Monday, 20 April 2020

गांधी और सुभाष बोस

[#गांधी150 और सुभाषचंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी पर ]
महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष बोस

-सुरेंद्रसिंह शेखावत

6 जुलाई 1944 का दिन था । आजाद हिंद फौज के सर्वोच्च कमांडर नेताजी सुभाष चंद्र बोस का राष्ट्र के नाम संदेश का ब्रॉडकास्ट शुरू हुआ। सुभाष बाबू ने बोलना शुरू किया ," भारत की आजादी की आखिरी लड़ाई शुरू हो चुकी है। आजाद हिंद फौज हिंदुस्तान की धरती पर लड़ रही है। सारी दिक्कतों के बावजूद आगे बढ़ रही है । यह हथियारबंद संघर्ष तब तक चलेगा ,जब तक कि ब्रिटिश राज को देश से उखाड़ नहीं देंगे । दिल्ली के वायसराय हाउस पर तिरंगा फहरेगा।" सुभाष बाबू कुछ रुके और फिर बोलना शुरू किया," राष्ट्रपिता , हिंदुस्तान की आजादी की लड़ाई में हम आपका आशीर्वाद मांगते हैं........"
नेताजी सुभाष ने ही सबसे पहले बापू के लिए 'राष्ट्रपिता' नाम का संबोधन किया। और बाद में यह पूरे देश की जुबान पर चढ़ गया।
हालांकि इससे पहले और बाद में भी समय समय पर बापू और नेताजी के मध्य मतभेद पर बहुत कुछ कहा गया, बहुत कुछ लिखा गया । निश्चित ही गांधी और सुभाष बाबू के मध्य कार्यशैली को लेकर सैद्धांतिक मतभेद रहे होंगे परन्तु मनभेद कभी नहीं रहे। दोनों की मंजिल एक थी परन्तु रास्ते और साधन अलग अलग थे इसके बावजूद नेताजी बापू का बहुत सम्मान करते थे , जैसा कि उन्होंने अपने रेड़ियो सन्देश में स्पष्ट कर दिया था कि आजादी की लड़ाई के सेनापति गांधी ही है ।
नेताजी बोस और महात्मा गांधी के बीच के वैचारिक भेद को लेकर अक्सर हम 1939 में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव वाला प्रसंग सुनते है । ‘पट्टाभि की हार मेरी हार है’ बापू के मुख से निकले यह शब्द भ्रम पैदा करने के लिए काफी है । परन्तु यह पूरे सन्देश का केवल एक हिस्सा भर है अगर हम पूरा सन्देश पढ़ेंगे तो यह भ्रम समाप्त होगा । 31 जनवरी, 1939 को बारडोली में लिखा गांधी का यह सन्देश चार फरवरी, 1939 को ‘यंग इंडिया’ में छपा था. इसमें गांधी कहते हैं, ‘...तो भी मैं उनकी (सुभाष बाबू की) विजय से खुश हूं और चूंकि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद द्वारा अपना नाम वापस ले लेने के बाद डॉ पट्टाभि को चुनाव से पीछे न हटने की सलाह मैंने दी थी, इसलिए यह हार उनसे ज्यादा मेरी है.’
गांधी आगे लिखते हैं, ‘इस हार से मैं खुश हूं....सुभाष बाबू अब उन लोगों की कृपा के सहारे अध्यक्ष नहीं बने हैं जिन्हें अल्पमत गुट वाले लोग दक्षिणपंथी कहते हैं, बल्कि चुनाव में जीतकर अध्यक्ष बने हैं. इससे वे अपने ही समान विचार वाली कार्य-समिति चुन सकते हैं और बिना किसी बाधा या अड़चन के अपना कार्यक्रम अमल में ला सकते हैं. ...सुभाष बाबू देश के दुश्मन तो हैं नहीं. उन्होंने उसके लिए कष्ट सहन किए हैं. उनकी राय में उनका कार्यक्रम और उनकी नीति दोनों अत्यंत अग्रगामी हैं. अल्पमत के लोग उसकी सफलता ही चाहेंगे.’
4 जून, 1925 को ‘यंग इंडिया’ में महात्मा गांधी बाढ़ राहत के संदर्भ में एक लेख में ऐसे कार्यों में सबसे दक्ष नेतृत्व के रूप में सुभाष बाबू को उद्घृत करते है । 1922 में बंगाल में आई बाढ़ के दौरान सुभाष बाबू के काम की प्रशंसा करते हुए गांधी लिखते हैं- ‘जिन्हें आपदा-राहत के काम का जरा भी ज्ञान है, वे जानते हैं कि केवल सेवा करने की इच्छा या रुपये होने से ही काम नहीं चल सकता. उसके लिए ज्ञान और योग्यता की भी जरूरत होती है. 1922 की बाढ़ राहत के दौरान यथोचित कार्यप्रणाली के द्वारा दो बुराइयां रोकी जा सकीं — एक तो एक ही काम दोबारा करना और दूसरा अकुशल प्रबंधन. समूचे बाढ़ पीड़ित प्रदेश को 50 केन्द्रों में बांट दिया गया था. इस विशाल संगठन के अध्यक्ष और कोई नहीं श्रीयुत सुभाष चंद्र बोस थे, जो आज माण्डले के किले में सम्राट के मेहमान हैं.’
कलकत्ता नगर निगम के अध्यक्ष रहने के दौरान जब सुभाष बाबू को बिना कोई कारण अंग्रेजी हुकूमत द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उन्हें बहुत ही गंभीर बीमारी की हालत में रिहा किया गया । इस पर गांधी ने ब्रिटिश सरकार के रवैये के खिलाफ एक आलेख 26 मई, 1927 को यंग इंडिया में लिखा । इस आलेख में गांधी लिखते हैं, ‘इस दुःखद मामले से भी अगर जनता कोई सांत्वना की चीज ढूंढ़ निकालना चाहे, तो उसे एक चीज जरूर मिल जाएगी और वह यह कि अंतिम क्षण तक श्रीयुत सुभाषचन्द्र बोस सरकार द्वारा समय-समय पर रखी गई उन अपमान भरी शर्तों को बड़ी जवांमर्दी के साथ मानने से इन्कार करते रहे. अब हमें आशा और प्रार्थना करनी चाहिए कि परमात्मा उन्हें ही फिर स्वस्थ करे और वे चिरकाल तक अपने देश की सेवा करते रहें.’
1940 में सुभाष बोस ने कांग्रेस से अलग होकर अकेले ही अपनी योजना पर काम शुरू कर दिया और गिरफ्तार हो गए ।तब गांधी और कांग्रेस के सुभाष बाबू के बचाव में आगे नहीं आने पर सवाल खड़े हुए ।
9 जुलाई, 1940 को सेवाग्राम में इस मसले पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए गांधी ने कहा था कि - ‘सुभाष बाबू जैसे महान व्यक्ति की गिरफ्तारी कोई मामूली बात नहीं है। सुभाष बाबू ने अपनी लड़ाई की योजना काफी सोच-समझकर और हिम्मत के साथ सामने रखी है। वे मानते हैं कि उनका तरीका सबसे अच्छा है।उन्होंने मुझे बड़ी आत्मीयता से कहा कि जो कुछ कार्यसमिति नहीं कर पाई, वे वह सब करके दिखा देंगे। वे विलंब से ऊब चुके थे। मैंने उनसे कहा कि अगर आपकी योजना के फलस्वरूप मेरे जीवन-काल में स्वराज्य मिल गया तो आपको बधाई का सबसे पहला तार मेरी ओर से ही मिलेगा।
बोस ने गांधीजी के जन्मदिन पर 2 अक्तूबर, 1943 को बैंकाक रेडियो से प्रसारित सन्देश में कहा था, ‘मन की शून्यता के ऐसे ही क्षणों में महात्मा गांधी का उदय हुआ। वे लाए अपने साथ असहयोग का, सत्याग्रह का एक अभिनव, अनोखा तरीका। ऐसा लगा मानो उन्हें विधाता ने ही स्वतंत्रता का मार्ग दिखाने के लिए भेजा था। क्षण भर में, स्वतः ही सारा देश उनके साथ हो गया। हर भारतीय का चेहरा आत्मविश्वास और आशा की चमक से दमक गया। अंतिम विजय की आशा फिर सामने थी। आने वाले बीस वर्षों तक महात्मा गांधी ने भारत की मुक्ति के लिए काम किया और उनके साथ काम किया भारत की जनता ने। ऐसा कहने में जरा भी अतिशयोक्ति नहीं होगी कि यदि 1920 में गांधीजी आगे नहीं आते तो शायद आज भी भारत वैसा ही असहाय बना रहता। भारत की स्वतंत्रता के लिए उनकी सेवाएं अनन्य, अतुल्य रही हैं। कोई एक अकेला व्यक्ति उन परिस्थितियों में एक जीवन में उतना कुछ नहीं कर सकता था।’
24 फरवरी, 1946 को ‘हरिजन’ में गांधी लिखते हैं- ‘आज़ाद हिंद फौज का जादू हमपर छा गया है। नेताजी का नाम सारे देश में गूंज रहा है। वे अनन्य देशभक्त हैं । उनकी बहादुरी उनके सारे कामों में चमक रही है। उनका उद्देश्य महान था, पर वे असफल रहे। असफल कौन नहीं रहा? हमारा काम तो यह देखना है कि हमारा उद्देश्य महान हो और सही हो। सफलता यानी कामयाबी हासिल कर लेना हर किसी के किस्मत में नहीं लिखा होता। इससे ज्यादा तारीफ मैं नहीं कर सकता, क्योंकि मैं जानता था कि उनका काम विफल होने ही वाला है। और अगर वह अपनी आजाद हिंद फौज को विजयी बनाकर हिंदुस्तान में ले आए होते, तो भी मैंने यही कहा होता, क्योंकि इस तरह आम जनता में जागृति नहीं फैल पाती।’

22 मई, 1946 को आजाद हिन्द फौज के 60 अफसरों के साथ चर्चा करते हुए गांधीजी ने बोस की प्रशंसा करते हुए कहा था- ‘आपने अपने दल के हिन्दुओं, मुसलमानों, पारसियों, ईसाइयों, आंग्ल-भारतीयों और सिखों के बीच जो पूर्ण एकता स्थापित की वह कोई छोटी-मोटी उपलब्धि नहीं है।’

No comments:

Post a Comment