Surendra Singh Shekhawat
Tuesday, 21 January 2025
Friday, 16 February 2024
सामाजिक न्याय के योद्धा को सच्ची श्रद्धांजलि
आलेख
सामाजिक न्याय के योद्धा को सच्ची श्रद्धांजलि
- डॉ सुरेंद्रसिंह
बात 1978 की है। समस्तीपुर (बिहार) में जी. कृष्णन, जिला मजिस्ट्रेट होकर नए नए गए थे। एक दिन वह निरीक्षण के लिए वहां के मुख्यमंत्री के पैतृक गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी उनके साथ चल रहे अंचलाधिकारी ने खेत में बकरी चरा रही एक महिला को देखा और फिर उसने उन्हें बताया कि वह महिला मुख्यमंत्रीजी की धर्मपत्नी हैं। ये सुनते ही डीएम बुरी तरह झल्ला गए। उन्होंने कहा कि मैं नया हूं, इसलिए तुम मुझे कुछ भी उल्टा-पुल्टा बता रहे हो। अंचलाधिकारी ने कहा 'सर मैं सही बोल रहा हूं'। डीएम ने कहा कि अगर तुम्हारी बात गलत निकली तो मैं तुम्हें निलंबित कर दूंगा ।
और फिर कृष्णन ने खुद जाकर, गांव के लोगों से पूछा तो बात सही निकली । वो महिला जननायक कर्पूरी ठाकुर की पत्नी थी जो उस समय बिहार के मुख्यमंत्री थे । कर्पूरी तब पिछले 27 सालों यानि सन 1952 से, लगातार विधायक थे। 1967 में उपमुख्यमंत्री और 1970 में मुख्यमंत्री भी रह चुके थे, अनेक बार नेता प्रतिपक्ष रह चुके थे और उस समय पिछले साल भर से बिहार के मुख्यमंत्री थे। इस बात का जिक्र देश के पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी अपनी किताब में किया है ।
सिर्फ इतना ही नहीं, उनके वृद्ध पिता, उस समय भी गांव के लोगों के बाल काटने का काम करते थे।कर्पूरी जी बहुत सादगी से रहते थे। उनका लिबास था, साधारण गंवई धोती और कुर्ता। वो भी नया नहीं वरन् फटा पुराना घिसा हुआ, पर साफ़ सुथरा धुला हुआ, बिना इस्त्री किया हुआ ।
ऐसे जननायक सामाजिक न्याय के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर की जन्म शताब्दी पर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मंगलवार को महत्त्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अपने समय के दिग्गज नेता और समाजवादी आंदोलन की धुरी ठाकुर को मरणोपरांत देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की घोषणा की है ।
ठाकुर को उनकी 100 वीं जयंती से एक दिन पहले सम्मान देने की घोषणा केंद्र सरकार ने की है । स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक और जाने-माने राजनीतिज्ञ कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी को समस्तीपुर जिले के पितोंझिया गांव जिसे अब कर्पूरीग्राम कहा जाता है में हुआ था । उनकी लोकप्रियता के कारण उन्हें जननायक भी कहा जाता था । उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन के समय पहले 26 महीने जेल में बिताए और अपने कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी । वह 22 दिसंबर 1970 से 2 जून 1971 तक तथा 24 जून 1977 से 21 अप्रैल 1979 के दौरान दो बार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर रहे। 1970 में शिक्षा मंत्री बनते ही कर्पूरी ठाकुर ने आठवीं तक की शिक्षा मुफ्त की। ऐसा निर्णय करने वाला बिहार पहला राज्य बना । इससे पहले 1967 में उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने अंग्रेजी शिक्षा की अनिवार्यता खत्म कर दी थी । 1970 में ही उन्होंने बिहार में पूर्ण शराबबंदी की घोषणा की । 1971 में मुख्यमंत्री रहते हुए किसानों को बड़ी राहत देते हुए गैर लाभकारी भूमि से मालगुजारी टैक्स खत्म करने का महत्वपूर्ण प्रावधान किया ।
स्व. ठाकुर को भारत रत्न की घोषणा के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ब्लॉग पर एक आलेख भी लिखा है जिसमें पिछड़े वर्ग के उत्थान में उनके जीवन भर के योगदान और सामाजिक न्याय की दिशा में उनके प्रयासों को याद करते हुए जननायक को श्रद्धांजलि दी है ।
एक बार उप मुख्यमंत्री और दो बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद कर्पूरी ठाकुर आम तौर पर रिक्शे से ही चलते थे. क्योंकि उनकी जायज आय उन्हें कार खरीदने और उसका खर्च वहन करने की अनुमति नहीं देती थी। कर्पूरी ठाकुर जी के निधन के बाद हेमवंती नंदन बहुगुणा उनके गांव गए थे। बहुगुणा जी कर्पूरी ठाकुर की पुश्तैनी झोपड़ी देख कर रो पड़े थे।
समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता कर्पूरी ठाकुर को उनकी सादगी और ईमानदारी के लिए जाना जाता था। आज के दौर के लोगों के लिए, उनकी शख्सियत और आदर्श की कल्पना भी असंभव है, जो कि आज के नेताओं को महंगे, चमकदार, डिज़ाइनर कपड़े पहने नेताओं को देखने के आदि हो चुके हैं।
महात्मा गांधी और डॉ राममनोहर लोहिया उनके आदर्श थे, तो मधु लिमये , जार्ज फर्नांडिस, मधु दंडवते, रवि राय, लाडली मोहन निगम आदि जैसे दिग्गज नेता उनके परम प्रिय साथी थे और बिहार के लगभग सभी गैर कांग्रेसी छोटे बड़े नेता लालू यादव, नितीश कुमार, शरद यादव, सुशील मोदी, जाबिर हुसैन आदि उनके शागिर्द रहे ।
वे परम ओजस्वी वक्ता, मनसा वाचा कर्मणा समाजवादी, पूर्णतः ईमानदार, सरल और सरस हृदय के राजनेता थे। एक समय जब समाजवादी पार्टी ने उनके पुत्र को विधानसभा का टिकट घोषित कर दिया तो वो बहुत ही नाराज हुए और खुद चुनाव लडने से मना कर दिया । ऐसे दौर में जब राजनेता अपने परिजनों को चुनाव में उतारने को उतावले रहते है यह अद्भुत बात थी ।
1978 में बिहार में मुख्यमंत्री रहते हुए कर्पूरी ठाकुर ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुये हाशिये पर धकेल दिये वर्ग के लिए सरकारी नौकरियों में 26 प्रतिशत आरक्षण लागू कर दिया। साथ ही उनकी सरकार ने सिंचाई विभाग में 17000 पदों के लिए आवेदन भी मंगा लिए । पूरे बिहार में तहलका मच गया। बिहार क्या , उत्तर भारत के अन्य राज्य भी अवाक रह गए।
कारण यह कि उस दौर में सरकारी विभागों में पिछले दरवाजों से अपने चहेतों की अस्थायी भर्ती कर दी जाती थी । बाद में उसी को नियमित कर दिया जाता था । इसीलिए हर विभाग में सीमित वर्ग के लोग ही दिखते थे । यह कर्पूरी ठाकुर की ही हिम्मत थी कि उन्होंने वंचित वर्ग को उसका हक दिलाने के लिए इतना बड़ा निर्णय लिया । चूंकि डॉ लोहिया 1952 के चुनाव के बाद से ही पिछड़ों के हकों के लिए लड़ रहे थे और उनके नारे "पिछड़ा पावे सौ में साठ" की प्रयोगशाला यूपी और बिहार ही थे , कर्पूरी इसके नायक ।
माना जाता है कि खुली भर्ती के ज़रिये एक साथ इतने गरीब और वंचित वर्ग के लोग नौकरी पा जाएं, यह सरकारी व्यवस्था पर कुंडली मारकर बैठे लोगों को मंजूर नहीं हुआ।
कर्पूरी को लोग उनकी मां-बहन-बेटी-बहू का नाम लेकर भद्दी गालियां देने लगे। उनके राजनीतिक विरोधियों ने उन पर तंज कसते हुए कहा - "कर कर्पूरी कर पूरा, छोड़ गद्दी, धर उस्तरा।" यह तंज इसलिए कि कर्पूरी ठाकुर अति पिछड़े नाई समुदाय से ताल्लुक रखते थे।
इसके बावजूद कर्पूरी नही डिगे। कर्पूरी ठाकुर को मुख्यमंत्री पद से जाना पड़ा ।हफ्ता भर बीतते-बीतते उनकी सरकार गिर गई। लेकिन उनका फैसला नजीर बन गया ।
देश में सर्वप्रथम आर्थिक पिछड़े अनारक्षित वर्ग को तीन फीसदी आरक्षण देने का फैसला भी बिहार में उन्होंने ही लागू किया था जिसे बाद में कोर्ट ने खत्म कर दिया था। अब उसे मोदी सरकार ने संविधान संशोधन के जरिए पुनः लागू किया है ।
दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के मसीहा कहे जाने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सामाजिक समरसता के सबसे मजबूत स्तम्भ स्व. कर्पूरी ठाकुर ने बगैर किसी प्रचार के बिहार की राजनीति में पारदर्शिता, ईमानदारी और जन-भागीदारी के जो प्रतिमान उपस्थित किए, उन्हें पार करना उनके बाद के किसी राजनेता के लिए संभव नहीं हुआ।
एक गरीब नाई परिवार से आए कर्पूरी जी सत्ता के तमाम प्रलोभन और आकर्षण के बीच भी जीवन भर सादगी और निश्छलता की प्रतिमूर्ति बने रहे। ईमानदारी ऐसी कि अपने लंबे मुख्यमंत्रित्व-काल में उन्होंने सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कभी व्यक्तिगत कार्यों के लिए नहीं किया। उनके परवर्ती मुख्यमंत्रियों के घरों में कीमती गाड़ियों का काफ़िला देखने के आदि लोगों को शायद विश्वास नहीं होगा कि कर्पूरी जी ने अपने परिवार के लोगों को कभी सरकारी गाडी के इस्तेमाल की इज़ाज़त नहीं दी। एक बार तो उन्होंने अपनी बेहद बीमार पत्नी को रिक्शे से अस्पताल भेजा था ।
पूरी तरह से कॉरपोरेट कल्चर में तब्दील हो चुकी भारतीय राजनीति में कर्पूरी ठाकुर एक ऐसे आदर्श के रूप में स्थापित है जो सदियों तक वंचित पीड़ित और शोषित वर्ग के लिए आदर्श राजनेता बने रहेंगे वहीं गरीब तबके से आने वाले राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए भी वह एक दैदीप्यमान नक्षत्र की भांति आदर्श रहेंगे ।
'गुदड़ी के लाल' और 'बिहार के भूमिपुत्र' कहे जाने वाले कर्पूरी जी को मरणोपरांत भारत रत्न देकर केंद्र सरकार ने इस सम्मान का ही गौरव बढ़ाया है ।
- डॉ सुरेंद्रसिंह
(लेखक राजस्थान भाजपा के प्रवक्ता है ।)
सी 9, विजय विहार, बीकानेर राजस्थान
ssshekhawatkn@gmail.com
Tuesday, 9 March 2021
राज्य बजट
राज्य बजट: कैसे पूरी होगी घोषणाएं
-सुरेंद्रसिंह शेखावत
24 फरवरी बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना के कठिन दौर के बीच राज्य का बजट विधानसभा में पेश किया। सूबे का पहला पेपरलेस बजट पेश करते हुए गहलोत ने अब तक का सबसे लंबा बजट भाषण ( 2 घंटे 46 मिनट का ) देते हुए 295 घोषणाएं की । बजट में आश्चर्य की बात यह है कि सरकार ने कोई नया टैक्स नहीं लगाया उल्टा 910 करोड़ के टैक्स में छूट की घोषणा कर दी ।
भारतीय संविधान का आर्टिकल 202 केंद्र और राज्य के लिए वर्तमान और आगामी वर्ष का वित्त विवरण रखने की संवैधानिक बाध्यता पैदा करता है , जिसके चलते बजट पेश किया जाता है । मुख्यमंत्री गहलोत के शब्दों में "बजट प्रदेश की आर्थिक नीतियों का आईना होता है, जिसमें जनता अपना प्रतिबिंब देखती है।" इतना ही नहीं मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि "बजट प्रदेश की सार्वजनिक विकास की आधारशिला रखता है ।"
बजट के प्रति इस तरह की प्रतिबद्धता जताने के बावजूद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्ष 2021- 22 के लिए जिस तरह का बजट राज्य की विधानसभा में पेश किया सामान्यतः सरकारें चुनावी वर्ष में इस तरह का बजट पेश करती है , क्योंकि चुनावी वर्ष सरकार का अंतिम कार्यकाल का साल होता है जिसका अधिकतर समय आचार संहिता में चला जाता है। इसलिए यह माना जाता है कि सरकार के अंतिम साल की बजट घोषणाएं पूरी करने के लिए नहीं होती , केवल घोषणाओं के लिए होते हैं । लेकिन कोरोना के बाद उपजे आर्थिक संकट के बाद मुख्यमंत्री ने लोकप्रियता के दबाव में लोक लुभावनी घोषणाएं करके अपनी पीठ थपथपाने का प्रयास किया उसका हश्र क्या होने वाला है यह सोच कर ही चिंताजनक हालात पैदा होती है।
राजस्थान राज्य लगभग वित्तीय कुप्रबंधन का शिकार होते हुए आर्थिक आपातकाल की स्थिति में पहुंच गया है । राज्य के सभी ट्रेजरी दफ्तरों में विभिन्न विभागों के संवेदको के बिल पिछले दो साल से अटके हुए हैं । सार्वजनिक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के ठेकेदारों के भुगतान न होने के कारण आत्महत्या तक के मामले सामने आ चुके हैं । किसी भी राज्य के लिए इससे ज्यादा शर्मिंदगी की बात क्या हो सकती है कि लंबे समय के बाद भी राजकीय विभागों में किए गए कार्यों के बावजूद संवेदको को भुगतान नहीं किया जा रहा और इसके बावजूद सरकार लोकलुभावन बजट देने का प्रयास केवल लोकप्रियता के दबाव में कर लेती है । जबकि वित्तीय आपातकाल जैसी स्थिति में सरकार को कठोर निर्णय लेने का वक्त था और अलोकप्रियता के खतरे को चुनौती मानकर राज्यहित में फैसले लिए जाने थे ।
मुख्यमंत्री अपने बजट भाषण में घोषणाओं के पिटारे खोलते ही गए। सड़क ,पुल ,स्कूल ,कॉलेज की घोषणाएं करते करते वे इस दबाब में रहे कि कोई वर्ग छूट न जाए । हालांकि सब वर्गों को साधने और हरेक वर्ग के लिए कुछ करने की हसरत तब तो अच्छी कही जा सकती है जब राज्य की वित्तीय हालात बहुत सुदृढ हो लेकिन जब हमारी आमदनी का अधिकतर हिस्सा कर्मचारियों की तनख्वाह, पेंशन , सरकारी अमले का खर्च उठाने और ऋण का ब्याज चुकाने में ही खर्च हो जाता हो तो लोकप्रियता के दबाब में रहना कहां तक उचित है जबकि सरकार का यह केवल तीसरा बजट है ।
हालांकि मैं अर्थशास्त्र का विद्यार्थी नहीं हूं लेकिन एक सामान्य राजनीतिक कार्यकर्ता के नाते बजट के प्रावधानों को पढ़ने समझने का प्रयास करता हूँ । यह बात एक सामान्य समझ के व्यक्ति के दिमाग में भी उपजती है कि लगभग नब्बे हजार करोड़ की अनुमानित आय के मुकाबले एक लाख बाइस हजार करोड़ का अनुमानित खर्च निकलना कैसे सम्भव हो पाएगा जो कि आमदनी के मुकाबले 136 फीसदी अधिक है । यहां भी गौर करने वाली बात यह है कि यह केवल अनुमानित आय व्यय है जबकि रिवाइज इस्टीमेट के समय जब सारे आंकड़े आ जाएंगे तब यह खर्च और अधिक बढ़ जाएगा जैसा कि 2019-20 में आय के मुकाबले ख़र्च 139 फीसदी और 2020-21 में 145 फीसदी अधिक रहा है ।
पिछली भाजपा सरकार के समय जब रेवेन्यू सरप्लस रहता था जबकि गहलोत सरकार आते ही राजस्व घाटे की स्थिति पैदा हो गई है । पिछले दो सालों में लगभग 65 हजार करोड़ का राजस्व घाटा राज्य को हो चुका है । राज्य में प्रतिव्यक्ति आय में 5.29 फीसदी की कमी हुई है और जीएसडीपी 6.06फीसदी घटी है । यह राज्य के आर्थिक स्वास्थ्य का इंडिकेटर है । मार्च 2014 में राज्य का कर्ज जो कि जीडीपी का 28 फीसदी था वह बढ़कर 33 फीसदी हो गया है । राज्य दो साल में एक लाख सोलह हजार करोड़ के कर्ज के बोझ तले दब गया है । बजटीय घाटा और भारी कर्ज राज्य की बदहाल आर्थिक हालात को प्रकट करते है ऐसे में केवल लोकलुभावनी घोषणाएं कर देने से एक बारगी तो हो सकता है राज्य की जनता को मुख्यमंत्री बरगला लें लेकिन यह बात लम्बे समय तक तो छुपाई नहीं जा सकती । अगले साल जब योजनाओं में कटौती की बात सार्वजनिक होगी तब सरकार का पोल स्वतः ही खुल जाएगी ।
खैर यह लोक लुभावन घोषणाओं का दौर है जब सदन के पवित्र पटल पर की गई घोषणाओं को पूरी करने के प्रति जबाबदेही लगभग खत्म हो चुकी है । सदन के पवित्र सदन को झूठ बोलकर गुमराह करने और झूठी वाहवाही लूटने का प्लेटफॉर्म समझ लिया गया है । निश्चित ही यह बात लोकतंत्र के भविष्य के लिए बहुत घातक है । लोकशाही में सरकार की जबाबदेही जनता के प्रति होती है और सदन के पवित्र पटल से ऊंचा कोई स्थान नहीं होता ऐसे में सदन में कही गई बात का पूरा न करने की इच्छाशक्ति संसदीय गरिमा के विपरीत बात है । उम्मीद करते है कि मुख्यमंत्री बजट पर बहस को खत्म करते समय लोकप्रियता के मोह से बाहर निकलकर राज्य के विकास के लिए ठोस निर्णय लेंगे चाहे उन्हें कठोर कदम उठाने पड़े लेकिन राज्य के वितीय कुपोषण के हालात से बाहर निकालने के लिए यही ठीक रास्ता होगा ।
-सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक भाजपा से जुड़े राजनीतिक कार्यकर्ता है )
सुरेंद्रसिंह शेखावत
सम्पर्क : सी -9, विजय विहार , बीकानेर
ssshekhawatbkn@gmail.com
9413388098
Friday, 19 February 2021
भारत की ओर लौटने का वक्त
भारत की ओर लौटने का वक़्त
________________________
● सुरेंद्रसिंह शेखावत
कोरोना महामारी के दौरान लंबे समय तक चले लॉक डाउन से जन जीवन थम सा गया है । हमारी भागमभाग भरी जिंदगी में यह आश्चर्यजनक वक्त है जब हमारे पास समय ही समय है । हमारे पास परिवार के लिए, बच्चों के लिए, प्रकृति के लिए, संगीत सुनने के लिए ,आसमान में तारे देखने के लिए, किताबें पढ़ने के लिए ,विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाने के लिए और अपनी अपनी रूचि के अनुसार काम करने के लिए समय ही समय है । कोरोना काल में हुई तालाबंदी ने हमें नए सिरे से सोचने के लिए मजबूर किया है ।
पिछले 50- 60 सालों से और खासकर उदारीकरण और वैश्वीकरण का दौर शुरू होने के बाद से , हम भारतीयों ने पश्चिम का अंधानुकरण किया है । हमारा खान-पान, पहनावा, सोच विचार, रहन-सहन, यहां तक कि संस्कृति भी पश्चिम के अंधाधुंध नकल की तरफ अग्रसर है । हमने भारतीयता से लगभग मुंह मोड़ लिया है। अंधाधुंध उत्पादन और अधिकतम उपयोग की शोषण आधारित पश्चिमी संस्कृति हमने अपना ली है । प्रकृति के अधिकतम दोहन का यह युग अत्यंत ही अमानवीय है ।
ऐसे समय में जब हम भारत के लोग भारतीयता को छोड़कर पूरी तरह से पश्चिम के अनुगामी हो गए थे, प्रकृति ने हमें भारत की ओर लौटने का एक अवसर दिया है।
कोरोना काल में पूरी दुनिया ने भारतीय परंपरा अनुसार नमस्ते के अभिवादन को स्वीकार किया है । हाथ मिलाना , गले मिलना या चुंबन लेने जैसे पाश्चात्य अभिवादन की जगह भारतीय अभिवादन को विश्वव्यापी स्वीकृति मिली है।
कोरोना महामारी के समय पूरी दुनिया में इम्यूनिटी अर्थात रोग प्रतिरोधक क्षमता पर महत्वपूर्ण विमर्श हो रहा है । ऐसे में औसत भारतीय लोगों की मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता का लोहा दुनिया ने माना है । दुनिया के समृद्ध देश इस बात को लेकर अचरज में है कि स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में पिछड़ा भारत कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने में आश्चर्यजनक सफलता प्राप्त रहा है । विश्व में स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता में अग्रणी अमेरिकन और यूरोपियन देशों के मुकाबले हमारी मजबूत इम्यूनिटी के पीछे हमारी रसोई का महत्वपूर्ण योगदान है । उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक पूरे भारत में प्रत्येक रसोई में मसालों का भरपूर प्रयोग होता है । हमारे भोजन के रोजाना के प्रयोग में उपयोग में लिए जाने वाले हल्दी , धाना , अदरक, काली मिर्च ,दालचीनी , जीरा, मेथी , अजवाइन ,सौंफ इत्यादि अनेकानेक मसाले अपने आप में इम्युनिटी को बढ़ाने के प्राकृतिक स्त्रोत है । इसके साथ ही बहुत से भारतीय परिवारों में परंपरागत रूप से उपयोग में लिए जाने वाले तुलसी, गिलोय, सहजन आदि भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं । भारतीय परंपरा का भोजन जिसमें मोटे अनाज और मसालों का बहुतायत में प्रयोग किया जाता है , सुपाच्य एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है। पश्चिमी देशों में प्रयोग किए जाने वाले पैकेज्ड फूड और बॉयल्ड फूड के मुकाबले भारतीय भोजन अधिक पोष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक होता है ।
भारतीय मूल की चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में भी किसी भी बीमारी के होने के मूल कारण को जानने की प्रक्रिया है। ऐसे में हमारी आयुर्वेदिक चिकित्सक पद्धति में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर ही किसी बीमारी को खत्म करने का आधार माना जाता है। यद्यपि इस कोरोना काल में सरकारी स्तर पर एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के मुकाबले आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की उपेक्षा की गई । परंतु फिर भी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के मामले में एलोपैथिक सहित अन्य चिकित्सा पद्धतियों के मुकाबले आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति अपने आप में समृद्ध है।
मानव और प्रकृति दोनों के मध्य सामंजस्य रखते हुए समन्वित विकास की अवधारणा मूल रूप से भारतीय विचार है । पश्चिम की "शैतानी सभ्यता" प्रकृति के शोषण और दोहन पर आधारित व्यवस्था है । कोरोना काल में एक बार फिर से हमने प्रकृति के महत्व और उसकी जरूरत को समझा है। ऐसे में प्रकृति और मानव के मध्य सामंजस्य के साथ समन्वित विकास के भारतीय मॉडल को अपनाए जाने की जरूरत भी महसूस हुई है।
हमने कोरोना काल में इस बात पर भी गौर किया है यह बीमारी अधिकतर पश्चिम के समृद्ध इलाको और मेट्रो सिटी में फैली है। गांव देहात में रहने वाले लोग और पूर्वोत्तर के लोग जो प्रकृति के ज्यादा नजदीक रहते हैं , उन पर यह बीमारी बेअसर रही है ।इसलिए भारतीय विचार जो प्रकृति के साथ तादात्म्य स्थापित करता है उस पर फिर से एक बार इस महामारी के समय स्वीकृति की मोहर लगी है।सादगी सरलता और सहजता से जीवन जीने की पद्धति को इस महामारी के समय हम लोगों ने उचित पाया है। महानगरों में रहने वाले लोग भी इस महामारी के समय गांव देहात में लौटे हैं और कुछ लोग तो खासतौर से खेतों और फार्म हाउस में रह रहे है । यह प्रकृति के साथ तादात्म्य स्थापित करने का एक प्रयास ही है ।
1830 में एक अंग्रेज अधिकारी सर चार्ल्स मेटकाफ़ ने भारतीय गांव का विवरण देते हुए लिखा था कि," ग्रामीण समुदाय छोटे गणराज्य की तरह है जहां उनकी आवश्यकता की लगभग हर वस्तु उपलब्ध है और बाहरी दुनिया से उनका कोई संबंध नहीं है । वह चिरस्थाई प्रतीत होते हैं जहां कोई भी चीज कभी समाप्त नहीं होती । ग्रामीण समुदायों का यह संघ हर गांव की खुशहाली में सहायक है । जिसमें प्रत्येक गांव एक छोटे राज्य की तरह है और यह सभी गांव स्वाधीन एवं स्वतंत्रता का आनंद लेते हैं। " विश्व बाजार में परिवर्तन और नव पूंजीवाद ने भारतीय ग्रामीण प्रणाली की आत्मनिर्भरता को नष्ट कर दिया
ऐसे में ग्राम आधारित स्वराज के मॉडल की तरफ फिर से लौटने की भी आवश्यकता इस महामारी ने महसूस की गई है । क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में मजदूरों का जो पलायन अपने गांव की तरफ हुआ है इस बीच यह नहीं लगता कि यह मजदूर जल्द ही अपने कार्यक्षेत्र की तरफ लौटेंगे । ऐसे में योजनाबद्ध रूप से कृषि और कृषि आधारित अन्य लघु उद्योगों की स्थापना करके भारतीय ग्राम स्वराज के मॉडल को फिर से जिंदा किया जा सकता है जो हमारी अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बन सकता है।
इस महामारी काल में हमने यह बात भी गौर की है कि जिन जरूरी सेवाओं को नव उदारीकरण के दौर में हमने निजीकरण की तरफ बढ़ावा दिया, वह इस काल में पूरी तरह से विफल रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ही आवश्यक सेवाओं में सेवा देने में सफल हुए हैं इससे भारतीय सहकार के भाव को बढ़ावा मिला है।
पुनश्चः- प्रकृति ने इस महामारी के काल में हमें एक अवसर दिया है जिसमें हम रहन सहन, अचार विचार, पहनावे , खानपान और संस्कृति में भारतीयता के विचार की तरफ लौट सके । इस महामारी के समय इस मजबूरी को अवसर में बदलते हुए हम भारत की तरफ लौटें ।
--------------------------
सी 9, विजय विहार, बीकानेर
ssshekhawatbkn@gmail. com
उपरोक्त आलेख मौलिक , अप्रकाशित एवं अप्रसारित है ।
सुरेंद्रसिंह शेखावत
कोरोना काल में कृषि क्षेत्र से उम्मीद और जरूरत
कृषि क्षेत्र: उम्मीद और जरूरत
●सुरेंद्रसिंह शेखावत
कोरोना संकट के बाद देश की बदहाल अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए गांधी के ग्राम स्वराज को आधार बनाकर ग्राम आधारित आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने की पैरवी मैंने अपने पिछले आलेख में की थी । भारत जैसी बड़ी आबादी वाले देश में आज भी कृषि क्षेत्र ही आधी से अधिक आबादी को रोजगार मुहैया करा रहा है जबकि कॉरपोरेट, इंडस्ट्री तथा सर्विस सेक्टर भरसक सरकारी प्रयत्नों के बावजूद रोजगार सृजन के मामले में अब भी कृषि क्षेत्र से बहुत पीछे है।
ऐसे हालात में जब करोड़ों मजदूर पलायन करके अपने गांवो और घरों की तरफ लौट गए है तब कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र पर रोजगार सृजन की दृष्टि से ध्यान देने की सर्वाधिक आवश्यकता है ।
यद्यपि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 2019 में केंद्रीय कृषि बजट में कृषि मंत्रालय के लिए अब तक का सर्वाधिक 1,41,174 करोड रुपए का प्रावधान किया जो यूपीए शासन के 5 सालों के बजट से 16 फ़ीसदी अधिक था । फसल बीमा योजना में सुधार ,सोयल हेल्थ कार्ड स्कीम और फसलों के ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म मोदी सरकार की कृषि क्षेत्र में प्रभावी उपलब्धि मानी जा सकती है ।
यूनिवर्सल बेसिक इनकम की तर्ज पर बनाई गई किसान सम्मान निधि योजना जिसमें किसान के खातों में ₹6000 प्रति वर्ष सीधा पहुंचाने की योजना भी अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है , जिसका लाभ देश के करोड़ो किसानों को मिल रहा है । इसके बावजूद देश की लगभग 62 फीसदी आबादी को रोजगार देने वाले कृषि क्षेत्र के हालात ज्यादा अच्छे नहीं कहे जा सकते। सुखा, बेमौसम बरसात, बाढ़ , अतिवृष्टि , टिड्डी हमले जैसी प्राकृतिक आपदा झेलने वाला हमारा अन्नदाता तकनीकी कमी, फसल भंडारण की कमी, सिंचाई की समस्या और इन सबसे बढ़कर कृषि जिंसों के भाव की भारी कमी के चलते बदहाल हालत में हैं । विभिन्न आर्थिक सर्वेक्षणो की रिपोर्ट पर गौर करें तो ध्यान में आएगा कि देश में कुल राज्यों में लगभग आधे राज्यों यानी 17 राज्यों में किसानों की औसत आय ₹20,000 सालाना से कम है।
इस संकट के दौर में बहुत थोड़े से प्रयत्नों से विशाल रोजगार सृजन वाले क्षेत्र को मजबूत किया जा सकता है । यहां सबसे पहले केंद्र और राज्य सरकारों को कृषि क्षेत्र से जुड़े रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से टास्क फोर्स का गठन करना चाहिए जो इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने तय करे। यहां यह भी ध्यान देने योग्य जरूरत है कि इस तरह की टास्क फोर्स या फिर कृषि सम्बन्धी नीति तय करने में नौकरशाहों से मुक्त रखा जाना चाहिए । कृषि नीति निर्माण में नौकरशाहों के स्थान पर विषय विशेषज्ञों , कृषि वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों को शामिल किए जाने की जरूरत है ताकि किसानों के लिए बनने वाली नीतियों का लाभ वास्तविक रूप से धरातल तक पहुंचे ।
भारतीय खेती के सामने सबसे बड़ा संकट कृषि उत्पादों के भाव का है । हालांकि वर्तमान सरकार ने लगभग सभी समर्थन मूल्य के अंतर्गत आने वाले कृषि जिंसों पर प्रतिवर्ष समर्थन मूल्य बढ़ाया है ।लेकिन फिर भी यह किसान की लागत के मुकाबले पर्याप्त नहीं है । समर्थन मूल्य निर्धारण में लागत के कई घटकों को छोड़ दिया गया है औरयह किसान के लिए लाभकारी मूल्य तो कतई नहीं है ।
एक उदाहरण के जरिए हम कृषि उत्पादों के भाव के हालात को समझ सकते है ।1970 में गेहूं का समर्थन मूल्य 76 रुपए प्रति क्विंटल था जो 2020 में 26 गुना बढ़कर 1935 रुपए प्रति क्विंटल हो गया । परंतु इस अवधि के दौरान सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 150 गुना बढ़ोतरी हुई, वहीं कॉलेज के प्रोफेसर के वेतन में 170 गुना बढ़ोतरी और स्कूली शिक्षकों के वेतन में 320 गुना तक बढ़ोतरी हुई है । इस तरह हम न्यूनतम 100 गुना बढ़ोतरी को भी पकड़े तो गेहूं का समर्थन मूल्य ₹7600 प्रति क्विंटल होना चाहिए था।
यहां विडंबना की बात है कि एकमात्र किसान ही ऐसा उत्पादक है जो अपने उत्पाद की कीमत खुद तय नहीं कर सकता । देश दुनिया में जो भी उत्पादक हैं वह अपने उत्पाद की कीमत तय करते हैं लेकिन किसान के साथ यह विडंबना है कि उसके उत्पाद की कीमत मंडी के व्यापारी और बिचौलिए तय करते हैं । जब तक किसान को अपने उत्पाद की कीमत तय करने के अधिकार की नीति नहीं बनेगी तब तक खेती पर यह संकट बरकरार रहेगा।
दूसरी बात समर्थन मूल्य पर हुई खरीद की है । जहां एक तरफ पंजाब जैसे राज्य का सारा गेंहूँ उत्पाद खरीदने के लिए केंद्र सरकार बाध्य है वैसा दूसरे राज्यों में नहीं है । आपको जानकर आश्चर्य होगा कि कुल उत्पादन का केवल 6.5फीसदी कृषि उत्पाद ही समर्थन मूल्य पर खरीदा जाता है । उसमें भी गेहूं और धान के आलावा अन्य जिंसों की खरीद बहुत कम होती है और यह 6.5 फीसदी के आंकड़े में हरियाणा पंजाब का गेंहूँ और धान भी शामिल है जिसके खरीद की बाध्यता सरकार की है ।अतः कृषि उत्पादों की कीमत और उनकी खरीद की ठोस नीति बनानी चाहिए ।
हमारे यहां पश्चिमी राजस्थान का बारानी काश्तकार लगभग जैविक खेती ही करता है परंतु नियमों एवम प्रमाणन के आभाव में उसके उत्पाद जैविक श्रेणी में नहीं गिने जाते जिसके चलते उसे सामान्य फसलों जैसे भाव ही मिल पाते है । यही नहीं नहरी, नदी और जलकूपों से सिंचित खेती करने वाले किसान को सरकार पानी और बिजली अनुदानित दर पर उपलब्ध कराती है जबकि बरानी इलाके के किसान को इस सब्सिडी का कोई लाभ नहीं मिलता। सिंचाई के साधन और सब्सिडी दर पर बिजली पानी वाले किसान के मुकाबले असुरक्षित खेती करने वाले किसान के साथ दुभान्त होती है । अगर बरानी इलाके के किसान को भी उस अनुदान का हिस्सा मिले तो यह किसान जैविक खेती के कीर्तिमान स्थापित कर सकता है साथ ही जैविक खेती के नाम पर उसे उत्पाद की श्रेष्ठतम कीमत भी मिल सकती है ।
विभिन्न कृषि उत्पादक क्षेत्रों को क्लस्टर में बांट कर उस इलाके में उत्पादन से लेकर बिक्री तक की चैन को विकसित किए जाने की सख्त आवश्यकता है । क्योंकि जिस तरह की छोटी जोत की खेती का प्रचलन हमारे देश में हैं उस छोटी जोत का किसान इस तरह के क्रियाकलापों में स्वयं सक्षम नहीं है । सहकारी मॉडल पर अथवा सरकार द्वारा सहायता से विभिन्न कृषि जिंसों के क्लस्टर किसान के उत्पादन से लेकर ,भंडारण , प्रोसेसिंग, पैकेजिंग , मार्केटिंग और बिक्री तक की चेन बनाकर किसान को तो उसकी उपज का पूरा मूल्य दिलाया जा सकता है साथ ही इन छोटे बड़े कामों में बड़ा रोजगार सृजन भी किया जा सकता है तथा किसान और उपभोक्ता के बीच राशि के अंतर का बंटवारा बिचौलियों के पास न जाकर विभिन्न स्तरों के कामगारों के मध्य बंट सकता है ।
इसी तरह फसल बीमा योजना में भी बहुत सारे सुधारों के बावजूद अभी भी सुधार की बहुत गुंजाइश है । सामान्य तौर पर सरकारी नीति के अनुसार निजी बीमा कंपनियों को किसानों के फसल बीमा के लिए अधिकृत किया जाता है । पिछले सालों में यह देखने को आया है कि कोई ना कोई बहाना बनाकर यह निजी बीमा कंपनियां किसान को उसका क्लेम का भुगतान करने में अड़चनें डालती है। इसमें मेरी मान्यता है कि एक तो बीमा संबंधी ठोस नीति बनाई जाए जिसमें इकाई किसान के खेत को माना जाए दूसरा इसे सामान्य बीमा की तर्ज पर कृषक के श्रम का और उसके संभावित उत्पादन से प्राप्त होने वाले लाभ का आकलन करके बीमित राशि का निर्धारण हो । वर्तमान समय में फसल बीमा के जरिए निर्धारित की गई क्लेम राशि बहुत थोड़ी है जो कि किसान के वास्तविक नुकसान और उसकी श्रम शक्ति के मुकाबले कुछ भी नहीं है । इस दिशा में सरकार को ठोस नीति बनाए जाने की आवश्यकता है साथ ही निजी बीमा कम्पनियों के स्थान पर सरकारी बीमा कम्पनी को इस क्षेत्र में लगाया जाना चाहिए।
जब हम कृषि आधारित अर्थव्यवस्था खड़ी करने की बात करते हैं तो निश्चित रूप से हमें हमारे गांव का बुनियादी ढांचा और आवश्यक सेवाओं के स्तर को शहरों के मुकाबले करने की भी आवश्यकता है । इसीलिए स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट विलेज तैयार किए जाने की जरूरत है जहां अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य के स्तरीय और गुणवत्तायुक्त संस्थान की जरूरत पड़ेगी ऐसा होने पर ही गांव में कार्यरत सरकारी चिकित्सक , शिक्षक और दूसरे विभाग के कर्मचारी गांव में रहना पसंद करेंगे ।
Nationalist isolation vs global unity
Article
Nationalist isolation vs Global Unity
_________________________
Possibilities for India
●SurendraSingh Shekhawat
In this crisis created by Corona pandemic, the unprecedented environment of distrust and anarchy that has been created has never been created even in world wars and the most destructive wars.
The scientists all across the globe are trying to fight against this invisible enemy at the same time the experts and thinkers have started thinking about the post corona scenario of the world.
When the infection that started in the city of Wuhan of China started crossing the boundaries and spreading all across the globe, the frightened countries started sealing their boundaries and their process of sealing the boundaries reached states and districts. Here in our country the ways to the cities, villages and colonies have been sealed and the local people have started guarding themselves so that no outsider can walking into.
These unprecedented situations arising out of the fatal Corona virus and the trend of guarding and isolating ourselves seem totally against the natural phenomena of human being of being social creature. Earlier in the era of globalization and liberalisation ,the boundaries of the countries started vanishing.
Many countries in Europe opened their boundaries to each other, Visa free visits had also started across the continents as well. Internet, communication revolution and means of transport had also tried their best to prove these boundries absolutely meaningless.
The efforts such as the creation of the European Union look like the steps moving towards the world government. But at this time of Corona crisis, an entirely different phase of Nationalist isolation has emerged. Almost all the countries have locked themselves down in their own boundaries and their own security is their top most priority.
The position of America as the world leader also seemingly shaking. The way the US led the world at the time of the 2008 Global economic crisis, just contrary to that, now the US is confined to its own problems and what talking of showing the path to the world, the US is unable to solve and control the situation of its own.
By the time this article is written the number of Corona infections and the deaths caused in the US thereby seems the highest in the world. On the other hand, China which is the biggest rival of America at this place has been badly maligned due to the allegations of spreading this virus. At the same time, it has also lost the sympathy of the countries suffering from Corona. Having emerged from Corona, China could have improved its image by supplying medical equipments and other necessary facilities and could also have won the trust of other countries but china as reports are coming in, is doing unfair activities of supplying substandard equipments to the affected countries and is also unable to give up the temptation of charging arbitrarily. Therefore it seems that in spite of being an economic power China is unable to step on to the place that is being seemingly vacated by the US.
A world famous writter and professor of the Hebrew University of Israel , Yuval Noha Harari has raised many issues in his article "The post Corona world".
He has also raised one very important question on Nationalist isolation vs Global Unity.Mr. Harari has raised his concern stating that if we choose isolation, it will not only deepan the present crisis but also will lead to some more serious crisis in future. Because on the one hand we need to tackle this disease and it is even more important to bring back the economy on the track. Undoubtedly, the concern of Mr. Harari is even more important because no country in the world is perfect in itself while we have the challenge to finding drugs to combat this invisible enemy by sharing techniques and research to deal with it. At the same time, without mutual coordination it is impossible to share medical equipments, test kits, and the available medicines.
Amids all these challenges, the new possibilities for India can be explored with great positivity.
Firstly ,India has a significant part in drug manufacturing and Indian companies can ensure the availability of medicine all across the globe. As in the present time India has provided hydro chloroquin for the U.S in this crisis.
Secondly, when America itself is stuck in crisis and China has lost its trustworthiness, India can bridge the dialogues among the countries of the world because India has taken this Corona pandemic lot better than the European and developed countries. Global Corporation will be needed to exchange technology and research results among the countries of the world and to ensure to bring back devested economy on its track, otherwise this crisis will endanger the very existence of human on earth. Therefore there is a need to move out of the realm of Nationalist isolation and move forward on the path of global corporation and the sky is full of possibilities for India.
●Surendra Singh Shekhawat
(Political Activist, Research Scholar, Blogger)
ssshekhawatbkn@gmail.com
C-9, vijay vihar, Bikaner
सयुंक्त राष्ट्रसंघ के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह
संयुक्त राष्ट्रसंघ के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह
-सुरेंद्र सिंह शेखावत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से नाता तोड़ने की घोषणा की है । ट्रम्प कोरोना संकट के दौरान निरन्तर डब्ल्यूएचओ पर चीन के प्रभाव में काम करने का आरोप लगा रहे थे और कुछ दिन पहले अमेरिका द्वारा डब्ल्यूएचओ को दी जाने वाली फंडिंग पर भी रोक लगा दी थी । यहां उल्लेखनीय है कि अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना 40 से 50 करोड़ डॉलर की सालाना मदद करता था जबकि चीन अमेरिका के मुकाबले महज 4 करोड डॉलर की ही फंडिंग डब्ल्यूएचओ को देता रहा है । अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके डब्ल्यूएचओ पर चीन के नियंत्रण में काम करने का आरोप लगाया है । अमेरिका का आरोप है कि चीन ने वुहान लैब में पैदा हुए कोरोनावायरस की सच्चाई दुनिया से छिपाई और डब्ल्यूएचओ ने भी चीन की जानकारियां छुपाने में मदद की ।
अमेरिका , जर्मनी ,ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया सहित 62 देशों ने इस मामले में विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका पर सवाल उठाए है । कोरोना वायरस आखिर कैसे और किस तरह से इंसानों तक पहुंचा? डब्ल्यूएचओ ने इसकी रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए और उसकी भूमिका क्या रही? दुनिया के देश ऐसे ही सवालों का जवाब मांग रहे हैं। अब भारत ने भी आधिकारिक तौर पर इन देशों को अपना समर्थन देते हुए यूरोपीय यूनियन व ऑस्ट्रेलिया की ओर से जांच की मांग वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। यद्यपि भारत ने अभी अभी डब्ल्यूएचओ के कार्यकारी चेयरमैन का जिम्मा सम्भाला है ।
इससे पहले अक्टूबर 2017 अमेरिका के ट्रम्प प्रशासन ने संयुक्त राष्ट्र संघ की शिक्षा, विज्ञान एवं सांस्कृतिक एजेंसी यूनेस्को की सदस्यता छोड़ने का प्रस्ताव दिया था । अमेरिका और इजरायल ने 2011 में ही यूनेस्को को आर्थिक मदद देनी बन्द कर दी थी , क्योंकि उस वक्त यूनेस्को ने यरुसलम पर इजरायल के अवैध कब्जे पर आपत्ति जताई थी ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन और संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन से अमेरिकी नाता तोड़ने की घोषणा मात्र से ही नहीं बल्कि कोरोना महामारी के वैश्विक संकट के काल के दौरान संयुक्त राष्ट्र संघ की नगण्य भूमिका से इस वैश्विक संगठन की प्रासंगिकता पर सवाल खड़े हो रहे है ।
अपनी स्थापना के सात दशक बाद संयुक्त राष्ट्र संघ , इसके पूर्ववर्ती संगठन राष्ट्रसंघ की तरह ही बेअसर होता प्रतीत हो रहा है । प्रथम विश्व युद्ध के बाद वैश्विक सहयोग एवं सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से पूर्ववर्ती राष्ट्रसंघ की स्थापना हुई थी परंतु संघ की नाकाम भूमिका के चलते जब दूसरा विश्व युद्ध हो गया तो पूर्ववर्ती राष्ट्रसंघ की भूमिका स्वतः ही समाप्त हो गई । फलतः नए संगठन की जरूरत महसूस हुई और 24 अक्टूबर 1945 को दूसरे विश्व युद्ध से हुए विनाश और जापान पर हुए परमाणु हमले की पृष्ठभूमि में संयुक्त राष्ट्र संघ बना ताकि भविष्य में इस तरह के विनाश और परमाणु इस्तेमाल से बचा जा सके । दोनों विश्व युद्धों के बाद कोरोना महामारी उतनी ही बड़ी त्रासदी के रूप में दुनिया के सामने आई है तब फिर से संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमिका पर सवाल खड़े होने के साथ ही वैकल्पिक वैश्विक संगठन की मांग उठने लगी है ।
यद्यपि स्थापना काल से ही संयुक्त राष्ट्र संघ पर अमेरिकी दबदबा रहा है ।दरसल संयुक्त राष्ट्र संघ के खर्च का सर्वाधिक हिस्सा अमेरिका ही वहन करता है जो लगभग 29 फीसदी है परन्तु अब जब अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र संघ के सहयोगी संस्थाओं के बजट में कटौती करते हुए खुद को उनसे अलग कर लिया है तब यह जानना महत्वपूर्ण है कि वास्तविक झगड़े की जड़ कहां है ।
अमेरिका कोरोना संकट के लिए चीन को दोषी ठहरा रहा है अमेरिका की इस बात का जर्मनी ब्रिटेन सहित कई देश समर्थन कर रहे है इतना ही नहीं कई देश इस अपराध के लिए चीन से जुर्माना वसूलना चाहते है जिसकी कार्यवाही अंतराष्ट्रीय न्यायालय में शुरू भी कर दी गई है । परंतु चीन और रूस को प्राप्त विशेषाधिकार वीटो का इस्तेमाल अमेरिका ब्रिटेन और फ्रांस के लिए गले की घण्टी बना हुआ है ।
चीन लम्बे समय से वैश्विक महाशक्ति अमेरिका के वर्ल्ड लीडरशिप को चुनौती दे रहा है और कोरोना महामारी से निपटने में अमेरिकी प्रशासन की असफलता ने भी अमेरिकी कमजोरी को उजागर किया है । उधर राष्ट्रपति ट्रम्प आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी अपनी रणनीति के तहत चीन को खलनायक करार देते हुए चुनावी मुद्दा बनाना चाह रहे है ।
इस सारी कवायद में संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रासंगिकता पर सवाल उठा खड़े हुए है । उधर संयुक्त राष्ट्र भी इस संकट के समय दुनिया को नेतृत्व देने में असफल रहा है ।इस महामारी से उपजे संकट के प्रति तमाम देशों के बीच सहयोग और समन्वय स्थापित करने में संयुक्त राष्ट्र महासचिव की प्रतिक्रिया बेहद धीमी रही है । ऐसा लगता है कि महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अपनी सभी सांगठनिक ज़िम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया है ।ये ऐसे समय पर हो रहा है जब दुनिया को इस संकट से उबरने के लिए वैश्विक नेतृत्व की सख़्त आवश्यकता है। अब अगर इस महासंकट के समय भी संयुक्त राष्ट्र विश्व परिदृश्य से अनुपस्थित रह रहा है।तो ये सवाल उठना बिल्कुल उचित है कि क्या संयुक्त राष्ट्र संघ विश्व की चुनौतियों का समाधान देने में सक्षम है?
पिछले दिनों जॉर्डन के शाह ने भी अपने आलेख में नए वैश्विक संगठन की जरूरत बताई थी । अमेरिका द्वारा अपने सहयोगी राष्ट्रों के सहयोग से चीन की घेराबंदी की रणनीति भी संयुक्त राष्ट्र संघ के लिए संकट के रूप में सामने आने वाली है । इन सब हालातों के मध्यनजर जहां संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रासंगिकता पर सवाल उठने लगे है वहीं वैकल्पिक वैश्विक संगठन की जरूरत महसूस हुई है जो या तो संघ को नए सिरे से पुनर्गठित करके पूरी की जा सकती है अथवा संयुक्त राष्ट्र संघ भी अपने पूर्ववर्ती राष्ट्र संघ की परिणीति प्राप्त होता नजर आ रहा है ।
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
Subscribe to:
Posts (Atom)