अखंड भारत पर लोहिया, जसवंतसिंह और राम माधव
देश के युवाओं में लोकप्रिय रॉक सिंगर राहुल राम के रॉक बैंड 'इंडियन ओसियनÓ द्वारा यू ट्यूब पर जारी किए गए वीडियो 'ऐसी तैसी डेमोक्रैसीÓ के चर्चित गीत 'मेरे सामने वाली सरहद पर....Ó में पड़ोसी मुल्क के बारे में हमारे यहां प्रचलित धारणा 'दुश्मनÓ शीर्षक गीत में मेरे जैसा ही अक्स नजर आने की बात कही तो इसी वीडियो के जवाब में पाकिस्तानी सिंगर मुजतबा अली के रॉक बैंड द्वारा जारी 'ऐसी तैसी हिप्पोक्रैसीÓ में वहां भी पल रही इसी तरह की सोच को स्वीकार किया है।
दोनों देशों में खासे लोकप्रिय हुए इन गानों में पाक सिंगर द्वारा बड़े ही साफ शब्दों में भारतीय फिल्मों और गानों में पाक को दहशतगर्द बताने और पाकिस्तानी स्कूल टीचर द्वारा भारत को 'दुश्मन मुल्कÓ कहकर बुलाए जाने की बात स्वीकारी है।
इसी गाने में पाकिस्तानी सिंगर ने बड़ी संजीदगी से भारत में प्रचलित 'अखण्ड भारत की अवधारणाÓ और पाकिस्तानी कट्टरपंथियों की 'दिल्ली के लाल किले पर पाकिस्तानी झण्डाÓ फहराने की लालसा पर व्यंग्य किया गया है।
उधर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और संघ के प्रवक्ता रह चुके राम माधव ने पिछले दिनों निकट भविष्य में भारत-पाकिस्तान और बांग्लादेश के एक होकर अखण्ड भारत बनने के बयान ने देश में एक नई बहस छेड़ दी।
राम माधव का बयान उस वक्त पर आया जब दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काबुल से भारत लौटते हुए अचानक लाहौर उतरकर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को जन्मदिन की सरप्राइज बधाई देते हुए दोस्ती का हाथ कुछ और आगे किया।
हालांकि भाजपा ने राम माधव के अपने बयान से अगले दिन ही किनारा कर लिया और इस बयान को निजी बयान बताते हुए अखण्ड भारत की अवधारणा को राजनीतिक न मानते हुए केवल सांस्कृतिक अवधारणा कह दिया।
भाजपा का पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शुरू से ही अखण्ड भारत की अवधारणा को न केवल सांस्कृतिक वरन राजनीतिक रूप से भी लागू करने के लिए संकल्पित होने की बात कहता रहा है और प्रतिवर्ष स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व अखण्ड भारत दिवस मनाकर प्राचीन भारत के भौगोलिक नक्शों के अनुसार भविष्य के अखण्ड भारत की कल्पना करता है।
कुछ साल पहले भारत के पूर्व विदेश मंत्री भाजपा के जसवंतसिंह ने अपने पाकिस्तान प्रवास के दौरान अंग्रेज अधिकारी रेडक्लिफ द्वारा तय की गई रेखाओं के आधार पर किए गए विभाजन को नकारते हुए दोनों मुल्कों में रहने वाले लोगों के खून के रिश्ते का हवाला देकर मुल्कों के नक्शों के बदलते रहने की बात अंतरराष्ट्रीय मीडिया के समक्ष रखी और आने वाले वक्त में कुछ सुखद संकेतों की तरफ इशारा किया।
हालांकि जसवंतसिंह और राम माधव की बात के मायने अलग-अलग हैं फिर भी भारतीय उप महाद्वीप के नक्शों में 68 साल पूर्व के आए बदलाव से एक से तीन बने देशों के भविष्य में फिर से एक होने जैसे संकेत सोचने में तो सुखद प्रतीत होते हैं।
राम माधव के बयान पर राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन ने अपनी फेसबुक वॉल पर डाली गई पोस्ट के माध्यम से कुछ तीखे कटाक्ष करते हुए सवाल खड़े किए हैं जिन पर यहां चर्चा करना मैं जरूरी समझता हूं। त्रिभुवन ने अपनी पोस्ट में बताया कि तीनों मुल्कों के एक हो जाने का मतलब 96 करोड़ हिन्दू और 56 करोड़ मुस्लिमों से भरे देश में सभी धर्मों के लोगों को सौहार्द से रहना सीखना होगा।
त्रिभुवन ने संघ की हिन्दू राष्ट्रवाद की अवधारणा पर सवाल करते हुए ऐसी स्थिति में मुसलिमों के शुद्धीकरण और धर्मांतरण जैसे विषयों पर भी संघ की राय जाननी चाही है।
त्रिभुवन ने सत्ता में रहते हुए ही इस तरह की बात उठाने को भी लाजिमी नहीं माना है और कश्मीर में विवादित विषयों की भी स्पष्टता चाही है।
त्रिभुवन ने तीनों मुल्कों के एक होने की बात को अच्छा विचार माना है और इससे भी आगे बढ़कर एक बेहतर सुझाव दिया है कि अतीतजीवी जीवन दर्शन को छोड़कर हम सब आगे बढ़ें और सिर्फ तीन ही क्यों—भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल, श्रीलंका, अफगानिस्तान, चीन, तिब्बत, म्यांमार और ईरान सभी के बीच एक सौहार्द भरा और समानता पर आधारित और सद्विवेकी दृष्टिकोण वाला एक सहयोग संगठन खड़ा करने की जरूरत जताई। इन सभी देशों में बिना पासपोर्ट, बिना वीजा और बिना किसी बाधा ठीक मोदी शरीफ की तरह निर्बाध और निर्बंध आना-जाना हो, बाजार और ज्ञान का निर्बाध आवागमन हो। सेवाओं की सम्पूर्ण स्वतंत्रता हो और इन सबसे आगे बढ़कर मुद्रा की राष्ट्रीय अर्गलाओं से पूर्णतया बंधनमुक्त किया जाए।
तीन मुल्कों के भविष्य में एक हो जाने की बात और समाजवादी विचारक डॉ. लोहिया के विचार के अनुरूप वैश्विक राज्य की ओर बढ़ते कदमों की कल्पना मन को रोमांच से भर देने वाली है। हालांकि सत्य के धरातल पर वर्तमान में ऐसा कुछ भी नजर नहीं आता फिर भी तीनों मुल्कों और दक्षिण एशियाई मुल्कों के लोग अगर साथ मिल-बैठकर कुछ भविष्य की सोचें तो निश्चित ही आने वाली पीढिय़ों को वे युद्ध और हथियारों से छुटकारा दिलाकर आवाम के लिए शिक्षा, रोजगार और अच्छी जीवन शैली जैसे जरूरी मुद्दों पर सोचने का समय दे पाएंगे।
—सुरेन्द्रसिंह शेखावत
Monday, 19 December 2016
अखंड भारत पर लोहिया, जसवंतसिंह और राम माधव
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment