उम्र के इस पड़ाव पर भी आप किसी नोजवान राजनीतिक कार्यकर्ता के मुकाबले अधिक सक्रिय है। अभी कुछ दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिली है , चिकित्सक ने आराम की सलाह दी है मगर इनकी सक्रियता में कोई कमी नही आई है।
हम जब मिलने पहुंचे तो चिट्ठियां पढ़ने में व्यस्त थे । सहायक ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल के बंद हुए ट्यूबवेल को लेकर चिंतित है हालाँकि 5 कुए शुरू हो गए मगर दो बचे हुए कुओं को शुरू करवाने के लिए सुबह से अधिकारियों को फोन कर रहे है। डिस्कोम की एमडी आरती डोगरा से सुबह से दो बार बात कर चुके है।
हमने पूछा कि इस ऊर्जा का स्त्रोत बताइए तो हंसने लगे बोले पूरा जीवन ही इन्ही कामों में बीता है। एमएनरॉय की प्रेरणा से राजनीती में आए फिर लोहिया के विचार के समाजवादी दल से जुड़ गए। ताउम्र गरीब मजलूम शोषित तबके की लड़ाई लड़ते रहे। वैश्य के घर में जन्म लेकर भी किसानों के खातेदारी से लेकर खालो की ऋण माफ़ी की लंबी लड़ाईया लड़ी और जीते भी।
किसी समय राजस्थान की सियासत में महत्वपूर्ण भूमिका में रहे। 1977 की भैरोंसिंह शेखावत की सांझी सरकार में वित्त मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इसी कार्यकाल में किसानों की ऋणमाफी पर खुद के नेता से भी लड़ पड़े। लेकिन अपने नेता द्वारा किए गए वादे की याद दिला ,ऋण माफ़ी करवा पाने में सफल रहे।
बीकानेर में 1945 में प्रजा छात्र परिषद के गठन से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। 1956 में लूणकरणसर विधानसभा के उपचुनाव में चुनाव के लिए आवश्यक उम्र पूरी होते ही उम्मीदवार बने मगर जीत नही पाए। इस क्षेत्र के विधायक और तत्कालिक नेता प्रतिपक्ष जसवंतसिंह दाउदसर के राज्यसभा मे चुने जाने से यह सीट खाली हुई थी।
1957 में फिर से नोखा और कोलायत की संयुक्त मगरा सीट पर अपना भाग्य आजमाया परन्तु अपेक्षित आयु से कम आयु के उम्मीदवार गिरधारी लाल भोबिया से पराजित हुए तो क़ानूनी लड़ाई लड़कर उनकी सदस्यता अवैध घोषित करवाई । फिर 1960 के उपचुनाव में इस क्षेत्र से फिर लड़े मगर जीत नही मिली।। आखिरकर 1962 के चुनाव में कोलायत सीट से विधानसभा में दाखिल हुए। अपने पढ़ने लिखने की आदत विषय की समझ और मुद्दे की पकड़ के चलते विधानसभा की कार्यवाहियों में हरेक बहस में बोले और बीकानेर ही नही पुरे राज्य के मुद्दों को प्रखरता से उठाया। उनका मानना है नेता का केनवास बड़ा होना चाहिए।
1967 और 1972 के चुनावों में फिर से पराजय मिली मगर वो थके नही न ही निराश हुए वरन और ज्यादा जोश और जूनून के साथ लोगो के दुःख दर्द को साँझा करते गए। 1977 की लहर को उन्होंने पहले से पढ़ लिया तो जिले में पार्टी की सीटें बढ़ाने के उद्देश्य से खुद लूणकरणसर सीट से लड़े और विधानसभा में पहुंचे।
सूबे में पहली गैर कांग्रेसी सरकार के मुखिया भैरोंसिंह शेखावत इनकी योग्यता से परिचित थे। शेखावत ने इन्हें महत्वपूर्ण वित्त मंत्रालय का जिम्मा सौंपा। एक सफल वित्त मंत्री के रूप में पूरे राजस्थान के बुनियादी ढांचे को खड़ा करने की योजनाएं बनाई। बिजली,पानी और सड़कों के जाल को खड़ा कर सूबे में विकास के नए सौपान स्थापित किए।
इलाके के लोग आज भी आपका यह कार्यकाल याद करते है। इस क्षेत्र की लगभग सभी पेयजल योजनाएं आपके कार्यकाल में शुरू हुई। गाँवो में पहली बार बिजली के खम्बे पहुंचे और गांव में रहने वाले की झोंपड़ी में बिजली का लट्टू जला।
इसी दौर में कोलायत में खातेदारी हको का आंदोलन शुरू हुआ तो किसानों को उनके हक दिलाने में अग्रणी रहे। इस आंदोलन से निकले एक युवा राजनीतिक सहयोगी देवीसिंह भाटी को अपनी परम्परागत सीट पर 1980 के अपनी पार्टी से चुनावों का टिकट दिलवा राजस्थान की विधानसभा में पहुंचाया। 1985 में फिर एक बार विधानसभा में पहुंचने का मौका लूणकरणसर की जनता ने दिया तो इन्होंने विपक्ष में रहकर भी इलाके के विकास में कोई कौर कसर बाकी न छोड़ी।
1990 आते आते केंद्रीय नेताओ के मतभेद के चलते लूणकरणसर से टिकट काटकर इन्हें बीकानेर शहर विधानसभा सीट पर शिफ्ट कर दिया गया। नए इलाके में भी आपने जोरदार टक्कर दी मगर थोड़े से अंतराल से पराजित हुए। इस दौरान समझौते से बनी भैरोंसिंह सरकार पर जनता दल के समर्थन वापसी से पैदा हुए संकट में जनता दल (दिग्विजय) बनवाने में आपने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालाँकि बाद में मतभेद के चलते स्वयं अलग होकर जनता दल(प्रगतिशील) नाम से पॉलिटिकल पार्टी बना ली। 1993 के चुनाव में शेखावत इन्हें भाजपा का टिकट देना चाहते थे मगर इन्होंने खुद की पार्टी से ही चुंनाव लड़ा और राज्य में तीसरे सर्वाधिक मत लेने वाले उम्मीदवार होने के बावजूद गैर कांग्रेसी मतों के बिखराव से चुनाव हार गए।
मुख्यमंत्री शेखावत ने इनकी योग्यता को समझा ,पार्टी से अलग होने के बावजूद खादी आयोग के चेयरमैन की जिम्मेदारी देकर राज काज में इनके अनुभव का लाभ लिया। और आखिरकर शेखावत 1998 आते आते अपने इस पुराने साथी को भाजपा में शामिल करा पाने में सफल हुए। 1998 का चुनाव आपने भाजपा की टिकट पर लड़ा।इस चुनाव में विजयी हुए भीमसेन चौधरी के निधन से रिक्त हुई सीट पर 2000 में फिर से उपचुनाव हुए। इस दौरान आप भीमसेन चौधरी की मृत्यु की सहानुभूति के बावजूद उनके पुत्र को पराजित कर फिर से विधानसभा में पहुंचने में कामयाब हुए।
2003 आते आते सूबे का सियासी सिनेरियो बदल गया। शेखावत के उपराष्ट्रपति बन जाने के बाद सूबे में भाजपा का नेतृत्व वसुंधरा राजे सिंधिया को मिला। राजे के साथ मिलकर आपने जिले में परिवर्तन यात्रा का ऐतिहासिक आयोजन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष के नाते संगठन की जिम्मेदारी भी आपके हाथ में रही। 2003 के चुनाव में आरक्षण के आंदोलन से बने सामाजिक न्याय मंच के उम्मीदवार खड़े होने से गैर कांग्रेसी मतो के विभाजन के चलते पराजित हो गए , मगर राज्य की मुख्यमंत्री ने इन्हें वित्त आयोग का चेयरमैन बना इनके अनुभव को साँझा किया।
2008 का एकमात्र ऐसा चुनाव रहा जिसको इन्होंने नहीं लड़ा। इस चुनाव में इनकी सीट एनडीए के सहयोगी इंडियन नेशनल लोकदल के खाते में चले जाने के चलते ये चुनाव नही लड़ पाए। 2013 में पार्टी द्वारा टिकट काट दिए जाने के बावजूद निर्दलीय ताल ठोकी और जितने में सफल हुए।अपने लंबे राजनीतिक संघर्ष की बदौलत पांचवी बार राज्य की विधानसभा में पहुंचे है।
विधानसभा के फोरम का उपयोग जमकर करते है। विधायी नियम कायदों की पूरी जानकारी रखते है और पूरे राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते है। बजट सत्र में तो आपकी तैयारी खासतौर से महत्वपूर्ण रहती है। बजट पर प्रस्तावों पर आप पूरी तैयारी से सुझाव देते है कटौती करवाते है और छूट गई बातों को जड़वाते है।
आप उन बिरले जन प्रतिनिधियों में से है जो क्षेत्र और विधानसभा दोनों जगह बराबर सक्रिय दिखाई देते है।बीकानेर और जयपुर दोनों जगह आपका दफ्तर लगातार चलता है और फरियाद लेकर पहुंचने वालों की समस्या का समाधान होता है या संतोषपूर्ण जबाब मिलता है।
एक ऐसे दौर में जब सियासत में जातिवाद का संघर्ष चरम पर है ऐसे में एक ऐसे क्षेत्र से चुनाव जीतकर आना जहां उनकी जाती का नाममात्र का वोट है ,उनकी कर्मनिष्ठा और आमजन के दिल में अपने लिए जगह बना लेने की पुष्टि करता है।
उम्र के इस पड़ाव पर भी आपकी सक्रियता में कोई कमी नही आई है। आप उतनी ही सिद्दत के साथ इलाके में नियमित दौरे करते है लोगो से मिलते है अधिकारियों से संघर्ष करते है पंचायत समिति और जिला परिषद के साथ ही विभिन्न विभागों की मीटिंगों में भाग लेते है और राजस्थान की विधानसभा में गरीब मजलूम की आवाज बनकर गूंजते है।
आप समझ ही गए होंगे मैं बात कर रहा हूँ मानिकचन्द सुराणा की। कुशलक्षेम पूछने के बहाने चले बातचीत के दौर में मैंने जब राजनीतिक विचारधाराओ के संघर्ष और देश की महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की बात की तो उन्होंने सुझाया ,"गांधी के पास इस देश की सब समस्याओं का समाधान है।" उन्होंने नई पीढ़ी को गांधी के विचारों से जोड़ने और संकट के दौर में गांधी की प्रसांगिकता और अधिक बढ़ जाने की बात कही।
मौजूदा दौर में सुराणा साहब जैसे पॉलिटिकल इंस्टिट्यूट का बना रहना इसलिए भी आवश्यक है कि नई पीढ़ी के सियासी लोग इनसे सीख सके कि मुद्दों की राजनीति किस तरह की जाती है ।
मैं सुराणा साहब के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूँ।।
● सुरेन्द्रसिंह शेखावत
This comment has been removed by the author.
ReplyDeleteदुलमेरा स्टेसन का भी कुछ विकाश करिए सर ।
ReplyDeleteदुलमेरा का पत्थर राजाओं के जमाने से कई कार्यों मे लिया गया है दुलमेरा अपने आप मे राजाओं के समय से अलग महत्व रखता है बस नेताओं की तरफ से अगर थोड़ा सा पर्यास किया जाए तो दुलमेरा वाशियों का भी जीवन यापन आसान हो जाए व दुलमेरा भी विकाश की राह पर दौड़ पड़े ।
क्या किया जा सकता है ?
मेरा नजरिया मेरी सोच मे बता रहा हूँ बाकी आप सब मुझसे ज्यादा ज्ञानी हैं
पत्थरों से कुछ हेरिटेज लूक दे कर कुछ बनाया जा सकता है जिससे पर्यटकों ओर फ़िल्मकारों का ध्यान आकर्षित हो ।
मन्दिर / मस्जिद / आश्रम जैसे कुछ बनाया जा सकता है जिससे लोग अपना समय बिताने आने जाने लगे जिससे गाँव मे रोजगार व आम्दानी का साधन बढ़े ।
दुलमेरा स्टेसन पत्थरों की ख़ानो पर एक (समुध्यान जी) दरगाह भी है जिसको भी हेरिटेज बना कर विख्यात किया जा सकता है । वैसे अभी भी वहाँ आने जाने ओर जानने वाले लोगों मे बहुत आस्था है वह के प्रति व आगे कुछ किया जाए तो अनय लोगों की जानकारी मे आने से गाँव मे आने जाने वाले लोगों से चलकदमी बधाई जा सक्ति है ।
सरकारी सबसिडी से वहाँ कुछ कारखाने भी लगाए जा सकते हैं
जिससे की वहाँ रहने वाले लोगो को रोजगार के लिए अपने परिवार से दूर गाँव छोड़ कर अन्य सहर देश ओर वर्षों तक विदेशों मे नहीं जाना पड़े जिससे वहाँ रहने वाले लोगों को पुरुष व महिलाओं को वहीं पर रोजगार मिल सके ।
वहाँ पर नहरी ओर बारानी दोनों जमीने हैं वहाँ नए पर्योग के लिए कुछ केंद्र भी बनाए जा सकते हैं जिससे आस पास के गाँव ओर खेती बाड़ी करने वालों का भी विकाश हो सके ।
वहाँ पर अगर कोई सरकारी जमीन हो या सरकार कोई जमीन को ले कर फूलों की या ऐसी कोई खेती कर सकती है जिससे गाँव वालों को रोजगार मिले जैसे की फूल लगाना रुखाली करना फूल तोड़ना व फूलों का गुलदस्ता मालाएँ वगेरा गाँव मे ही बना कर फिर आगे बेचना ।
इस तरह से कई सारे कार्य हो सकते हैं जिससे दुलमेरा का भी विकाश हो सके बाकी आप मुझसे ज्यादा जानकार हैं ।