Wednesday, 9 November 2016

नेहरू और वाजपेयी कुछ खास बातें

आने वाली 14 नवम्बर को हम देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 127 वीं जयंती मना रहे है ।इस मौके खास बात यह है कि अभी पिछले दिनों देश के नामी पत्रकार विजय त्रिवेदी की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर लिखी गई किताब "हार नहीं मानूँगा : एक अटल जीवन गाथा" नाम से बाजार में आई है जिसे हार्पर कॉलिंस पब्लिशर्स ने छापा है , इस किताब में परस्पर विरोधी दलों के इन दोनों नेताओं के आपसी सम्बन्धों पर कुछ प्रसंग साँझा किए गए है। ये प्रसंग इसलिए अधिक महत्वपूर्ण हो जाते है कि वर्तमान दौर में जब राजनीति का स्तर निम्नतम होता जा रहा है और परस्पर विरोधी दलों के नेताओ के साथ औपचारिक सम्बन्ध भी खात्मे की कगार पर है, ऐसे में इन दोनों नेताओं के आपसी व्यवहार को पढ़ना न केवल केवल रुचिकर है अपितु प्रेरणादायक भी है।
इस आलेख में विजय त्रिवेदी की किताब में शामिल किए गए नेहरू और वाजपेयी के प्रसंगों का उल्लेख कर रहा हूँ।

इमरजेंसी के तुरंत बाद जेल से निकल वाजपेयी स्वास्थ्य  लाभ लेने हेतु एम्स दिल्ली में भर्ती हुए।एम्स में वाजपेयी और डीपी त्रिपाठी के कमरे आसपास ही थे।
देवीप्रसाद त्रिपाठी उस वक्त के वार्तालाप को याद कर बताते है कि एक शाम वाजपेयी ने कहा कि "नेहरू से बड़ा डेमोक्रेट मैंने देखा नहीं।" उसी दौरान वाजपेयी ने शास्त्री का मूल्यांकन करते हुए कहा कि शास्त्री ईमानदार और कर्मठ थे लेकिन कमजोर नेता थे। वाजपेयी के मुताबिक शास्त्री जी की न तो पार्टी पर पकड़ थी और न ही पार्टी के बाहर, न संसद में न ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ।
                      ◆◆◆

17 अगस्त 1994 को अटलबिहारी वाजपेयी को सर्वश्रेष्ठ सांसद का सम्मान दिया गया।वाजपेयी ने इस अवसर पर दिए गए अपने भाषण में नेहरू के एक भाषण का जिक्र किया था जब नेहरू ने संसद में विपक्ष की मांग पर अपने सहायक एम ओ मथाई को हटा दिया था,जबकि नेहरू मानते थे कि यह इमप्रोप्राइटी का मामला है । तब नेहरू ने कहा था ,"जब सदन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा यह महसुस करता हो कि कुछ न कुछ किया ही जाना चाहिए तब बहुमत के लिए यह कतई उचित नही है कि सदन की इच्छा को दरकिनार कर दिया जाए।"
                    ◆◆◆◆
किस्सा 1993 का है । शिवराज पाटिल लोकसभा अध्यक्ष थे।पाटिल ने लोकसभा में गांधी और नेहरु की प्रतिमा लगाने का फैसला लिया। नेहरू की प्रतिमा के लिए संसद भवन के गेट नं 1 के अंदर वाले चौक पर स्थान तय हुआ। नेहरू की सोलह फिट ऊँची प्रतिमा पहले एयरपोर्ट के लिए बनाई गई थी,लेकिन बाद में उसे ही संसद भवन में लगाने का फैसला हुआ।इस प्रतिमा में  नेहरू नीचे की ओर देख रहे थे। वाजपेयी चाहते थे कि प्रतिमा को ऊँचे स्टैंड पर लगाया जाए ताकि देखने वाले को ऐसा लगे जैसे कि नेहरू उसे ही देख रहे है।
हालाँकि आखिरकार तय यही हुआ कि प्रतिमा को नीचे ही रखा जाए। नेहरू के प्रति वाजपेयी का सम्मान ताउम्र बना रहा।
                       ◆◆◆◆
नेहरू भी वायपेयी की हिंदी से प्रभावित थे।वह उनके सवालों के जबाब संसद में हिंदी में दिया करते थे।विदेश नीति हमेशा उनका प्रिय विषय रहा।एक बार नेहरू ने जनसंघ की आलोचना की तो अटल ने कहा ,"मैं जानता हूँ पंडित जी रोजाना शीर्षासन करते है।वह शीर्षासन करे मुझे कोई आपत्ति नही है ।लेकिन मेरी पार्टी की तस्वीर उलटी न देखें।" इतना सुनना था कि नेहरू जी भी ठहाका मार कर हंस पड़े।
जनसंघ के भीतर भी लोग कहा करते थे कि वरिष्ठ नेता बलराज मधोक,सरदार पटेल की लाइन पर चलते है और वाजपेयी , नेहरू की लाइन पर ।इसको लेकर भी संघ में नाराजगी रहती थी,लेकिन वाजपेयी हमेशा नेहरू की रीति नीति पर चलते रहे।
                          ◆◆◆◆
ये वायपेयी की युवा किंतु परिपक्व कूटनीतिक समझ का ही नतीजा था कि नेहरू का भी वाजपेयी के प्रति रवैया हमेशा अच्छा रहा।1961 में जब नेहरू ने राष्ट्रीय एकता परिषद का गठन किया तो उसमें वाजपेयी को शामिल किया जबकि उस परिषद में दिग्गज नेता और प्रतिष्ठित लोग शामिल किए गए थे और वाजपेयी उस वक्त विपक्षी पार्टी के नोजवान नेता थे,और पहली बार लोकसभा में चुनकर आए थे। लेकिन जब तक परिषद की पहली बैठक होती वाजपेयी लोकसभा के सदस्य नहीं रह गए थे।वह 1962 में बलरामपुर से लोकसभा चुनाव कांग्रेस की खूबसूरत नेत्री सुभद्रा जोशी से दो हजार मतो से हार गए ।कहते है नेहरू के कहने से उस समय के सुपर स्टार बलराज साहनी सुभद्रा जोशी का प्रचार करने बलरामपुर गए हालाँकि खुद नेहरू वाजपेयी के खिलाफ प्रचार करने बलरामपुर नहीं गए थे।
                        ◆◆◆◆
1957 में इस नोजवान सांसद ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की संसद में तीखी आलोचना तो की,लेकिन जैसे ही विदेश मंत्री बने वैसे ही न सिर्फ विदेश मंत्रालयों की दीवारों से उतार दी गई नेहरू की तस्वीरें दुबारा लगाई बल्कि नेहरू की उदार और निष्पक्ष विदेश नीति का दामन भी थाम लिया।
                   ◆◆◆◆◆
मई1964 में नेहरू के निधन के बाद वाजपेयी ने जो श्रद्धांजलि नेहरू को दी ,उसे भी अपने आप में एक यादगार भाषण कहा जा सकता है। वाजपेयी ने कहा," एक सपना अधूरा रह गया,एक गीत मौन हो गया और एक लौ बुझ गई।दुनिया भर को भूख और भय से मुक्त कराने का सपना,गुलाब की खुशबु और गीता के ज्ञान से भरा गीत,और रास्ता दिखाने वाली लौ।कुछ भी नही रहा।"
वाजपेयी ने आगे कहा ,"यह एक परिवार,समाज या पार्टी का नुकसान भर नही है। भारत माता शोक में है क्योंकि उसका सबसे प्रिय राजकुमार सो गया। मानवता शोक में है क्योंकि उसे पूजने वाला चला गया।दुनिया के मंच का मुख्य कलाकार अपना आखिरी एक्ट पूरा करके चला गया।उसकी जगह कोई नहीं ले सकता।"
वाजपेयी इतने पर ही नहीं रुके।उन्होंने आगे कहा,
"लीडर चला गया है, लेकिन उसे मानने वाले अभी है।सूर्यास्त हो गया है,लेकिन तारों की छाया में हम रास्ता ढूंढ लेंगे। यह इम्तिहान की घड़ी है लेकिन उनको असली श्रद्धांजलि भारत को मजबूत बना कर ही दी जा सकती है।
                         ◆◆◆◆
(हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स नोएडा द्वारा प्रकाशित विजय त्रिवेदी की  किताब हार नहीं मानूँगा एक अटल जीवन गाथा को पढ़ते हुए साभार।)

● सुरेन्द्रसिंह शेखावत
    बीकानेर।
◆ ssshekhawatbkn@gmail.com

No comments:

Post a Comment