अब कहीं नजर नहीं आते छात्र आंदोलन
_________________________________
( संदर्भ : छात्रसंघ चुनाव 2016 )
सम्पन्न हो रहे छात्र संघ चुनावों में सियासी दलों के छात्र संगठन अपने-अपने उम्मीदवारों को चुनावी वैतरणी पार करवाते नजर आए। सोशल मीडिया पर छात्र नेताओं के रंगीन पोस्टर जिन पर संघर्षों के पर्याय, छात्र हितों के लिये संघर्षरत जैसी उपमाऐं लिखा नजर आता है परन्तु यह संघर्ष केवल सोशल मीडिया पर ही नजर आते हैं। कैम्पस में वन्दे मातरम, इंकलाब जिंदाबाद एवं छात्र एकता जिन्दाबाद सरीखे नारे लगाते छात्र टोलियां एवं परस्पर विरोधी विचारधारा के साथ तर्क आधारित स्वच्छ वैचारिक प्रतिस्पर्धा का दौर छात्र जगत में शायद बीते कल की बात हो गई है।
पिछले एक दशक पर नजर डालें तो युवाओं द्वारा सड़कों पर कोई बड़ा छात्र संघर्ष नजर नहीं आता। छात्र आन्दोलनों के स्वर्णिम इतिहास वाले बीकानेर शहर में आन्दोलनों का युग समाप्त प्राय: हो जाना कहें तो शायद अतिश्योक्ति नहीं होगी।
मेरी स्मृति में बीकानेर का जन जुड़ाव वाला अन्तिम छात्र आन्दोलन विश्वविद्यालय आन्दोलन था जो नवम्बर 2002 में हुआ था।
बीकानेर कलेक्ट्रेट परिसर में पांच दिन लम्बे चले छात्र नेताओं के आमरण अनशन एवं संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू तक के तहसील मुख्यालयों पर आन्दोलन के समर्थन में धरने, प्रदर्शन, हड़तालें, चक्काजाम, शैक्षणिक बन्द का वह नजारा आज भी मुझे रोमांचित करता है जिसकी सफल परिणिती बीकानेर में बहुसंकाय विश्वविद्यालय की स्थापना का अध्यादेश (ऑर्डिनेन्स) जारी करने के रूप में हुई। बीकानेर विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु रूक-रूक कर लगभग 31 वर्ष तक चले छात्र आन्दोलन का वह अन्तिम चरण था।
दरअसल बीकानेर विश्वविद्यालय स्थापना आन्दोलन की शुरूआत 1971 से प्रारम्भ हुई। तत्कालीन छात्र नेता कॉ. हरीराम का तर्क था कि बीकानेर राज्य के भारतीय संघ में विलय के दौरान यह शर्त थी कि बीकानेर राजस्थान राज्य की शैक्षणिक राजधानी होगा। परन्तु इस दिशा में सरकारों द्वारा कोई कारगर कदम न उठाने के कारण इस आन्दोलन का सूत्रपात हुआ। कॉ. हरीराम सहित पूर्व विधायक डॉ. रामकृष्ण दास गुप्ता, एडवोकेट जगदीश शर्मा, एडवोकेट जयनारायण व्यास, मास्टर सुन्दर दास आदि की अगुवाई में लगभग 90 दिन का शैक्षणिक बन्द का बीकानेर में व्यापक असर हुआ।
तत्कालिक मुख्यमन्त्री बरकतुल्ला खां ने हस्तक्षेप करते हुए आश्वस्त दिया था कि भविष्य में प्रदेश में जब भी विश्वविद्यालय की स्थापना होगी, बीकानेर में होगी। छात्र नेताओं ने आन्दोलन स्थगित कर दिया लेकिन सरकार वादे पर खरी नहीं उतर पाई।
1996 में एसएफआई के नेता कॉ. भंवर पूनिया एवम् डूंगर कॉलेज के तत्कालीन छात्रसंघ अध्यक्ष रामावतार चौधरी ने पुन: विश्वविद्यालय की मांग हेतु छात्र जगत में वातावरण तैयार किया। किन्तु कॉ. भंवर पूनिया का असामयिक निधन हो जाने से आन्दोलन को गहरा धक्का लगा।
2001 में डूंगर महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कॉ. सतपाल बिश्नोई, रामगोपाल बिश्नोई, रामपुरिया कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष शिव पूरी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सुरेन्द्रसिंह शेखावत, प्रकाश राजपुरोहित तथा एनएसयूआई के धर्मचन्द सांगवा, पृथ्वीराज कूकणा, शिवलाल गोदारा आदि ने विश्वविद्यालय स्थापना की मांग को लेकर एडवोकेट रामकिशन दास गुप्ता की अगुवाई में एक साझा मंच ''विश्वविद्यालय संघर्ष समिति'' का गठन किया।
विश्वविद्यालय संघर्ष समिति द्वारा बुलाई गई संभागीय छात्र पंचायत में बीकानेर संभाग के अन्तर्गत समस्त महाविद्यालयों के छात्र प्रतिनिधियों के एक मंच पर आने से आन्दोलन को पुन: संभाग स्तरीय स्वरूप मिला। खालसा कॉलेज, श्रीगंगानगर और रामपुरिया कॉलेज, बीकानेर में आयोजित छात्र पंचायत में उपस्थित संभाग के छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय की मांग को लेकर निर्णायक संघर्ष करने का संकल्प लिया। छात्र आन्दोलन की सरगर्मियां एवं छात्रों के आक्रोश को भांपते हुए तत्कालीक मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत ने बजट भाषण 2002 में बीकानेर में बहुसंकाय विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा कर दी।
कुछ सार्थक परिणाम आते उससे पूर्व ही संघर्ष समिति के करिश्माई नेता कॉ. सतपाल बिश्नोई का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। छात्र नेताओं में अपने साथी को खोने का गम एवं नेतृत्वहीनता के लते एक बारगी ठण्डा पड़ गया। बजट घोषणा के लम्बे इन्तजार के बाद बीकानेर विश्वविद्यालय का विधेयक नहीं लाने पर छात्र जगत में फिर से आन्दोलन की सुगबुगाहट शुरू हुई।
विफल छात्र आन्दोलनों से सबक लेते हुए सामूहिक नेतृत्व का नया फार्मूला इजाद किया गया। ऊर्जावान छात्र नेता सुरेन्द्रसिंह शेखावत की अगुवाई में ''पूर्व योजना-पूर्ण योजना'' पर चलते हुए सरकार से वार्ता, छात्रों में आन्दोलन एवं आमजन के सहयोग हेतु छात्र नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए विश्वविद्यालय की स्थापना तक आन्दोलन को स्थगित न करने का प्रस्ताव का संकल्प दोहराया गया।
विश्वविद्यालय आन्दोलन समिति के बैनर तले 19 सितम्बर 2002 को बीकानेर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रारम्भ हुए संभाग स्तरीय आमरण अनशन में पांच छात्र नेता समिति संयोजक सुरेन्द्रसिंह शेखावत, रामसिंह चरखड़ा (नोखा कॉलेज अध्यक्ष) भरत चांदावत, रावलसिंह भाटी, नरपतसिंह लाडिय़ा और इस आलेख के लेखक अशोककुमार भाटी शामिल हुए।
आमरण अनशन जैसे निर्णायक कदम का असर समूचे बीकानेर संभाग में हुआ एवम् छात्र शक्ति सड़कों पर आ गई। छात्र समुदाय की वाजिब मांगों को संभाग के आमजन, व्यापारियों, उद्योगपतियों, जन प्रतिनिधियों एवम् शिक्षाविदें ने समर्थन दिया।
बीकानेर के पूर्व सांसद महेन्द्रसिंह भाटी का महत्त्वपूर्ण सहयोग इस आन्दोलन को रहा। महेन्द्रसिंह भाटी ने छात्र आन्दोलनकारियों एवम् सरकार के बीच संवाद-सेतु की भूमिका निरन्तर निभाई।
आन्दोलन के तीसरे दिन भूख हड़ताल पर बैठे अनशनकारी साथी रावलसिंह भाटी एवम् भरत चांदावत को जबरन अनशन तुड़वाने एवम् रात्रि में आन्दोलनकारी छात्रों पर हुए जानलेवा हमले से छात्र आक्रोशित हो गये एवं आक्रोशित छात्रों ने समिति संयोजक सुरेन्द्रसिंह शेखावत के नेतृत्व में रात्रि 11.00 बजे जिला कलेक्ट्रेट से पुलिस अधीक्षक कुन्दनलाल शर्मा के आवास की ओर कूच कर दिया पुलिस अधीक्षक के बाहर नहीं आने से आक्रोशित छात्र आवास परिसर में प्रवेश कर गये। छात्र नेताओं पर जानलेवा हमले एवं पुलिस अधीक्षक से आवास पर प्रदर्शन की खबर क्षेत्र में फैल गई। फिर क्या था .....? मौके पर पहुंची पुलिस व आरएसी ने छात्रों पर निर्मम लाठीचार्ज किया एवम् लगभग 60 छात्रों को गिरफ्तार कर अज्ञात स्थान पर ले गये। धरना स्थल पर अनशनकारियों में से शायद लेखक अकेला ही बचा था।
पुलिस द्वारा छात्र नेताओं पर मुकदमें दर्ज करने एवं छात्र नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में अगला पूरा दिन सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालय के मुख्य दरवाजे पर धरना देते हुए बीता क्योंकि गिरफ्तार 5 छात्र नेताओं ने जमानती मुचलके भरने से इन्कार कर दिया था।
आन्दोलन समिति ने छात्र नेताओं पर हुए पुलिस बर्बरता एवं छात्र नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में चौथे दिन बीकानेर में संभागीय शैक्षणिक बन्द का आह्वान हुआ। आन्दोलन ने ''करो या मरो'' या यूं कहें ''अभी नहीं तो कभी नहीं'' का रूप ले लिया।
पांचवे दिन दोपहर बाद सरकार की तरफ से वार्ता का प्रस्ताव आया जो सायं होते-होते वार्ताओं के विभिन्न दौरे के बाद समझौते पर पहुंचा, जिसमें बीकानेर में विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु अध्यादेश लाने पर सहमति हुई। समझौता वार्ता में सरकार की ओर से बीकानेर के प्रभारी मंत्री राधेश्याम गंगानगर एवं काबिना मन्त्री डॉ. बी.डी. कल्ला शामिल हुए।
विश्वविधालय आन्दोलन में महारानी कॉलेज की तत्कालीन छात्रसंघ अध्यक्षा हेमा राठौड़, जैन कन्या महाविद्यालय की छात्रसंघ अध्यक्षा सीमा जैन, बिन्नाणी कन्या महाविद्यालय की छात्रसंघ अध्यक्षा अनिता पुरोहित, बीजेएस रामपुरिया महाविद्यालय की छात्र नेत्री अर्चना तंवर का योगदान भी अविस्मरणीय है। इनके नेतृत्व में छात्राऐं भी छात्रों के साथ कन्धे से कन्धा मिला कर आन्दोलन में शामिल हुई।
विश्वविद्यालय की स्थापना की सफलता हमारे जाबांज संघर्षशील साथी रहे स्व. कॉ. सतपाल बिश्नोई, विष्णु व्यास, दयालसिंह जोधा एवम् श्रवणसिंह नाथावत में से आज हमारे बीच कोई नहीं हैं लेकिन बीकानेर विश्वविद्यालय स्थापना में उनका योगदान चिरस्थाई रहेगा,।
बीकानेर विश्वविद्यालय (वर्तमान महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर) की स्थापना 2002 के बाद से आज 2016 तक के छात्र आन्दोलनों पर गौर करें तो इक्के-दुक्के छात्र आन्दोलन ही नजर आते हैं जिनमें छात्रों की मांग, आन्दोलन के स्वरूप एवम् संघर्ष की सफलता एक परिपूर्ण छात्र आन्दोलन को परिभाषित करती है जिनमें 2004 और 2005 में विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा फीस में वृद्धि के खिलाफ हुए छात्र आन्दोलन भी इसी शृंखला में हैं।
2004 में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों की परीक्षाफीस में वृद्धि के इकतरफा फैसले के विरोध में स्टूडेन्ट फेडरेशन ऑफ इण्डिया की स्थानीय इकाई ने आन्दोलन शुरू किया। एसएफआई के छात्र नेता महिपाल सारस्वत, सुन्दरलाल बेनीवाल, राजकुमार नैण शुल्क वृद्धि वापिस लेने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय भवन के आगे 9 दिन तक भूख हड़ताल पर बैठे। एबीवीपी और एनएसयूआई भी इस आन्दोलन को अपने-अपने बैनर पर करती रही। अन्तत: छात्र संघर्ष की जीत हुई एवं विश्वविद्यालय कुलपति द्वारा फीस वृद्धि के निर्णय को वापिस ले लिया।
इसी तरह 2005 में पुन: विश्वविद्यालय कुलपति ने फीस वृद्धि का फरमान जारी कर दिया। इसके विरोध में छात्र संगठनों ने आन्दोलन प्रारम्भ तो अलग-अलग किये, किन्तु बाद में छात्रहित में संयुक्त संघर्ष समिति का गठन पर सहमति बनी। आन्दोलन की अगुवाई एनएसयूआई के शिवलाल गोदारा, सुभाष चौधरी, अनिल मान, हंसराज जाखड़, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से लेखक अशोक भाटी एवं भगवानसिंह मेड़तिया, बालदास स्वामी, एसएफआई के कॉ. श्योपत मेघवाल, रामगोपाल बिश्नोई, भागीरथ मूण्ड, महिपाल सारस्वत, डूंगरसिंह तेहनदेसर, अजीतसिंह सोलंकी, अनामिका व्यास, सीमा जैन, मांगीलाल रावला, राजेश भादू सहित सुरेन्द्र पारीक, रमजान अली चौपदार (श्रीगंगानगर), वासुदेव चावला, लीलाधर चंदेल (चूरू), परमान बेनीवाल (संगरिया), घनश्याम बिश्नोई (हनुमानगढ़) ने अपने-अपने स्थानों पर की। बीकानेर कलेक्ट्रेट में हुए लाठीचार्ज में छात्रनेत्रा अनामिका व्यास सहित कई छात्राऐं गम्भीर रूप से घायल हुई एवम् छात्रों को जेल जाना पड़ा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद अपना छात्रधर्म निभाते हुए ना केवल आन्दोलन में सक्रिय हुई एवं सरकार को अपने निर्णय पर पुनर्विचार हेतु बाध्य किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति होशियारसिंह ने हठधर्मिता छोड़ फीस वृद्धि का फरमान वापिस लिया और छात्रों का अनशन तुड़वाया।
2005 के इस छात्र आन्दोलन के बाद कोई बड़ा एवं प्रभावशाली छात्र आन्दोलन बीकानेर के छात्र जगत में नहीं हुआ। जबकि इस दौरान प्रो. विजय शंकर व्यास कमेटी की अनुशंषा के बावजूद बीकानेर में प्रस्तावित केन्द्रीय विश्वविद्यालय को छीन लिया गया, तकनीकि विश्वविद्यालय बन्द कर दिया गया।
2009 से कैम्पस में छात्र संघ चुनाव पुन: प्रारम्भ हो चुके हैं किन्तु लिंगदोह कमेटी की जटिल सिफारिशों एवं छात्रों की कैरियर ओरियंटेशन के दबाव ने शायद छात्रसंघ चुनाव का स्वरूप ही बदल दिया है। चुनावों में धनबल एवं जातीय प्रभाव के साथ-साथ सोशल मीडिया एवं सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभाव भी हद से ज्यादा बढ़ रहा है परन्तु जन संघर्ष से निकल कर आये छात्र नेताओं की संख्या एवं नेतृत्व गुणवत्ता में कमी परिलक्षित होती है। ऐसे समय में जब शिक्षा और रोजगार का संकट बढ़ा है अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता के मायने बदल रहे हों, ऐसे में नौजवानों का सड़कों पर न निकलना चिंता का विषय है।
डॉ. लोहिया ने कहा था कि ''जब सड़के सूनी हो जाती है तो संसद आवारा हो जाती है।'' डॉ. लोहिया का यह कथन आज के युवा को पुन: व्यवस्था परिवर्तन के संघर्ष का आह्वान करता है।
देश में आजादी के बाद व्यवस्था परिवर्तन के सबसे बड़े आन्दोलन जिसे जे.पी. की सम्पूर्ण क्रांति का नाम दिया वह भी मूलतया छात्र शक्ति की देन थी। प्रख्यात साहित्यकार रामधारीसिंह दिनकर का कहना पड़ा सिंहासन खाली करो जनता आती है .....। इसी की बदौलत देश में पहली गैर काग्रेंसी सरकार की स्थापना हुई।
पिछले कुछ वर्षों से छात्र नेतृत्व की गुणवता में आई गिरावट साफ नजर आ रही है। शिक्षा-रोजगार मुद्दे जो युवाओं को प्रत्यक्ष प्रभावित करने वाले विषय है, पर युवाओं का मौन रहना हम सब के लिए चिंता का विषय है।
- अशोक भाटी
मो.: 9414038661
लेखक राजनैतिक, समाजिक कार्यकर्ता एवं
समाजशास्त्र विषय के शोध छात्र
Friday, 30 September 2016
अब कहीं नजर नहीं आते छात्र आंदोलन
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment