यह कबीर यात्रा का दूसरा दिन है । हम श्री डूंगरगढ़ कस्बे के पुराने बस स्टैंड पर कबीर यात्रा के लिए विशेष तौर से सजाए गए मैदान में बैठे है। मेरी दायीं तरफ मौलवी नासिर बैठे है और उनके पास पंडित रामलाल बैठे है ।मंच संचालक संजय पुरोहित बोलते है ,"मंदिर की घण्टी बजी और मस्जिद में अजान, मेरा शहर पढ़ने लगा गीता और कुरान।" मंच संचालक की बात पर मौलवी साहब और पंडित जी दोनों एक साथ ताली बजाते है। आपको याद दिला दूँ यह वही जगह है जहां साल भर पहले हिन्दू और मुसलमान आमने सामने खड़े थे दोनों पक्षो की आँखों में खून उतर आया था और बरसो साथ रहने वाले लोग एक दूसरे को नफरत की नजर से देख रहे थे।
और उसी मैदान में आज दोनों समुदायों के लोग जैसलमेर के प्रसिद्ध लोक गायक महेशाराम मेघवाल के साथ तंदूरे की धुन पर कबीर की बाणी पर झूम रहे थे। "कांकर पाथर जोड़ के मस्जिद ली चीणाय" और "मूंड मुंडाया हरी मिले " जैसे धार्मिक पाखंडो पर चोट करते कबीर के भजन गाते महेशाराम के लिए रामेश्वर और रहमान दोनों ही तालियां बजा रहे थे।
बात तो अचरज की थी और उससे भी ज्यादा अचरज की बात यह थी कि कला साहित्य और संस्कृति का यह आयोजन कोई कलाधर्मी नहीं बल्कि बीकानेर पुलिस करवा रही थी।
जी हां है न अचरज की बात ।पर यह सत्य है बीकानेर पुलिस के सौजन्य से देश विदेश के नामी कबीर गायको के साथ कबीर का यह कारवां जिले भर के छः स्थानों पर सत्संग कर रहा है।बीकानेर से शुरू हुई यह यात्रा डूंगर गढ़ के बाद राववाला,कोलायत ,नोखा होती हुई 16 तारीख को फिर बीकानेर पहुंचेगी।
11 तारीख को जब यात्रा का आगाज वेटेनरी विश्वविद्यालय के दीवान ए आम से होने वाला था तो मैं समय से एक घण्टा जल्दी पहुंच गया था। वहां देखा तो जिला पुलिस कप्तान डॉ अमनदीप सिंह कपूर बिना किसी तामझाम के एक वोलिंटियर की भांति आयोजन की तैयारियों में जुटे थे।पुलिस में इंस्पेक्टर की नोकरी करते हुए भी किताबो में खोए रहने वाले हमारे मित्र आनंद गिला भी कबीर यात्रियों के साथ जुटे थे।
सुखद आश्चर्य की बात है कि डॉ कपूर ने अपने भाषण में पुलिस की छवि का उल्लेख करते हुए कुबेर और कबीर में से कबीर चुनने की बात कही।
मेरा निजी तौर पर ब्यूरोक्रेट्स के बारे में नजरिया अच्छा नही है और अनुभव भी कड़वे रहे है ऐसे में इस तरह पुलिस अधीक्षक को इस तरह का काम करते देख आश्चर्य मिश्रित ख़ुशी हुई।
कुछ दिनों पहले मेरी चूरू यात्रा के दौरान चूरू एसपी राहुल बारेठ के पुलिस कब्बडी लीग के बारे में सुना था और ख़ुशी हुई थी कि कोई पुलिस अधिकारी आमजन के जुड़ाव के साथ पुलिस की छवि सुधारने और ग्राम्य खेल प्रतिभाओं को तराशने का काम एक साथ बेजोड़ ढंग से कर रहा है।
उसी तरह बीकानेर पुलिस की साम्प्रदायिक सदभाव की कोशिश के साथ आयोजित की जाने वाली यात्रा भी अनूठी है । तभी तो कुछ समय पहले साम्प्रदयिक दंगे की आग में झुलसने वाले डूंगरगढ़ में सभी पन्थो के लोग एक जाजम पर बैठकर कबीर और बुल्लेशाह को सुन रहे है । स्थानीय थानाधिकारी के नाम पर बजती तालियां और हूटिंग बताती है कि पुलिस अब बदल रही है। यह बदलाव सकारात्मक है और उम्मीदे जगाने वाला है।
आज सुबह फोन पर एडिशनल एसपी सिटी नाजिम अली जी को मैंने एसपी साहब के नाम की मुबारकबाद दी तो उन्होंने इच्छा जताई कि मैं इस बात को अपने ब्लॉग पर लिखू ।
खैर कबीर यात्रा के बहाने कबीर इन पुलिस वालों के अंदर के इंसान को जिन्दा रख सकने में कामयाब होते नजर आते है।
मुबारकबाद बीकानेर पुलिस को।
●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
ssshekhawatbkn@gmail.com
No comments:
Post a Comment