खेती किसानी पर गांधी के नजरिए से
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
दक्षिण अफ्रीका से भारत वापसी के बाद गांधी ने भारत में अपना पहला आंदोलन किसानों के लिए किया । चंपारण सत्याग्रह नील के किसानों के लिए था जहां सिविल नाफरमानी के हथियार का प्रयोग गांधी ने किसानों के लिए किया ।
गांधी खुद को किसान मानते थे । प्रख्यात कृषि अर्थशास्त्री प्रो. एमएस स्वामीनाथन ने बताया, ‘एक बार महात्मा गाँधी ने नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, बंगलुरु ने अपनी आगन्तुक पुस्तिका में अपना अनुभव लिखने का आग्रह किया था। व्यवसाय कॉलम में उन्होंने ‘किसान’ लिखा।’
आज गांधी की 150वीं जयंती मनाते हुए जब हम सभी पहलुओं पर विचार कर रहे है ऐसे में खेती किसानी पर गांधी के विचारों को आज के परिपेक्ष्य में जांच लेना भी समीचीन है ।
आज गांवों की आर्थिक हालत बद से बदतर होती जा रही है, खेती किसानों के लिए घाटे का सौदा बन गया है, इसलिए उनकी संख्या में जबरदस्त गिरावट आई है और युवा पीढ़ी आज खेती नहीं करना चाहती है।
पर इस गिरावट को अर्थशास्त्र के बाजारवादी पुजारी देश की प्रगति का लक्षण मानते हैं। लेकिन खेती-किसानी और इन पर आधारित मजदूरी छोड़कर प्रवासी मजदूर बने लोग शहरों में नारकीय जीवन व्यतीत करने पर मजबूर हैं। यह बात दूसरी है कि इनके श्रम बल पर शहर चमक रहे हैं। गांधी ने बार-बार कहा कि हिंदुस्तान शहरों में नहीं बल्कि गांवों में बसता है। यदि गांवों का नाश होता है, तो भारत का नाश हो जाएगा। इस हालत में भारत, भारत नहीं रहेगा। वह कहते थे कि शहरवासियों का ख्याल है कि भारत शहरों में बसता है और गांवों का निर्माण शहरों की जरूरतें पूरा करने के लिए हुआ है। पर गांधी जी का इस शहरी सोच से छत्तीस का आंकड़ा था।
आजादी के सात दशकों बाद देखें, तो गांवों और किसानों की आर्थिक स्थिति और दयनीय हो गई है। खेती से जीवन की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने लायक आमदनी भी किसानों को नहीं हो रही है और अधिकांश किसान कर्ज के बोझ से दब गए हैं। कड़वा सच यह है कि किसान अपने बच्चों को खेती में नहीं रखना चाहता। कृषि की पढ़ाई करने वाले युवा भी गांव में जाकर खेती नहीं करना चाहते हैं।
बुनियादी समस्या यह है कि नवउदारवादी अर्थशास्त्र कृषि को एक आर्थिक गतिविधि नहीं मानता। यही कारण है कि किसान बेकल हैं और उन्हें देश पर बोझ के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन इस बात को नहीं समझा जा रहा कि केवल कृषि क्षेत्र ही है, जो देश का सबसे बड़ा रोजगार प्रदाता है। इसी क्षेत्र में अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता है। यही कारण था कि महात्मा गाँधी कृषि क्षेत्र के जबरदस्त पैरवीकार थे। और इसी सच को हम नजरन्दाज किये हुए हैं।
नीति आयोग ने कहा है कि कृषि में निवेश गरीबी दूर करने का विकल्प हो सकता है। इस क्षेत्र में जितना निवेश बढ़ाएंगे उसके गुणात्मक अनुपात में गरीबी कम होगी। इस फार्मूले को दुनिया भर में माना जाता है कि कृषि क्षेत्र में निवेश गरीबी मिटाने का कारगर हथियार है।
वर्तमान सरकार 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की बात कर रही है । सबका साथ सबका विकास और नए भारत के निर्माण के नारे बिना किसान की समृद्धि के साकार नहीं हो सकते । इस अभियान की सफलता के लिये कृषि पर फोकस करने की जरूरत है। किसानों में खुशहाली लाये बिना देश से गरीबी और कुपोषण जैसा अभिशाप मिटाने का अभियान सफल नहीं हो सकता। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिये सरकार को कृषि पर विशेष ध्यान देना होगा। हाल ही में सरकारी थिंक-टैंक नीति आयोग ने कहा है कि कृषि में निवेश गरीबी दूर करने का विकल्प साबित हो सकता है। इस क्षेत्र में जितना निवेश बढ़ाएँगे उसके गुणात्मक अनुपात में देश में गरीबी कम होगी। इस फार्मूले को दुनिया भर में माना जाता है कि कृषि क्षेत्र में निवेश गरीबी मिटाने का सबसे कारगर हथियार है।
पिछले सालों में गरीबी मिटाने के जितने भी उपाय किए गए उनमें कृषि क्षेत्र पर कोई खास ध्यान नहीं दिया गया। इसी का नतीजा है कि फिलहाल हमारे यहाँ किसानों की आय न्यूनतम स्तर पर है। कृषि की अनदेखी के कारण ही देशभर के किसान आंदोलन के लिये सड़कों पर उतर रहे हैं। जोतें छोटी होने के कारण खेती घाटे का सौदा साबित हो रही है। इस वजह से लोग खेती छोड़कर शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2004-05 से अब तक 13 साल के दौरान देश में महज 1.6 करोड़ रोजगारों का सृजन हुआ है जबकि इस दौरान 16 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा होने चाहिए थे। घाटे का सौदा साबित होने के बावजूद देश की 52 फीसद आबादी अब भी खेती-बाड़ी पर निर्भर है। करीब 60 करोड़ इस आबादी की आय में इजाफा हो जाए तो खेती की दशा और दिशा दोनों बदल सकते हैं। वर्ष 2016-17 में किसान परिवार की औसत आय 20,000 आंकी गई है जो प्रतिमाह 1700 रुपए से भी कम है। इतनी कम रकम से परिवार का भरण-पोषण तो दूर एक गाय भी नहीं पाली जा सकती है। किसान किस स्थिति से गुजर रहा है, इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
अध्ययनों से पता चला है कि कृषि में अग्रणी पंजाब जैसे राज्य तक में 98 प्रतिशत ग्रामीण परिवार कर्ज से ग्रस्त हैं। इनमें भी 94 प्रतिशत परिवार ऐसे हैं, जिनकी आमदनी से ज्यादा उनका खर्च है। संसद में रखी गई जानकारी के मुताबिक, देश में कुल कृषि ऋण 12.60 लाख करोड़ रुपए के हैं। इसकी तुलना देश में 10.3 लाख करोड़ रुपए के बैंक डिफॉल्ट्स से करें। अप्रैल, 2014 और अप्रैल, 2018 के बीच 3.16 लाख करोड़ रुपए के कारपोरेट एनपीए बट्टे खाते में डाले जा चुके हैं।
हरित क्रांति के बाद देश में उत्पादन चरम पर है खेती योग्य भूमि का खसरा भी बढ़ा है बावजूद इसके किसान की हालत बाद से बदतर हुई है ।
उधर गांधी अहिंसक खेती की बात करते है । अहिंसक खेती से मतलब बिना किसी को क्षति पहुंचाए खेती । आधुनिक भाषा में कहें तो आर्गेनिक फार्मिंग ।
हाल के सालों में गांधी के विचार के अनुरूप खेती करके कई बदलाव नजर आए है एक ऐसे ही उदाहरण पर कृषि मामलों के जानकार और लेखक देविन्दर शर्मा ने पिछले दिनों ध्यान दिलवाया । आंध्रप्रदेश के खम्मम जिले के गांव रामचन्द्रपुरम के किसानों ने एक ऐसा ही उदाहरण प्रस्तुत किया है जहाँ
पर्यावरण को क्षति पहुंचाए बिना किसानों के चेहरों पर रौनक लौटी है और भूख के स्तर को शून्य तक पहुँचाया है।
छह साल पहले खम्मम जिले के एक गांव से जिस काम का सूत्रपात किया गया था, वह अब आंध्र प्रदेश के 21 जिलों की बीस लाख एकड़ भूमि तक फैल चुका है। चार साल में ही आंध्र के 23 जिलों में से 21 जिलों के तीन लाख अठारह हजार किसानों ने काफी शीघ्रता से खेती में केमिकल का इस्तेमाल करना छोड़ दिया और आर्थिक रूप से व्यावहारिक और पारिस्थितिकी खेती की ओर उन्मुख हो गए। एक विलक्षण मूक क्रान्ति हुई। इतना ही नहीं, रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग भी धीरे-धीरे कम होने लगा था।
यह सब बिना किसी सरकारी या निजी एजेन्सी के प्रोत्साहन के सम्भव हो गया। यह एक रिकॉर्ड है। यदि सरकार इस दिशा में गम्भीर हो, तो अगले दस सालों में पूरे देश में 200 लाख एकड़ में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना खेती में फार्मर-फ्रेंडली व्यवस्था लागू की जा सकती है। आज से दस साल बाद यदि हम वर्ष 2020 को देखने की कोशिश करें, तो भारतीय कृषि का स्वरूप ही बदला नजर आएगा, जहां किसानों की आत्महत्या करने की घटनाएँ इतिहास में दर्ज मिलेंगी। दुख और निराशा उत्पन्न करने वाली खेती का काम गौरवपूर्ण हो जाएगा। किसान अब कम्पोस्ट खाद, वर्मी खाद का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे न केवल परम्परागत खेती को बढ़ावा मिला, बल्कि किसानों के जीवनयापन में भी स्थायित्व आया। खेती की जो भूमि बंजर हो गई थी, उसकी उत्पादन क्षमता भी बढ़ी। महत्वपूर्ण बात यह रही कि कीटनाशकों के प्रयोग से किसानों की स्वास्थ्य समस्याएं भी दूर हुई और स्वास्थ्य पर किया जाने वाला खर्च भी 40 फीसदी तक घट गया। इसके अलावा खेती की लागत भी 33 फीसदी तक कम हो गई।
जिन क्षेत्रों में गैर-कीटनाशक प्रबंधन व्यवस्था किसानों ने अपनाई थी उन इलाकों में किसान आत्महत्या की एक भी घटना प्रकाश में नहीं आई। किसानों का ऋण भी कम हुआ और उनके हाथ में पैसा भी आया । पांच जिलों में किए गए अध्ययन से यह भी पता चला कि 467 ऐसे परिवार, जिन्होंने अपनी भूमि गिरवी रखी थी, उनमें से कम से कम 386 परिवार दो साल से कम समय में ही ऋण चुकाने में सफल हुए।
यह भारतीय कृषि के भविष्य का गाँधीमार्गी रोडमैप है। इससे न केवल पर्यावरण अनुकूल कृषि को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गरीबी और भूख को भी दूर किया जा सकेगा।
(लेखक राजनीतिक कार्यकर्ता है तथा गांधी विचार पर शोधार्थी है ।)
- सुरेंद्रसिंह शेखावत
सी -9, विजय विहार
सोफिया स्कूल के पीछे
बीकानेर
ssshekhawatbkn@gmail.com
मैं सुरेंद्रसिंह शेखावत यह घोषणा करता हूँ कि उक्त लेख मेरा मौलिक अप्रकाशित तथा अप्रसारित आलेख है ।
सुरेंद्रसिंह शेखावत
No comments:
Post a Comment