लट्ठ के जोर पर आरक्षण की मांग
हम एक लोकतांत्रिक देश के नागरिक हैं। लोकतंत्र की सफलता इस बात में निहित है कि राज्य अपने प्रत्येक नागरिक को विकास के पर्याप्त अवसर मुहैया करवाए। इस बात की पर्याप्त व्यवस्था भारत के संविधान में की गई है।
भारत के संविधान निर्माताओं ने प्रकृति द्वारा किये गये अन्याय से जूझ रहे व्यक्तियों तथा मानव सभ्यता की विकास यात्रा के दौर में हुई गंभीर विसंगतियों, असंतुलन व असमानता को दूर करने के लिए सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय की अवधारणा को हमारे संविधान की अनुदेशिका में रखा। इसी के तहत सैकड़ों वर्षों से वंचित, शोषित, उपेक्षित, पीडि़त, दबे-कुचले तबके के अभ्युत्थान के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया।
मुल्क की वो आबादी जो सामाजिक व्यवस्था में निचले पायदान पर थीं, वर्षों की असमानता एवं राज्य शासन में भागीदारी के अभाव ने इस वर्ग को दलित बना दिया। भारत के महान् संविधानविदों ने उनको आगे बढऩे के विशेष अवसर प्रदान करने के लिये आरक्षण का प्रावधान किया।
बाद के दिनों में एक बड़ा तबका जिसकी स्थिति लगभग दलित वर्ग के समकक्ष ही थी ऐसे पिछड़े वर्ग की पहचान मंडल आयोग द्वारा की गई और उनको भी संविधान एवं लोकतंत्र की असल मंशा के अनुरूप विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने का काम ओबीसी आरक्षण से किया गया जो कि सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम था।
ओबीसी आरक्षण लागू होने के बाद के दिनों में वोट बैंक पालिटिक्स करने वाले नेताओं को यह वोट के औजार के रूप में नजर आ गया। योजनाबद्ध रूप से बहुसंख्यक आबादी वाली जातियों के वोट हासिल करने के उद्देश्य से राजनीतिक दलों ने उन्हें ओबीसी सूची में शामिल करने के लॉलिपॉप देने शुरू कर दिये।
अगस्त 1999 में लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सीकर की एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार अटलबिहारी वाजपेयी ने सूबे की प्रभावशाली जाट जाति को सरकार आने पर ओबीसी आरक्षण का वादा किया और वादे के अनुरूप अक्टूबर 1999 में सूबे की जाट जाति को केन्द्र में ओबीसी सूची में शामिल कर
दिया गया।
यह घटना देश में एक 'टर्निंग प्वाइंटÓ साबित हुई। आमजन में यह विश्वास हो गया कि आरक्षण राजनीतिक ताकत एवं संख्या के बल पर ही हासिल किया जा सकता है न कि विधिक प्रक्रिया से। विश्वास होना इसलिए भी लाजिमी था कि वाजपेयी सरकार ने कोर्ट द्वारा निर्धारित पिछड़ेपन के पैमानों को ताक पर रखकर विधिक प्रक्रिया का पालन किए बिना ही जाट समुदाय को आरक्षण दे दिया।
इसी का नतीजा था कि पिछले पूरे सप्ताह हरियाणा आरक्षण आंदोलन की आग में जलता रहा। हरियाणा की प्रभावशाली, साधन संपन्न बहुसंख्यक आबादी वाली जाट जाति ने ओबीसी में शामिल होने की जिद कर ली। जातीय एवं खाप नेता को यह बात समझाई गई कि लोकतंत्र में ल_ के जोर से और भीड़ के दबाव में फैसले करवाए जा सकते हैं।
ल_ लिए युवा सड़कों पर निकल पड़े। सूबे में अव्यवस्था का आलम यह था कि सड़कें जाम कर दी गईं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोक दिए गए, बसें जलाई गई, रेलगाडिय़ों की पटरियां उखाड़ दी गईं। हक में खयानत की आशंका में ओबीसी में शामिल अन्य जातियां भी उग्र हुई और एक-दूसरे दुकानों, घरों और व्यावसायिक स्थलों में आगजनी व लूटपाट की गई। चार-पांच दिन तक कई जिलों में हाहाकार मच गया। बच्चे, बूढ़े एवं महिलाओं को भी नहीं बख्शा।
नेतृत्वविहीन आंदोलन अराजकता की भेंट चढ़ गया। उत्पाती भीड़ अनियंत्रित होकर उत्पात मचाने लगी। दिल्ली जाने वाली एक नहर का पानी रोक दिया। इन सब हालातों से मजबूर केन्द्र ने जब सेना भेजी तो भी स्थिति नियंत्रण में नहीं आई। यहां तक कि महिलाओं ने भी देशी कट्टों से सेना का मुकाबला करने की कोशिश की। हवा में हथियार लहराकर प्रदर्शन किए गए और सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। सूबे में हालात बद से बदतर हो गए वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई संगठन भी इसके समर्थन में आ जुटे यहां तक कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में मुसलिम जाटों ने भी अपने समर्थन का पैगाम हरियाणवी जाटों तक पहुंचाया।
एक ऐसी जाति जो हरियाणा में बहुसंख्यक है। राजनीतिक पदों से लेकर प्रशासन तक में सर्वाधिक हिस्सेदारी है। खेती की जमीन का अधिकतर हिस्सा इनके पास है। शैक्षणिक दृष्टि से कमजोर नहीं है। वह सामाजिक एवं शैक्षणिक पिछड़ेपन के पैमानों का टिकती नहीं उस जाति ने लठ और भीड़ की ताकत के दम पर राज को झुका लिया।
इससे पूर्व राजस्थान के गुर्जर, कर्नाटक के कापू और गुजरात के पाटिदारों ने इसी तर्ज पर जनदबाव और ल_ के जोर पर आरक्षण में अपनी हिस्सेदारी का प्रयास किया। जिसमें गुर्जर कुछ हद तक सफल भी हुए।
बहरहाल हरियाणा में जो कुछ हुआ उसे देश की जनता देख रही है। आरक्षण की मांग कर रहे जाटों ने शासन व्यवस्था की चूलें हिला दीं, पटरियां उखाड़ राज के नाक में दम कर दिया और दो दिन में राज के घुटने टिका दिए। हजारों करोड़ का नुकसान किया, ये नुकसान इस देश की जनता की पूंजी का हुआ है। वोट के लालच में आंख बंद करके वंचितों का हक सक्षम और संपन्नों को मलाई के रूप में बांटा जायेगा तो मलाई मांगने वाले आपके सामने ऐसे ही पेश आएंगे।
कल पटेल मांग रहे थे, आज जाट मांग रहे हैं तो कल राजपूत, ब्राह्मण और वैश्य मांगेंगे। जहां ताकत है वहां घूड़की दिखाएंगे। पॉलिटिकल ब्लैकमेलिंग करेंगे। 72 गुर्जर मरे 16 पटेल मरे और अब तक 16 जाट मर चुके हैं।
यह खूनी सिलसिला कब खत्म होगा।
क्या इस देश में वोट बैंक की सियासत के चलते प्रबुद्ध लोगों की आवाज को अनसुना किया जाता रहेगा और दूसरी तरफ आंख दिखाने वालों का तुष्टीकरण होगा तो निश्चित रूप से यह लोकतंत्र ल_तंत्र और भीड़तंत्र में तब्दील हो जाएगा जो मुल्क के लिये बड़ा खतरा साबित होगा।
-सुरेन्द्रसिंह शेखावत
Monday, 19 December 2016
लट्ठ के जोर पर आरक्षण की मांग
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment