कर उभरे और यहां तक कि आजादी की जंग के सेनानी इन रचनात्मक कामों से निकले ।
आज के परिपेक्ष्य में रचनात्मक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए गांधी की इन कार्यक्रमों के पीछे की भावना को एकबार जानना चाहेंगे ।
गांधीजी महज परोपकार को ही रचनात्मक कार्य नहीं मानते थे | उनका मत था जो भी मनुष्य में अहिंसक शक्ति जगाए वही रचनात्मक कार्य है | आज के सन्दर्भ में यह और भी महत्त्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि सरकारों के साथ ही साथ जनता का एक वर्ग भी हिंसक तरीके से उद्देश्यपूर्ण को उचित मानने लगा है |
रचनात्मक कार्य, गांधीजी द्वारा इस्तेमाल किया हुआ पारिभाषिक शब्द है | यों तो सड़क, मकान या पुल बनाने के काम को रचनात्मक माना जा सकता है | परन्तु गांधीजी ने इन शब्दों को एक विशिष्ट अर्थ में प्रयोग किया था | गांधी उसी कार्यक्रम को रचनात्मक कार्यक्रम मानते थे जो आम जनता की अहिंसक शक्ति जगाता हो |
हममें से कईयों का रचनात्मक कार्यक्रम से मतलब करुणाजनित कार्यक्रम होता है | गांधीजी ने भी शुरुआत उसी प्रकार की थी |
गांधी का कार्यक्रम करुणा से शुरु हुआ था, लेकिन वहीं पूरा नहीं हुआ | उन्होंने इसे समाजव्यापी बनाया और जीवन के अनेक पहलूओं को उन्होंने रचनात्मक कार्यक्रम में समेत लिया |
वैसे ये शब्द उन्होंने भारत में आने के बाद कांग्रेस के लिए पहली बार प्रयोग किए | तीन मुद्दों के बढ़ते-बढ़ते वह अठारह मुद्दों तक पहुँचा और उसके बारे में भी उन्होंने लिखा कि यह कार्यक्रम इन अठारह कार्यक्रमों से समाप्त नहीं हो जाता | परिस्थिति की आवश्यकतानुसार वह बढ़ता रहेगा |

उन्होंने रचनात्मक कामों की व्याख्या ही यह कर दी कि जिसमें से लोकशक्ति खड़ी हो वही रचनात्मक काम | उन्होंने तो यहाँ तक कह दिया कि अगर समूचा देश सारे रचनात्मक कार्यक्रम को पूरा-पूरा अमल में लाए तो स्वराज के लिए असहयोग, सविनय कानून भंग जैसे सत्याग्रह करने की जरूरत ही नहीं होगी | देश अपने आप ही स्वतंत्र हो जायेगा |
क्रांतिकारी के दो पहलू होते हैं – धनात्मक एवं ऋणात्मक, सकारात्मक एवं नकारात्मक | क्रांति का एक काम उस व्यवस्था को जमींदोज करना होता है जो जीर्ण, बिगड़ी व सड़ी गली हो और उसका दूसरा काम है जीती जागती, निरामय समाज की रचना करना | वे ऐसे समाज को अहिंसक समाज कहते थे |
गांधी के कार्य की यह क्रांतिकारिता देखकर ही वियतनाम के साम्यवादी नेता हो ची मिन्ह ने कहा था कि “पहली और आखिरी बात | हम और हमारे जैसे दूसरे क्रांतिकारी सब गांधी के शिष्य हैं
आज के परिपेक्ष्य में गांधी की सकारात्मक क्रांतिकारिता की जरूरत अधिक बढ़ गई है ।देश की आजाद के सत्तर साल बीत जाने के बाद देश में एक रचनात्मक कामों की सकारात्मक क्रांति की आवश्यकता है। गांधी के रचनात्मक कार्यक्रमों में शुरू में कौमी एकता, अस्पृश्यता निवारण और खादी ही थे जिसे समयानुसार बढ़ाकर अट्ठारह कर दिया था , उसी तरह उनमें से एक आध मसले की अब जरूरत नहीं रह गई लेकिन कुछ नए काम जोड़े जाने की जरूरत बढ़ गई है जैसे जल संरक्षण एक महत्वपूर्ण मुद्दा है । तत्कालिक समय में इसकी आवश्यकता नहीं थी लेकिन आज देश में जल संकट के जो हालात खड़े है उसको देखते हुए इस दिशा में भी काम किए जाने की आवश्यकता है।
यद्यपि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छता मिशन बापू की रचनात्मक कार्यक्रम का ही हिस्सा रहा और जिस ढंग से देश में प्रधानमंत्री की अपील को अंगीकार किया है उससे निश्चित ही लगता है कि आज के परिपेक्ष में बापू का स्वच्छ भारत का सपना साकार होने की तरफ आगे बढ़ रहा है ।
इसी तरह 70 वर्ष बीत जाने के बाद आज भी समाज में ऊंच-नीच और छुआछूत की प्रवृत्ति बनी हुई है और हालांकि बड़े स्तर पर अस्पृश्यता निवारण का काम तो हुआ है लेकिन ग्रामीण भारत आज भी संकट को झेल रहा है इस दिशा में भी काम किए जाने की आवश्यकता है।
रोजगार का संकट नई पूंजीवादी व्यवस्था में भयानक बनकर उभरा है ऐसे समय में गांधी के आर्थिक असमानता के निवारण के उपाय, ग्रामोद्योग , स्वदेशिक संकल्प की की आवश्यकता आज पहले से बजाय ज्यादा बढ़ गई है । ऐसे समय में ग्रामीण भारत में रोजगार के संकट को दूर करने के लिए ग्राम आधारित लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के बापू के सपने पर फिर से काम किए जाने की जरूरत है।
नई तालीम, प्रौढ़ शिक्षा, महिला शिक्षा और स्वास्थ्य शिक्षा के सपने भी अधूरे पड़े है । क्षेत्रीय भाषाओं के विवाद बढ़े ही है और राष्ट्र भाषा राष्ट्रव्यापी पहचान के लिए संघर्ष कर रही है किसान, मजदूर, आदिवासी और छात्रों की समस्याएं ज्यों की त्यों बरकरार है ।ऐसे दौर में फिर से एक नई आजादी की लड़ाई की दरकार है जो अहिंसक समाज निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सके । राजनीतिक नेतृत्व को स्वच्छ भारत और बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों का दायरा बढ़ाने की जरूरत है वैसे ही सामाजिक आंदोलनों के जरिए नई राजनीतिक व्यवस्था खड़ी करने वाले नए नेतृत्व को आगे आने की जरूरत है । गांधी उस लोक में अपने अधूरे सपने को पूरा होने की उम्मीद लगाए बैठे है ।

No comments:

Post a Comment