Wednesday, 8 March 2017

किस तरफ बढ़ रही है दुनिया

किस तरफ बढ़ रही है दुनिया
युनाइटेड स्टेट्स अमेरिका में पिछले एक सप्ताह में चार भारतीयों पर नस्लभेदी हमले हुए जिसमें दो की मौत हो गई।
ये हमले कट्टरपंथी अमेरिकीयों ने ट्रम्प की जीत के उन्माद में किए अथवा उस निराशा में जिसमें वे यह आस लगाए बैठे थे कि ट्रम्प के जीतते ही अमेरिका में रह रहे विदेशियों को मार भगाया जाएगा, यह तो अनुमान का विषय है। परन्तु इससे यह तो तय हो गया कि आधुनिक विश्व में परिपक्व लोकतंत्र के श्रेष्ठ उदाहरण समझे जाने वाले देश में भी घृणा के जहर की खेती करके वोटों की फसल काटी जा सकती है।
पूरी दुनिया में बदलते परिदृश्य पर नजर डालें तो 'एक बार फिर देश को महान बनाने' वाला संकीर्ण राष्ट्रवाद का विचार—जो द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद हासिए पर धकेल दिया गया था—फिर से मुख्यधारा का विचार हो गया है।
पूरी दुनिया में ऐसे नेताओं की स्वीकार्यता बढ़ी है जो संकीर्णता की, हिंसा की, प्रवासियों और शरणार्थियों के विरुद्ध अभियान की खुलेआम वकालत करते हैं। ऐसी करतूतें एक तरह के संकीर्ण संरक्षणवादी लोक-लुभावनवाद के दौर का उदय होना प्रतीत हो रही है।
संवैधानिक मूल्यों को नकार, तर्क की बजाय भावना भड़काने वाले नेता पूरी दुनिया में जीत की तरफ बढ़ रहे हैं।
अगर गहराई में जाएंगे तो निश्चित लगेगा कि यह आय की असमानता के खिलाफ आक्रोश की अभिव्यक्ति है। कहीं नौकरी गंवांने का डर है, कहीं कट्टरपंथी धार्मिक आतंकवाद के विरुद्ध प्रतिक्रिया है तो कहीं शरणार्थियों के आ जाने से हुई अपराध वृद्धि के खिलाफ आवाज है! परन्तु दुनिया भर के शातिर नेता इन प्रश्नों के जवाब में मूल मुद्दों से ध्यान भटकाकर पुरानी फैक्ट्रीयों की नौकरी वापस लाने के वादे के साथ देश को महानता के शिखर गौरव पर चढ़ाने की बात कहकर सत्ता हथियाने का चमत्कृत खेल-खेलने लगे है।
अमेरिकी चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प की जीत इसका बड़ा उदाहरण है। दक्षिण चीनसागर, मैक्सिकों सीमा पर बड़ी सुरक्षित दीवार खड़ी कर देने के लोक-लुभावने वादे और भारतीयों से अमेरिकी नौकरी की रक्षा की बात कहकर ट्रम्प जैसे गैर राजनीतिक व्यापारी ने धन और घृणा के दम पर अमेरिका फतह कर लिया। कुछ समय से अमेरिका में फैली मुस्लिम घृणा की जड़ को अपने तीखे जहर बुझे बयानों से सींचकर ट्रम्प ने थोड़े समय में ही सफलता के आयाम स्थापित कर लिए। आज भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मीडिया हाउसेज से लेकर बौद्धिक समझ वाला अमरीकी ट्रम्प की जीत को पचा नहीं पा रहा है—परन्तु सत्य तो सत्य ही है।
पिछले साल 23 जून को यूरोपीयन यूनियन छोडऩे के लिए हुए जनमत में ब्रिटेन ने खुद को ब्रक्जिट से अलग कर लिया, यह घटना वैश्विक नागरिकता की तरफ बढ़ रही दुनिया के सुखद अहसास के स्वप्न को तोडऩे वाली साबित हुई। यूरोपीयन यूनियन की तर्ज पर यहां एशियाई देशों में खुली सीमा और वीजा रहित आवागमन का हम स्वप्न संजो रहे थे और वहां वैश्वीकरण का मजबूत गठबंधन खंडित हो गया। इस घटना ने न केवल यूरो जैसी स्थिर मुद्रा को अस्थिर कर दिया, इतना ही नहीं कॉर्पोरेट जगत की बड़ी हस्तियों को भी अपनी योजनाएं बदलने पर मजबूर होना पड़ा है।
यह एक तरह से वैश्वीकरण से मोहभंग होने का फैसला था। प्रवासी प्रतिभाओं से भय और शरणार्थियों से घृणा से उपजे आक्रोश की अभिव्यक्ति थी।
दुनिया भर में हिंसा की सार्वजनिक वकालात करने वाले दबंग नेताओं के उदय के इस युग में मानवता के लिए संकट पैदा हो जाने वाले हालात बनते नजर आ रहे हैं।
बात चाहे रूस को फिर से दुनिया की श्रेष्ठ ताकत बनाने में जुटे ब्लादिमीर पुतिन की करें या फिर चाइना के सैन्य बजट को बढ़ाने वाले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की या फिर हंसते-हंसते विरोधियों को तोप से उड़ा देने वाले और पूरी दुनिया को मुंह चिढ़ाते उत्तरी कोरिया के किम जोन की उन से लेकर तुर्की के कट्टरपंथी मुस्लिमों के दम पर कब्जा जमाए बैठे और सैन्य तख्तापलट को नाकाम कर देने वाले रजब तईब एरदोगन तक—सभी ने सामूहिक हत्याओं की घटनाओं को अपनी राजनीतिक पूंजी के रूप में इस्तेमाल किया है।
इस तरह के तमाम नेता वैश्वीकरण के बाधक के रूप में खड़े हो गए हैं ऐसे में आने वाले दिनों में मुक्त व्यापार की मुश्किलें बढऩे वाली है।
इन कट्टरपंथी हिंसापरस्त नेताओं के युग में मुल्कों की सीमा की अहमियत बढ़ गई है। दुनिया के श्रेष्ठ विचारकों ने इक्कीसवीं सदी की कल्पना सीमा रहित विश्व के रूप में की थी जिसमें दुनिया के मुल्कों में खुला व्यापार, बाधा रहित आवागमन और विश्व नागरिकता की तरफ बढ़ते कदमों की उम्मीदें थी, परन्तु ठीक इसके उलट सीमाओं पर दीवार खड़ी कर देने और कठोर आव्रजन नीति के जरिए प्रवासियों के आगमन पर रोक देने वाले फैसले दूसरी ही तसवीर पेश कर रहे हैं।
संकीर्ण राष्ट्रवाद का यह प्रबल उफान वैश्विक शांति के लिए खतरा बनता नजर आ रहा है।
सुरेन्द्रसिंह शेखावत

No comments:

Post a Comment