Monday, 20 April 2020

बादशाह खान :गांधी के असली उत्तराधिकारी

बादशाह खान : गांधी के असली उत्तराधिकारी
-सुरेंद्रसिंह शेखावत

‘बादशाह ख़ान मेरे पीछे बैठे हैं. वे तबीयत से फकीर हैं, लेकिन लोग उन्हें मुहब्बत से बादशाह कहते हैं, क्योंकि वे सरहद के लोगों के दिलों पर अपनी मुहब्बत से हुकूमत करते हैं. वे उस कौम में पैदा हुए हैं जिसमें तलवार का जवाब तलवार से देने का रिवाज है. जहां ख़ानदानी लड़ाई और बदले का सिलसिला कई पुश्तों तक चलता है. लेकिन बादशाह ख़ान अहिंसा में पूरा विश्वास रखते हैं. मैंने उनसे पूछा कि आप तो तलवार के धनी हैं, आप यहां कैसे आए? उन्होंने बताया कि हमने देखा हम अहिंसा के जरिए ही अपने मुल्क को आज़ाद करा सकते हैं. और अगर पठानों ने खून का बदला खून की नीति को न छोड़ा और अहिंसा को न अपनाया तो वे खुद आपस में लड़कर तबाह हो जाएंगे. जब उन्होंने अहिंसा की राह अपनाई, तब उन्होंने अनुभव किया कि पठान जनजातियों के जीवन में एक प्रकार का परिवर्तन हो रहा है.’
बिहार में दंगों के दौरान जब गांधी घूम-घूमकर उसे शांत करने में लगे थे, तो जो व्यक्ति उनके साये की तरह चौबीसो घंटे उनके साथ खड़ा रहता था, वे ख़ान अब्दुल गफ़्फ़ार खान साहब ही थे. 12 मार्च, 1947 को पटना में एक सभा में गांधी ने ख़ान साहब की ओर इशारा करते हुए उक्त पंक्तियां कही थी ।
सरहदी गांधी के नाम से मशहूर खान अब्दुल गफ्फार खान का अहिंसा के रास्ते पर बढ़ना किसी अचरज से कम न था । आजादी के आंदोलन में गांधी का यह पठान साथी अहिंसा के प्रति उतना ही प्रतिबद्ध था जितने कि गांधी।
ख़ान साहब ने अहिंसा का दर्शन स्वतंत्र रूप से पाया था. महात्मा गांधी से मिलने से बहुत पहले ही उन्होंने कुरान पढ़ते हुए उसकी आध्यात्मिक गहराइयों में अहिंसा का दर्शन ढूंढ़ निकाला था. हर समय आपस में लड़ते रहने वाले हिंसा पसंद पठानों के बीच अहिंसा का नायक बन जाने का यह चमत्कार बादशाह ख़ान जिस तरह से कर पाए, उससे उल्टे गांधी स्वयं ही बहुत अधिक प्रभावित हुए थे. दोनों के बीच एक स्वाभाविक और हृदयगत मैत्री बन जाने के पीछे भी अहिंसा के प्रति दोनों की यह निष्ठा ही थी।
अफगानिस्तान से लगे ऐसे ही एक भाग पख्तूनिस्तान के उतमानजई गाँव में 24 दिसम्बर, 1880 को अब्दुल गफ्फार खाँ का जन्म हुआ। उन दिनों इसे भारत का नार्थ वेस्ट या फ्रण्टियर क्षेत्र कहा जाता था।
इस क्षेत्र के लोग स्वभाव से विद्रोही एवं लड़ाकू थे। अंग्रेज शासकों ने इन्हें बर्बर और अपराधी कहकर यहाँ ‘फ्रंटियर क्राइम्स रेगुलेशन ऐक्ट’ लगा दिया और इसके अन्तर्गत यहाँ के निवासियों का दमन किया। अब्दुल गफ्फार खाँ का मत था कि शिक्षा के अभाव में यह क्षेत्र पिछड़ा है और लोग मजबूरी में अपराधी बन रहे हैं। इसलिए 17 वर्ष की अवस्था में इन्होंने मौलवी अब्दुल अजीज के साथ मिलकर अपने गाँव में एक विद्यालय स्थापित किया, जहाँ उनकी मातृभाषा में ही शिक्षा दी जाती थी।
सन् 1929 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक सभा में शामिल होने के बाद ख़ान अब्दुल ग़फ़्फ़ार ख़ान ने ख़ुदाई ख़िदमतगार की स्थापना की और पख़्तूनों के बीच लाल कुर्ती आंदोलन का आह्वान किया। विद्रोह के आरोप में उनकी पहली गिरफ्तारी तीन वर्ष के लिए हुई। उसके बाद उन्हें यातनाओं की झेलने की आदत सी पड़ गई। जेल से बाहर आकर उन्होंने पठानों को राष्ट्रीय आन्दोलन से जोड़ने के लिए अपना आन्दोलन और तेज़ कर दिया।
19 नवंबर, 1938 के ‘हरिजन’ के लिए गांधी जी ने लंबा लेख लिखा इस लेख का शीर्षक ही था- ‘खुदाई खिदमतगार और बादशाह ख़ान’ गांधी इसमें लिखते हैं-
‘ख़ुदाई ख़िदमतगार चाहे जैसे हों और अंततः जैसे साबित हों, लेकिन उनके नेता के बारे में, जिन्हें वे उल्लास से बादशाह ख़ान कहते हैं, किसी प्रकार के संदेह की गुंजाइश नहीं है. वे निस्संदेह खुदा के बंदे हैं....अपने काम में उन्होंने अपनी संपूर्ण आत्मा उड़ेल दी है. परिणाम क्या होगा इसकी उन्हें कोई चिंता नहीं. बस इतना उन्होंने समझ लिया है कि अहिंसा को पूर्ण रूप से स्वीकार किए बिना पठानों की मुक्ति नहीं है. और इतना समझ लेना ही उनके लिए काफी है. पठान बड़े अच्छे योद्धा हैं, इस बात का बादशाह ख़ान को कोई गर्व नहीं है. वे उनकी बहादुरी की कद्र करते हैं, लेकिन मानते हैं कि अत्यधिक प्रशंसा करके लोगों ने उन्हें बिगाड़ दिया है. वे यह नहीं चाहते कि उनके पठान भाई समाज के गुंडे माने जाएं. उनके विचार से पठानों को गलत राह पर लगाकर लोगों ने उनसे अपनी स्वार्थसिद्धि की है और उन्हें अज्ञान के अंधकार में रखा है. वे चाहते हैं कि पठान जितने बहादुर हैं उससे अधिक बहादुर बनें और अपनी बहादुरी में ज्ञान का समावेश करें. उनका विचार है कि यह काम केवल अहिंसा के सहारे ही किया जा सकता है.’

1939 म्यूरियल लेस्टर नाम की एक ब्रिटिश शांतिवादी ने जब सीमाप्रांत का दौरा किया, तो वह बादशाह ख़ान के अहिंसक व्यक्तित्व से इस कदर प्रभावित हो गईं कि उन्होंने महात्मा गांधी को चिट्ठी में लिखा-'ख़ान अब्दुल ग़फ़्फ़ार ख़ान को अब भली-भांति जान लेने के बाद मैं ऐसा महसूस करती हूं कि जहां तक दुनिया भर में अद्भुत व्यक्तियों से मिलने का सवाल है, इस तरह का सौभाग्य मुझे अपने जीवन में शायद कोई और नहीं मिलने वाला है. वे ‘न्यू टेस्टामेंट’ की सौम्यता से युक्त, ‘ओल्ड टेस्टामेंट’ के राजकुमार हैं. वे कितने भगवत्परायण हैं! आपने उनसे हमारा परिचय कराया, इसके लिए मैं आपकी आभारी हूं.’
इस महान नेता ने सदैव ‘मुस्लिम लीग’ द्वारा देश के विभाजन के मांग का विरोध किया और जब अंततः कांग्रेस ने विभाजन को स्वीकार कर लिया तब वो बहुत निराश हुए और कहा, ‘आप लोगों ने हमें भेड़ियों के सामने फ़ेंक दिया।” मजबूरन विभाजन के बाद उन्होंने पाकिस्तान के साथ रहने का निर्णय लिया और पाकिस्तान के अन्दर ही ‘पख्तूनिस्तान’ नामक एक स्वायत्त प्रशासनिक इकाई की मांग करते रहे। पाकिस्तान सरकार ने उन पर हमेशा ही शक किया जिसके कारण पाकिस्तान में उनका जीवन अक्सर जेल में ही गुजरा।

 अपनी डॉक्युमेंट्री 'द फ्रंटियर गांधीः बादशाह खान, अ टॉर्च ऑफ पीस' के बारे में बताते हुए मैकलोहान ने लिखा है- 'दो बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित हुए बादशाह खान की जिंदगी और कहानी के बारे में लोग कितना कम जानते हैं। 98 साल की जिंदगी में 35 साल उन्होंने जेल में सिर्फ इसलिए बिताए कि इस दुनिया को इंसान के रहने की एक बेहतर जगह बना सकें। सामाजिक न्याय, आजादी और शांति के लिए जिस तरह वह जीवनभर जूझते रहे, वह उन्हें नेल्सन मंडेला, मार्टिन लूथर किंग जूनियर और महात्मा गांधी जैसे लोगों के बराबर खड़ा करती हैं।
बादशाह खान भारत में भी अत्यधिक लोकप्रिय थे। भारत सरकार ने 1987 में उन्हें अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देकर सम्मानित किया। 20 जनवरी, 1988 को 98 वर्ष की आयु में अविभाजित भारत के नागरिक बाचा खान का देहान्त हुआ।

No comments:

Post a Comment