Sunday, 30 October 2016

जमीन से जुड़े नेता शेखावत

वो आज हमारे बीच नही है ।1952 में वो जब पहली बार विधायक बने तो विधानसभा का रास्ता आसान न था । साधारण राजपूत परिवार में जन्मे थे । उस समय राजे महाराजे और जागीरदारों के युग में साधारण राजपूत के लिए स्वीकार्यता बनाना भी किसी दलित संघर्ष से कम नही था, फिर भी वो लड़े और जीते। पहली विधानसभा में ही एक बिल को लेकर उन्हें विचारधारा और जाति के मध्य संघर्ष को झेलना पड़ा , जब सब साथ छोड़ गए तब भी वे जातीय विरोध के बावजूद विचार के साथ कर्मठता से खड़े रहे ,तभी से वे नेता हो गए। इस बात पर सदैव अडिग रहे चाहे सती प्रकरण भी क्यों न हो वे सदैव कानून के साथ खड़े रहे ।
                 रेगिस्तान के धोरो से लेकर पूरब के पहाड़ो तक साईकिल ,ऊंट, छकडो और बेलगाडी के रास्ते पुरे सूबे की ऐसी कोई  गांव ढाणी की गली नही रही जहां वो पहुंचे नही।
राजस्थान की विधानसभा में जब वो बोलते थे तो गरीब, मजलूम ,वंचित ,पीड़ित ,शोषित, उपेक्षित की आवाज मुखर होती थी बाकी सब सुनते थे सत्ता पक्ष भी और विरोधी दल भी।
              जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के सफर में सूबे में मुख्य सारथि रहे।दिन भर तांगे में आम सभा का एलान करने से लेकर सभा की दरी बिछाने और फिर भाषण देने तक का काम खुद ही किया तब जाकर आज ये 163 सदस्यों का कंगूरा खड़ा हुआ।
              तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में उनके कामो को गिनवाए तो जगह कम पड़ जाएगी। अंत्योदय ,काम के बदले अनाज और ऐसी न जाने कितनी योजनाए उनकी कलम की स्याही से शुरू हो पाई । गरीब को गणेश मानकर दिन रात जुटे रहे।
                खाचरियावास की धूल भरी गलियों से लेकर मुल्क की राजधानी में उपराष्ट्रपति भवन तक का रास्ता बहुत उबड़ खाबड़ रहा पर वो हर मार्ग पर सधे कदमो से चलते रहे।
वहां भी सूबे की चिंता उन्हें सालती रही जब वहां से आए तो यहां के हालात देखे नही गए।अपने हाथों से बनाए घरोंदे के हालात देखे न गए तो फिर से निकल पड़े गांव ढाणियों में ।
       आप सार्वजनिक जीवन में हमारे प्रेरणा स्त्रोत है ,रहेंगे भी। हम आपके विचार के उत्तराधिकारी है। आपने सार्वजनिक जीवन में जो नियम स्थापित किए उन पर चलते हुए आपके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पित है।
आज स्व. भैरोसिंह शेखावत की 93 वीं जयंती पर शत शत नमन करते हुए पुनः संकल्प को दोहराता हूँ।

Friday, 21 October 2016

भूख से जंग की गम्भीर चुनोती

        वैश्विक भुखमरी सूचकांक 2016

       ■भूख से जंग की गंभीर चुनौती■

'भारत की वर्तमान स्थिति में दो तथ्य सामने आते हैं। एक यह कि भारत की प्राकृतिक संपदा एवं संसाधनों की बहुलता वर्तमान आबादी एवं उससे भी ज्यादा आबादी को समृद्ध-सम्पन्न बनाने की क्षमता रखती है, दूसरा, भारत की बहुसंख्यक आबादी की ऐसी गरीबी, जो पश्चिमी दुनिया की स्थिति से वाकिफ किसी भी व्यक्ति की कल्पना से बाहर है। मौजूदा सामाजिक एवं राजनीतिक व्यवस्था का संकट इन दोनों में अंतर्निहित है।'
विख्यात यूरोपीय मजदूर आंदोलन के अगुआ और प्रसिद्ध विचारक रजनी पामदत्त द्वारा 1940 में प्रकाशित अपनी पुस्तक 'इंडिया टुडे'में भारत के बारे में लिखा गया उक्त अंश आज 76 वर्ष बाद भी उतना ही प्रासंगिक है।
11 अक्टूबर, 2016 को इंटरनेशनल फूड पॉलिसी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आईएफपीआरआई) द्वारा जारी किए गए ग्लोबल हंगर इंडैक्स (वैश्विक भूखमरी सूचकांक)  2016 के आंकड़ों की तुलना करें तो 75 वर्ष पूर्व से भी बदतर स्थिति नजर आती है।
वैश्विक भुखमरी सूचकांक 2016 पर गौर करे तो अपने पड़ौसी मुल्क पाकिस्तान को छोड़कर भारत शेष सभी देशों से बदतर स्थिति में हैं। सर्वे में शामिल किए गए 118 देशों में से भारत का स्थान 97वें नम्बर पर है वहीं नेपाल 72वें, म्यांमार 75वें, श्रीलंका 84वें और बांग्लादेश 90वें स्थान पर है। केवल पाकिस्तान भारत को पछाड़कर 107वें स्थान पर पहुंचा है।
ग्लोबल हंगर इंडेक्स में दुनिया में भूख के खिलाफ चल रहे अभियान की उपलब्ध्यिां और नाकामियों को दर्शाया जाता है। यह इंडेक्स सौ बिंदुओं के पैमाने के आधार पर तैयार किया जाता है जिसमें  सबसे अच्छा तथा 100 सबसे खराब स्कोर होता है। जीएचआई तैयार करने में इन प्रमुख कारकों को आधार माना जाता है। 1. अल्प पोषण, 2. लम्बाई के अनुपात में कम वजन, 3. आयु के अनुपात में कम लम्बाई और 4. बाल मृत्यु दर।
वर्ष 2015 में भारत वैश्विक भुखमरी सूचकांक में 80वें स्थान पर था वहीं 2014 में 55वें और 2013 में 63वें स्थान पर जो प्रतिवर्ष बढ़ती भूखमरी का सूचक है।
भारत में 39 प्रतिशत बच्चे अविकसित हैं। आबादी का 15.2 फीसदी कुपोषण का शिकार है। भारत का जीएचआई स्कॉर 28.5 है जबकि विकासशील देशों का औसत 21.3 है।
दुनिया के 118 देशों में कुल 795 मिलियन लोग भुखमरी की चपेट में हैं, जिसका एक चौथाई हिस्सा भारत में है। 118 में से 50 देश गंभीर स्थिति में हैं। एशियन देशों में भारत और पाकिस्तान की हालत गंभीर स्थिति में है।
जम्मू-कश्मीर स्थित भारतीय सैन्य ठिकाने उड़ी पर आतंकवादी हमले और जवाबी सर्जीकल स्ट्राइक के बाद, दोनों मुल्कों में जब युद्ध का उन्माद हिलौरे ले रहा है और दोनों तरफ के कई लोग युद्ध को आवश्यक बता चिल्ल पौ मचा रहे हैं, ऐसे दौर में ग्लोबल हंगर इंडेक्स रिपोर्ट का आना बहुत महत्त्वपूर्ण है।
हालांकि भाजपा के कोझीकोडा राष्ट्रीय अधिवेशन में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान की अवाम से बेरोजगारी, कुपोषण, भूख और गरीबी से जंग लडऩे की चुनौती दी थी, बावजूद इसके प्राथमिकताएं दोनों तरफ ही भूख से जंग की न होकर, वास्तविक मुद्दों से भटकाने वाले मोर्चों पर जमी हुई है।
एक तरफ जब हम दुनिया में उभरती अपनी अर्थव्यवस्था की चमक दिखाने में लगे हुए हैं ऐसे में भुखमरी के ये आंकड़े प्रत्येक भारतीय को शर्मशार करने वाले हैं। खासतौर से लोकतंत्र के नाम से शपथ लेने वालों के लिए।
जनता के प्रतिनिधि भूख के बढ़ते प्रकोप से बेपरवाह कैसे हो सकते हैं? क्या यह सवाल पूछा नहीं जाना चाहिए कि लोकतंत्र में भी भूख विद्यमान क्यों रहती है। भुखमरी सबसे बड़ा घोटाला है। यह मानवता के खिलाफ अपराध है जिसमें अपराधी को सजा नहीं मिलती।
देश जो खाद्यान्न उत्पाद में आत्मनिर्भर होने में गर्व करता है, वहीं भुखमरी अभी भी भारत में अपने अस्तित्व का दावा कर रही है जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह प्रगतिशील राष्ट्र पर धब्बे की तरह है। भोजन जो जीवन निर्वाह के लिए बहुत आवश्यक है, उसकी उपलब्धता के मामले में अमीरी और गरीबी के बीच हमारा मुल्क असमानताओं का मुकाबला करने में असमर्थ है। भुखमरी का आंकड़ा विकास में हमारे तमाम दावों को मुंह चिढ़ाने वाला है।
गरीबी, अशिक्षा और बीमारियों की स्यात हकीकत से हम मुंह नहीं फेर सकते। भुखमरी और कुपोषण भारत की ही नहीं समूचे भारतीय उपमहाद्वीप की कड़वी सच्चाई है जिसे स्वीकार करने और युद्ध स्तर पर उसका सामना करने की जरूरत है ना कि युद्ध के उन्माद की।
सकल आबादी के लिए भरपेट, भोजन समुचित स्वास्थ्य, शिक्षा और गरिमापूर्ण जीवन की व्यवस्था किए बगैर हम वैश्विक महाशक्ति बनने की दौड़ में शामिल नहीं हो सकते।
भूख से जंग की करें तैयारी
भुखमरी के भयावह आंकड़ों के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व को इसे चुनौती के रूप में लेते हुए कमर कस लेनी चाहिए।
सकल कृषि उत्पादन बढ़ाने से लेकर प्रोटीन वाली दाल गरीब की हांडी तक पहुंचाने की व्यवस्था के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के ढर्रे को सुधारने की माकूल व्यवस्था करनी होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में निचले स्तर पर फैले भ्रष्टाचार से भी दो-चार हाथ करने होंगे। ऐसा नहीं है कि यह काम बहुत कठिन है। रणनीति बनाकर इसे क्रियांवित करने की पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने के लिए राजनीतिक नेतृत्व की मजबूत इच्छाशक्ति की आवश्यकता है।
भूख से साझी लड़ाई
दुनिया के समृद्ध देश जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसे मुद्दों से आगे बढ़कर समृद्ध जीवनस्तर की चिंता कर रहे हैं वहीं हम तीसरी दुनिया के देश अभी भी मध्ययुगीन संघर्षों के दौर में फिर से लौटाना चाह रहे हैं।
हमारी बहुसंख्यक आबादी अभी भी रोजी रोटी के संघर्ष से जूझ रही है। भुखमरी से छुटकारा, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मोर्चों पर हमें साझी लड़ाई लडऩे की रणनीति बनानी चाहिए। भारत और पाकिस्तान के हालात बदतर हैं ही, कोई बहुत अच्छे हालात बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका के भी नहीं हैं।
वैश्विक भुखमरी सूचकांक के आंकड़ों से सबक लेते हुए भारतीय उपमहाद्वीप के देशों को भुखमरी को चुनौती मानकर उसके विरुद्ध सामूहिक जंग का ऐलान कर देना चाहिए।

●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
ssshekhawatbkn@gmail.com
(लेखक राजनीति समाजिक कार्यकर्ता है)

समय से आगे सोचती शख़्सीयत डॉ लोहिया

लोकतंत्र बहुत अच्छी व्यवस्था है, पर यह बुरी भी है। कल विजयी होकर सत्ता में बैठे लोग और ताकतवर हुए लोग अगर संतति और संपत्ति के मोह में पड़ गए, तो धृतराष्ट्र बन जाएंगे और तब लोकतंत्र बुरा हो जाएगा। ऐसे में, यह अपने मायने भी खो देगा। अगर अवसर और सत्ता का बंटवारा न हुआ, तब भी लोकतंत्र मायने खो देगा। अगर सत्ता और फैसलों का केंद्रीकरण रहा और चार खंभों, यानी गांव, जिला, प्रदेश व देश के स्तर पर शासन और फैसलों के अधिकार का बंटवारा न हुआ, तब भी लोकतंत्र मायने नहीं रखेगा। यदि सभी तरह की गैर-बराबरी से समाज मुक्त नहीं हो पाया, तब भी लोकतंत्र मायने खो देगा। कुछ यही अर्थ निकलते हैं, प्रख्यात समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया के चिंतन के।लोहिया तो 1967 में दुनिया से चले गए, मगर अपने कदमों के ऐसे निशान छोड़ गए और चिंतन की ऐसी लकीर छोड़ गए, जो हमारे लिए आज भी बहुत महत्वपूर्ण है। यह अलग बात है कि आज भी वे कई सारे सवाल अनुत्तरित हैं, जो उन्होंने उठाए थे। उनके सपने कहीं अधूरे हैं, तो कहीं इंतजार में हैं कि कोई पहला कदम तो उठाए। आज हम जितनी भी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जब उनके बारे में सोचते हैं, तो दशकों पहले चिंतक राम मनोहर लोहिया के लिखे या कहे बहुत सारे शब्द हमारे कानों में गूजने लगते हैं।वह लोहिया ही थे, जिन्होंने सबसे पहले यह कहा था कि हिमालय बचाओ। आज जब हिमालय को बचाना एक आपातकालिक जरूरत बन चुका है, तब हम बस हिमालय की चिंता और चर्चा कर रहे हैं। सबसे पहले उन्होंने ही भविष्य में पानी की भयावह स्थिति की तरफ ध्यान खींचा और यह कहा कि नदियों का संरक्षण व सफाई एक अभियान होना चाहिए। पर हम आज भी गंगा की चिंता और उसकी मुक्ति के प्रस्ताव ही पेश कर रहे हैं। उन्होंने ही सबसे पहले कहा था कि चीन धोखा देगा और कभी साथी नहीं बनेगा, लेकिन उस समय की सरकार ने उनको गंभीरता से नहीं लिया था। तब भी उनकी बात सही साबित हुई थी और आज भी उनकी यह बात याद आती है कि चीन से प्रभावित राष्ट्रों का एक गुट बनाना चाहिए। हमारी चीन नीति का ही नतीजा है कि आज नेपाल हमें आंखें दिखा रहा है, भूटान चीन की तरफ बढ़ता जा रहा है और बाकी पड़ोसी भी हमसे दूर हुए हैं। कौन है इसका जिम्मेदार?वह लोहिया ही थे, जिन्होंने कहा था कि इस देश को चौखंभा राज्य चाहिए, यानी ऐसी व्यवस्था, जिसमें केंद्र केवल विदेश नीति, रेल, सुरक्षा, डाक इत्यादि देखे, बाकी मामलों का फैसला प्रदेश, जिला और गांव की सरकारें अपने स्तर पर करें, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। यद्यपि हमने पंचायत व्यवस्था को लागू किया, पर इतना बड़ा देश और हमारे प्रदेश आज केंद्रीकरण की बीमारी से कराह रहे हैं। तरक्की की जो किरण देश के अंतिम आदमी तक पहुंचनी चाहिए थी, आज तक नहीं पहुंची।लोकसभा में राम मनोहर लोहिया का सबसे चर्चित बयान वह था, जिसमें उन्होंने देश के अधिकांश लोगों की आमदनी के बहाने देश में व्याप्त अत्यधिक गैर-बराबरी की बहस छेड़ी थी। आज भी तो बहस का मूल मुद्दा वही है। आज भी हम चर्चा करते हैं कि देश की 65 प्रतिशत आबादी 20 रुपये रोज पर गुजारा करती है, और आज ही यह बहस तब और सनसनीखेज हो जाती है, जब हम बुंदेलखंड में लोगों को घास की रोटी खाते व देश भर में किसानों को आत्महत्या करते देखते हैं। तब भी हम चर्चा करते हैं कि पूंजीपति की कर्ज माफी, उसका प्रोत्साहन है और किसान की कर्ज माफी या सहायता देश पर बोझ। लोहिया ने जब कहा कि राम की मर्यादा को समझो और रामायण मेला लगाना शुरू किया, तो इसके पीछे उनका इरादा था कि राम की मर्यादा से समाज को बांधा जाए। पर तब उन्हें कहां पता था कि राम लड़ाई का कारण बन जाएंगे, वह भी इसी हिन्दुस्तान की धरती पर? जब उन्होंने कहा कि कृष्ण प्रेम के प्रतीक हैं, तो वह चाहते थे कि समाज उन्हीं की भांति सत्य के साथ और अन्याय के खिलाफ खड़ा हो, चाहे गलत होने पर अपनों के खिलाफ और गैरों के साथ ही क्यों न खड़ा होना पड़े।दुनिया में कहीं भी कोई जुल्म हो, चाहे अमेरिका में हो या और कहीं भी, वह सब के लिए समान रूप से चिंतित होते थे। लोहिया चाहते थे कि एक विश्व सरकार बने और फौजों व लड़ाइयों से मुक्त होकर यह दुनिया आगे बढ़े। गौर से देखिए, आज पूरी दुनिया इसी चिंता में ही तो है। आज भले दुनिया का कोई एक नेता न हो, पर मानवता तो है। भारत और पड़ोसियों के ढीले-ढाले महासंघ की चिंता आज इन सभी देशों की सिविल सोसाइटी के जेहन में है और चिंतन में भी, लेकिन सरकारों व राजनीतिज्ञों के मकड़जाल में वे सिर नहीं उठा पा रही हैं।राम मनोहर लोहिया चाहते थे कि पार्टी सरकार का संचालन करे और पार्टी का ताकतवर नेता सत्ता में बैठने की जगह संगठन में रहे, वह जनता के साथ रहे। शायद उनको यह आशंका थी कि सबसे ताकतवर के सत्ता में बैठते ही लोकतंत्र मर जाएगा, बुराइयां आसमान छूने लगेंगी। हमारी राजनीति की बहुत सारी बुराइयों का कारण तो शायद यही है। उनका मकसद था कि ताकतवर नेतृत्व जनता से जुड़ा रहे और सत्ता को विचलित व पथभ्रष्ट न होने दे। इसलिए वह चाहते थे कि संगठन सत्ता पर नकेल का काम करे।हम जिस चीज की भी चिंता कर लें, विदेश नीति की, मानवता की, पर्यावरण की, लोकतंत्र की, हर तरह की गैर-बराबरी की, देश की सुरक्षा के साथ विश्व-सुरक्षा की, अर्थव्यवस्था की, किसान की, जवान की, हर जगह राम मनोहर लोहिया एक सीख और एक दिशा देते हुए आज भी हमारे बीच खड़े हैं। क्या अब कोई ऐसा लोहिया पैदा होगा, जो देश और दुनिया का नेतृत्व संभाले? फिलहाल तो ऐसा होता हुआ कुछ नहीं दिख रहा। इसकी शायद जरूरत भी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि उनके चिंतन को वर्तमान नेतृत्व ईमानदारी के साथ लागू करे। बहुत से समाधान तो इसी से निकल आएंगे।

Monday, 10 October 2016

लोकनायक जेपी को जयंती पर नमन

लाेकनायक जयप्रकाश नारायण(J.P.)जयंती पर-जेपी जन्में बिहार ओर यूपी की सीमा पर जेपी का जन्म स्थान गंगा ओर सरयू के पानी बहाव पर तय करता है कि उसे बलिया में रहना है या छपरा में।वैसे ही जैसे मानवता की पीड़ा का माप ही जेपी काे घाेर मार्क्सवादी से गांधी के मानवतावाद की ओर खेंच लाता है।JP शुरूआती शिक्षा के बाद अमेरिका चले गए कैलिफ़ोर्निया विश्वविघालय में दाख़िला ले लिया।जेपी नेहरू नहीं थे इसलिये पढ़ाई का ख़र्च भी ख़ुद ही जुटाना था हाेटलाें में बर्तन धाेना,वेटर का काम,जूते साफ करना कमाेड साफ करना घूम घूम कर शेंपू आदि बेचना इन्हीं कामाें से अपने रहने खाने का इंतज़ाम किया।अपनी ग़रीबी व समाज की असमानता ने उनकाे मार्क्सवाद के निकट खेंचा।मार्क्स,लेनिन ,प्लेखनाॅव,MNराय,लेक्सेम्बर्ग,ट्राट्स्की सबकाे पढ़ डाला।जेपी 7बरस बाद भारत आए।तब तक भारत के सार्वजनिक जीवन में गांधीजी का आगमन हाे गया था ओर उनकी पत्नी गांधी आश्रम में ही रह रही थी।जेपी की पत्नी ने ब्रह्मचर्य का व्र्त ले लिया लेकिन जेपी काे बच्चों से प्यार था इस मसले पर उनका गांधी से लंबा चाैड़ा पत्रव्यवहार हुआ आख़िर असहमत हाेते हुए भी गांधी के सम्मान में जेपी चुप रहे।जेपी मुल्क की आज़ादी की जंग में कूद पड़े ओर सन 32में पति पत्नी दाेनाे अंग्रेज़ी हुकुमत की जेल की सलाखाें के पीछे चले गए।जेल से ही समाजवादी पार्टी की स्थापना की भूमिका बनी ओर सन 34 साेशलिस्ट पार्टी का गठन कर दिया।दूसरे विश्वयुद्ध की मुख़ालफ़त में जमशेदपुर में उनका भाषण हुआ कि में जर्मन नाज़ीवाद व ब्रिटिश साम्राज्यवाददाेनाे का घाेर विराेधी हूँ यह भारत की लड़ाई नहीं है ।हुकुमत ने फिर जेल कर दी।बाहर आने पर नज़रबंदी में रखा वहीं से अपनी पत्नी के माध्यम से हिंसक क्रांति का संदेशा साथियाें काे भेजा।सरकार ने उनकी पत्नी पर कार्यवाही करनी चाही गांधी खुलकर प्रभावती के समर्थन में आए ।सन 42में भारत छाेड़ाे आंदाेलन शुरू हुवा जेपी हज़ारीबाग़ की जेल में थे पूरा भारत सड़काे पर संघर्ष करे ताे भला जेपी कैसे चुपचाप रहते अपने साथियाें के संग 17फूट की जेल दीवार लांग कर भाग गए ओर मुल्क के इंक़लाबियाें में शामिल हुवे अब जेपी अगस्त क्रांति के हीराे थे पटना में एक लाख लाेग आए महिलाओं ने अपने ज़ेवर भेंट कर दिये दिनकर ने JPपर अपनी कविता कही-'वह सुनाे,भविष्य पुकार रहा,        वह दलित देश का त्राता है,               स्वप्नाें का द्रष्टा जयप्रकाश ,भारत का भाग्य-विधाता है।। जेपी फिर लाहौर की जेल चले गए।मुल्क आज़ाद हुआ ताे सत्ता की चाैखट से हजाराें मील दूर नाैआखली में गांधी के साथ दंगाे की आग बुझाने जुट गए जब आम कांग्रेसी जेलाें के झूठे सर्टिफ़िकेट बनाकर सत्ता की मलाई की लारें टपका रहे थे।मुल्क आज़ाद हाे गया नेहरू से कहा देश के प्रधानमंत्री का इतना बड़ा आवास दरअसल ताे हमारी कराेड़ाें झाेंपड़ीयाें की ताैहीन कर रहा है।उनकी पार्टी ने 52का चुनाव लड़ा पर खुद चुनाव लड़ने से दूर रहे नेहरू ने मंत्रिमंडल का न्याैता दिया उसकाे ठुकरा दिया ओर विनाेबा भावे के भूदान Movement काे अपना जीवनदान दे दिया।नेहरू के बाद प्रधानमंत्री का पद उनकी चाैखट पर आया उससे इनकार हाे गए।सन 60में चंबल के बीहड़ व चम्बल का पानी वहाँ के डकैतों की गाेलियाें से लाल हाे रहा था तब यह जेपी का ही नैतिक बल था जिसने हजाराें डकैताें से हथियार छुड़वा दिये पहली बार गांधी की मूर्ति के आगे जेपी की माैजुदगी में फूलाें की जगह हथियारों के ढेर लग गए।फिर आया सन 74का JP Movement उससे पहले शेख़ अब्््दुला ने टिप्पणी की थी हिन्दूस्तान की किश्ती भंवर में है ओर जेपी किनारे खड़े तमाशा देख रहे हैं।जेपी छात्र आंदाेलन में कूद पड़े आज़ाद भारत का सबसे बड़ा आंदाेलन हुवा हिंदुस्तान की जेलें भर गई हिन्दुस्तान की सबसे मज़बूत प्रधानमंत्री अपनी सीट हार गई जेपी की आँधी ने कांग्रेस काे सत्ता से बाहर फैंक दिया।जेपी फिर वीतराग सन्यासी की तरह सत्ता से विरक्त हाे चल पड़े देसाई काे प्रधानमंत्री चुनकर सीधे इंदिरा गांधी के घर गए ओर कहा-इंदु यही लाेकतंत्र है तुम घबराना मत।जेपी लाैटने लगे इंदिरा गाड़ी तक छाेड़ने आयी ताे फिर कहा-इंदु ,जनता की सेवा मत छाेड़ना।वही सबसे बड़ा धर्म है।''इंदिरा की आँखें भर आई।क्या उच्च नैतिक मूल्याें वाले लाेग थे ओर अब काैन गंुडे हमारे राजनैतिक जीवन पर कालिख पाेत रहे हैं खैर......जेपी चला गया आज़ाद भारत का सबसे बड़ा नैतिक बल चला गया।सम्पूर्ण क्रांति की आवाज़ माैन हाे गई अमेरिका के राष्ट्रपति जिम्मी कार्टर ने कहा कि जेपी ने दुनिया काे बता दिया कि शक्ति नैतिकता से पैदा हाेती है,परिवर्तन शांतिपूर्ण क्रांति से आते है सत्ता जनता से निकलती है।जिसके जाने पर संयुक्त राष्ट्र संघ का झंडा झुक गया ।हे लाेकनायक सम्पूर्ण क्रांति के जनक तुम्हारी महानता काे तुम्हारे जन्मदिन पर शत् शत् नमन ।
●राजेन्द्रसिंह भिंयाड़, बाड़मेर

Saturday, 8 October 2016

सम्पूर्ण क्रांति के नायक जेपी

"सम्भव था कि वे चार दशक से भी ज्यादा वहां घूम रहे होते जब उन्होंने कांग्रेस समाजवादी पार्टी की स्थापना के लिए पहले पहल देश का सघन दौरा किया था जो कि उस समय के उम्दा जवान नेताओ राममनोहर लोहिया ,अशोक मेहता ,मीनू मसानी, युसूफ मेहर अली, अच्युत पटवर्धन को मिलाकर बनी थी। यह एक ऐसा समूह था जिसने वकीलो के वर्चस्व वाले स्वतन्त्रता आंदोलन को  नजरअंदाज किया और उसे मार्क्सवादी संघर्ष की शैली से संचारित करने का काम करना चाहा। मेधा, संवेदनशीलता तथा विदेशों में विकसित हो रही राजनीति से नाता रखने वाला यह एक असाधारण समूह था जिसकी प्रेरणा गांधी और मार्क्स की शिक्षाओ से प्रेरित सत्ता और नैतिकता के उन आकर्षणों से अलग थी, जिन्होंने कि हमारे दौर को बहुत बांध रखा था।एक समय में वे सभी मार्क्सवादी थे सीधे अमेरिकी विश्वविद्यालयो के उग्र समूहों से निकलकर आंदोलनों से आए हुए लेकिन आजादी की लड़ाई ने उनकी भावनाओ पर जो असर डाला वह एक विदेशी विचारधारा के प्रति बौद्धिक आकर्षण से कही गहरा साबित हुआ और धीरे धीरे भारतीय यथार्थ ने मार्क्सवाद के साथ उनके लगाव को कम कर दिया।उन्होंने भाकपा की जगह कांग्रेस की सदस्यता ले ली । जल्दी ही वे कांग्रेस के कार्यकारी महासचिव नियुक्त हुए और दूसरे नेताओ के साथ जेल पहुंच गए।
लम्बा शरीर ,मुग्धकारी चिंतवन ,मानवीय भावनाओ से जुडी बौद्धिक विलक्षणता ,नेहरू से बराबरी करती सुस्पष्ट अंग्रेजी लिखने की कुव्वत आदि से जल्द ही अपने से 13 वर्ष वरिष्ठ जवाहरलाल का ध्यान खींच लिया। अमेरिका में बिताए सात वर्षो के बावजूद उनकी हिंदी और भी बेहतर थी। वे आराम से दूर दराज के किसी ग्रामीण के साथ जमीन पर बैठ सकते थे। खासकर तब , जब वह उनके अपने इलाके से आया हो , क्योंकि वे खुद एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से थे और अपनी बोली भोजपुरी बोलने में भी पारंगत थे।"
- जेपी एक जीवनी (अजित भट्टाचार्य) को पढ़ते हुए ।
(ऐसे में जब 8 अक्टूबर को जेपी की पुण्यतिथि थी और 11 अक्टूबर को उनकी 113वीं जयंती है।)
09अक्टूबर  2015 रात्रि 10:45 बजे।

जैविभा में बिताए दिनों का शार्ट नोट

जैन विश्व भारती : एक अलौकिक अनुभव
•••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
पिछले 15 दिनों से लाडनूं में जैन विश्व भारती के कैंपस में हूँ।ये दिन मेरे जीवन के स्वर्णिम दिनों में गिने जायेंगे। एक अद्भुत अलौकिक आध्यात्मिक शक्ति से आलोकित यह स्थान निश्चित ही अद्वितीय है।
तेरापंथ जैन संघ के आचार्य तुलसी की जन्मस्थली लाडनूं में बना यह केंद्र आचार्य तुलसी के स्प्रिचुअल पावर की साधना स्थली है ।सीधे शब्दों में कहे तो जागृत भूमि है। हरे भरे पेड़ पौधों से आच्छादित केम्पस रमणीय है।
इसी केम्पस में जैन विश्व भारती डीम्ड विश्वविद्यालय स्थित है, जहां अहिंसा एवं शांति, जैन दर्शन, योग, प्राकृत, संस्कृत, अंग्रेजी और शिक्षा विषयों के अध्ययन केंद्र अपने आप में उत्कृष्ट है। साथ ही कन्या महाविद्यालय, बीएड कॉलेज और विद्यालय भी स्थित है।
लगभग 70,000 पुस्तकों , सन्दर्भ ग्रन्थों और प्राचीन जैन पांडुलिपियों से समृद्ध पुस्तकालय है। प्रेक्षाध्यान केंद्र तथा तुलसी स्मारक यहां की भव्यता को बढ़ाते है।
जैन साध्वी परम्परा में दीक्षित समणियों का केंद्र तथा वृद्ध मुनियों के स्थल यहां की आध्यात्मिक शक्ति को जागृत रखे हुए है।
इस स्थल पर प्रवास ने मेरे भीतर नई ऊर्जा का संचार किया है। मेरे साथी पीएचडी स्कॉलर Satish Srivastava Avinash Singh Satrughan Bhardwaj Manish Patwari और meraj fida के साथ बिताए पल यादगार रहेंगे।
(वैसे पुरे 15 दिनों की एक अलग डायरी शेयर करना अभी बाकी है।)

Thursday, 6 October 2016

कृषक जातियां क्यों मांग रही है आरक्षण

मराठा आंदोलन के पीछे छिपी कड़वी हकीकत

देविंदर शर्मा |

महाराष्ट्र में मराठों के ‘मूक मोर्चा’ के सिलसिले ने राजनीतिक नेतृत्व को हिलाकर रख दिया है और हाथी व चार दृष्टिहीनों की कहानी की तरह नीति-निर्माता और अर्थशास्त्री ऐसे कारण खोजने में लगे हैं, जो इतने विशाल पैमाने पर लोगों के सड़कों पर उतर आने की व्याख्या कर सकें। इसे कोई भी नाम दें, लेकिन इस मूक विद्रोह की जड़ें खेती में जारी संकट से है।

खेती धीमी और निरंतर गति से खत्म हो रही है। इस संकट को देखने का एक तरीका तो किसानों की आत्महत्या की संख्या में वृद्धि है। मुझे जहां तक याद आता है महाराष्ट्र के विदर्भ या मराठवाड़ा से ही किसानों की आत्महत्याओं ने राष्ट्रीय सुर्खियां बनाई हैं। इसके पीछे एक बड़े रोग के लक्षण छिपे हैं, जिनकी सुविधाजनक रूप से अनदेखी की जा रही है। मामले का यह अप्रिय पक्ष न जाने कैसे छिपा ही रह गया है।

कृषि का सुनियोजित विनाश ही उन जाति आधारित विरोध प्रदर्शनों में सरकारी नौकरियों में आरक्षण की मांग की वजह है, जो हमने हाल में देखे हैं- महाराष्ट्र में मराठा, गुजरात में पाटीदार, राजस्थान में गुर्जर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में जाट और कर्नाटक में लिंगायत आदि। किंतु मराठा क्रांति मोर्चा अन्य जाति आधारित विरोध प्रदर्शनों से अलग इस मायने में हैं कि ये शांतिपूर्ण प्रदर्शन हैं और अब तक इनका कोई चेहरा नहीं है। जाति के आधार पर एकजुट होने के बावजूद सड़कों पर इतने बड़े पैमाने पर लोग तब तक नहीं उतर सकते जब तक कि पूरे समुदाय में  क्रोध की लहर न चल रही हो। अहमदनगर के कोपार्डी में 13 जुलाई को मराठा लड़की से दुष्कर्म की घटना ने ट्रिगर का काम किया, लेकिन सारे विरोध-प्रदर्शकों को जोड़ने वाला कारण आर्थिक हताशा ही है।

चूंकि  महाराष्ट्र में खुदकुशी करने वाले 90 फीसदी मराठा समुदाय से हैं और महाराष्ट्र ऐसी घटनाओं के मामले में शीर्ष पर है, अाइए देखें कि वहां कृषि का अर्थशास्त्र कितना विनाशकारी रहा है। बेहतर समझ के लिए मैंने  कमीशन फॉर  एग्रीकल्चरल कास्ट एंड प्राइसेस (सीएसीपी) की ताजा रिपोर्ट पर कृषि आमदनी का स्तर जानने के लिए निगाह डाली। महाराष्ट्र की कृषि योग्य जमीन के मोटेतौर पर 4.5 हिस्से पर गन्ना है, जो लगभग 71 फीसदी भूजल पी जाता है। आइए देखें कि शेष 96 फीसदी किसानों का क्या हाल है। धान में प्रति हैक्टेयर शुद्ध प्राप्ति 966 रुपए हैं यानी यदि मासिक आधार पर गणना करे तो यह 300 रुपए महीना होता है। रागी की खेती में तो महाराष्ट्र के किसान को प्रति हैक्टेयर 10,674 रुपए हानि होती है। इसी तरह मूंग और उड़द में क्रमश: 5,873 व 6663 रुपए हानि होती है। यहां तक कि जिस कपास की खेती का बड़ा प्रचार किया जाता है और जिसके लिए विदर्भ जाना जाता है, उसमें शुद्ध आमदनी मात्र 2,949 प्रति हैक्टेयर है। कपास को जून में बोया जाता है और इसकी फसल अक्टूबर में आती है। कपास चुनने का काम नवंबर, दिसंबर और जनवरी तक भी चलता है। ऐसे में औसत प्रति हैक्टेयर आमदनी मात्र 700 रुपए होती है। मुझे आश्चर्य होता है कि मनरेगा में काम करने वाले श्रमिक से भी कम आमदनी पर महाराष्ट्र का किसान इतने बरस अपना वजूद कैसे बनाए रख सका।

इसलिए महाराष्ट्र में उपजे रोष का औचित्य है। जो महाराष्ट्र के लिए सही है, वही गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित शेष देश के लिए भी सही है, जहां हाल ही में आरक्षण के लिए  व्यापक प्रदर्शन देखे गए हैं। उसी मराठा, जाट व पाटीदार समुदायों के राजनीति व बिज़नेस में प्रभुत्व स्थापित करने वाले एक फीसदी तबके की चमक-दमक व  ताकत के पीछे 99 फीसदी आबादी की कड़वी हकीकत छिपी रह जाती है। वर्ष 2016 के आर्थिक सर्वे के मुताबिक देश के 17 राज्यों में  कृषि परिवारों की औसत वार्षिक आय मात्र 20 हजार रुपए है यानी औसत मासिक आय सिर्फ  1,667 रुपए है।

देश की 130 करोड़ की आबादी में आधा हिस्सा प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से खेती पर निर्भर है। इतने बड़े तबके की लगातार उपेक्षा ने ही इस असंतोष को जन्म दिया है। खेती आर्थिक रूप से व्यावहारिक न होने से इससे जुड़े पेशे भी खत्म हो रहे हैं। इस पर यह कि चिकित्सा व स्वास्थ और शिक्षा सेवाएं निजी क्षेत्र में जाने के कारण महंगी होकर किसान की पहुंच के बाहर हो गई हैं। कई अध्ययनों ने दर्शाया है कि काफी हद तक ग्रामीण संपन्न परिवार किसी के गंभीर बीमार होने से गरीबी में चले गए। एक ऐसे समय जब सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं संसाधनों की कमी से जूझ रही हैं, स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण का सबसे बड़ा आर्थिक बोझ गरीबों पर ही पड़ रहा है। शिक्षा भी पहुंच के बाहर हो गई है। महाराष्ट्र के यवतमाल के छोटे किसान के ग्रेजुएट पुत्र 22 वर्षीय गोपाल बाबाराव राठौड़ ने सुसाइड नोट में प्रश्न पूछा है, जो हमें त्रुटिपूर्ण आर्थिक नीतियों की याद दिलाता है। अगस्त के अंतिम सप्ताह में खुदकुशी करने वाले  गोपाल ने बताया है कि कैसे शहरों के किस्मत के धनी युवाओं की तरह ग्रामीण युवाओं की भी हसरतें होती हैं। वह पूछता है, ‘एक शिक्षक का बेटा इंजीनियर बनने के लिए आसानी से 1 लाख रुपए दे सकता है, लेकिन मुझे बताएं कि किसान का बेटा इतनी फीस कैसे दे सकता है?’ उसने आगे कहा, ‘ऐसा क्यों है कि वेतनभोगी कर्मचारी को बिना मांगे महंगाई भत्ता मिलता है, जबकि किसानों को उनकी उपज की उचित कीमत तक नहीं दी जाती?’

युवा छात्र के मर्मभेदी प्रश्नों की ज्यादा दिनों तक उपेक्षा नहीं की जा सकती। स्कूल टीचर हो या पटवारी सरकारी नौकरी आर्थिक सुरक्षा मुहैया कराती है अौर आरक्षण की मांग की यही वजह है। यदि किसी चपरासी को सारे भत्तों के साथ प्रतिमाह 18 हजार रुपए मिलते हैं तो किसान को यह पूछने का पूरा हक है कि आमदनी में समानता से उसे क्यों वंचित किया जा रहा है। इसलिए मराठों के प्रदर्शन को जान-बूझकर निर्मित की जा रही आर्थिक विषमता के नतीजे के रूप में भी देखा जाना चाहिए। विरोध प्रदर्शन चाहे मौन हो, लेकिन इसका संदेश इतना प्रखर है कि उसे दरकिनार नहीं किया जा सकता। मराठा प्रदर्शन सहित देशभर में समय-समय पर होने वाले व्यापक विरोध प्रदर्शनों में एक बड़े सामाजिक-आर्थिक संकट के सारे तत्व मौजूद हैं। इसकी उपेक्षा करना, पूरे देश को खतरे में डालने के बराबर है।

(ये लेखक के अपने विचार है)

देविंदर शर्मा
पर्यावरणविद और कृषि विशेषज्ञ
hunger55@gmail.com

साभार दैनिक भास्कर।