Monday, 20 April 2020

गांधी और अम्बेडकर

गांधी और अम्बेडकर

-सुरेंद्रसिंह शेखावत

महात्मा गांधी और डॉ. अम्बेडकर बीती बीसवीं सदी के दो  समकालीन महान भारतीय नेता है जिन्होनें अपने विचारों से न केवल हिंदुस्तान को बल्कि पूरी दुनियां को प्रभावित किया  । इसके बावजूद जब दोनों के बारे में चर्चा चलती है तो बात निकलती है कि इन दोनों के मध्य भयंकर मतभेद थे । सामान्यत अम्बेडकरवादी साथी गांधी से भारी असहमति जताते है ।

निश्चित ही डॉ आंबेडकर एक बड़ी आबादी को मुख्यधारा में लाने और कम से कम इंसान मानने की लड़ाई लड़ रहे थे और दूसरी तरफ गांधी पूरे भारतीय उपमहाद्वीप के लोगों के लिए स्वतंत्रता और समानता के अहिंसक संघर्ष का नेतृत्व कर रहे थे । डॉ आंबेडकर का एकमात्र लक्ष्य अछूतोद्धार था और गांधी के बहुत सारे लक्ष्यों में एक लक्ष्य अछूतोद्धार  भी था । हो सकता है व्यवहार रूप में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के साधनों को लेकर दोनों नेताओं के मध्य मतभेद रहे हो इसके बावजूद दोनों के विचारों में बहुत साम्यता भी देखने को मिलती है । खासतौर से गांधी अपने भाषणों और लेखों में डॉ अम्बेडकर की स्थिति को समझते हुए उनके तौर तरीकों पर सहमति जताते है।

1935-36 में जब डॉ अंबेडकर ने हिन्दू धर्म छोड़ने और सामूहिक धर्मांतरण करने की धमकी दी, तो 4 मार्च, 1936 को गुजरात के सावली गांव के एक कार्यक्रम में जमनालाल बजाज ने इस पर गांधी की राय पूछी. गांधी ने कहा- ‘डॉ अंबेडकर की जगह अगर मैं होता, तो मुझे भी इतना ही क्रोध आता. उस स्थिति में रहकर शायद मैं अहिंसावादी नहीं बनता. डॉ अंबेडकर जो कुछ करें हमें नम्रता से सहना चाहिए. इतना ही नहीं, बल्कि हरिजनों की सेवा इसी में है. अगर वे सचमुच हमें जूतों से मारें, तो भी हमें सहन करना चाहिए. पर उनसे डरना नहीं चाहिए. डॉक्टर अंबेडकर की कदमबोसी करके उन्हें समझाने की भी जरूरत नहीं है. इससे कुसेवा होगी. वे या अन्य हरिजन जो हिन्दू धर्म में विश्वास न रखते हों, वह यदि धर्मांतर करें तो वह भी हमारी शुद्धि का ही कारण होगा. हम इसी योग्य हैं कि हमारे साथ ऐसा व्यवहार हो.’

इसी तरह 21 मार्च, 1936 के ‘हरिजन’ में गांधी लिखते हैं, ‘जबसे डॉक्टर अंबेडकर ने धर्म-परिवर्तन की धमकी का बमगोला हिन्दू समाज में फेंका है, उन्हें अपने निश्चय से डिगाने की हरचन्द कोशिशें की जा रही हैं.’ यहीं गांधी जी आगे एक जगह लिखते हैं, ‘हां ऐसे समय में सुधारकों को अपना हृदय टटोलना जरूरी है. उसे सोचना चाहिए कि कहीं मेरे या मेरे पड़ोसियों के व्यवहार से दुखी होकर तो ऐसा नहीं किया जा रहा है. ...यह तो एक मानी हुई बात है कि अपने को सनातनी कहने वाले हिन्दुओं की एक बड़ी संख्या का व्यवहार ऐसा है जिससे देशभर के हरिजनों को अत्यधिक असुविधा और खीज होती है. आश्चर्य यही है कि इतने ही हिन्दुओं ने हिन्दू धर्म क्यों छोड़ा, और दूसरों ने भी क्यों नहीं छोड़ दिया? यह तो उनकी प्रशंसनीय वफादारी या हिन्दू धर्म की श्रेष्ठता ही है जो उसी धर्म के नाम पर इतनी निर्दयता होते हुए भी लाखों हरिजन उसमें बने हुए हैं.’

जाति, वर्णाश्रम और धर्मांतरण जैसे प्रश्नों पर गांधी के विचार सुधारवादी थे जरूर, लेकिन वे भारतीय परंपरा में ही इसकी काट ढूंढ़ने का प्रयास करते थे. इसका कारण था कि वे समझते थे यदि भारतीय परंपरा में ही इसकी काट ढूढ़ ली जाएगी, तो घोर दकियानूसी मानसिकता वाले हिन्दू भी ऐसे परिवर्तनों को सहज ही स्वीकार कर लेंगे. इससे भारतीय समाज आपसी कलह, संघर्ष और टूटन से बच जाएगा.

जबकि अंबेडकर पूरी तरह से आधुनिक राजनीतिक संस्कृति को लागू करने की जल्दी में थे, जिसमें कुछ भी बुरा नहीं था. समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे से भला किसे ऐतराज हो सकता था? लेकिन दलितों और सवर्णों की जड़ता को वे कम करके आंक रहे थे, जबकि गांधी को उस जड़ता की ठीक-ठीक पहचान थी और सामाजिक हृदय-परिवर्तन के सहारे सांस्कृतिक स्तर पर ही उस जड़ता को हमेशा के लिए दूर करना चाहते थे. हम आज भी देख सकते हैं कि अत्यधिक आधुनिक मानवतावादी मूल्यों से भरे संविधान को व्यावहारिक रूप से सामाजिक स्तर पर अपना पाने में हमारा समाज कितना विफल रहा है. क्योंकि केवल कानूनी और राजनीतिक साधनों से सामाजिक जड़ता को दूर करना आसान नहीं होता है. 

गांधी भारत के कट्टर सनातनियों की जड़ता और विवेकहीनता को खूब अच्छी तरह समझते थे. 22 मार्च, 1936 को डिप्रेस्ड क्लासेज एसोसिएशन के एमसी राजा ने गांधी से पूछा था- ‘क्या अब भी अंबेडकर को वैसा ही तिरस्कार झेलना पड़ता है? वह तो पहले की बात रही होगी?’ इसके जवाब में गांधी ने कहा था, ‘उस प्रकार का तिरस्कार तो जरूर अब नहीं किया जाता; हां, लेकिन आज भी किसी सनातनी ब्राह्मण के घर में उनका स्वागत तो नहीं ही किया जाएगा.’

अस्पृश्यता-उन्मूलन संबंधी विचारों और अंबेडकर के साथ उनकी सहानुभूति की वजह से सनातनियों ने गांधी को पहले नंबर का दुश्मन घोषित कर रखा था. सात नवंबर, 1933 से दो अगस्त, 1934 तक लगातार दस महीने तक गांधी ने अस्पृश्यता मिटाने की एक लंबी यात्रा भारत में की. इसे गांधी के ‘हरिजन दौरा’ के नाम से जाना जाता है. बारह हजार पांच सौ मील की इस यात्रा में उन्होंने न केवल भरपूर जन-जागृति पैदा की, बल्कि हरिजन कल्याण कोष के लिए आठ लाख रुपये भी जमा किए.

गांधी की इस यात्रा से पूरे देश के कट्टरपंथी सनातनी हिंदू बौखला गए थे. उन्होंने गांधी पर झूठे व्यक्तिगत आरोपों की बौछार शुरू कर दी. गांधी के बारे में बेहूदे आरोपों और गालियों से भरे परचे छपवाकर बांटे जाने लगे. ये लोग सोचते थे कि ऐसा करके भारतीय जनमानस पर से गांधी का जादू समाप्त कर दिया जाएगा. गांधी के इस दौरे में शायद ही कोई ऐसा शहर बचा होगा, जहां सनातनियों ने उन्हें काले झंडे न दिखाए हों.

10 जून, 1936 को कंगेरी में हरिजन सेवक सम्मेलन में अपने भाषण में गांधी ने अंबेडकर के बारे में कहा- ‘अब चित्र की उल्टी तरफ देखिए. उदाहरण के लिए डॉ अंबेडकर को ही ले लें. वे दलित जाति के कहे जाते हैं और उन्हें अस्पृश्य माना जाता है. बुद्धि में वे हजारों बुद्धिमान और सुशिक्षित सवर्ण हिंदुओं से कहीं ऊंचे हैं. वे हममें से किसी से भी कम स्वच्छ नहीं रहते.

‘... आज वे कानून के विख्यात व्याख्याता हैं. हो सकता है कि कल आप उन्हें उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर देखें. दूसरे शब्दों में यों कहा जा सकता है कि ऐसा कोई भी सरकारी ओहदा इस देश में नहीं है जिसे एक सनातनी ब्राह्मण हासिल कर सकता हो और डॉ अंबेडकर चाहें तो उसे न पा सकें. पर किसी कट्टर ब्राह्मण को अगर डॉ अंबेडकर छू लें, तो वह उनके स्पर्श से अपवित्र हो जाएगा. उनका अक्षम्य अपराध यही है कि उन्होंने एक महार परिवार में जन्म लिया है.’

11 फरवरी, 1933 से ‘हरिजन’ नाम से एक साप्ताहिक का प्रकाशन भी शुरू किया था. इसके प्रथम अंक में प्रकाशन के लिए गांधी ने अपनी हाल की मुलाकात में डॉ अंबेडकर से व्यक्तिगत रूप से एक संदेश लिखने का आग्रह किया था. जवाब में कोई बड़ा आलेख भेजने के बजाय उन्होंने शिकायती लहजे में जवाब लिखा, ‘मुझे लगता है कि मैं कोई संदेश नहीं लिख सकता. कारण, मुझे लगता है कि मेरे लिए यह मान बैठना अनुचित साहस की बात होगी कि हिन्दुओं की नजर में मेरा इतना महत्व है कि वे मेरे किसी संदेश का आदर करेंगे. मैं तो केवल मनुष्य से मनुष्य के नाते अपनी बात कह सकता हूं. इसलिए शायद यही वांछनीय होगा कि हिन्दुओं के सामाजिक संगठन (जाति) की महत्वपूर्ण समस्या को आपने अपने हाथ में लिया है, उसके संबंध में हिन्दुओं को मेरे विचारों की जानकारी हो जाए.’

इसके बाद उन्होंने संक्षेप में अपना यह वक्तव्य लिख भेजा, ‘अछूत लोग जातिप्रथा की उपज हैं. जब तक जातियां हैं तब तक अछूत भी रहेंगे. जातिप्रथा का नाश हुए बिना अछूतों की मुक्ति संभव नहीं है. हिन्दू धर्म में जब तक इस घृणित और पापपूर्ण सिद्धांत का उन्मूलन नहीं किया जाता, तब तक आने वाले संघर्ष में हिन्दुओं को कोई चीज बचा नहीं सकती और यह धर्म जिंदा नहीं रह सकता.’

‘हरिजन’ साप्ताहिक के प्रथम अंक में ही गांधी ने ‘डॉक्टर अंबेडकर और जाति’ शीर्षक से एक लेख लिखकर इस प्रश्नोत्तर को प्रकाशित किया. अन्य बातों के अलावा गांधी ने इसमें लिखा, ‘डॉ अंबेडकर के मन में बहुत कटुता है. ऐसा अनुभव करने के लिए उनके पास समुचित कारण हैं. उन्होंने उदार शिक्षा प्राप्त की है. औसत शिक्षित भारतीय में जितनी प्रतिभा और बुद्धि होती है, उससे अधिक प्रतिभा और बुद्धि उनमें है. भारत के बाहर आदर और स्नेह से उनका स्वागत किया जाता है. परंतु भारत में हिन्दुओं के बीच पग-पग पर उन्हें यह स्मरण कराया जाता है कि वे हिन्दू समाज के अछूतों में से एक हैं.’

गांधी और अम्बेडकर के वैचारिक मतभेदों और सम्यताओं के मध्य मेरा मत है कि डॉ आंबेडकर ने गैर बराबरी और अस्पृश्यता के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी उसकी सफलता के लिए गांधी ने मैदान तैयार किया । दूसरे शब्दों में कहे तो गांधी ने बड़ी संख्या में भारतीय जनमानस को प्रभावित करते हुए अस्पृश्यता निवारण के लिए जनमत तैयार किया उसी धरातल पर  डॉ अम्बेडकर का संघर्ष  खड़ा हो पाया ।

No comments:

Post a Comment