Friday, 30 September 2016

एक वित्त मंत्री थे मधु दंडवते

एक वित्तमंत्री थे मधु दंडवते----------------------

भाई संदीप वर्मा ने अभी तब याद दिलाया जब हिन्दुस्तान के एक वित्तमंत्री टीवी के लिए लड़ते देखे गए।

पिछली सदी के आठवें दशक में केन्द्र में जनता पार्टी की सरकार थी। एक दिन जार्ज फर्नाडीस के साथ मैंकहीं जा रहा था। जार्ज अपनी फिएट चला रहे थे,  मैं उनके बैठा था। जब जनपथ से गुजर रहे थे तो देखा कि बगल में फाइल दबाए  मधु दंडवते खड़े हैं, उन दिनों वे वित्तमंत्री थे। मैंने जार्ज को बताया कि सामने दंडवतेजी खड़े हैं। देखते ही जार्ज ने गाड़ी को मोड़ दिया। (जार्ज गाड़ी बहुत रफ चलाते रहें हैं ) जार्ज ने मधुजी से पूछा यहाँ क्या कर रहें हैं? मधुजी ने निहायत ही मासूमियत से कहा कि कोई ऑटो वाला जाने के लिए तैयार ही नहीं होता।जार्ज ने कहा....आ जाओ घर तक छोड़ दूंगा....कॉफी तो मिलेगी ? दंडवते ने कहा चलो देखो प्रमिला हो शायद घर पर...(दंडवतेजी की पत्नी प्रमिला समाजवादी आंदोलन की मजबूत कड़ी रही हैं)

रास्ते में वित्तमंत्री ने जो किस्सा सुनाया वह मजेदार था। जनपथ के वेस्टर्न कोर्ट में एक समाजवादी लाडलीमोहन निगम रहा करते थे। दंडवतेजी को उनसे एक पेपर लेना था, इसी काम के लिए वित्तमंत्री यहाँआये थे, सरकारी गाड़ी छोड़ दी थी क्यों कि वे जानते थे कि निगमजी की मामूली बात भी कम से कम तीन घंटे में खत्म होती थी। दंडवतेजी वहाँ से निकल कर ऑटो तलाश रहे थे, यह वाकया तभी का है।

हम घर पहुँचे, मैं सीधे प्रमिलाजी के साथ किचेन में चला गया, ये दोनों बाहर कमरे में बात करने लगे, प्रमिलाजी ने कॉफी बनाई,  मैं उन्हीं  के साथ बाहर कमरे तक आया, रास्ते में मैंने यूं ही प्रमिलाजी से पूछ लिया कि कल टीवी  दंडवतेजी का इंटरव्यू देखा, बहुत ही कमाल का था.....बस यहीं से लड़ाई चालू 'इनको देखो इतने दिन से कह रही हूँ एक टीवी ले लो.....नहीं पैसा ही नहीं है....चलो आधा मैं दे देती हूँ....लेकिन नहीं तो नहीं...।

यह बहस जारी ही थी कि एक और समाजवादी पत्रकार उदयन शर्मा हमें खोजते वहाँ आ पहुंचे। टीवी बहस में वे भी बाकायदे प्रमिलाजी के साथ हो लिए। जार्ज और दंडवते टीवी की सार्थकता पर सवाल उठाते रहे। मैं और उदयनजी प्रमिलाजी के समर्थन में दलीलें देते रह गए, टीवी नहीं आया तो नहीं आया। इतना जरूर हुआ कि 'रविवार' (संपादक : उदयन) के अगले अंक में यह 'खबर 'जेरे बहस हो गयी।

....क्या कहा आपने संदीप भाई.....आजकल बेडरूमों में टाइलें भी विदेशों से मंगा कर लगाई जाती हैं.....

वो भी एक दौर था यह भी एक दौर है।

Deep Sankhla ji की वॉल से।

No comments:

Post a Comment