Thursday, 23 February 2017

शिष्टाचार खोती भारतीय सियासत


उप चुनाव में जीतकर पहली बार लोकसभा पहुंचे डॉ. लोहिया ने संसद में प्रधानीमंत्री को सदन का नौकर बताया तो इस बात पर बड़ा बवाल मचा। पक्ष-विपक्ष दोनों ने डॉ. लोहिया के इस बयान की आलोचना की।
हालांकि आज के दौर के हमारे नेताओं की बदजुबानी के आगे डॉ. लोहिया का बयान कहीं नहीं टिकता मगर इस बयान को उद्घृत करने का मेरा आशय इतना ही है कि पिछले पचास सालों में भारतीय राजनीति में कितना बड़ा बदलाव आ गया है जब हमारे नेताओं के जहर बुझे शब्दों के तीर मर्यादा को तार-तार करते जा रहे हैं।
एक वो दौर था जब लोहियाजी के बयान पर पूरे देश में प्रतिक्रिया हुई और एक ये दौर है जब देश के शीर्षस्थ नेता एक-दूसरे पर कीचड़ सने शब्दों का प्रहार कर रहे हैं। और देश इसे मात्र तमाशबीन होकर देख रहा है।
पूरा देश निश्चित ही शालीनता खोती सियासत को देख रहा है मगर इस हमाम में मौजूद सभी एक-दूसरे की नंगई देख खुद को खुद ही सांत्वना देते नहीं थकते।
संविधान में मौजूद अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मौलिक अधिकार हमें मर्यादाविहीन शब्दों के इस्तेमाल की इजाजत किसी भी कीमत पर नहीं देता। लोकतंत्र किसी को भी नफरत या घृणा से भरे शब्दों के उपयोग की आजादी नहीं देता। मगर हमारे सियासती लोगों ने तो इसे संवाद का आवश्यक अंग बना लिया है।
प्रतिपक्षी की आलोचना करना, नीतिगत विरोध करना, व्यंग्य करना, निंदा करना लोकशाही में स्वस्थ सियासत के अंग हैं पर जब शब्दों का चयन निचले स्तर पर चला जाए, निजी हमलों और अपमान तक गिर जाए तो ऐसे में जरूरी है कि सियासती दलों को स्वयं कोई न कोई कोड ऑफ कंडक्ट बनाकर लक्ष्मण रेखा खींचनी चाहिए।
टीवी बहसों से शुरू होकर जनसभाओं के रास्ते संसद और विधानसभा की बैठकों में जिस तरह की टीका-टिप्पणियां पिछले एक दशक से आनी शुरू हुई है वह हमारे द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधियों और देश के नेताओं के मानसिक स्तर के परीक्षण के लिए काफी है। सामान्य शिष्टाचार भी अब सियासत में नजर आना बंद हो गया है।
लोकसभा के पिछले चुनावों से पहले पूरे देश में राजनेताओं के हलके शब्दों के प्रयोग की बाढ़ सी आ गई। पक्ष और विपक्ष इन शब्दों के मिसाइली हमलों में एक-दूसरे से आगे निकल जाने की होड़ में सामान्य शिष्टाचार और सभ्यता को पूरी तरह भूल गए।
देशद्रोही और गद्दार जैसे शब्दों के प्रयोग के पहले ऐसे शब्दों की गहराई और उनसे होने वाले प्रभाव की चिंता किए बिना जोर-शोर से इन शब्दों को प्रयोग किया जाने लगा। ये शब्द किसी संवेदनशील व्यक्ति को कितना आहत करते हैं यह सोचने की संवेदना सियासती लोगों ने खो ही दी है। 'पाकिस्तान चले जाने' या 'पाकिस्तान भेज दिए जाने' जैसे शब्द माननीय सांसदों के श्रीमुख से अनेक बार उपयोग लिए गए, वहीं शीर्षस्थ नेतृत्व के लिए 'पप्पू' और 'फेंकू' जैसे शब्दों के प्रयोग मानसिक दिवालियेपन का सबूत देते हैं।
मेरा मानना है कि सोशल मीडिया के आविष्कार ने मनुष्य को वोकल (वाचाल) बनाया है। खासतौर से हम भारतीय, जो चुपचाप सुनने और सहन करने के आदी हो गए थे इस सोशल मीडिया के प्रयोग में आने के बाद हमारा सभ्यता का बैकलोग पूरा करने में लगे है यानि जो पहले कमी रही थी, उसे अब बेहूदा शब्दों का प्रयोग कर पूरा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर ट्रोल्स द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भाषा किसी भी तरह सही नहीं ठहराई जा सकती। पेड ट्रोल द्वारा अपने नेता (सशुल्क कार्यकर्ता) के विरोधी के खिलाफ इस्तेंमाल किए जाने वाले शब्द घृणित्त से घृणित प्रवृति के होते हैं और इस नीचता के प्रतियोगी परीक्षण में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ मची रहती है।
कुत्ता, जानवर, चूहे, राक्षस, कसाई, वेश्या, जैसे शब्दों के प्रयोग को तलवार से फैसला लेने वाले मध्यकालीन युग से बुरा ही कहा जाएगा जब हमारे सुसंस्कृत नेताओं में विचारों से युद्ध लडऩे का सामथ्र्य खत्म हो चुका होता है तब शब्दों की हिंसा का प्रयोग होता है। वाणी की हिंसा भी जम्हूरियत को उतनी ही चोट पहुंचाती है जितनी शारीरिक हिंसा।
जो सियासती लोग वाणी की संयमहीनता से इन चुनावों में चर्चा का केन्द्र बिन्दू रहे हैं, वे इस दौर में गैर राजनीतिक और अनुभवहीन होने का सबूत दे रहे हंै। इससे उनको तो राजनीतिक नुकसान होगा ही मगर पूरे सियासती सिस्टम को गंदा करने में भी उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। राजनीतिक संवाद की स्तरहीनता से किसी को लाभ होने वाला नहीं है।
शासक जरा सोचें हम उस परम्परा के वाहक हैं जिसमें शत्रुता के बावजूद विजेता शासक पराजित शत्रु को यथोचित सम्मान प्रदान करता है। लेकिन राजनीतिक असहिष्णुता के इस दौर में शब्दों से भी सम्मान देना बाकी नहीं बचा।
जरा सोचिए क्या हम भारतीयों का यह हक नहीं बनता कि हमारे सियासी नेताओं को शालीनता बनाए रखनी चाहिए, ताकि निजी हमलों और गैर जरूरी बातों के जरिए ध्यान भटकाने की बजाय असल मुद्दों पर बात हो सके।
सुरेन्द्रसिंह शेखावत
लेखक राजनीति सामाजिक कार्यकर्ता

No comments:

Post a Comment