Monday, 20 April 2020

कितना साकार हो पाया स्वराज्य का संकल्प

कितना साकार हो पाया स्वराज्य का स्वप्न

सुरेंद्रसिंह शेखावत

स्वतंत्रता से पूर्व आजाद भारत का सपना देखने वाले नायकों ने देश के लिए कुछ ख्वाब बुने थे । भारत में संविधान लागू हुए सत्तर बरस होने को है यह अवधि किसी देश के इतिहास में यह परीक्षण करने के लिए पर्याप्त होती है कि भारत गणतंत्र की कल्पना करने वाले स्वतंत्रता संग्राम के नेताओं ने जिस भारत की कल्पना की थी उस पर हम कितना खरा उतर पाए है ।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को हम स्वतंत्र भारत का सपना देखने वाले आजादी के नायकों का सेनापति मान सकते हैं इस नाते गांधी के सपनों का भारत कितना बन पाया है गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष मनाते हुए गणतंत्र दिवस पर इसका सिंहावलोकन जरूरी है ।

गांधी ने ग्राम स्वराज्य, स्वदेशी ,स्वावलम्बन पर आधारित भारत की कल्पना की थी ।गांधी जी ने ‘मेरे सपनों का भारत’ में लिखा है ,“भारत की हर चीज मुझे आकर्षित करती है। सर्वोच्‍च आकांक्षाएं रखने वाले किसी व्‍यक्ति को अपने विकास के लिए जो कुछ चाहिए, वह सब उसे भारत में मिल सकता है।” ‘स्‍वराज्‍य’ के अर्थ को परिभाषित करते हुए गांधी जी ने लिखा – “स्‍वराज्‍य एक पवित्र शब्‍द है, वह एक वैदिक शब्‍द है, जिसका अर्थ आत्‍मशासन और आत्‍म संयम है। अंग्रेजी शब्‍द ‘इंडिपेंडेस’ अकसर सब प्रकार की मर्यादाओं से मुक्‍त निरंकुश आजादी का, या स्‍वच्‍छंदता का अर्थ देता है, वह अर्थ स्‍वराज्‍य शब्‍द में नहीं है।” वे आगे कहते है ,“स्‍वराज्‍य से मेरा अभिप्राय है लोक सम्‍मति के अनुसार होने वाला शासन। लोक-सम्‍मति का निश्‍चय देश के बालिग लोगों की बड़ी से बड़ी तादाद के मत के जरिये हो, फिर वे चाहे स्त्रियां हों या पुरुष, इसी देश के हों या इस देश में आकर बस गये हों। वे लोग ऐसे हों जिन्‍होंने अपने शारीरिक श्रम के द्वारा राज्‍य की कुछ सेवा की हो ।”

आजादी के बाद 4 नवम्बर 1948 को संविधान के द्वितीय प्रारूप पर विचार करने हेतु संविधान सभा की बैठक हुई, बैठक में गांधीवादी विचार के लोगों ने संविधान के प्रारूप पर घोर असहमति जाहिर की । उनका मत था कि प्रारूप की रचना गांधी के दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर करनी चाहिए ।डॉ. अम्बेडकर का गांधीवादियों से सत्ता के विकेंद्रीकरण को लेकर मतभेद था । गाँधीमार्गी सत्ता का विकेंद्रीकरण ग्राम इकाई तक करना चाहते थे जबकि अम्बेडकर का मत था कि संविधान में सत्ता विकेन्द्रीकरण से अन्याय, अत्याचार बढेगा। रूढिवादी कट्टर पंथी सत्ता हथिया लेंगे और इस कल्पना का इसका यथार्थ क्रियान्वयन भी असम्भव है।

महात्मा गांधी ने जिस तरह वास्तविक सत्ता के विकेंद्रीकरण की बात कही थी देश में वैसा नहीं हो सका । संविधान निर्माताओं ने ग्राम स्वराज्य के साकार रूप पंचायत राज को नीति निर्देशक तत्वों के रूप में शामिल करके अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर ली ।

गांधी पंचायत राज को इतना महत्व क्यों देते थे इस सवाल का उत्तर खोजेंगे तो पाएंगे कि वे भारतीय मानस को बहुत ठीक से समझते थे और मानते थे कि ग्रामीण भारत अपनी गरिमा और गौरव को पंचायत के पुनरुत्थान द्वारा ही प्राप्त कर सकता है। भारत गांवों में बसता है और जब तक गांवों का सामाजिक एवं आर्थिक विकास नहीं होगा तब तक भारत का विकास सम्भव नहीं है।गांधी मानते थे कि पंचायत राज में गणराज्य के सभी गुण होने चाहिए। जिसमें स्वावलम्बन, स्वशासन , स्वतंत्रता और विकेन्द्रीकरण तथा कार्यपालिका, व्यवस्थापिका और न्यायपालिका के सभी अधिकार पंचायत के पास हों। निर्णय बहुमत की बजाय आम सहमति या जनहित में हो ।गांवों में गरीबी और बेरोजगारी निवारण जैसी सभी नीतियां निर्मित करने का दायित्व व अधिकार रखते हों। वास्तव में ग्राम का नागरिक बेरोजगार, भूखा, वस्त्रहीन न रहें ऐसे दायित्वों की पूर्ति का कार्य पंचायतें करेंगी। लोगों में प्रतिस्पर्धा के स्थान पर सहयोग हो, अगर प्रतिस्पर्धा भी होगी तो अधिक सेवा करने की। चुनाव में शारीरिक श्रम करने वाले जनप्रतिनिधि खडे किए जाएंगे। समाज सेवी सदस्य को जनता स्वयं खडा करेगी ।जनता द्वारा निर्वाचित जन प्रतिनिधियों की जवाबदारी सुनिश्चित होगी। कदाचार, अनैतिकता और जनहित के विपरित आचरण की स्थिति में 75 प्रतिशत जनता की इच्छा के अनुसार प्रतिनिधि को वापिस बुलाया जा सकेगा। गांधीय पंचायत राज सामूहिक वृत के अनुरूप होगा। ऊपर के स्थान पर नीचे से ऊपर की ओर सत्ता का विकेन्द्रीकरण होगा, यही गांधी के सपनों का पंचायत राज है।
गांधी के स्वयंभू राजनीतिक उत्तराधिकारियों ने गांधी के सपनों का भारत बनाने में कोई रुचि नहीं दिखाई फलत लुंजपुंज पंचायत राज का रूप सामने आया । यद्यपि बाद में 73वें संविधान संशोधन के बाद पंचायत राज लोकतंत्र की एक ईकाई के रूप में प्रकट हुआ है।

पंचायत राज में बालिग मताधिकार, राजनैतिक दलों की स्पर्धा और आर्थिक योजनाओं तथा जनता की भलाई के कार्य़ों के चालू होने से जातियों के मुखियाओं का महत्व बढ गया । राजनैतिक नेताओं को इनसे व्यवहार करना पडता है। इस प्रकार गांवों के सामाजिक ढांचे का राजनीतिकरण हो रहा है। शासन तथा राजनीतिक दलों का नीचे की ओर फैलाव हो रहा है। जिससे भारतीय समाज के शक्ति के ढांचे में परिवर्तन आ गया है लेकिन शक्ति के इस फैलाव से गांधी की कल्पना के स्वावलम्बी ग्राम समाज की स्थापना नहीं हो पाई। राजनीतिक संगठन या शासन की इकाई के रूप में गांव का महत्व घटा है। ग्राम सुधार या सामुदायिक शिक्षा, प्रचार, यातायात, जातीय संगठनों आदि के द्वारा गांव ऊपर के स्तर से प्रभावित होते हैं।
संविधान निर्माताओं ने चाहे दबाव में ही सही, पंचायतराज व्यवस्था का समावेश संविधान में आधे-अधूरे मन से किया हो परन्तु इसका दूरगामी प्रभाव पडा है। इससे भारतीय राज व्यवस्था का विकेन्द्रीकरण हो रहा है और देश में एक सी स्थानीय संस्थाओं के निर्माण से उसकी एकता भी बढ रही है। संभव है इस कदम का दूरगामी महत्व नेताओं ने उस समय न समझा हो, प्रशासनिक और बौद्धिक क्षेत्रों में इसकी सफलता में उन्हें संदेह था और इसका मजाक उडाया गया था। परन्तु आज इसके महत्व एवम् सफलता के कार्य़ों को विस्मृत नहीं किया जा सकता। यह गांधी विचारों की दूरदर्शिता की श्रेष्ठता को स्वमेव प्रमाणित कर देता है।
(लेखक राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा गांधी विचार के शोधार्थी है।)

No comments:

Post a Comment