Thursday, 8 September 2016

खिरती संसदीय प्रणाली की पड़ताल

खिरती संसदीय प्रणाली की पड़ताल
_____________________________
एक सितम्बर को पांच दिन के लिए शुरू किए गये राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र को 2 सितम्बर को समाप्त भी कर दिया गया। परम्परा के अनुसार पहला दिन शोकाभिव्यक्ति तक ही सीमित रहता है, इस तरह मानसून जैसा महत्त्वपूर्ण सत्र कुछ घण्टों में ही निबटा दिया गया।
सत्र को एक दिन चलाने पर न तो सरकार की तरफ से कोई सफाई आई न ही विपक्ष ने कोई आपत्ति उठाई। नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभाध्यक्ष द्वारा स्वयं पर की गई टीका टिप्पणी पर तो रोष जताया मगर सदन न चलाने पर कोई बयान उन्होंने भी नहीं दिया। राज्य के प्रमुख समाचार पत्रों ने भी इस पर कोई टीका टिप्पणी करना उचित नहीं समझा।
जनतंत्र और विधायिका को पर्यायवाची मानें या यूं कहें कि विधायिका प्रजातंत्र की आत्मा है। जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा सदन में की गई अर्थपूर्ण और सार्थक बहस से ही आमजन की शासन में भागीदारी सुनिश्चित होती है।
दुनिया के इस वृहद लोकतंत्र में लोकतांत्रिक संस्थाओं का गिरता स्तर और घटती साख चिंता की वजह है। विधायिका के गिरते स्तर, बैठकों की घटती संख्या, कम होता अनुशासन और घटती गरिमा के चलते आमजन का विश्वास लोकतांत्रिक संस्थाओं में कम होता जा रहा है।
सरकार चाहे किसी भी दल की हो, सदन को चलाने में रुचि निरंतर कम होती जा रही है। विधायकों की सदन के कार्यों में घटती रुचि, शोर शराबे और हंगामे की भेंट चढ़ते सदन और बहस के घटते स्तर के चलते विधायिका में सार्थक विमर्श की बात खत्म होने के कगार पर आ पहुंची है। इस तरह हमारी सरकारें संसदीय प्रणाली में लोकतंत्र की सबसे मजबूत संस्था को खत्म करने पर तुली हैं, और ऐसे हालात में चुनाव प्रणाली के मतलब पर ही प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
हमारे चुने हुए प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के मुद्दों को उठाने का समय न मिले, महत्त्वपूर्ण मसलों पर विमर्श न हो, प्रमुख बिल बिना चर्चा के ध्वनिमत से पारित हो जाए तो यह स्थितियां संसदीय प्रणाली के लिए चिंताजनक है।
भारतीय संविधान में संसद और विधानमण्डल ही आमजन के भाग्य विधाता हैं। सरकारें टैक्स लगाने से लेकर खर्च करने तक का कार्य इनकी अनुमति से करती है। कानून बनाने के समय होने वाली बहसें नए विधेयक के उद्देश्यों और कारणों का सारयुक्त विश्लेषण करती है। परन्तु हंगामे के बीच तथा न्यूनतम समय में विधायी कार्य निबटाने की प्रवृत्ति चिंताजनक है।
क्षोभ के साथ कहना पड़ रहा है कि संसद और विधान मंडल नागरिकों के सुख-दुख के प्रतिनिधि मंच नहीं रहे। यहां गरीब, वंचित, पीडि़त, शोषित व उपेक्षित वर्ग की चर्चा के अवसर नहीं हैं। रोजी, रोजगार, मजलूमों की तकलीफों पर अब बात नहीं होती। कानून बनाने जैसे महत्त्वपूर्ण और संवेदनशील काम शोर शराबे के बीच निबटाए जाते हैं।
बुनियादी सवाल यह है कि घोर अव्यवस्था के बीच बिना बहस, बिना चर्चा, विचार (विमर्श) के पारित विधेयकों का औचित्य क्या है? फिर ऐसे कानून आमजन पर बाध्यकारी क्यों हो? क्या इन कानूनों को संवैधानिक माना जाएगा?
लोकसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित 'संसदीय पद्धति और प्रक्रियाÓ में लिखा गया है कि सामान्यतया एक वर्ष में सदन के तीन सत्र होते हैं जो लगभग 23 से 24 सप्ताह तक चलते हैं। नियमानुसार एक वर्ष में सदन की औसतन 120 बैठकें होती हैं। विधानमंडलों की नियमावली में भी सामान्यतया 90 दिन की बैठकों का उल्लेख है। इन सालों की वास्तविक स्थितियों पर गौर करें तो बैठकों की संख्या में भारी गिरावट आई है।
1952 से 1961 के दशक में राज्यसभा में बैठकों का वार्षिक औसत 90.5 था। जो 1992-2001 के दौरान यह 20 फीसदी घटकर 71.3 रह गया। वहीं लोकसभा में बैठकों का वार्षिक औसत 124.2 से 34 फीसदी घटकर 81 रह गया। राज्य विधानसभाओं की औसत वार्षिक बैठकें घटकर 20 से 50 तक रह गई हैं।
पहली लोकसभा में 61 फीसदी प्रश्नों के उत्तर दिए गए थे जो 12वीं लोकसभा में घटकर 21 फीसदी रह गया। 1952 के दशक में पारित विधेयकों की संख्या 68 थी जो 1992 के दशक में घटकर 49 रह गई। वर्तमान में समय बर्बाद करने का औसत 25 फीसदी तक पहुंच गया है। राज्य विधान मण्डलों के हालात तो संसद के मुकाबले बहुत ज्यादा खराब हैं।
संसद और विधानमंडल की कार्यवाही संचालन पर अरबों रुपए का धन खर्च होता है। बैठकों के अभाव में इसका औचित्य क्या है।
वाद-विवाद, चर्चा-विमर्श और संवाद आधारित संसदीय प्रणाली मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करती है। कलह, संघर्ष, गड़बड़झालों और गबनों को ढोते हुए चलने वाली संसदीय प्रणाली लोकतंत्र के लिए घातक होती है।
लोकशाही में लोक की बात कहने वाली जगह का कमजोर होना लोकशाही को कमजोर करना है। इसलिए आमजन का भरोसा इन संस्थाओं पर कम होता जा रहा है। अब जरूरत है समय रहते चेतने की।
लोक का विश्वास जीतने के लिए संसद और विधानमंडलों को निर्णायक, उत्पादक और शासन व्यवस्था को जिम्मेदार बनाना होगा तभी लोकतंत्र बच पाएगा। अत: संसद और विधानमंडल सुनिश्चित करें कि सदन में बैठकों के न्यूनतम दिन तय हों, विधेयकों को पारित करने के लिए निर्धारित समय की चर्चा का प्रावधान हो तथा प्रस्तावों पर चर्चा के सुनिश्चित समय की संवैधानिक बाध्यता हो। इसके लिए संविधान संशोधन करने की आवश्यकता हो तो भी किया जाना लोकशाही के हित में होगा।
सुरेन्द्रसिंह शेखावत
ssshekhawatbkn@gmail.com
(लेखक राजनीति समाजिक कार्यकर्ता है)

2 comments:

  1. हालात वाकई चिन्ताजनक है.. शिक्षा के प्रसार , प्रजातंत्र की परिपक्वता के साथ साथ हालात सुधरने के बजाय बिगाड़ गए!!

    ReplyDelete
  2. आज के दोर में सबसे ज्यादा जिस किसी शब्द का दुरुपयोग हुआ हैं वो लोकतंत्र हें लोकतंत्र की दुहाई देने वाले जब सत्तारूढ़ होते हें तब वो इसका नाम ले लेकर दुरूपयोग करते हें तथा वो इस मुगालते में रहतें हें कि ये भोली जनता का समझेगी ,ये दोर जारी हें या नहीं ये जनता तय करेगी

    ReplyDelete