एक कदम आगे बढ़ी अगड़ों के आरक्षण की कवायद
अनारक्षित जातियों के गरीब तबके को सरकारी नौकरियों एवं शिक्षण संस्थानों में आरक्षण के दायरे में लाने बाबत, 23 अगस्त, 2015 को राजस्थान विधानसभा में पास किए गए विधेयक (आर्थिक पिछड़ा वर्ग आरक्षण बिल) को संवैधानिक दायरे में लागू किए जाने की कवायद एक कदम और आगे बढ़ गई है। इस मांग को लेकर, राज्य में खड़े हुए आंदोलन के परिणामस्वरूप आंदोलनकारियों एवं सरकार के मध्य हुई सकारात्मक बातचीत के बाद अगड़ों के आरक्षण को लेकर उम्मीदें दिखने लगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में गुर्जरों के आंदोलन के बाद गुर्जर सहित कुछ घुमंतू जातियों को ओबीसी की बजाय विशेष श्रेणी के आरक्षण के लिए पेश किए गए विशेष पिछड़ा वर्ग आरक्षण विधेयक के साथ ही आरक्षण से वंचित सभी जातियों के गरीब वर्ग के लिए भी आर्थिक पिछड़ा वर्ग आरक्षण विधेयक भी पास किया गया था, परन्तु राज्यपाल के हस्ताक्षर के बाद विशेष पिछड़ा वर्ग का आरक्षण तो लागू कर दिया गया मगर गरीब अगड़ों को दिया जाने वाला आरक्षण संबंधी नोटिफिकेशन जारी करने से रोक दिया गया।
वास्तविक पिछड़ी जातियों के ओबीसी आरक्षण को संरक्षित करने एवं गरीब अगड़ों को संविधान के दायरे में आरक्षण देने की मांग को लेकर चलाए जा रहे सामाजिक न्याय आंदोलन मूवमेंट फॉर सोशल जस्टिस द्वारा प्रदेश भर में इन मुद्दों को लेकर जन जागरण अभियान पिछले छ: महीनों से चलाया जा रहा था।
मूवमेंट फॉर सोशल जस्टिस की 28 फरवरी को जयपुर में श्री राजपूत सभा के कार्यालय में हुई स्टेट वर्किंग कमेटी की मीटिंग में एक ही दिन पास किए गए दो आरक्षण विधेयकों में से एक को रोक देने एवं दूसरे को लागू कर देने पर साक्रोश प्रकट किया तथा 9 मार्च को विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया। इस दौरान 6 सूत्रीय मांगों का ड्राफ्ट राज्य सरकार को भेजकर विधानसभा घेराव की चेतावनी भी दी गई और मूवमेंट फॉर सोशल जस्टिस से जुड़े संगठनों द्वारा 9 मार्च के विधानसभा घेराव की तैयारियां शुरू कर दी।
हरियाणा में जाट आंदोलन द्वारा पैदा हुए संकट एवं प्रदेश की अनारक्षित जातियों के युवाओं के असंतोष को देखते हुए राज्य सरकार ने आंदोलनकारी संगठनों के प्रतिनिधियों को 5 मार्च को वात्र्ता का निमंत्रण भेजा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी के बुलावे पर 5 मार्च को अम्बेडकर भवन में चतुर्वेदी और कार्मिक सचिव आलोक गुप्ता की उपस्थिति में आंदोलनकारी संगठनों के प्रतिनिधिमण्डल से हुई बातचीत में 6 सूत्रीय मांग-पत्र पर चर्चा हुई।
चर्चा के दौरान राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने मांग-पत्र पर सिद्धांतित सहमति जताते हुए प्रतिनिधिमण्डल से 24 घंटे का समय मांगा।
7 मार्च को पुन: राज्य सरकार एवं आर्थिक पिछड़ा आरक्षण संघर्ष समिति के मध्य वात्र्ता हुई जिसमें दोनों पक्षों के मध्य समझौता हुआ। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई वात्र्ता में 6 सूत्रीय मांग-पत्र पर सकारात्मक सहमति बनी।
यह हुआ समझौता
आंदोलनकारियों द्वारा दिए गए मांग-पत्र में सरकार द्वारा पारित 14 फीसदी आर्थिक पिछड़ा बिल को विधिक प्रक्रिया में लागू करने, संविधान संशोधन का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजने, बिल लागू होने तक सरकारी नौकरियों में शैडो पोस्ट खाली छोडऩे, आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग को रिपोर्ट देने हेतु समयबद्ध करने, देवनारायण बोर्ड की तर्ज पर आर्थिक पिछड़ों के लिए बोर्ड गठित करने सहित प्रतिमाह आयोग की प्रगति की विवेचना करने की मांग की गई।
मांग-पत्र पर हुई लम्बी चर्चा एवं विधिक सलाह मशवरे के बाद दोनों पक्षों में हुए लिखित समझौते में निम्न मुद्दों पर सहमति बनी।
आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग को विधानसभा के सत्रावसान के बाद 120 दिवस में अपनी अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित करते हुए संघर्ष समिति से तथ्यात्मक आंकड़े एकत्र करवाने में सहयोग मांगा। साथ ही आयोग की प्रगति की समीक्षा एवं देवनारायण बोर्ड की तर्ज पर बोर्ड गठित करने सम्बन्धी मांगों पर विचार हेतु एक उच्चस्तरीय मंत्रिमण्डलीय उपसमिति का गठन किया जाएगा। जिसमें तीन मंत्रिगणों, आयोग के प्रतिनिधि सहित संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों को शामिल करने पर सहमति बनी। इसके अलावा राज्य सरकार ने एसबीसी को संविधान के दायरे में आरक्षण देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए केन्द्र सरकार से संविधान संशोधन का आग्रह करने बाबत प्रस्ताव भिजवाने पर सहमति जताई।
इस समझौते के बाद संघर्ष समिति ने 9 मार्च के विधानसभा घेराव के निर्णय को स्थगित कर दिया।
ऐतिहासिक समझौता
देशभर में विभिन्न जाति समुदायों द्वारा आरक्षण लेने की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलनों के मद्देनजर यह आंदोलन कुछ भिन्न था।
गुजरात के पाटीदार आरक्षण आंदोलन और हरियाणा में जाट आंदोलन से सबक लेते हुए राज्य सरकार ने विधानसभा घेराव से पहले ही सकारात्मक पहल करते हुए आंदोलन समिति को वात्र्ता पर बुलावा दिया और समिति के मंशानुरूप आयोग को समयबद्ध रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित कर दिया।
देखा जाए तो यह अपने आप में एक ऐतिहासिक समझौता है जिसमें आरक्षण से वंचित सभी जातियों के गरीब वर्ग को आरक्षण का लाभ देने का रास्ता खुलता प्रतीत होता है। ओबीसी में जातियों को शामिल करने के लिए महाराष्ट्र के मराठे, हरियाणा सहित उत्तरी भारत के जाट, गुजरात के पाटीदार और कर्नाटक के कापु जाति के लोग हिंसक आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में वंचित जातियों के गरीबों को आरक्षण का लाभ देने की कवायद अगर सिरे चढ़ पाती है तो निश्चित ही ऐतिहासिक कदम होगा।
वात्र्ता में शामिल
सरकारी प्रतिनिधि के रूप में मंत्री अरुण चतुर्वेदी कार्मिक सचिव आलोक गुप्ता के साथ विभागीय अधिकारिगण वात्र्ता में सम्मिलित हुए। वहीं संघर्ष समिति की ओर से कन्वीनर गिरिराज सिंह लोखाड़ा, प्रताप फाउण्डेशन के महावीरसिंह सरवडी, करणी सेना के प्रेमसिंह सौजू, सामाजिक न्याय आंदोलन के राजेन्द्रसिंह भिंयाड, यशवर्धनसिंह, सुरेंद्रसिंह शेखावत, भवानी निकेतन के महेन्द्रसिंह, राजपूत सभा के बलवीर सिंह, सर्व ब्राह्मण महासभा के सुरेश मिश्रा, वैश्य महासभा के अरुण अग्रवाल, कायस्थ सभा के देवेन्द्र सक्सेना, करणी सेना के सुखदेवसिंह गोगामेड़ी शामिल हुए।
छह सूत्री मांगें
1. राजस्थान सरकार द्वारा विधानसभा में सरकार द्वारा पारित 14 प्रतिशत आर्थिक पिछड़ा वर्ग बिल को संपूर्ण विधिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए लागू किया जाये।
2. विधानसभा में संविधान संशोधन का प्रस्ताव पारित कर केन्द्र सरकार को भेजा जावे ताकि इस बिल के लागू होने में कोई कानूनी अड़चन न आवे।
3. जब तक यह बिल लागू नहीं हो जाता, तब तक सरकारी नौकरियों में शैडो पोस्ट खाली छोड़ी जाये।
4. आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग को वंचित जातियों की वस्तुस्थिति की रिपोर्ट देने के लिए एक निश्चित समयबद्ध कार्यक्रम की घोषणा तुरन्त की जावे।
5. सरकार देवनारायण बोर्ड की तर्ज पर आर्थिक पिछड़ों के लिए भी एक बोर्ड का निर्माण कर उसमें उचित धन राशि का बजटीय प्रावधान किया जाये।
6. आयोग एवं सरकार प्रति माह हमारे प्रतिनिधिमण्डल के साथ संपूर्ण प्रगति की विवेचना करती रहे।
●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
(लेखक मूवमेंट फॉर सोशल जस्टिस की
स्टेट कोर कमेटी के कन्वीनर हैं)
Monday, 19 December 2016
एक कदम आगे बढ़ी अगड़ों के आरक्षण की कवायद
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment