Monday, 20 April 2020

बापू के पास है समाधान

विनायक साप्ताहिक में प्रकाशित आलेख

बापु के पास है समाधान /

गांधी की प्रासंगिकता

[2 अक्टूबर गांधी जयंती पर विशेष]

-सुरेंद्रसिंह शेखावत

बापू की 150वीं जयंती मनाते हुए यकीनन हमें गर्व है कि गांधी जैसा व्यक्तित्व भारत भूमि पर जन्मा। गांधी भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के उन महान पुरुषों में से एक थे जिनका विचार और कर्म एकाकार था। टैगोर ने गांधी के जीवन से प्रेरित होकर ही उन्हें महात्मा की संज्ञा दी ।

गांधी जी की मृत्यु और आजादी के सात दशकों के बाद गांधी के चिंतन में हमे आज की समस्याओं का समाधान नजर आता है । गांधी चिंतन को समय की सांकलों से नहीं बांधा जा सकता उनकी प्रासंगिकता काल के बंधन से मुक्त होकर आज भी यथावत है ।

एक ऐसे दौर में जब मुल्क में मानव श्रम की अधिकता बेरोजगारी के संकट के रूप में खड़ी है, धर्म के झगड़ों में प्रगति बाधित हो रही है ।आर्थिक असमानता, बुनियादी सुविधाओं का अभाव, जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार , अनियोजित विकास, सीमा विवाद, अंतर राज्य झगड़े, जल -जंगल -जमीन का संघर्ष, पूंजीवादी मॉडल की असफलताएं , भुखमरी जैसी समस्याएं मुंह बाए खड़ी है ऐसे में भारतीय संदर्भ में गांधी के पास तमाम समस्याओं का हल नजर आता है।

गांधी ने अपने चिंतन में परम्पराओं की पुनर्व्याख्या करते हुए आधुनिक भारत की समस्याओं के समाधान हेतु युगानुकूल व्यवहारिक विचारों को जन्म दिया। आप पाएंगे कि गांधी के पास हमारी आज की तमाम समस्याओं का समाधान है ।

कुछ लोग गांधी को राजनेता नहीं मानते ऐसे लोगों के बारे में मेरा मानना है कि राजनीति को लेकर उनका संदर्भ व्यापक नहीं है । गांधी सच्चे अर्थों में राज नेता थे उनकी सोच का कैनवास बड़ा एवं व्यापक था , एक सच्चे राष्ट्रीय नेतृत्व कर्ता के रूप में तीन दशक तक भारत के राष्ट्रीय आंदोलन का नेतृत्व करते हुए गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम को आम आदमी के संघर्ष में तब्दील किया तथा तात्कालिक सर्वाधिक ताकतवर ब्रितानी हुकूमत को चरखे के हथियार से उखाड़ फेंका। अहिंसा एवम सत्याग्रह रूपी प्रयोग उनके जाने के बाद विश्व के राजनीति के प्रमुख हथियारों के रूप में उपयोगी सिद्ध हुए ।

आर्थिक सामाजिक राजनीतिक धार्मिक ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जिस पर गांधी ने अपने जीवन काल में लिखा या बोला नहीं हो। अपने लेखों और भाषणों में गांधी ने हर क्षेत्र में को छुआ और समाधान प्रस्तुत किए। आज के समय में हम गांधी की बात को पुनः पढेंगे और आज के संदर्भ में उसकी व्याख्या करेंगे तो पाएंगे कि वह आज भी उतने ही प्रासंगिक है ।

गांधी का आर्थिक चिंतन -

गांधी वैज्ञानिक अर्थशास्त्री नहीं थे उनके आर्थिक चिंतन का लक्ष्यअन्यायपूर्ण असमानता को समाप्त कर शोषण रहित समाज की स्थापना करने का था , इसलिए उन्होंने ऐसी व्यवस्था का समर्थन किया जो विलासिता और दिखावे दूर मनुष्य की को सरल शांत और अहिंसक जीवन के लिए प्रवृत्त करें ।

गांधी ने भारत के संदर्भ में ग्राम आधारित अर्थव्यवस्था का मॉडल प्रस्तुत किया । वे प्रत्येक ग्राम के आर्थिक स्वावलंबन की बात करते हैं।

उनके आर्थिक विचारों का आधार विकेंद्रीकरण का सिद्धांत था । उनका मानना था कि ग्राम समृद्ध होंगे तो देश स्वतः ही समृद्ध हो जाएगा ।गांधी के चिंतन में सर्वाधिक महत्व उत्पादन में लगे कामगार और किसानों को दिया है , यही वर्ग है जो बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए उत्पादन करता है न कि धन संचय के उद्देश्य से । गांधी जी का मानना था कि भारत की गरीबी मूलतः ग्रामीण अर्थव्यवस्था की उपेक्षा का परिणाम है ।बेकारी का कारण मांग में गिरावट नहीं बल्कि पूंजीवादी मॉडल का ढांचागत दोष है । गांधी ग्राम आधारित उद्योगों की स्थापना गांव में ही करके एक व्यवहारिक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बात करते हैं।

ट्रस्टीशिप का सिद्धांत गांधी चिंतन का महत्वपूर्ण सिद्धांत है। यह वर्तमान में आर्थिक दुष्परिणामो को दूर करने का अहिंसक तरीका है । संरक्षता के सिद्धांत से अभिप्राय है कि अगर किसी व्यक्ति ने उत्तराधिकार से अथवा उद्योग व्यापार से भारी धन लाभ कमाया हो तो वह संपत्ति उस व्यक्ति की न होकर समाज की है ।वह व्यक्ति संपत्ति का उपयोग व्यक्तिगत न्यूनतम आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद समाज के हित में खर्च खर्च करे।

गांधी व्यक्तिगत संपत्ति की विरोधी नहीं है । मार्क्स के साथ इस विचार पर उनकी असहमति है । मार्क्स वर्ग संघर्ष की बात करते हैं वही गांधी संघर्ष के स्थान पर प्रेम और अहिंसा का रास्ता बताते हैं ।मार्क्स व्यक्तिगत संपत्ति का अधिकार पूर्णता नकारते हैं गांधी का मानना है कि व्यक्तिगत संपत्ति का अर्थ शोषण करने वाला स्वामित्व नहीं है ।गांधी मार्क्स की तरह पूंजीपतियों का सफाया नहीं चाहते वरन प्रतिभाओं के राष्ट्रहित में उपयोग का समर्थन करते हैं।

गांधी साध्य प्राप्ति के लिए साधनों की पवित्रता पर बल देते हैं । वे कहते हैं कि सर्वोदय तथा साम्यवाद का उद्देश्य तो एक है परंतु रास्ते भिन्न-भिन्न है ।

गांधी बड़े पैमाने पर औद्योगीकरण तथा मशीनीकरण के विरोधी हैं भारत जैसे विशाल जनसंख्या वाले देश में जरूरत के हिसाब से तो यंत्रों का समर्थन करते हैं , गांधी का मानना है कि बड़े पैमाने पर उत्पादन सामाजिक आर्थिक दोष उत्पन्न करता है ।यह साम्राज्यवाद, उपनिवेशवाद को जन्म देता है, जो नैतिकता के विरुद्ध है । गांधी शारीरिक श्रम को महत्व देते हुए बिना श्रम भोजन ग्रहण करने को पाप मानते हैं ।गांधी गरीब को कपड़े देने की बजाय उसे काम देने की बात कहते हैं । गांधी स्वदेशी के मौलिक चिंतन को प्रस्तुत करते हैं जो विषद एवं व्यापक है।

आजादी के बाद नेहरू ने गांधी के विचारों से इतर औद्योगिकरण, यंत्रीकरण तथा शहरीकरण के मॉडल को अपनाया। इसका परिणाम हमारे सामने है। नेहरू शुरू में कहीं ना कहीं गांधी के मॉडल को अव्यवहारिक मानते थे लेकिन अपने अंतिम समय में उन्हें अपनी भूल का एहसास हुआ। आज के दौर में जब हम वैश्वीकरण उदारीकरण और निजीकरण के पूर्णत पूंजीवादी मॉडल पर अग्रसर हो रहे हैं ऐसे में देश के सामने भंयकर आर्थिक समस्याएं आ खड़ी हुई है ।

पूंजीवादी व्यवस्था में सम्पत्ति केवल कुछ सीमित हाथों में रह जााती है । भारत जैसे विशाल देश में भूख बेरोजगारी और भ्रष्टाचार इस मॉडल की उपज है। यद्यपि जिस रास्ते पर हम चल रहे हैं उसके खतरनाक परिणाम ज्ञात होते हुए भी हम पीछे नहीं हट सकते परन्तु गांधियन मॉडल को जरूरत अनुसार अपना कर एक वैकल्पिक अर्थ व्यवस्था खड़ी कर सकते हैं ।

गांव का शहर की तरफ पलायन तभी रुकेगा जब ग्राम आधारित कुटीर एवं लघु उद्योग गांव में विकसित होंगे रोजगार सृजन गांव में ही उपलब्ध होगा तथा गांव में ही जीवन की बुनियादी जरूरतें पूरी हो सकेगी ।

हम गांधी के आर्थिक विचार को देखेंगे तो पाएंगे कि उनका विचार भारतीय समाज व संस्कृति के मूल्यों की उपज था जिसके द्वारा भारत की आर्थिक समस्याओं के समाधान की कोशिश की गई ।

गांधी का राजनीतिक चिंतन -

गांधी महान लोकतंत्र वादी थे । वे किसी प्रकार के राजनीतिक व सामाजिक भेदभाव के पक्ष में नहीं थे ।स्वराज्य के संदर्भ में उन्होंने कहा था कि स्वराज्य से मेरा मतलब भारत की उस सरकार से हैं जो सभी स्त्री- पुरुष ,वासी- अधिकारी, किसी प्रकार का भेदभाव के बिना वयस्क जनता से बनी हो , जो राज्य को अपना श्रम देते हैं । मेरे लिए स्वराज्य का अर्थ अपने देश के दरिद्र व्यक्ति की स्वतंत्रता है।

गांधी अराजकतावादी दार्शनिक थे वे समाजवादियों की तरह राज्य को अन्य समाजों के समान संघ मानते थे जो नागरिकों की उन्नति हेतु उपयोगी साधन मात्र है । राज्य अन्य संघों से श्रेष्ठ नहीं है , संप्रभुता जनता में निहित है । उनका मानना था कि सत्ता के केंद्रीकरण होने से वास्तविक स्वराज्य नहीं मिलेगा। वह व्यक्ति को राज्य के विरुद्ध अधिकार देते हैं और राज्य शक्ति के दुरुपयोग पर सत्याग्रह द्वारा प्रतिरोध की बात कहते हैं ।

आज के दौर में जब हड़ताल पर रोक की बातें आती हैं तो गांधी के विचार याद आते हैं । हमे याद है कि इंदिरा गांधी के दौर में आपातकाल के विरोध में जेपी के नेतृत्व में हुए आंदोलन में संपूर्ण देश ने पुनः गांधीवादी विचारों से ही लोकतंत्र की जीत हासिल की थी तथा तानाशाही नेस्तनाबूद हुई ।

गांधी का उद्देश्य राजनीति में नैतिकता की प्रतिष्ठा कर उसमें परिवर्तन लाना था ।वह अपने व्यक्तिगत अनुभवों के आधार पर सत्य एवं अहिंसा के सिद्धान्त का व्यावहारिक पक्ष राष्ट्रीय आंदोलन में दिखा चुके थे। गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार पर एक बार पूरा देश ब्रितानी हुकूमत के खिलाफ खड़ा हो गया था ।इस असंतोष के विरुद्ध बंदूके गोलियां जेल और पुलिस कम पड़ने लगी तब परेशान हो शासक समझौते पर विवश हुए।

भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन गांधी की प्रयोगशाला था और उन्होंने अपने सिद्धांतों पर सफल प्रयोग किए । गांधी के राजनीतिक विचार उनकी नैतिकता और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है उन्होंने धर्म और राजनीति का समन्वय किया उन्होंने धर्मविहीन राजनीति का विरोध किया। उनका दर्शन सत्य, अहिंसा और धर्म पर आधारित है , गांधी कहते हैं कि धर्म व्यक्ति और समाज के कल्याण का साधन है तथा राजनीति और समाज का साधन है तथा राजनीति का लक्ष्य व्यक्ति और समाज के हित में वृद्धि करना है ।धर्म से गांधी का अभिप्राय किसी पंथ या संप्रदाय से नहीं वरन मानव जाति के उच्चतम मूल्यों से हैं।

गांधी व्यक्ति की स्वतंत्रता को सर्वोपरि मानते थे । वे कहते हैं कि ,, "व्यक्ति सर्वोपरि है और राज्य शक्ति के वृद्धि का प्रत्येक चरण भयावह हैं । ऊपर से हमें यह दिखता है कि राज्य हमारे शोषण का अंत कर रहा है किंतु यह बात विनाश को जन्म देती है इसे मैं मानवता के लिए सबसे बड़ी क्षति मानता हूं ।" गांधी के यह विचार विदेशी सरकार जाने के बाद बनी राष्ट्रीय सरकार को लेकर थे जो आज भी उतने ही प्रासंगिक है ।

गांधी सत्ता के विकेंद्रीकरण की बात करते हुए लोक स्वराज्य एवं ग्राम स्वराज के पक्ष में थे। उनका विचार है कि शक्ति का केंद्रीकरण शोषण का आधार है भारत के संदर्भ में वे ग्राम स्वावलंबन की अवधारणा को श्रेष्ठ मानते है ।

गांधी के राजनीतिक चिंतन का व्यवहारिक पक्ष देखें तो हमे नजर आता है कि उन्होंने उच्च नैतिक चरित्र वाली राजनीति , राष्ट्रीय आंदोलन में स्थापित की। हम पाते है कि इसी कारण राष्ट्रीय आंदोलन से निकले नेता उच्च आदर्श चरित्र वाले थे।

गांधी का सामाजिक चिंतन-

गांधी के सर्वोदय चिंतन का अर्थ है सबकी समान उन्नति इसीलिए वे "सर्वे भवंतु सुखिन" की बात कहते हैं। गांधी मानते हैं कि जब तक स्वस्थ एवं व्यवस्थित समाज नहीं बनेगा तब तक अच्छी राजनीतिक आर्थिक व्यवस्था विकसित नहीं हो सकती ।वे कहते हैं कि राजनीतिक सामाजिक परिवर्तन साथ साथ चलने चाहिए ।उन्होंने पूर्ण अहिंसक सिद्धांतों पर आधारित आदर्श समाज की स्थापना का लक्ष्य लिया । वे राज्य का व्यक्तिगत जीवन में न्यूनतम हस्तक्षेप की बात कहते हैं । उनका आदर्श समाज ऊंच -नीच, जाति -पाति , सांप्रदायिक भेदभाव ,वर्ग संघर्ष तथा परस्पर प्रतियोगिता की बजाय सत्य एवं अहिंसा पर आधारित है ।

गांधी सामाजिक जीवन में समानता के पक्षधर थे ।उन्होंने अस्पृश्यता को समाज में कोढ की संज्ञा दी । गांधी ने सामाजिक पुनर्निर्माण प्रक्रिया में अस्पृश्यता निवारण को प्रथम स्थान दिया । उन्होंने अस्पृश्यता को ईश्वर और मानवता के विरुद्ध अपराध कहा।

1932 में हरिजन सेवक संघ की स्थापना कर अस्पृश्यता निवारण ,पिछड़े वर्गों की उन्नति दिलाने ,श्रम के महत्व को स्थापित कर मानव -मानव के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने का काम किया। गांधी ने अछूतों को मंदिर तथा सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश का अधिकार दिलाने का काम किया ।अस्पृश्य समाज में शिक्षा के प्रसार तथा व्यवसाय संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रयत्न किया ।

गांधी ने सर्वधर्म समभाव के आधार पर सांप्रदायिकता पर पूरी शक्ति से प्रहार किया । अंग्रेजों द्वारा पैदा किए गए साम्प्रदायिक अविश्वास ,प्रतिशोध असमानता, कटुता तथा तनाव की स्थिति में उन्होंने सद्भावना, सहिष्णुता ,न्याय एवं पारस्परिक संपर्क के वातावरण की स्थापना का प्रयास किया। वह सांप्रदायिक एकता के पक्षधर रहे ।

गांधी ने स्त्री पुरुष समानता में विश्वास जताया ।उन्होंने महिला शिक्षा, पर्दा प्रथा निवारण ,दहेज प्रथा के विरुद्ध अभियान चलाया ।गांधी जी ने नशा मुक्ति तथा नैतिक समाज की स्थापना पर बल दिया। शिक्षा को लेकर उन्होंने एक पूरा चिंतन प्रस्तुत किया। उनका मानना था कि चरित्र निर्माण शिक्षा का सुदृढ़ आधार है । उन्होंने बुनियादी शिक्षा की एक संपूर्ण अवधारणा प्रस्तुत की ।

अस्पृश्यता निवारण और दलित उद्धार के लिए किए गए कामों के लिए गांधी सदैव याद किए जाते रहेंगे हालांकि कुछ अंबेडकरवादी गांधी से सहमत नहीं है, परंतु मेरा मानना है कि अंबेडकर को काम करने के लिए जो जमीन तैयार मिली उस जमीन को गांधी ने तैयार किया। उस दौर में जब भेद-भाव चरम पर था तब गांधी ने अस्पृश्यता निवारण की बात करते हुए दलितों को मंदिर में प्रवेश कराया , मैला ढोने की प्रथा का विरोध किया और स्वच्छता की बात को उठाया ।

गांधी का सामाजिक चिंतन भारतीय समस्याओं का एक सरल एवं व्यवहारिक हल प्रस्तुत करता है वर्तमान में देश में जात पात के झगड़े संघर्षों तक पहुंच गए हैं । सक्षम जातियां आरक्षण के लिए आंदोलन कर रही है। दूसरी तरफ दलित और पिछड़े वर्गों में प्रतिक्रियावादी आंदोलन खड़े हो रहे हैं ऐसे में गांधी के विचारों से सामाजिक समरसता , सद्भाव एवं सांप्रदायिक सौहार्द स्थापित किया जा सकता है ।

गांधी का धार्मिक चिंतन-

गांधीजी मूलतः धार्मिक व्यक्ति थे ।वे हिंदू धर्मावलंबी थे तथा नित्य पूजा-पाठ करते थे परंतु उनका धार्मिक चिंतन संकीर्ण नहीं था उसमे कट्टरता की बजाय सद्भावना थी , वह जड़ नहीं चेतन था । वे किसी पंथीय या सम्प्रदाय की बजाय संपूर्ण मानवता के हित की बात करते थे । उनका धर्म , सत्य एवम अहिंसा पर आधारित है । रोम्यां रोला लिखती है कि, " गांधी दर्शन को समझने के लिए हमें उनके सिद्धांतों को दो विविध मंजिलों वाली इमारत माननी होगी जिसकी आधारशिला धर्म के मजबूत खम्भों पर टिकी है । इसी विशाल एवं अविचल धरातल पर उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक दर्शन की नींव टिकी है ।

गांधी सभी धर्मों को समान महत्व देते थे उनका मानना था कि संसार के सभी धर्मों का सार एक ही है । क्योंकि वे एक ही ईश्वर से उत्पन्न है तथा उसी में समाहित होते हैं। उनमें से सभी सत्य को व्यक्त करने वाले हैं क्योंकि सभी एक ही देवीय सत्ता से प्रेरित है । हिंदुओं के समान ही ईसाई मुसलमान तथा पारसियों का पवित्र ग्रंथ भी देवत्व से प्रेरित हैं । कृष्ण में उतना ही देवत्व है जितना जीसस एवं मोहम्मद में है ।

गांधी धार्मिक उन्माद के विरोधी थे । वे कहते है कि, " मैं ऐसी आशा नहीं करूंगा कि मेरे सपनों के आदर्श भारत में केवल एक ही धर्म होगा मैं तो यह चाहूंगा कि सभी पूर्णत उदार एवम सहिष्णु बने तथा उनके साथ सब धर्म चलते रहें।"

आज धार्मिक उन्माद चरम पर है। 1947 में धर्म के आधार पर मुल्क के बंटवारे के बाद भी भारत ने धर्म की बजाय पंथ निरपेक्षता के मार्ग को पकड़ा । यह हम सबके सामने है कि धर्म के आधार पर बने मुल्क की बजाय हमने प्रगति के सोपान ठीक ढंग से पार किए हैं ।

सच्चा धर्म अविश्वास के बंधनों को तोड़ता है । सहिष्णुता जीवन का अंग बन जाएगी तो द्वंद्व समाप्त हो जाएगा ।गांधी के विचारों के अनुसरण में हमारी सांप्रदायिक समस्याओं का समाधान है । आज के दौर में उनके विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है ।

- सुरेन्द्रसिंह शेखावत

422, कैलाशपुरी, बीकानेर।

ssshekhawatbkn@gmail.com

9413388098

[लेखक पोलिटिकल एक्टिविस्ट है तथा गांधी पर पीएचडी स्कॉलर है ।]

No comments:

Post a Comment