भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी ग्रामीण विकास योजनाएं
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार के संबंध में एक बार कहा था कि दिल्ली से भेजा जाने वाला एक रुपया नीचे पहुंचते-पहुंचते पन्द्रह पैसा ही रह जाता है। राजीव गांधी की यह बात सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार की पोल खोलती है।राजीव गांधी द्वारा कहे गये इन शब्दों की स्थिति तीन दशक बीत जाने के बाद भी कमोबेश वही है।
राज्य में चलने वाली ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियांवयन को नजदीक से देखने के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि सरकार के लाख जतन के बाद भी भ्रष्टाचार पर कोई अंकुश नहीं लग पाया है। सरकार द्वारा चोरी रोकने के भरसक प्रयासों के बावजूद, सरकारी धन की चोरी में माहिर हो चुके लोग 'तू डाल-डाल मैं पात-पातÓ की कहावत को चरितार्थ करते प्रतीत होते हैं।
सीमित परिवारों में पंचायती राज
पंचायत राज व्यवस्था पर गौर करें तो पाएंगे कि कुछेक परिवार ही लम्बे समय से पांव जमाए हुए हैं। अधिकांश पंचायतों में चुनाव दो या तीन परिवारों के बीच प्रतिष्ठा को लेकर लड़ा जाता है और शेष सभी मतदाता इन्हीं के साथ धड़ेबंदी में जुड़े रहते हैं।
पंचायत व्यवस्था इन्हीं दो-तीन परिवारों की मिल्कीयत रहती है। आरक्षण व्यवस्था होने के बावजूद इन्हीं परिवारों द्वारा 'डमी कैंडिडेंटÓ चुनाव में लड़ाए और जिताए जाते हैं। कुल मिलाकर संस्थाओं का कब्जा इन्हीं परिवारों का रहता है। पंचायत राज और ग्रामीण विकास योजनाओं में यही स्थापित लोग जमकर भ्रष्टाचार करते-करवाते हैं। प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक परिवार भ्रष्टाचार को लेकर एक 'म्यूचुअल अंडरस्टेंडिंगÓ विकसित कर लेते हैं तथा बारी-बारी से इन योजनाओं में जमकर भ्रष्टाचार करते हैं।
सामान्यतौर पर देखने में आता है कि शहरी क्षेत्र के बजाय ग्रामीण क्षेत्र के लोग सरकारी योजनाओं के प्रति अधिक जागरूक होते हैं। इस जागरूकता के बावजूद पंचायतराज संस्थाओं पर काबिज कुछेक व्यक्तियों के प्रभाव के आगे ग्रामीण अप्रभावी हो जाते हैं। प्राय: देखने में यह भी आया है कि शिक्षा के प्रसार और जागरूकता के बावजूद पंचायतराज चुनावी लोकतंत्र इन कुछ परिवारों की बपौती से बाहर नहीं निकल पाया है। ज्यादा विचारणीय बात यह है कि इनमें से अधिकतर लोग पंचायतराज के धन का जमकर दुरुपयोग करते हैं। वास्तविक जरूरतमंद तक कोई लाभ नहीं पहुंच पाता और जिन तक पहुंचता है, वहां बिना कमीशन कोई काम नहीं होता।
भ्रष्टाचार को सामाजिक स्वीकार्यता
ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में फैले भ्रष्टाचार ने सामाजिक स्वीकार्यता प्राप्त कर ली है। ग्रामीण क्षेत्रों में आमतौर पर इस तरह फैले भ्रष्टाचार पर कोई सवाल नहीं उठाया जाता उलटे किसी नौजवान द्वारा उठाए गए सवालों को हेय दृष्टि से देखा जाता है। भ्रष्टाचार की सामाजिक स्वीकार्यता की हालात यह है कि इस बात को लेकर न तो कोई उद्वेलित होता है और न ही चिंतित।
पंचायत संस्थाओं पर काबिज परिवार ही लोकतंत्र की इस निचली इकाई पर 'वोट के ठेकेदारÓ के रूप में स्थापित हैं। सरकारी योजनाओं में जमकर हो रही इस लूट-खसोट के बावजूद वोटों पर इसका प्रभाव नहीं होता जिसके चलते राजनेताओं की हिम्मत इनसे लडऩे की बजाय इनका सहयोग करने में उपयोग होती है। इस तरह एक तंत्र के रूप में ये लोग नौकरशाही के साथ भी गठजोड़ बैठा लेते हैं।
उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी की पंचायतों में गहन अध्ययन के बाद जो तथ्य सामने आए वे चौंकाने वाले हैं। पंचायत संस्थाओं पर काबिज इन परिवारों में जो जितना ज्यादा भ्रष्ट है वह उतना ही अधिक प्रभावशाली है।
जागरूक लोगों पर हेय दृष्टि
पिछले कुछ सालों में शिक्षा के प्रसार से आई जागरूकता और सूचना प्राप्ति अधिकार कानून के लागू होने से अधिकांश गांवों में जागरूक युवाओं की संख्या बढ़ी है। प्राय: देखने में आता है कि कुछेक नौजवान पंचायतों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज भी उठाते हैं और समय-समय पर सूचना के अधिकार के तहत जानकारी जुटाकर शिकायतें भी दर्ज करवाते हैं। परन्तु अधिकांश गांवों में इन नौजवानों को बजाय सम्मान की दृष्टि से देखने के, हेय दृष्टि से देखा जाता है। गांव के बड़े बुजुर्ग गाहे-बगाहे इन नौजवानों के कृत्यों की निंदा ही करते मिलेंगे। कभी-कभार इनकी शिकायतों पर कुछ कामयाबी भी मिलती है तो इनके साथ खड़े रहने वाले लोग नहीं रहते।
पीडि़त पक्ष के लोग राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव के आगे दबा दिए जाते हैंं। ऐसे में जागरूक नौजवान अकेले पड़ जाते हैं। फिर भ्रष्ट कुनबे का राजनीति और प्रशासनिक प्रभाव भी उनके विरुद्ध कार्यवाही को रोक देता है।
रसूखदारों के आगे बेदम व्यवस्था
भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और वास्तविक लाभार्थी को पूरा लाभ पहुंचाने के लिए तकनीकी मदद के जरिए समय-समय पर नए-नए प्रयास किए जाते रहे हैं। परन्तु स्थापित स्थानीय नेताओं के रसूख के आगे सारे प्रयास बेदम हो जाते हैं।
पिछले दिनों शुरू की गई 'डाइरेक्ट कैश ट्रांसफरÓ योजना में देखने को मिलता है कि गांवों में भुगतान करने वाले माध्यम यथा ग्रामीण बैंक, मिनी बैंक, सहकारी बैंक और डाकघर के कर्मचारी तक खातों में जमा पैसों का भुगतान वास्तविक लाभार्थी को न करके इन रसूखदारों को ही कर देते हैं। विडम्बना यही है कि ऐसे प्रकरणों में भी कोई कार्यवाही नहीं होती।
रसूखदार स्थानीय नेताओं का प्रभाव इतना प्रबल है कि खाते में जमा होने वाला पैसे भी वास्तविक लाभार्थी तक नहीं पहुंचता। प्राय: देखने में आया है कि लाभार्थी खाताधारक की हस्ताक्षरशुदा चेकबुक या एटीएम कार्ड तक रसूखदारों के पास ही रहते हैं।
कैसे आए बदलाव
लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप शासन के विकेन्द्रीकरण हेतु स्थापित इन पंचायतीराज संस्थाओं में फैले वित्तीय भ्रष्टाचार पर कोई लगाम लगती नजर नहीं आती। नित नई ईजाद तकनीक के बावजूद रसूखदार नेताओं के भ्रष्टाचार में कोई कमी नहीं आई है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि इस तरह के भ्रष्टाचार पर कैसे लगाम लग पाए और पूरा लाभ वास्तविक जरूरतमंद तक कैसे पहुंचे।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामुदायिक चेतना विकसित हुए बिना यह दूर की कौड़ी नजर आती है। जब तक गांव-गांव में जागरूक नौजवानों के जत्थे खड़े नहीं होंगे और इन नौजवानों के साथ बड़े स्तर पर समाज के लोग नहीं जुड़ेंगे तब तक निचले स्तर पर बदलाव आना मुश्किल है।
सुरेन्द्रसिंह शेखावत
(लेखक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता है)
सत्ता का विकेंद्रीकरण भ्रष्टाचार का विकेंद्रीकरण मात्र रह गया है.. ग्रामीण और शहरी स्वशासन के निकाय भ्रष्टाचार की इबारतें लिख रहे है.. अभी हमें स्वशासन के लिए योग्य होने में(जागरूक नागरिक बनने में) कुछ और वर्ष लगेंगे..
ReplyDelete