आजादी के जश्न के दिन गांधी
15 अगस्त 1947 का दिन था , गांधी कोलकाता में थे। देश के प्रमुख अखबार हिंदुस्तान टाइम्स के एक संवाददाता ने बापू से स्वतंत्रता दिवस पर कोई संदेश देने को कहा तो बापू ने जवाब दिया , "वह अंदर से खालीपन महसूस कर रहे हैं।"
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन बीबीसी ने उनके सचिव से आग्रह किया कि वह महात्मा का एक संदेश दिलवाने में मदद करें जो पूरी दुनिया की निगाहों में हकीकत में हिंदुस्तान की नुमाइंदगी करते हैं । गांधी ने कहा कि बेहतर होगा वह लोग जवाहरलाल से बात करें । बीबीसी वाले नहीं माने और उन्होंने फिर से अपने पत्रकार को यह कहने के लिए भेजा कि इस संदेश को दुनिया की कई भाषाओं में अनूदित किया जाएगा और पूरी दुनिया के लोग इसे सुनेंगे । बीबीसी अपने प्रस्ताव को आकर्षक बना कर पेश कर रही थी । गांधी पर इस प्रस्ताव का कोई असर नहीं था, उन्होंने कहा कि- 'उनसे कह दो कि गांधी अंग्रेजी नहीं जानता। ' बापू ने इस एक पंक्ति में अपना संदेश दे दिया था ।
उधर नई दिल्ली में 14 अगस्त की रात ग्यारह बजे पूर्ववर्ती ब्रितानी हुकूमत के दौरान विधान परिषद के रूप में उपयोग होने वाले ऊंचे गुबंद के सभाकक्ष में आजादी का जश्न शुरू हुआ था ।सबसे पहले वन्देमातरम गाया गया और फिर जंगे आजादी के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया । चौधरी ख़ालिकज्जमा , सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन और पंडित जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण हुए । और अंत में महिलाओं की तरफ से राष्ट्रीय झंडा प्रस्तुत हुआ । इसी तर्ज पर दिल्ली में पंद्रह अगस्त का दिन संविधान सभा की बैठकों , शपथ और दावतों से भरा हुआ था । देश के लगभग सारे राजनीतिक नेतृत्व वाले लोग इस जश्न के साक्षी थे ।
इधर कलकत्ता में 14 अगस्त को शाम को बंगाल के मुख्यमंत्री बापू से मिलने आए थे जिन्होंने उनसे पूछा कि अगले दिन इस समारोह को किस तरह से मनाया जाए । बापू ने कहा कि 'चारों तरफ लोग भूख से मर रहे हैं फिर भी आप चाहते हैं कि इस तरह के विनाश की घटना के बीच भी कोई समारोह मनाया जाए '
गांधी जी ने 15 अगस्त 1947 को चौबीस घंटे का उपवास किया । जिस आजादी के लिए उन्होंने इतना लंबा संघर्ष किया वह बड़ी महंगी नसीब हुई थी । आजादी तो मिली थी लेकिन इसके साथ ही मुल्क का बंटवारा भी हो गया था । पिछले बारह महीनों से देश लगातार हिंदू और मुसलमानों के बीच दंगों का गवाह रहा था।
12 अगस्त 1946 को वायसराय वेवल ने पंडित नेहरू को अन्तरिम सरकार का कार्यभार सौंपा । उधर जिन्ना ने अस्थायी सरकार में शामिल होने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया और 16 अगस्त को 'सीधी कार्यवाही का दिन ' मनाया। कोलकाता में 16 अगस्त 1946 को हिंसा शुरू हो गई थी और इसकी आग बंगाल के अंदरूनी हिस्सों में फैल गई थी। यहां से इस दंगे ने बिहार को अपनी चपेट में ले लिया। फिर इसकी लपट संयुक्त प्रांत और आखिर में पंजाब तक फैल गई। पंजाब में हिंसा का स्तर और नरसंहार की भीषणता इतनी ज्यादा थी किसने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
महात्मा गांधी इस हिंसा में मूकदर्शक बने रहना नहीं चाहते थे जब ग्रामीण बंगाल में हिंसा की पहली खबर आई तो उन्होंने अपना सारा काम छोड़ दिया और सीधे घटनास्थल की तरफ रवाना हुए । वह सतहतर साल का बुड्ढा कीचड़ और चट्टानों से भरे कठिन इलाकों में हिंदुओं को सांत्वना देता फिर रहा था जिन्हें हिंसा की विकरालता को झेलना पड़ा था। अपने सात सप्ताह की यात्रा के दौरान गांधीजी ने 116 मील की यात्रा की जिसमें ज्यादातर वे पैदल चले। इसके बाद उन्होंने बिहार की यात्रा की जहां मुसलमान मुख्य रूप से हिंसा का शिकार हुए थे , फिर वे दिल्ली पहुंचे जहां पंजाब से बड़ी तादाद में हिंदू और सिक्ख शरणार्थी आए हुए थे । इन शरणार्थियों का उस नरसंहार में सब कुछ लुट चुका था । वह बदले की आग से जल रहे थे , जिसे गांधी जी ने शांत करने की कोशिश की । गांधी इस बात से आशंकित हैं कि अगर ऐसा हुआ तो फिर हिंदुस्तान भर में बाकी बचे हुए मुसलमानों के खिलाफ हिंसा की आग भड़क उठेगी जिन्होंने इस मुल्क में ही रुकने का फैसला किया था ।
आजादी की नीयत तारीख से दो सप्ताह पहले ही बापू ने दिल्ली को छोड़ दिया उन्होंने चार दिन कश्मीर में बिताए और उसके कोलकाता की ओर रवाना हुए जहां साल भर से भड़का दंगा खत्म नहीं हुआ था ।
गांधी की जीवनी लिखने वाले अमेरिकन पत्रकार लुई फिशर लिखते हैं कि गांधी 9 अगस्त 1947 को कोलकाता पहुंचे धार्मिक उन्माद से भरी हुई गलियों में गांधीजी और हसन सुहारावर्दी बांह में बांह डाले घूमे । दंगे के क्षेत्र में सुहारावर्दी गांधी को अपनी कार में खुद ले गए । जहां कहीं यह दोनों गए वहां मारकाट मानो काफूर हो गई। हजारों मुसलमान और हिंदू आपस में गले मिले और उन्होंने नारे लगाए 'महात्मा गांधी - जिंदाबाद', 'हिंदू मुस्लिम एकता - जिंदाबाद'
गांधी जी की दैनिक प्रार्थना सभाओं में विशाल भीड़ भाईचारा प्रकट करने लगी। 14 अगस्त के बाद कोलकाता में कोई दंगा नहीं हुआ । गांधी जी ने तूफान को शांत कर दिया समाचार पत्रों ने लंगोटी वाले जादूगर की प्रशंसा में लेख लिखे ।
13 तारीख की दोपहर को उन्होंने मुस्लिम बहुल इलाके बेलियाघाट में अपना डेरा जमाया। गांधी यहां इस इरादे से आए थे कि कलकत्ता जैसे मुख्य शहर में अमन जी बहाली हो सके ।
15 अगस्त के दिन बापू ने उपवास और प्रार्थना के कार्यक्रम का फैसला किया । सड़कों और गलियों के पर हिंदुओं और मुसलमानों ने राष्ट्रीय झंडा लगाकर बैनर और झालरों से सजावट की है । इस तरह की आपसी मेलजोल की खबरों ने बापू को थोड़ी राहत पहुंचाई उन्होंने तय किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को अपना संदेश देंगे । लेकिन यह संदेश बीबीसी के माध्यम से नहीं दिया जाएगा बल्कि वे अपनी प्रार्थना सभा के जरिए देंगे ।
'भारत गांधी के बाद' लिखने वाले रामचन्द्र गुहा लिखते है कि
कई सारी रिपोर्ट्स बताती है कि भारी भीड़ बापू को सुनने के लिए बेलियाघाट के रास बागान मैदान में जमा हुई । गांधी ने कहा कि वे चाहेंगे कि 'हिंदू और मुसलमानों के बीच भाईचारे की भावना क्षणिक साबित ना हो बल्कि स्थाई रूप से दिल में कायम रहे । उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों ने हिंसा का जहर पिया है जबकि अब जब सब कुछ बीत चुका है तो उन्हें दोस्ती का अमृत इससे भी मीठा लगेगा । कौन जानता है कि इसके नतीजे में कलकत्ता सांप्रदायिक विषाणु से मुक्त हो जाए।'
15 अगस्त को कोलकाता में शांति थी यह सुकून देने वाली बात थी क्योंकि बीते साल कई सप्ताह तक शहर भयानक हिंसा की चपेट में था । बंटवारे की शर्तों के मुताबिक बंगाल का विभाजन हो गया था इसका पूर्वी हिस्सा पाकिस्तान को पश्चिम भारत को मिला था । स्वाभाविक रूप से सूबे के सबसे बड़ा शहर कोलकाता झगड़े का प्रमुख कारण था । रेडक्लिफ द्वारा तय की गई लकीरों ने इसके भारत में रहने का फैसला किया था। जिससे आजादी की पूर्व संध्या पर दंगे की आशंका प्रबल हो गई थी।
लेकिन लँगोटी वाले जादूगर ने कमाल ही कर दिया । लॉर्ड माउंटबेटन ने कहा कि पंजाब में काम कर रहे पचास हजार फौज के जवानों की तुलना में बंगाल में एक निहत्था आदमी ज्यादा प्रभावशाली साबित हुआ।कोलकाता के प्रमुख अखबार स्टेट्समैन जो एक अरसे से गांधीजी और उसकी राजनीति के खिलाफ था ने लिखा कि , " काफी लंबे समय के बाद उपवास के सबसे मशहूर प्रयोग करता एक हिंदुस्तानी नेता द्वारा इसे एक राजनीतिक हथियार के रूप में , एक सिद्धांत के तौर पर हम समझने में नाकाम रहे थे लेकिन हमारी निगाह में अपने लंबे राजनीतिक जीवन में महात्मा गांधी ने इतने सादगी पूर्ण ढंग से, एक पवित्र उद्देश्य के लिए उपवास का प्रयोग नहीं किया था । न ही आम जनमानस में इसके तत्काल प्रभाव और इसके संदेश का किसी ने आंकलन किया था।"
-सुरेंद्रसिंह शेखावत
No comments:
Post a Comment