Monday, 20 April 2020

एकजुट होकर लड़ पाएंगे कोरोना से

एकजुट होकर लड़ पाएंगे कोरोना से

-सुरेंद्रसिंह शेखावत

चीन के वुहान शहर से शुरू होकर दुनियाभर के 186 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस से हो रही मौत के आंकड़े भयावह है । भारत में भी विदेशों से आने वाले यात्रियों के साथ आई यह बीमारी अब खतरनाक हालात में पहुंच चुकी है । हालांकि पूरा देश इस महामारी से लड़ने में एकजुटता प्रदर्शित कर रहा है निश्चित ही यह समय भय रहित एकजुटता दिखाने का है ।
भारत में ऐसे प्रकोपों से लड़ने की सामूहिक एकजुटता का समृद्ध इतिहास रहा है ।मई 1898 में बंगाल के कलकत्ता शहर में प्लेग महामारी फैलने के कारण दशहत का माहौल पैदा हो गया । उस दौर में आज के मुकाबले स्वास्थ्य सेवाओं की भारी कमी तो थी ही लोगों में शिक्षा के आभाव में जागरूकता की भी भारी कमी थी । प्लेग को लेकर तरह तरह की अफवाहें फैलाई जा रही थी । ऐसे समय में स्वामी विवेकानंद आगे आए और अपने रामकृष्ण मठ के साथियों के साथ मिलकर प्लेग महामारी से मुकाबला करने में जुट गए ।
स्वामी विवेकानंद ने इस दौरान प्लेग मेनिफेस्टो जारी किया ।मेनिफेस्टो के शुरुआत करते हुए स्वामी जी लिखते है कि जब आप खुश होते है तो हम खुश होते है , आपको पीड़ित देख हमें कष्ट होता है इसलिए आपको इस महामारी के भय से बचाने के लिए हम लगातार ईश्वर से प्रार्थना कर रहे है । वे आगे लिखते है कि इस बीमारी से लड़ते हुए आपकी सेवा करते हुए हम मृत्यु को भी प्राप्त हो जाए तो हम स्वयं को भाग्यशाली समझेंगे कि ईश्वर ने हमें यह अवसर दिया । इस विपत्ति की घड़ी में हम परमात्मा को न भूलें ।
स्वामी जी प्लेग के निराधार भय से मुक्त रहने और शांति से समाधान खोजने की अपील करते है । वे कहते है कि प्लेग से डरने का कोई कारण नहीं है हमें झूठे डर को छोड़कर ईश्वर की करुणा पर भरोसा करते हुए शुद्ध और स्वच्छ जीवन जीना चाहिए ।
मेनिफेस्टो के छठे कॉलम में स्वामी जी घर , कमरे, कपड़े , बिस्तर , नाली आदि की सफाई करने, बासी भोजन की बजाय ताजा और पौष्टिक भोजन करने की बात कहते है । वे कहते है हर कोई एक ही बार मरता है परन्तु डरपोक बार बार मौत की वेदना झेलता है इसलिए मन को प्रफुल्लित रखें । वे आमजन को अनैतिक व्यापार से दूर रहने, क्रोध और वासना से दूर रहने, अफवाहों से बचने की बात कहते है ।
उस दौर में सरकार द्वारा लगाए जाने वाले टीके को लेकर भी बहुत सी निराधार अफवाहें फैलाई जा रही थी, इस मेनिफेस्टो में स्वामी कहते है कि किसी को भी जबरदस्ती टीका नहीं लगाया जाएगा । देखभाल और सेवा में पीड़ित रोगियों के इलाज में कोई कमी नहीं आएगी । धर्म जाति के भेदभाव के बिना महिलाओं के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा ।
वे आग्रह करते है कि अगर आपकी मदद करने वाला कोई नहीं है तो रामकृष्ण मिशन मठ को तुरंत सूचना दे हरसम्भव मदद की जाएगी ।
स्वामी इस मेनिफेस्टो के अंत में महामारी के डर को दूर करने के लिए ईश्वर के नाम का संकीर्तन करने का आग्रह करते है ।
इसी तरह आज के सौ साल पहले यानी 1918 में स्पैनिश फ्लू से दुनियां भर में ऐसे ही भयावह हालात पैदा हुए थे । आंकड़े बताते है कि दुनियां की 7 फीसदी आबादी इस महामारी की भेंट चढ़ गई । भारत में भी उस दौर में लगभग 1.8 करोड़ लोगों की मौत हुई थी। वह बीमारी प्रथम विश्व युध्द से लौटते सैनिकों के जहाज के मुंबई में डेरा डालने से फैली थी। आंकड़े बताते है कि प्रथम विश्व युद्ध से चार करोड़ लोग मारे परन्तु इस महामारी से मरने वालों की संख्या दुगुनी थी , इससे इस बीमारी की गम्भीरता का पता लगता है। उस समय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली विकसित नहीं थी और ऊपर से ज्यादातर डाक्टर विश्वयुध्द में गए हुए थे।
1918 में फैले स्पेनिश फ्लू ने साबरमती आश्रम के काफी स्वयंसेवको को अपनी जद में ले लिया । गांधी स्वयं भी इस महामारी से बच नहीं पाए । उनकी हालत गम्भीर हो गई । बापू ने आश्रम के सभी लोगों को एकांतवास में रहने और तरल भोजन की सलाह दी ।
गांधी ने इस दौरान गंगाबेन को पत्र लिखा । पत्र में गांधी लिखते है कि, "जो धर्म की राह पर चलने का निर्णय लेता है उसका शरीर इस्पात की तरह से मजबूत हो जाता है। पहले हमारे पुरखों का शरीर मजबूत होता था। आज हम कमजोर हो गए हैं और बीमारियो के कीटाणु हमें आसानी से घेर लेते हैं और शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। हम आज भी आत्मसंयम और अपने कामों को कम करके अपनी सेहत को बचा सकते हैं। इन्फुलेंजा से हमारा शरीर सुरक्षित रहता है अगर हम दो काम करें। पहली चीज यह है कि ठीक हो जाने पर भी हम आराम करें और तुरंत काम पर न जाएं। दूसरी बात यह है कि ऐसा भोजन करें जो हमें हजम हो जाए। ज्यादातर लोग बुखार से जरा आराम होते ही तीसरे दिन काम पर चल जाते हैं और बीमारी का दोबारा हमला हो जाता है। इसलिए जरूरी है कि कुछ दिन बिस्तर पर रहे।"
स्वामीजी के मेनिफेस्टो और बापू के पत्र का लब्बोलुआब यही है कि महामारियों का सामूहिक सेवा की भावना से ही मुकाबला किया जा सकता है । आज के दौर में जैसी एकजुटता देश ने जनता कर्फ्यू के दौरान दिखाई इसी तरह एकजुट अनुशासित जीवन और सेवा की भावना से ही हम इस जंग को जीत पाएंगे ।
(लेखक पेशे से अधिवक्ता है तथा राजनीतिक कार्यकर्ता है।)

No comments:

Post a Comment