●सुरेंद्रसिंह शेखावत
महामारी अपने साथ बहुत सारी विपत्तियों को लेकर आई है । यह स्वाभाविक भी है क्यों कि महामारी केवल रोग मात्र नहीं होती इसे जुड़े हुए संकट भी इसी का हिस्सा होते है ।
भारत में महामारी के पहले चरण में हुई तालाबंदी के बाद उपजे श्रमिकों के संकट ने इन दिनों केंद्र सहित सभी राज्यों की सरकारों को चिंता में डाला हुआ है ।
दरअसल तालाबंदी लागू करने की हड़बड़ी के बीच श्रमिकों की समस्या को लेकर कोई ठोस निर्देश सरकारों द्वारा जारी नहीं किए गए जिसके चलते उद्योगों एवं निर्माण इकाइयों के बन्द होते ही श्रमिकों के निवास और भोजन का संकट खड़ा हो गया इसके साथ ही श्रमिकों का पलायन शुरू हुआ।
इसमें होना तो यह चाहिए था कि लॉक डाउन के साथ ही उद्योगपतियों , निर्माण इकाई के ठेकेदारों और दूसरी सभी तरह की इकाइयों के मालिकों को यह स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने थे कि उनके यहां कार्यरत सभी श्रमिकों के आवास और भोजन का प्रबंध बिना किसी लापरवाही के किए जाए और उसमें किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाए । इस मामले में सम्बंधित थानाधिकारी से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए थी परंतु ऐसा नहीं किया गया । राज्यों में कानून व्यवस्था का जिम्मा सम्भालने वाले विभागों की इस बड़ी चूक के चलते मजदूर पलायन को मजबूर हुए ।
शुरू के दौर में जब परिवहन व्यवस्था पूरी तरह से बंद कर दी गई तो ये श्रमिक पैदल ही हजारों किलोमीटर अपने घर वापसी के लिए निकल पड़े। यह बहुत भयानक स्थिति थी ।
1947 में भारत पाक विभाजन के बाद इतना बड़े मानव पलायन की दूसरी कोई विभीषिका आजाद भारत में नहीं हुई होगी ।बूढ़े और लाचार परिजनों को कंधो पर लादे बच्चों महिलाओं और सामान की पोटलियों के साथ श्रमिकों के पलायन के दृश्य किसी भी संवेदनशील व्यक्ति के हृदय को द्रवित करने के लिए पर्याप्त थे बावजूद इसके हृदयविहीन नौकरशाहों को यह पीड़ा महसूस तक नहीं हुई ।
सड़कों पर बदहाल पैदल जाते या फिर ट्रकों में मनचाहे किराए का भुगतान कर छुपकर जाते श्रमिकों के किस्से मीडिया की सुर्खियां बनने के बाद सरकारें चेती तब तक बहुत देर हो चुकी थी । पूरे देशभर में मजदूर तबके के घरवापसी का हव्वा उठ खड़ा हुआ ऐसे में जिस श्रमिक को आवास और भोजन का प्रबंध था उसे भी कार्यस्थल पर रोका जाना असम्भव हो गया । इस बीच अफवाहों ने भी अपना काम किया ।गरीब श्रमिक तबके के लिए यह बहुत भयावह स्थिति थी ।
इतना होने के बावजूद भी केंद्र राज्य सरकारों के समन्वय के आभाव में कोई ठोस केंद्रीय नीति इस बाबत नहीं बन पाई । इसी बीच कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों के मजदूरों को घर लाने का एलान किया । नतीजन अफवाहों और भगदड़ के बीच महानगरों में श्रमिक बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भर गए । दिल्ली और मुम्बई की घटनाएं हम सभी को याद होगी । इस बीच राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप भी लगे पर यह सिस्टम की विफलता का नतीजा था ।
मेरा मत है कि बिना किसी ठोस सामुहिक योजना के राज्यों द्वारा अपने मजदूरों को घर वापसी के लिए बसें चलाने का निर्णय लोकप्रियता हांसिल करने वाला अव्यवहारिक और बिना तैयारी के किया गया निर्णय था जिसने बाकी सभी राज्यों को भी ऐसे निर्णय लेने के लिए मजबूर किया । नतीजा फिर एक बार भगदड़ और उहापोह की स्थितियों पैदा हुई ।
अकेले राजस्थान में लगभग साढ़े सोलह लाख प्रवासियों ने घर वापसी के लिए विभिन्न सरकारी माध्यमों से आवेदन किए है । पूरे देश में यह संख्यां करोड़ो में होगी । इतनी बड़ी आबादी को बिना योजना के माइग्रेट कर पाना कितना कठिन है और कैसे सम्भव होगा यह चुनौती सभी के सामने है ।
इससे भी बड़ी चिंता इन कामगारों के दम पर खड़ी हुई अर्थव्यवस्था को कोरोना के बाद फिर से खड़ी होने की है जब ये सब अपने कार्यस्थलों से दूर अपने घरों को।लौट चुके होंगे । कर्नाटक सहित कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इस चिंता को सार्वजनिक करते हुए श्रमिकों की घर वापसी पर एतराज जताया है ।
यह तो निश्चित ही है कि इस संकट काल में घर लौट चुके श्रमिक यथासम्भव वापिस नहीं लौटेंगे और घर लौटे भी तो बहुत समय बाद । कोरोना काल में बहुत अफवाहें फैली है और बाद में भी फैलेगी । अभी लम्बे समय तक हम सब को कोरोना के साथ ही जीने की आदत डालनी पड़ेगी ऐसे में इन करोड़ो श्रमिकों की कार्यस्थलों पर वापसी कैसे हो पाएगी यह भी बहुत चिंताजनक बात है ।
श्रमिकों के आभाव में उद्योगों का उत्पादन तो प्रभावित होगा ही यह भी सम्भव है बहुत से उद्योग श्रमिकों की।कमी के चलते शुरू ही नहीं हो पाए यही स्थितियां निर्माण परियोजनाओं की होगी ।ऐसे हालात में अर्थव्यवस्था की क्या गत होने वाली है इसके सम्भावित नतीजे डराने वाले है ।
आंकड़े बताते है कि 20 मार्च के बाद से अब तक लगभग 75 मजदूर सड़क दुर्घटना या लम्बी यात्रा से निढाल होकर काल कलवित हो गए यह संख्यां आगे कितनी बढ़ेगी अभी कहा नहीं जा सकता । इस बीच इतने बड़े पलायन से कोरोना संक्रमण का प्रकोप की कितना फैलेगा यह भी सोचने वाली बात है ।
मुल्क के कण कण को बनाने में इस देश की श्रम शक्ति का योगदान वन्दनीय है । सड़क, पुल, राजमार्ग, गाड़ियों से हवाई जहाजों, विशाल भव्यतम भवनों और हरेक उत्पादन में मजदूरों का खून से कीमती पसीना शामिल है जिसकी गन्ध को इस देश की फिजाओं में महसूस किया जा सकता है । भारत निर्माण करने वाले देश के बड़े तबके को ऐतिहासिक संकट की घड़ी में ठोस नीति के आभाव में हमने बहुत तकलीफ दी है जिसे इतिहास में किस रूप में देखा जाएगा यह तो भविष्य की बात है मगर अभी भी वक्त है विशेषज्ञों की सलाह से ठोस नीति बनाकर इनकी घरवापसी सुनिश्चित करवाने एवं भविष्य में सुदूर क्षेत्रों की बजाय अपने इलाके में ही स्थाई रोजगार सृजन की व्यवस्था करने की ताकि न केवल श्रमिकों का जीवन सुगम हो सके वरन अर्थव्यवस्था का पहिया भी अपनी गति से आगे बढ़ सके।
(लेखक रिसर्च स्कॉलर, ब्लॉगर और पोलिटिकल एक्टिविस्ट है ।)
सी 9, विजय विहार , सोफिया स्कूल के पीछे, बीकानेर राजस्थान 9413388098
ssshekhawatbkn@gmail.com
उपरोक्त आलेख मेरा मौलिक, अप्रकाशित एवम अप्रसारित आलेख है ।