Monday, 19 December 2016

सामाजिक न्याय को रौंदती वोट बैंक की राजनीति

सामाजिक न्याय को रौंदती वोट बैंक की राजनीति
देश में स्थापित कानून की सबसे बड़ी अदालत सर्वोच्च न्यायालय में 17 मार्च 2015 को रामसिंह एवम् अन्य बनाम् भारत संघ रिट में फैसला देते हुए 04 मार्च 2014 को जारी गजट नोटिफिकेशन जिसमें 09 राज्यों के जाट जाति को केन्द्र की पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल करने को निर्णय लिया गया था, को निरस्त कर दिया ।
सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद जाट एवं मूल पिछड़ा वर्ग द्वारा सरकार पर अपने अपने पक्ष में दबाव बनाना शुरू कर दिया गया है। जहां एक तरफ  उत्तरी भारत की सर्वाधिक सक्षम जाति के पंचों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर न्यायालय में उनके पक्ष की प्रभावी पैरवी न करने की शिकायत करते हुए जाट जाति का ओबीसी में आरक्षण बरकरार रखने का दबाव बनाया वहीं दूसरी ओर देश की राजधानी के निकटवर्ती हरियाणा राज्य में जहां हुए ताजे ताजे विधानसभा चुनावों में गैर जाट धुव्रीकरण के दम पर भाजपा सरकार बनाने में भूमिका निभाने वाले अगुआ नेताओं ने न्यायालय के फैसले को शीघ्र लागू करने की मांग की है।
भारतीय संविधान में आरक्षण की परिकल्पना करने वाले संवैधानिक विशेषज्ञों ने सपने में भी विचार नहीं किया होगा कि जिस आरक्षण व्यवस्था के दम पर वे सामाजिक समता एवम् समरसता के स्वप्न देख रहे हैं वह व्यवस्था स्वतन्त्रता के इतने वर्षों के पश्चात् वोट बैंक की राजनीति के हत्थे चढकर सामाजिक न्याय का गला घोंटने का प्रयास करने वाली साबित होगी।
ब्रिटिश इण्डिया के राज में जब धर्म और जाति के आधार पर आरक्षण की परिकल्पना की जाने लगी तब अनुसूचित जाति, जनजाति, घुमन्तू और अपराधिक जाति जैसे समूह बनाए गए। संविधान में अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया।
देश की पहली निर्वाचित सरकार बनने के पश्चात् सामाजिक न्याय के अगुवाओं को लगा कि बहुत सी ऐसी पिछड़ी जातियां शेष रह गई जो कि आरक्षण के लाभ की पात्र हैं। 19 जनवरी 1953 को संविधान के अनुच्छेद 340 के अन्तर्गत प्रथम पिछड़ा वर्ग आयोग काका साहेब कालेलकर की अध्यक्षता में गठित किया गया जिसने 30 मार्च 1955 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की । आयोग के अध्यक्ष काका कालेलकर स्वयं किसी निश्चित निर्णय पर नहीं पहुंच पाए और उन्होंने राष्ट्रपति महोदय को प्रेषित अपने पत्र में पिछड़ेपन के लिए जाति को आधार मानने का विरोध कर डाला।
'पिछड़ा पावे सौ में से साठÓ का नारा देकर गैर-कांग्रेस की राजनीति करने वाले राममनोहर लोहिया के विचार के लोग सत्ता पर काबिज हुए तो 20 दिसम्बर 1978 को भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने विधेश्वरी प्रसाद मण्डल की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय आयोग के गठन के आदेश दे दिए। 31 दिसम्बर 1980 को मण्डल आयोग ने अपनी रिपार्ट प्रस्तुत करते हुए आयोग के विचारार्थ विषय, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप में पिछड़े वर्ग को परिभाषित करने के लिए मापदण्ड निर्धारित करना और इस प्रकार परिभाषित वर्ग की प्रगति हेतु उपायों की सिफारिश करना तथा अप्रतिनिधित्व वाले क्षेत्र में आरक्षण की सिफारिश करने व आदि विषयों पर विस्तृत सलाह दी । अपनी रिपोर्ट में मण्डल आयोग ने देश भर में कुल आबादी की एक प्रतिशत जनसंख्या मानते हुए जाट जाति को, ब्राहमण, राजपूत, मराठा, वैश्य एवं कायस्थ जातियों के साथ उन्नत व समर्थ हिन्दू जातियों में सम्मिलित किया।
इसे किसी प्रगतिशील राष्ट्र के लिए विडम्बना ही कहा जायेगा कि पिछड़े वर्ग को परिभाषित करने और मापदण्ड तय करने वाले आयोग ने जिस जाति को 1980 में उन्नत किस्म में शामिल किया, वह जाति 1999 आते-आते कैसे पिछड़ी हो गई। दिनांक 27 अक्टूूबर 1999 को देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटलबिहारी वाजपेयी ने सीकर में लोकसभा चुनावों में किए गए वायदे के अनुरूप जाट जाति को केन्द्र में पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल करने का गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया।
सन् 1992 में सुप्रीम कोर्ट ने इंदिरा साहनी केस (इस ऐतिहासिक केस को मण्डल विवाद पर फैसले के रूप में याद किया जाता है) में पिछड़ापन तय करने की कसौटी बना दी थी, साथ ही इसे निर्धारित करने के लिए एक नई और स्वतन्त्र संस्था राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन का आदेश भी दिया था। उसके बाद से पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के मामलों में निर्णय के लिए यह संस्था सर्वोच्च ऑथोरिटी है।
1999 में वाजपेयी सरकार ने जाट जाति को आरक्षण देते समय सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित मापदण्डों एवं नियम कानूनों को ताक पर रखते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा रिपोर्ट देने से इनकार करने के बावजूद राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने कागजी खानापूर्ति करने के लिये एक तथाकथित कमेटी के रिसर्च पेपर को आधार मान कर रिपोर्ट दे दी ।
यह रिपोर्ट सीकर जिले के छ: गांवों को आधार मान कर बनाई गई थी। वैसे इस रिपोर्ट का भी अगर गहराई से अध्ययन किया जावे तो तथ्यों के आधार पर जाट पिछड़ा साबित नहीं होता ।
केन्द्र की एनडीए सरकार द्वारा राज्य की प्रभावशाली जाति को अन्य पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल करने का निर्णय प्रदेश की तत्कालीन  कांग्रेस सरकार के लिए चिन्ता का विषय हो गया। चूंकि राज्य में 21 मई 1999 को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का पुनर्गठन किया गया था और राज्य आयोग ने तत्कालीन केन्द्र की सरकार से आग्रह भी किया था कि राज्य की जातियों के आरक्षण के सम्बन्ध में बिना विस्तृत रिपोर्ट आए कोई फैसला न लें बावजूद इसके जब केन्द्र सरकार ने फैसला लेकर वाह वाही लूट ली तो राज्य कें लिए भी इसी पर आगे बढना राजनीतिक मजबूरी हो गई। 03 नवम्बर 1999 को राज्य सरकार ने आदेश जारी कर जाट जाति को राज्य की ओबीसी सूची में केन्द्र के निर्णय के आधार पर शामिल कर लिया।
इस निर्णय से व्यथित होकर तात्कालिक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जस्टिस रणवीर सहाय वर्मा ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया। ऐसा ही निर्णय 04 मार्च 2014 को  लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने स्पष्ट रूप से जाटों को ओबीसी आरक्षण में शामिल करने की मांग को नकार दिया । यही नहीं इस संस्था ने अपनी रिपोर्टों के आंकड़ों के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला कि जाट समुदाय सुप्रीम कोर्ट की कसौटी के आधार पर पिछड़ी जाति नहीं है। बावजूद उसके झूठे आंकड़ों, कागजों के पेट भरने की खानापूर्ति करके युपीए सरकार ने जो जाट आरक्षण देने में जल्दबाजी दिखाई उसका यही हश्र होना प्रतीत होता था।  जब किसी विषय को तय करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश देकर मापदण्ड निर्धारित कर दिए हों तब उन सब से विपरीत जाकर केवल वोट बैंक की राजनीति हेतु सत्ता में आये दल फैसले लेने लग जाये वो भी आरक्षण जैसे अतिसंवेदनशील विषय पर तब उन से सामाजिक न्याय की उम्मीद करना बेमानी हो जाता है।  ऐसे में वोट बैंक की राजनीति के आगे सामाजिक न्याय की अवधारणा बहुत बौनी प्रतीत होने लगती है ।                  
   -सुरेन्द्रसिंह शेखावत

No comments:

Post a Comment