Friday, 30 September 2016

लोक शाही में लोक लाज और लोक नीति

पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल कहा करते थे कि " लोक राज " , " लोक लाज " से चलता है।
गौर करने की बात यह है कि उन्होंने राजकाज की जगह लोकराज शब्द का प्रयोग किया मतलब साफ है उन्होंने "लोकशाही " में राजनीति को "लोकनीति" और राजकाज को "लोकराज"  मानकर काम किया, जिसका परिणाम था कि एक किसान परिवार में पैदा हुआ ,बिना अक्षर ज्ञान जानने वाला देश की सर्वोच्च निति निर्धारक करने वाला बन पाया। वैसे देखा जाए तो चौधरी देवीलाल का संघर्ष बहुत बड़ा था । पंजाब से अलग करवा कर हरियाणा राज्य का गठन करवा लेना उनकी दृढ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी राजनितिक सोच का ही परिणाम था।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में, जनता परिवार के नेता के रूप में ,देश के उपप्रधानमंत्री  के रूप में उन्होंने लोकलाज का ख्याल रखा और कभी राजनीति को लोकनीति पर हावी नही होने दिया ।
अब बात करे उनकी विरासत सम्भालने वालो की ,उन्हें राजनीति विरासत में मिली तो लोकशाही उन्हें राजशाही की मानिंद नजर आई और लोकनीति हवा हो गई । लोकराज का तो  स्थान राजकाज ने ले लिया और  लोकलाज की परवाह ही नही की जिसका परिणाम बाप बेटे भुगत रहे है।
यह घटनाक्रम लोकतन्त्र में स्थापित राजनेताओ के लिए महत्वपूर्ण उदाहरण है जिससे उनको सीख लेनी चाहिए।
हमारी जमात के लोग सत्ता पर काबिज होते ही रामराज की कल्पना को भूल, लोकलाज को भूल ,सूराज को भूल ,राजतन्त्र के मानिंद  कामकाज में लग जाते है और यह भूल जाते है कि उन्हें पांच साल बाद "लाइसेंस रिन्यू" करवाने के लिए एक बार फिर मुल्क के मालिक के सामने झोली फ़ैलाने जाना पड़ेगा और तब उन सब सवालो के जबाब देने पड़ेंगे जो लोकराज को राजकाज मानने से पैदा हुए है।
समय बदल गया है ,आजादी को सात दशक होने को आए है ,गुलाम मानसिकता वाली पीढ़िया बीत चुकी है । लोकशाही में पैदा हुई, पली बढ़ी ,नई पीढ़ी सवाल करना सीख गई है और हर सवाल का जबाब जानकर ही मानती है।
इसलिए जरूरी हो गया है कि लोकराज को, लोकशाही को, लोकनीति को समझे और लोकलाज का ख्याल रखे ।
●सुरेन्द्र सिंह शेखावत

No comments:

Post a Comment