गरीब अगड़ों के आरक्षण पर सरकार का दोहरा चरित्र
राजस्थान विधानसभा के पिछले सत्र के दौरान 23 सितम्बर, 2015 को सरकार ने आरक्षण से जुड़े दो विधेयक पेश किए और बिना बहस के पारित भी हो गए।
एक विधेयक राज्य में लम्बे समय से आंदोलनरत गुर्जर सहित अन्य घुमंतू जातियों के 5 फीसदी आरक्षण से संबंधित विशेष पिछड़ा वर्ग का था और दूसरा अनारक्षित जातियों के आर्थिक रूप से पिछड़े तबके से संबंधित 14 फीसदी आर्थिक पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का था।
हालांकि वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के अंतिम दौर में भी अगस्त, 2008 में यह दोनों विधेयक संयुक्त रूप से एक विधेयक के रूप में पेश किए जा चुके थे, परन्तु माननीय उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के चलते यह आरक्षण लागू नहीं हो पाया था।
गुर्जर नेताओं से हुए समझौते के बाद सरकार ने इन दोनों विधेयकों को अलग-अलग विधेयक के रूप में विधानसभा में पुन: पेश किया। यहां आश्चर्यजनक बात यह है कि एक ही दिन एक साथ पेश किए गए दो विधेयक एक ही दिन राज्यपाल के हस्ताक्षर के बाद विशेष पिछड़ा वर्ग आरक्षण का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया और दूसरे आर्थिक पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को रोक दिया गया।
ऐसे में जब राज्य में लगभग पचास हजार सरकारी नौकरियां निकाली गई हों तब गरीब अगड़े वर्ग के नौजवानों के हकों पर इससे बड़ा कुठाराघात और क्या हो
सकता है?
विधेयक पास हुए पांच माह बीत जाने के बाद भी इसे लागू करने को लेकर सरकार की गम्भीरता कहीं नजर नहीं आ रही है, वरन् ठीक इसके उलट सरकार ने आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन कर 'टाइम पास गेमÓ प्लान कर लिया है।
यह कम हास्यास्पद नहीं है कि विधानसभा में कानून पास होने के बाद उसे लागू करने की बजाय सरकार उस पर कमीशन बिठा दे। जबकि इस बारे में 2008 में ही एक कमीशन सरकार को सकारात्मक रिपोर्ट दे चुका है।
यद्यपि 2008 में राजस्थान उच्च न्यायालय ने इन दोनों वर्गों के आरक्षण के संयुक्त विधेयक पर इस आधार पर रोक लगाई थी कि एक तो इंदिरा साहनी केस में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई व्यवस्था के अनुसार आरक्षण की सीमा पचास फीसदी निर्धारित होने के बाद पचास फीसदी से ऊपर आरक्षण दिया जाना सम्भव नहीं है, दूसरा, आरक्षण देने के लिए बने पिछड़ेपन के आधारों में सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ापन का आधार तो माना गया है, परन्तु आर्थिक पिछड़ापन का अधिकार नहीं माना गया।
इन तथ्यों के आधार पर 2008 के विधेयक पर रोक लगा दी गई थी। सात वर्ष बाद पुन: इन विधेयकों को पेश करने से पहले सरकार को दोनों अड़चनों का निस्तारण करवाना चाहिए था। हो सकता है न्यायालय इस पर फिर कोई अड़चन डाल दे यद्यपि नौवीं अनुसूची में डालने का वादा कर सरकार ने इस संदेह पर एकबारगी रोक लगा दी है।
लम्बे समय से भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को अपना मुद्दा मानकर चुनाव घोषणा-पत्र में भी रखती रही है।
2003 में वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में 'ग्रुप ऑफ मिनिस्टरÓ के गठन और फिर इसी ग्रुप की सलाह पर कैबिनेट में संविधान संशोधन का निर्णय लिया गया था, परन्तु लोकसभा चुनाव में जल्दी चले जाने से यह संशोधन लोकसभा में पेश नहीं किया जा सका।
वास्तव में गरीब अगड़ों के लिए संविधान के दायरे में आरक्षण लागू करने का तरीका यही है, बिना संविधान संशोधन के यह कानून न्यायालय में टिकना मुश्किल है।
वस्तुत:, आरक्षित वर्ग के प्रति अनारक्षित वर्ग में फैलते वैमनस्य को कम करने और अनारक्षित तबके के पिछड़े वर्ग के युवाओं में पनप रही हीन भावना को इसी माध्यम से खत्म किया जा सकता है।
प्रदेश सरकार वास्तव में गरीब अगड़ों को आरक्षण देने की मंशा रखती है तो शीघ्र इसका नोटिफिकेशन जारी करे और नोटिफिकेशन जारी करने तक पूर्व की तर्ज पर 'शैडो पोस्टÓ खाली छोड़कर इस वर्ग के युवाओं के हक के साथ न्याय करे।
—सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक सामाजिक न्याय आंदोलन की स्टेट कोर कमेटी के एक्टिव मेंबर हैं।)
Monday, 19 December 2016
गरीब अगड़ों के आरक्षण पर सरकार का दोहरा चरित्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment