Monday, 20 April 2020

गांधी के राम

गांधी के राम 

-सुरेंद्र सिंह शेखावत

"हे राम ......"

 ऐसी मान्यता है कि गोडसे की गोलियों से आहत गांधी ने अंतिम सांस लेने से पहले इन शब्दों का उच्चारण किया था,  इतना ही नहीं उन्होंने अपने जीवनकाल में अपने भाषणों में, प्रार्थनाओं में राम और रामराज्य की बात हजारों बार कही। 

चूंकि देश की सर्वोच्च अदालत ने वर्षों से लंबित और विवादित अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर ऐतिहासिक फैसला दिया है, ऐसे में राष्ट्रपिता गांधी के राम की अवधारणा और उनके रामराज्य संबंधी विचार को एक बार फिर से जानना प्रासंगिक है।

 गांधी धार्मिक व्यक्ति थे, सनातन धर्म में उनकी अटूट निष्ठा और अगाध आस्था थी, परंतु  उनके धार्मिक विचार संकीर्ण  ना  थे। राम उनके आदर्श थे और राम की तरह ही उन्होंने अपने जीवन में आदर्श स्थापना का प्रयत्न किया,  न कर पाए तो उसे स्वीकार किया । अपनी हर गलती को उन्होंने न केवल माना बल्कि लिखित में उसकी स्वीकारोक्ति भी दी , क्योंकि समाज वक्तव्यों को नहीं बल्कि प्रत्यक्ष आदर्शों को ही प्रमाण मानता है।

 20 अक्टूबर1927  को गांधी ने  हिंदू धर्म को लेकर यंग इंडिया में लिखे लेख में कहा है  कि, " मैं जितने धर्मों को जानता हूं  उनमें हिंदू धर्म सर्वाधिक सहिष्णु है। मेरा हिंदू धर्म मुझे सभी धर्मों का सम्मान करना सिखाता है । वह न केवल मनुष्य मात्र की बल्कि प्राणी मात्र की एकता और पवित्रता में विश्वास रखता है। गांधी स्वीकार करते हैं कि उन्हें सत्याग्रह का बोध  बाइबिल के नव विधान से हुआ है वहीं गीता ने इसे पुष्ट किया है ।

गांधी लिखते हैं स्वधर्म में रहकर भी अन्य धर्मों की सात्विक बातों को अपनाया जा सकता है, कुरीतियों को दूर किया जा सकता है । गांधी के दलित उत्थान और महिलाओं के लिए किए गए काम स्वधर्म के प्रति निष्ठा प्रकट करते हैं ।

1919 में यंग इंडिया में लिखे लेख में गांधी  लिखते हैं कि, राम राज्य से मेरा अभिप्राय हिंदुओं के राज्य से नहीं है राम राज्य में अंत्योदय की प्रवृत्ति राज करती है। इस पृथ्वी पर राम थे अथवा नहीं यह मेरी अपनी कल्पना है ,किंतु ग्रंथों में जिस रामराज्य की कल्पना है वह वास्तविक लोकतंत्र है ।जब कोई सर्वोंमुखी होकर सभी के सुख दुख और आवश्यकताओं को अपना मान लेता है , जो राजा और रंक के बिना भेद के न्याय करता है, वह राज कार्य का सबसे उपयुक्त उतराधिकारी है और यही रामराज्य है ।

गांधी के लिए राम एक सर्वव्यापी ईश्वरीय शक्ति का स्वरूप थे। गांधी के अनुसार राम को केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व मानकर उनके अस्तित्व के प्रमाणों को खोजना अपनी राह से भटकने के समान था। अपने इसी राम के साथ एकरूपता गांधी के नैतिक जीवन का लक्ष्य था, क्योंकि उनके लिए राम नैतिक मर्यादा का स्रोत भी थे। राम नाम को वह अमोघ मानते थे और इसी जाप को अपने भीतर के ईश्वरत्व को पुकारने की प्रक्रिया भी ।

'फिर से हिंद स्वराज’ नामक किताब में कनक तिवारी लिखते हैं कि गांधी ने अपने मन, वचन, कर्म सहित लेखन में जितनी बार राम और हिंदू शब्द का इस्तेमाल किया उतनी बार तो किसी ने भी नहीं किया होगा। गांधी ने ईश्वर-अल्लाह दोनों नामों को रघुपति राघव राजा राम के साथ जोड़ा और रामधुन को स्वतंत्रता संग्राम की टेक बना कर हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बनाया। गांधी ने राम नाम को भारत की उदार और सहिष्णु परंपरा को सहेजने और देश में फैली नफरत एवं सांप्रदायिकता को मिटाने के लिए किया। गांधी ने राम नाम को शारीरिक, मानसिक और नैतिक व्याधियों से बचने के लिए अचूक औषधि बताया। गांधी ने भारत में राम राज्य स्थापित करने की बात कई बार कही।

उनका धर्म भी उनके राम और राम राज्य की तरह पंथनिरपेक्ष था। वे अपने आप को सनातनी हिंदू तो कहते थे, पर उनका हिंदुत्व वर्ण व्यवस्थाओं और धार्मिक अनुष्ठानों की कैद से आजाद था। उन्होंने धर्म की संभावनाओं को समानता, सद्भाव, बंधुत्व, स्वतंत्रता जैसे सामाजिक और राजनीतिक आधारों पर पुनर्परिभाषित करने की कोशिश की। हिंद स्वराज में उन्होंने लिखा है कि मुझे तो धर्म प्यारा है, इसलिए मुझे पहला दुख यह है कि हिंदुस्तान धर्म भ्रष्ट होता जा रहा है। धर्म का अर्थ मेरा यहां हिंदू, मुस्लिम या धर्म से नहीं है, लेकिन इन सब धर्मो के अंदर जो धर्म है वह हिंदुस्तान से जा रहा है। सत्य और अहिंसा के पथ पर अडिग रहना, परायों की पीर के प्रति संवेदनशील होना, नैतिकता और साधन-शुचिता को अपनाना, पशु बल का आत्मबल से सामना करना, अन्याय के आगे घुटने न टेकना- ये सभी गांधी के धर्म के मूल्य थे, जो कि असल में सभी धार्मिक ग्रन्थों का भी निचोड़ हैं।

20 मार्च, 1930 को हिन्दी पत्रिका ‘नवजीवन’ में ‘स्वराज्य और रामराज्य’ शीर्षक से एक लेख में गांधीजी ने कहा था- ‘स्वराज्य के कितने ही अर्थ क्यों न किए जाएं, तो भी मेरे नजदीक तो उसका त्रिकाल सत्य एक ही अर्थ है, और वह है रामराज्य. यदि किसी को रामराज्य शब्द बुरा लगे तो मैं उसे धर्मराज्य कहूंगा. रामराज्य शब्द का भावार्थ यह है कि उसमें गरीबों की संपूर्ण रक्षा होगी, सब कार्य धर्मपूर्वक किए जाएंगे और लोकमत का हमेशा आदर किया जाएगा. ...सच्चा चिंतन तो वही है जिसमें रामराज्य के लिए योग्य साधन का ही उपयोग किया गया हो. यह याद रहे कि रामराज्य स्थापित करने के लिए हमें पाण्डित्य की कोई आवश्यकता नहीं है. जिस गुण की आवश्यकता है, वह तो सभी वर्गों के लोगों- स्त्री, पुरुष, बालक और बूढ़ों- तथा सभी धर्मों के लोगों में आज भी मौजूद है. दुःख मात्र इतना ही है कि सब कोई अभी उस हस्ती को पहचानते ही नहीं हैं. सत्य, अहिंसा, मर्यादा-पालन, वीरता, क्षमा, धैर्य आदि गुणों का हममें से हरेक व्यक्ति यदि वह चाहे तो क्या आज ही परिचय नहीं दे सकता?’

गांधी को अपने ईश्वर में विश्वास था, इसलिये उनके ईश ने उस शक्ति को सदैव तेज रखा। गांधी के पूरे जीवन में यह शक्ति सदैव साथ रहती है। जिसके बल से गांधी के विरोधी भी सैद्धांतिक पक्ष से न सही व्यवहारिक पक्ष से उनके साथी बन जाते थे। गांधी के आदर्श और उनके राजनीतिक गुरू, गोपालकृष्ण गोखले ने गांधी के विषय में कहा था कि- ‘‘गांधी में ऐसी अद्भुत शक्ति है, जिसके प्रभाव से उससे जुड़े साधारण लोग भी वीरत्व और शहादत के लिये प्रेरित होते हैं।’’

 


No comments:

Post a Comment