आलेख
सामाजिक न्याय के योद्धा को सच्ची श्रद्धांजलि
- डॉ सुरेंद्रसिंह
बात 1978 की है। समस्तीपुर (बिहार) में जी. कृष्णन, जिला मजिस्ट्रेट होकर नए नए गए थे। एक दिन वह निरीक्षण के लिए वहां के मुख्यमंत्री के पैतृक गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी उनके साथ चल रहे अंचलाधिकारी ने खेत में बकरी चरा रही एक महिला को देखा और फिर उसने उन्हें बताया कि वह महिला मुख्यमंत्रीजी की धर्मपत्नी हैं। ये सुनते ही डीएम बुरी तरह झल्ला गए। उन्होंने कहा कि मैं नया हूं, इसलिए तुम मुझे कुछ भी उल्टा-पुल्टा बता रहे हो। अंचलाधिकारी ने कहा 'सर मैं सही बोल रहा हूं'। डीएम ने कहा कि अगर तुम्हारी बात गलत निकली तो मैं तुम्हें निलंबित कर दूंगा ।
और फिर कृष्णन ने खुद जाकर, गांव के लोगों से पूछा तो बात सही निकली । वो महिला जननायक कर्पूरी ठाकुर की पत्नी थी जो उस समय बिहार के मुख्यमंत्री थे । कर्पूरी तब पिछले 27 सालों यानि सन 1952 से, लगातार विधायक थे। 1967 में उपमुख्यमंत्री और 1970 में मुख्यमंत्री भी रह चुके थे, अनेक बार नेता प्रतिपक्ष रह चुके थे और उस समय पिछले साल भर से बिहार के मुख्यमंत्री थे। इस बात का जिक्र देश के पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी अपनी किताब में किया है ।
सिर्फ इतना ही नहीं, उनके वृद्ध पिता, उस समय भी गांव के लोगों के बाल काटने का काम करते थे।कर्पूरी जी बहुत सादगी से रहते थे। उनका लिबास था, साधारण गंवई धोती और कुर्ता। वो भी नया नहीं वरन् फटा पुराना घिसा हुआ, पर साफ़ सुथरा धुला हुआ, बिना इस्त्री किया हुआ ।
ऐसे जननायक सामाजिक न्याय के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर की जन्म शताब्दी पर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मंगलवार को महत्त्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अपने समय के दिग्गज नेता और समाजवादी आंदोलन की धुरी ठाकुर को मरणोपरांत देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की घोषणा की है ।
ठाकुर को उनकी 100 वीं जयंती से एक दिन पहले सम्मान देने की घोषणा केंद्र सरकार ने की है । स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक और जाने-माने राजनीतिज्ञ कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी को समस्तीपुर जिले के पितोंझिया गांव जिसे अब कर्पूरीग्राम कहा जाता है में हुआ था । उनकी लोकप्रियता के कारण उन्हें जननायक भी कहा जाता था । उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन के समय पहले 26 महीने जेल में बिताए और अपने कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी । वह 22 दिसंबर 1970 से 2 जून 1971 तक तथा 24 जून 1977 से 21 अप्रैल 1979 के दौरान दो बार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर रहे। 1970 में शिक्षा मंत्री बनते ही कर्पूरी ठाकुर ने आठवीं तक की शिक्षा मुफ्त की। ऐसा निर्णय करने वाला बिहार पहला राज्य बना । इससे पहले 1967 में उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने अंग्रेजी शिक्षा की अनिवार्यता खत्म कर दी थी । 1970 में ही उन्होंने बिहार में पूर्ण शराबबंदी की घोषणा की । 1971 में मुख्यमंत्री रहते हुए किसानों को बड़ी राहत देते हुए गैर लाभकारी भूमि से मालगुजारी टैक्स खत्म करने का महत्वपूर्ण प्रावधान किया ।
स्व. ठाकुर को भारत रत्न की घोषणा के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ब्लॉग पर एक आलेख भी लिखा है जिसमें पिछड़े वर्ग के उत्थान में उनके जीवन भर के योगदान और सामाजिक न्याय की दिशा में उनके प्रयासों को याद करते हुए जननायक को श्रद्धांजलि दी है ।
एक बार उप मुख्यमंत्री और दो बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद कर्पूरी ठाकुर आम तौर पर रिक्शे से ही चलते थे. क्योंकि उनकी जायज आय उन्हें कार खरीदने और उसका खर्च वहन करने की अनुमति नहीं देती थी। कर्पूरी ठाकुर जी के निधन के बाद हेमवंती नंदन बहुगुणा उनके गांव गए थे। बहुगुणा जी कर्पूरी ठाकुर की पुश्तैनी झोपड़ी देख कर रो पड़े थे।
समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता कर्पूरी ठाकुर को उनकी सादगी और ईमानदारी के लिए जाना जाता था। आज के दौर के लोगों के लिए, उनकी शख्सियत और आदर्श की कल्पना भी असंभव है, जो कि आज के नेताओं को महंगे, चमकदार, डिज़ाइनर कपड़े पहने नेताओं को देखने के आदि हो चुके हैं।
महात्मा गांधी और डॉ राममनोहर लोहिया उनके आदर्श थे, तो मधु लिमये , जार्ज फर्नांडिस, मधु दंडवते, रवि राय, लाडली मोहन निगम आदि जैसे दिग्गज नेता उनके परम प्रिय साथी थे और बिहार के लगभग सभी गैर कांग्रेसी छोटे बड़े नेता लालू यादव, नितीश कुमार, शरद यादव, सुशील मोदी, जाबिर हुसैन आदि उनके शागिर्द रहे ।
वे परम ओजस्वी वक्ता, मनसा वाचा कर्मणा समाजवादी, पूर्णतः ईमानदार, सरल और सरस हृदय के राजनेता थे। एक समय जब समाजवादी पार्टी ने उनके पुत्र को विधानसभा का टिकट घोषित कर दिया तो वो बहुत ही नाराज हुए और खुद चुनाव लडने से मना कर दिया । ऐसे दौर में जब राजनेता अपने परिजनों को चुनाव में उतारने को उतावले रहते है यह अद्भुत बात थी ।
1978 में बिहार में मुख्यमंत्री रहते हुए कर्पूरी ठाकुर ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुये हाशिये पर धकेल दिये वर्ग के लिए सरकारी नौकरियों में 26 प्रतिशत आरक्षण लागू कर दिया। साथ ही उनकी सरकार ने सिंचाई विभाग में 17000 पदों के लिए आवेदन भी मंगा लिए । पूरे बिहार में तहलका मच गया। बिहार क्या , उत्तर भारत के अन्य राज्य भी अवाक रह गए।
कारण यह कि उस दौर में सरकारी विभागों में पिछले दरवाजों से अपने चहेतों की अस्थायी भर्ती कर दी जाती थी । बाद में उसी को नियमित कर दिया जाता था । इसीलिए हर विभाग में सीमित वर्ग के लोग ही दिखते थे । यह कर्पूरी ठाकुर की ही हिम्मत थी कि उन्होंने वंचित वर्ग को उसका हक दिलाने के लिए इतना बड़ा निर्णय लिया । चूंकि डॉ लोहिया 1952 के चुनाव के बाद से ही पिछड़ों के हकों के लिए लड़ रहे थे और उनके नारे "पिछड़ा पावे सौ में साठ" की प्रयोगशाला यूपी और बिहार ही थे , कर्पूरी इसके नायक ।
माना जाता है कि खुली भर्ती के ज़रिये एक साथ इतने गरीब और वंचित वर्ग के लोग नौकरी पा जाएं, यह सरकारी व्यवस्था पर कुंडली मारकर बैठे लोगों को मंजूर नहीं हुआ।
कर्पूरी को लोग उनकी मां-बहन-बेटी-बहू का नाम लेकर भद्दी गालियां देने लगे। उनके राजनीतिक विरोधियों ने उन पर तंज कसते हुए कहा - "कर कर्पूरी कर पूरा, छोड़ गद्दी, धर उस्तरा।" यह तंज इसलिए कि कर्पूरी ठाकुर अति पिछड़े नाई समुदाय से ताल्लुक रखते थे।
इसके बावजूद कर्पूरी नही डिगे। कर्पूरी ठाकुर को मुख्यमंत्री पद से जाना पड़ा ।हफ्ता भर बीतते-बीतते उनकी सरकार गिर गई। लेकिन उनका फैसला नजीर बन गया ।
देश में सर्वप्रथम आर्थिक पिछड़े अनारक्षित वर्ग को तीन फीसदी आरक्षण देने का फैसला भी बिहार में उन्होंने ही लागू किया था जिसे बाद में कोर्ट ने खत्म कर दिया था। अब उसे मोदी सरकार ने संविधान संशोधन के जरिए पुनः लागू किया है ।
दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के मसीहा कहे जाने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सामाजिक समरसता के सबसे मजबूत स्तम्भ स्व. कर्पूरी ठाकुर ने बगैर किसी प्रचार के बिहार की राजनीति में पारदर्शिता, ईमानदारी और जन-भागीदारी के जो प्रतिमान उपस्थित किए, उन्हें पार करना उनके बाद के किसी राजनेता के लिए संभव नहीं हुआ।
एक गरीब नाई परिवार से आए कर्पूरी जी सत्ता के तमाम प्रलोभन और आकर्षण के बीच भी जीवन भर सादगी और निश्छलता की प्रतिमूर्ति बने रहे। ईमानदारी ऐसी कि अपने लंबे मुख्यमंत्रित्व-काल में उन्होंने सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कभी व्यक्तिगत कार्यों के लिए नहीं किया। उनके परवर्ती मुख्यमंत्रियों के घरों में कीमती गाड़ियों का काफ़िला देखने के आदि लोगों को शायद विश्वास नहीं होगा कि कर्पूरी जी ने अपने परिवार के लोगों को कभी सरकारी गाडी के इस्तेमाल की इज़ाज़त नहीं दी। एक बार तो उन्होंने अपनी बेहद बीमार पत्नी को रिक्शे से अस्पताल भेजा था ।
पूरी तरह से कॉरपोरेट कल्चर में तब्दील हो चुकी भारतीय राजनीति में कर्पूरी ठाकुर एक ऐसे आदर्श के रूप में स्थापित है जो सदियों तक वंचित पीड़ित और शोषित वर्ग के लिए आदर्श राजनेता बने रहेंगे वहीं गरीब तबके से आने वाले राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए भी वह एक दैदीप्यमान नक्षत्र की भांति आदर्श रहेंगे ।
'गुदड़ी के लाल' और 'बिहार के भूमिपुत्र' कहे जाने वाले कर्पूरी जी को मरणोपरांत भारत रत्न देकर केंद्र सरकार ने इस सम्मान का ही गौरव बढ़ाया है ।
- डॉ सुरेंद्रसिंह
(लेखक राजस्थान भाजपा के प्रवक्ता है ।)
सी 9, विजय विहार, बीकानेर राजस्थान
ssshekhawatkn@gmail.com