Friday, 30 September 2016

सेहत महकमे की बदहाल सेहत

देश में रोजगार प्रदान करने में शिक्षा के बाद दूसरा बड़ा क्षेत्र स्वास्थ्य सैक्टर बेहद बदहाली में है। भारत में स्वास्थ्य सेवाएं भयानक अव्यवस्था के दौर से गुजर रही है। यह कहना कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। दुनिया में महाशक्ति बनने का दम भरने वाले देश में स्वास्थ्य-सेवाओं की बदहाली बेहद चिंताजनक है।
इस क्षेत्र में काम करने वाले कर्मिकों की कमी, रोगियों को ठीक वक्त पर मिलने वाला इलाज और डॉक्टर्स की उपलब्धता के आधार पर हम इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि केवल सरकारी प्रयासों से इस स्थिति पर काबू पाना मुश्किल है। हालांकि किसी भी लोक कल्याणकारी राज्य के लिए स्वास्थ्य-सेवाओं की उपलब्धता महत्त्वपूर्ण प्राथमिकताओं में होनी चाहिए परन्तु निजीकरण के दौर में सरकारों की प्राथमिकताओं में भी परिवर्तन आया है। कहीं-न-कहीं सरकारें इस आवश्यक सेवा में भी लाभ की खोज करने लगी है।
विश्‍व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार पानी से पैदा होने वाली बिमारी के कारण बड़ी संख्या में लोग मौत का शिकार हो रहे हैं। वहीं देश की आधी आबादी कुपोषण का शिकार है जिसके चलते लाखों बच्चे अपना लड़कपन नहीं देख पाते।
भारतीय बड़ी संख्या में तपेदिक के शिकार होकर मर जाते हैं। प्रसव के समय होने वाली महिलाओं की मृत्यु का आंकड़ा भी लाखों में है। मधुमेह के मामले में तो भारत विश्‍व की राजधानी बनने को तैयार है। मलेरिया, हैजा और डेंगू जैसी महामारियों से मरने वाले लोगों की संख्या भी काफी बड़ी है। एड्स जैसी महामारी से होने वाली मौतों की संख्या भी बेहद चिंताजनक है। देश में लगभग 21 लाख लोग एड्स से पीड़ित हैं जिनमें से 85 हजार लोग राजस्थान से आते हैं।
दुनिया भर के देशों में विश्‍व स्वास्थ्य संगठन दस हजार की जनसंख्या पर डॉक्टरों सहित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता के आधार पर रेटिंग करता है। इस दृष्टि से दुनिया में बेहद चिंताजनक 57 देशों में हमारा देश सुमार होता है जहां दस हजार की जनसंख्या पर स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बड़ी मामूली है।
डब्ल्यू एच ओ की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार में यह संख्या 10 से 15 के बीच है वहीं राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश, झारखंड, असम और मेघालय में 16 से 20 है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, गुजरात, त्रिपुरा, हरियाणा और उड़ीसा में 21 से 23 और पं. बंगाल, हिमाचल, पंजाब, नागालैण्ड और महाराष्ट्र में 24 से 25 है। देश में सर्वाधिक 36 से 65 चिकित्सकों की उपलब्धता दिल्ली, चंडीगढ़, गोआ, पांडिचेरी, केरल, मिजोरम और सिक्किम में है।
इन आंकड़ों को देखकर समझा जा सकता है कि देश का सेहत महकमा पर्याप्त चिकित्सा-सुविधाओं के मामले में गहरे संकट से गुजर रहा है।
2011 के आर्थिक, सामाजिक सूचकांक में बेहतर और अग्रणी माने जाने वाले  राज्यों की दशा भी निराश करने वाली है।
इन परिस्थितियों में सवाल उठता है कि चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में विस्तार और उनकी उपलब्धता के मामले में चूक कहा हो रही है। क्या नीति निर्माण के स्तर पर होने वाली चूक और लापरवाही के नतीजे हैं या बीते सीलों में स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रति सरकारों की बदली प्राथमिकताओं के।
दरअसल सरकारें आर्थिक उदारीकरण के मॉडल पर चलते हुए लोक कल्याणकारी राज्य की स्थापित अवधारणा से दूर हट रही हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सरकारों की प्राथमिकताएं बदल गई हैं। ऐसे में शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं वही प्राप्त करेगा जिसके पास चुकाने का पैसा होगा। सरकारों के इस दृष्टिकोण की कीमत देश की मध्यम एवं गरीब आबादी को चुकानी पड़ रही है।
जहां दुनिया की विकसित अर्थव्यवस्थाएं अपनी स्वास्थ्य सेवा पर सकल घरेलू उत्पादन का बड़ा हिस्सा खर्च करती है। वहीं भारत में सार्वजनिक, निजी राज्य एवं केन्द्र सभी मिलाकर जीडीपी का बहुत मामूली (लगभग 6 प्रतिशत) हिस्सा खर्च होता है जबकि अमेरिका 16 फीसदी, फ्रांस 11 एवं जर्मनी 10.4 फीसदी खर्च करते हैं।
दरअसल आजादी के तुरन्त बाद देशवासियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवा की बात की गई। शुरू में सरकारी क्षेत्र में पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल और राज्यस्तरीय संस्थानों के नेटवर्क स्थापना का काम भी हुआ परन्तु साठवें दशक आते आते सरकारी मदद से निजी क्षेत्र ने अपना प्रभाव बढ़ाना शुरू किया और वर्तमान में निजी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं 8 फीसदी से बढ़कर 93 फीसदी तक पहुंच गई हैं। इस बदलाव पर नजर डालेंगे तो पाएंगे कि चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी तथा निजीकरण का नतीजा है।
निजी अस्पतालों की तेजी से बढ़ती संख्या के कारण सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि नर्सों के 53 फीसदी, लैब तकनीशियनों के 80 फीसदी, डॉक्टर के 75 फीसदी और स्पेस्लिस्ट डॉक्टर के 85 फीसदी पद सरकारी अस्पतालों में रिक्त पड़े हैं।
हालांकि हर वर्ष मेडिकल क्षेत्र में प्रशिक्षण संस्थाओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इस समय देश में लगभग 420 सरकारी, गैर सरकारी मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें प्रतिवर्ष 54000 प्रशिक्षित डॉक्टर निकलते हैं, जिनमें आधे विशेषज्ञ होते हैं। नर्सिंग स्कूल और कॉलेजों तथा पैरामेडिकल संस्थानों के लगभग 2 लाख स्वास्थ्यकर्मी प्रशिक्षित होकर निकलते हैं।
बावजूद इसके सरकारी क्षेत्र में काम के बदले मिलने वाले कम वेतन, शहरों से दूर ग्रामीण क्षेत्रों में नियुक्ति एवं अस्पतालों की खराब स्थितियों के चलते अधिकतर युवा निजी क्षेत्रों को प्राथमिकताएं दे रहे हैं। मेडिकल ट्रेनिंग से निकले युवा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी जरूरतों (आवास, अच्छी स्कूल, पीने के पानी, बिजली इत्यादि) के अभाव में शहरी क्षेत्रों में रहना ही पसंद करते हैं और निजी अस्पतालों की तरफ रुख कर लेते हैं हालांकि अभी भी सरकारी नौकरी की तरफ रुझान में बड़ी कमी नहीं आई है परन्तु फिर भी सुदूर ग्रामीण अस्पतालों में नियुक्ति लेना दूभर जैसा ही है।
यद्यपि निजी क्षेत्र भी देश की बड़ी आबादी को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने में जुटे हैं मगर देश की बहुसंख्यक गरीब और मध्यम वर्ग वाली आबादी इस बुनियादी जरूरत के अभाव से जूझ रही है।
ऐसे में सरकार में नीति निर्माण के स्तर पर बड़े बदलाव की जरूरत है ताकि सरकार की प्राथमिकताएं बदले। अब समय आ गया है कि लाखों ग्रामीण गरीब वंचित तबके को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से महरूम न रखा जाए। बेगुनाह मौतों पर रोक लगे। इसके लिए जरूरी है स्वास्थ्य सेवा को राजनीतिक ऐजेंडा बनाकर स्वास्थ्य के अधिकार की ओर बढ़ना होगा। इस अधिकार को पाने के लिए जन आंदोलनों की जरूरत पड़े तो भी इस दिशा में काम करने की जरूरत है।
--सुरेन्द्रसिंह शेखावत
बीकानेर

No comments:

Post a Comment