आर्थिक असमानता पर गांधी का मत
-सुरेंद्रसिंह शेखावत
"अगर मैं सत्ता में आता हूं तो निश्चित रूप से पूंजीवाद को खत्म कर दूंगा लेकिन पूंजी को नहीं। इसके लिए जरूरी है कि पूंजीपतियों का खात्मा न हो। मैं मानता हूं कि पूंजी और श्रम का बेहतर समन्वय संभव है। मैं पूंजी को बुराई के तौर पर नहीं देखता। "
फ्रेंच पत्रकार चार्ल्स पैट्रार्क ने वर्ष 1932 में महात्मा गांधी से साक्षात्कार में उनके आर्थिक विचार जाने थे। इसी बातचीत में गांधी ने उक्त वक्तव्य का उल्लेख किया था ।
नवजीवन प्रकाशन अहमदाबाद से प्रकाशित सर्वोदय का सिद्धांत नामक पुस्तक में 24 अगस्त 1940 को रचनात्मक कार्यक्रम नाम से छपे आलेख में गांधी के आर्थिक समानता विषय पर विचार का उल्लेख किया गया है। इसमें गांधी जी कहते हैं कि आर्थिक समानता अहिंसापूर्ण स्वराज की असल चाबी है। आर्थिक समानता के लिए काम करने का मतलब है कि पूंजी और मजदूरी के बीच के झगड़ों को हमेशा के लिए मिटा देना। जब तक ऐसा नहीं होगा तब तक अहिंसा की बुनियाद पर चलने वाली राज्य व्यवस्था कायम नहीं होगी।
गांधी को मानने वाले देश में आजादी के बाद आने वाली सरकारों ने जिन आर्थिक नीतियों को अपनाया उसके दुष्परिणाम हमारे सामने है । देश में अमीर और गरीब के बीच की खाई इतनी चौड़ी हो गई है कि उसे पाटना तो दूर रोके रखना भी असम्भव लगने लगा है । यह खाई और निरंतर चौड़ी होती जा रही है।
अस्सी के दशक में जहां एक फीसदी अमीरों की आय देश की कुल आय की छह फीसदी के बराबर थी। वह 2015 आते-आते 25 फीसदी तक पहुंच गई। इसी तरह इस समय 10 फीसदी लोगों के पास भारत की 80 फीसदी धन-दौलत पहुंच गई है, जबकि 90 फीसदी आबादी केवल 19.3 फीसदी हिस्सेदारी पर सिमट गई है। साफ है कि भारत में अमीर और गरीब की खाई लगातार बढ़ रही है। यह खाई केवल आर्थिक स्तर पर नहीं बढ़ी है, बल्कि लैंगिक, क्षेत्रीय और वर्ग के स्तर पर भी बढ़ी है, जो भारत जैसी अर्थव्यवस्था के लिए एक चिंता का विषय है। इस बात का खुलासा काउंसिल फॉर सोशल डेवलपमेंट की इंडिया सोशल डेवलपमेंट रिपोर्ट करती है ।
देश की सबसे ज्यादा आबादी कृषि क्षेत्र पर निर्भर है, जिसके हालात पर रिपोर्ट में यह अहम बात सामने आई है कि 1990 के दशक में कृषि क्षेत्र की विकास दर जहां दो फीसदी रही थी, वह 2004-05 से 2013-14 के बीच बढ़कर चार फीसदी तक पहुंच गई। उसके बावजूद किसानों की आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
ग़ैर सरकारी संगठन ऑक्सफेम ने अपनी रपट में कहा कि भारत में आर्थिक असमानता बीते तीन दशकों से बढ़ रही है। ग़रीब और ग़रीब हो रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हालत यह है कि देश के कुल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 15 प्रतिशत हिस्सा भारतीय अरबपतियों के खाते में है ।पांच साल पहले इन अरबपतियों का हिस्सा 10 प्रतिशत था ।इस रपट में कहा गया है कि आय, उपभोग और धन के मानकों पर भारत विश्व के असमान स्थिति वाले देशों में शुमार है ।ये असमानताएं 1991 के बहुप्रचारित उदारीकरण के दौरान अपनाए गए सुधार पैकेजों तथा उसके बाद अपनाई गई नीतियों का परिणाम हैं।
आज भारत समेत दुनिया भर में आय की असमानता और कृषि संकट चरम पर है। महात्मा गांधी इस आर्थिक असमानता पर क्या सोचते थे के यह जानने के लिए फ्रेंच पत्रकार चार्ल्स पैट्रार्क द्वारा लिए गए साक्षात्कार से समझा जा सकता है ।
भारतीय शासकों, भूमालिकों, उद्योपतियों और बैंकरों की संपत्ति में कैसे इजाफा हुआ इस पर गांधी स्पष्ट करते है कि ये लोग काफी हद तक जनता का शोषण किए बिना अपनी संपत्ति का विस्तार करने में असमर्थ हैं।
क्या अमीरों के पास साधारण मजदूर या किसान से बेहतर जिंदगी जीने का विशेषाधिकार है के सवाल पर गांधी कहते है कि
ऐसा कोई अधिकार नहीं है। वे स्पष्ट करते है कि ,"ऐसा कहा जाता है कि हमें बराबरी के अवसरों का अधिकार है लेकिन हमारे पास समान क्षमताएं नहीं होतीं। प्राकृतिक रूप से यह संभव नहीं है कि सभी का स्तर समान हो। सभी का रंग, विवेक समान नहीं हो सकता। हममें से कुछ दूसरों के मुकाबले अधिक सक्षम हैं। जो लोग अधिक की कामना करते हैं वे अपनी क्षमताओं का इस दिशा में इस्तेमाल करते हैं। अगर वे अपनी क्षमताओं का सबसे बेहतर इस्तेमाल करेंगे तो लोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे होंगे। ये लोग ट्रस्टी के अलावा कुछ नहीं होंगे। मैं बौद्धिकता से अधिक अर्जित करने की इजाजत दूंगा लेकिन इस लाभ का बड़ा हिस्सा लोगों के पास जाना चाहिए। "
गांधी जी ने रंगभेद, उपनिवेशवाद, साम्राज्यवाद और हिंसा के खिलाफ जिस आंदोलन का नेतृत्व किया, उससे उन्हें यह समझ आई कि जब तक आर्थिक असमानता दूर नहीं होगी तब तक यह दौर खत्म नहीं होगा। दुनिया के कुछ देश बाकी देशों की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। इससे वैश्विक स्तर पर जो भेदभाव और टकराव पनप रहा है, उसको गांधी जी ने बहुत पहले ही समझ लिया था। वह कहते थे कि यूरोप और पश्चिमी देशों के आर्थिक मॉडल को यहां नहीं अपनाए जाने चाहिए। वहां की आबादी कम है और यहां की ज्यादा, ऐसे में उनके तरीके हमारे लिए अनुपयोगी और असमानता बढ़ाने वाले हैं।
No comments:
Post a Comment